Font by Mehr Nastaliq Web
Radhavallabh Tripathi's Photo'

राधावल्लभ त्रिपाठी

1949 | राजगढ़, मध्य प्रदेश

संस्कृत और हिंदी के समादृत कवि-कथाकार-आलोचक और अनुवादक। ‎साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

संस्कृत और हिंदी के समादृत कवि-कथाकार-आलोचक और अनुवादक। ‎साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

राधावल्लभ त्रिपाठी के उद्धरण

श्रेणीबद्ध करें

पुत्र का अपने पिता की प्रतिकृति जैसा प्रतीत होना—इस अभिप्राय का प्रयोग भी वाल्मीकि ने ही प्रारंभ किया।

वाल्मीकि ने यथार्थ की ठोस बंजर ज़मीन पर चलते हुए, उस पर जीवन की महनीय आदर्शों का प्रासाद खड़ा किया है।

समाज के द्वंद्र के कारण सीता और राम का दांपत्य, स्थूल स्तर पर खंडित होता है—हृदयसंवाद खंडित नहीं होता।

किसी स्त्री ने न्यायसूत्र या वात्स्यायनभाष्य जैसा कोई शास्त्रग्रंथ रचा हो, ऐसा प्रमाण नहीं मिलता। उपनिषत्काल के बाद शास्त्रार्थ में स्त्री विस्मृत हाशिए पर है। किसी कोने से उसकी आवाज सुनाई देती है, पर वह जब कभी अपने अवगुंठन से बाहर निकल कर आती है तो एक विकट चुनौती सामने रखती है और दुरंत प्रश्न उठाती है।

प्रेम की चरम परिणति दांपत्य में, स्त्री-पुरुष के प्रेम में प्रस्फुटित होती है। स्त्री और पुरुष एक-दूसरे के सहभाव से परिपूर्ण बनते हैं, यही बात सीता और राम के प्रसंग में वाल्मीकि ने कई बार कही है।

शास्त्रीय वाङ्मय ही नहीं; रामायण, महाभारत, कालिदास, भवभूति और बाणभट्ट जैसे कतिपय महाकवियों को छोड़ दें, तो लगभग सारा का सारा संस्कृत साहित्य ही पुरुषवादी दृष्टि और पुरुष के वर्चस्व के आख्यान से रचा हुआ है।

बहस के स्वरूप को लेकर जितनी बहस संस्कृत के शास्त्रकारों ने की है, उतनी कदाचित् संसार की किसी अन्य भाषा के साहित्य में नहीं मिलेगी।

वस्तुतः करुणा और स्नेह के साथ-साथ, वाल्मीकि मनुष्य की दुराधर्षता और अपराजेयता के भी महान गायक हैं।

संस्कृत के कई प्रसिद्ध मुहावरे, वाल्मीकि की लेखनी से ही प्रचलन में लाए गए।

वाल्मीकि और व्यास के अनुशीलन के बिना; भारतीय इतिहास, परंपरा और संस्कृति की सही समझ पैदा नहीं हो सकती।

धर्मशास्त्र में तीन ऋण बताए गए : देवऋण, पितृऋण और ऋषिऋण, पर मातृऋण भी हो सकता है—इस पर कहीं कोई विचार धर्मशास्त्रकारों ने नहीं किया।

वाल्मीकि में मनुष्य को अपना उद्धार स्वयं ही करना है, तुलसी में उसका उद्धार करने के लिए राम हैं।

संस्कृत के समाज में शास्त्रार्थ की शताब्दियों की परंपरा है; पर उसमें स्त्री की भूमिका पर बात कम हुई है, स्त्री की भूमिका भी कहीं है तो वह उपेक्षित रही है।

रामायण और महाभारत—ये दोनों इतिहास-काव्य हमारी संपूर्ण विरासत के मेरुदंड हैं।

अभिव्यंजना की दृष्टि से सरल से सरल भाषा में; अर्थ की कई-कई लयें एक साथ झँकृत करने की क्षमता के साथ, वैदिक युग से इतिहास काल तक के लंबे समय के अंतराल को निरूपित करते हुए, भारतीय चेतना की पहचान कराने का काम—व्यास के साथ केवल वाल्मीकि ही संपन्न कर सके हैं।

द्रौपदी के द्वारा जो शास्त्रार्थ उठाया गया, उसका एक स्पष्ट निर्णय यह भी है कि पाप या अन्याय करने वाला ही पापी नहीं होता, उस पाप या अन्याय पर चुप रहनेवाला भी पापी होता है।

वाल्मीकि ने अपनी मानवीय दृष्टि द्वारा उस युग में स्त्री-पुरुष के साहचर्य की प्रतिष्ठा की।

सीता, तारा और मंदोदरी, पुरुषों के वर्चस्ववाले समाज में अपने वाणी की ऊर्जा से अपने लिए स्थान बनाती हैं।

वाल्मीकि में पहली बार लोक-जीवन में रची-बसी कविता की सृष्टि हुई और वेद के बाद पहली बार छंद का एक नया या एक भिन्न स्तर पर अवतरण हुआ।

वाल्मीकि के कवि रूप का आकलन सुकर कार्य नहीं है। शिल्प के स्तर पर वे नितांत प्रचलित, लोकभाषा में व्यवहृत शब्दों को उनकी सप्राणता और सहजता की क्षति किए बिना, अकल्पित सामर्थ्य से भर देते हैं।

वाल्मीकि की रचना का उपोद्घात एक आदर्श मानव की खोज से होता है।

जगत में जो कुछ भी भव्य, रमणीय और कोमल है; उस पर तो वाल्मीकि की दृष्टि पड़ी ही है, साथ ही जो कुछ भी प्रचंड और विस्तीर्ण है, उसे भी उन्होंने अपनी कविदृष्टि का विषय बनाया है।

भारतीय काव्यचिंतन में रस तथा ध्वनि की परिकल्पनाएँ, वाल्मीकि जैसे कृती रचनाकार के काव्य से ही उद्भूत हुई हैं।

वाल्मीकि और कालिदास दोनों ही उस क्षेत्र के अन्वेषक हैं, जहाँ जीवन के कर्दम में से स्वतः शतदल खिल उठते हैं। तुलसी जीवन के ललित पक्ष से बचकर रामभक्ति में आश्वासन खोजते हैं अथवा नीतिवादी शब्दावली में उसे धिक्कारते हैं।

जिन समाजों में नारी अपनी मुक्ति के लिए छटपटा रही थी, उनमें द्रौपदी को अपने लिए प्रेरणा और मुक्ति का प्रतीक माना गया।

बृहदारण्यक उपनिषद् में; याज्ञवल्क्य के साथ जनक की सभा में, उस समय के सबसे बड़े ज्ञानियों के साथ बहस को गार्गी ने ब्रह्मोद्य कहा है।

जीवन की गहरी पकड़ तथा कविदृष्टि के साथ वाल्मीकि ने दिखलाया है कि मनुष्य अपने जीवन के घात-प्रत्याघात, नियति के थपेड़ों तथा दूसरों के द्वारा दिए जाने वाले उत्पीड़न से किस प्रकार जूझता तथा अपने संघर्ष में अंततः उबरता है।

अपनी दुर्बलताओं के कारण विनाश को प्राप्त होते हुए मनुष्य की गरिमा को भी, वाल्मीकि ने क्षति नहीं पहुँचाई है।

मनुष्य हृदय की जटिल भावनाएँ, वैर और कठोरता की पर्तों के भीतर छिपा हुआ स्नेह और कोमलता—वाल्मीकि में व्यंजित हो उठते हैं।

रामायण में सीता राम के लिए पाथेय और प्राप्तव्य ही नहीं, वह उसके जीवन की संपूर्ण नियति को निर्धारित करने वाली सजीव शक्ति है।

भारतीय समाज मूलतः तर्कप्रवण और वादोन्मुख लोगों का समाज है।

कुछ शास्त्रार्थ ऐसे भी हुए जिनमें स्त्री उपस्थिति की आँच अभी भी मंद नहीं हुई है। यह भी बहुधा हुआ है कि स्त्री अकेली होने के बावजूद, अपनी प्रखरता और तेजस्विता में पुरुष समाज को हतप्रभ कर देती है।

वाल्मीकि ने मनुष्य के अंतर्मन के उत्ताप और कामना के असीम ज्वार का दर्शन किया है, पर उन्होंने हृदय की पवित्रता और कोमलता को झुलसने नहीं दिया है।

वाल्मीकि और तुलसी दोनों ही युगचेता कवि हैं।

मनुष्य की मनस्तत्व की परीक्षा में वाल्मीकि, संस्कृत कवियों में सर्वाधिक निपुण हैं।

भारतीय परंपरा में रामायण तथा महाभारत—इन दोनों ग्रंथों को इतिहास कहा जाता है।

मनुष्य की मनस्तत्त्व की परीक्षा में वाल्मीकि संस्कृत कवियों में सर्वाधिक निपुण हैं।

जिस अहल्या को पति और पुरुष समाज ने लांछित करके त्याग दिया था, राम उसे माता कहकर संबोधित करते हैं और सादर प्रणाम करते हैं।

वेदसंहिताओं का युग भारतीय कविता का उषाकाल था।

वाल्मीकि ने समूह के मनोविज्ञान के संदर्भ में, समूह के भीतर तथा समूह के पृथक—इन दोनों स्तरों पर व्यक्ति की मनोदशाओं का बहुत बारीकी से उद्घाटन किया है।

गार्गी और मैत्रेयी का विलक्षण बौद्धिक व्यक्तित्व और अपने समय के सबसे बड़े ज्ञानी के साथ संवाद कर सकने का उनका साहस—दोनों पूरी भारतीय शास्त्रार्थ परंपरा के इतिहास में बेजोड़ हैं।

राम यदि समग्र मानवीय गुणों के उज्ज्वल प्रतीक हैं, तो हनुमान समग्र मानसिक और भौतिक क्षमता के।

कविता में व्यंजना के असीम सामर्थ्य तथा उसके प्रसार की गहराई को, अनंत संभावनाओं के साथ वाल्मीकि का काव्य प्रकट करता है।

मनुष्य के अस्तित्व के संकट और अलगाव की अनुभूति से बड़ी और व्यापक अनुभूति, मनुष्य की एक-दूसरे के प्रति आस्था और स्नेह की है।

वाल्मीकि में मनुष्य की अस्मिता और स्वतंत्रता का उद्घोष है, तुलसी में मनुष्य की सार्थकता पूर्ण समर्पण में है।

निश्चय ही वाल्मीकि में कविता जिन ऊँचाइयों को छूती है, वे बाद के भारतीय साहित्य के सर्वोच्च रचनाकारों के लिए भी अगम्य रही हैं।

अपनी दृष्टि के कारण नियति द्वारा दिए गए दारुण आघातों तथा विकट संकट की घड़ियों में भी, वाल्मीकि मनुष्य के भीतर के स्नेह, आस्था और विश्वास के स्त्रोत को खोज निकालते हैं।

वाल्मीकि रामायण का नायक वह मनुष्य है, जिसके दुर्लभ गुण देवों में भी नहीं मिल सकें, देवता भी जिसके समक्ष भयभीत प्रतीत हों।

यों तो पूरा महाभारत ही मनुष्यों के गहरे संकटों से गुजरने और उनसे उबरने की महागाथा है, पर उसका द्यूतपर्व ऐसा महाख्यान है, जिसमें पुरुष समाज के बीच, पुरुष के कारण और पुरुषों के द्वारा अत्यंत दारुण स्थिति में पहुँचा दी गई स्त्री, अपनी शास्त्रार्थ की प्रतिभा के द्वारा पुरुष की सत्ता को ज़बरदस्त चुनौती देती है।

महाभारत में वर्णित पात्रों में भारतीय इतिहास की सबसे तेजस्विनी नारियाँ भी हैं।

Recitation