पिता तुम्हारे जाने के बाद
दुर्गेश कुमार सजल
21 नवम्बर 2026
तुम भी वैसे ही पिता थे, जैसे अक्सर पिता होते हैं। कठोर, ग़ुस्सैल और जल्दी तैश में आकर कुछ भी कह देने वाले। बहुत समय बाद समझ पाया, इसमें तुम्हारा कोई दोष नहीं था। तुम भी तो वैसे ही दुनिया से जूझ रहे थे, जैसे बिना बाप के बच्चे जूझते रहे हैं और दुनिया पूरी कठोरता से उनका उपयोग करती है। तुमने 15 साल की उम्र में अपने पिता को खोया, स्कूल भी पूरा नहीं कर सके। 17 साल आते-आते ब्याह दिए गए। बेरोज़गारी में विवाह ने तुमको कहीं का नहीं छोड़ा। तुमने एक दिन कहा था, “यदि उस समय समझ होती, तो विवाह नहीं करता। जब तक रोज़गार न हो, विवाह से दूरी रखनी चाहिए। बेरोज़गारी सबसे ज़्यादा उस लड़की का जीवन ख़राब कर डालती है, जो ब्याह दी जाती है बेरोज़गार से।” शादी के बाद घर-परिवार भी किनारा करने लगता है। तुम हमेशा बताते रहते थे, रिश्तेदारों की असलियत, कैसे लोगों ने उपयोग किया और बहुत कुछ हड़प गए। तुमने हमेशा कहा, दुनिया बहुत छुपी हुई है, गाढ़े समय में उसकी असलियत दिखाई देती है। कभी-कभी सोचता हूँ, तुम विश्वविद्यालय नहीं गए, तुमने इतना ज्ञान कहाँ से पाया। अब समझ आता है, तुम्हारे अनुभवों ने तुम्हें सब सिखाया।
तुम चाहते हुए ख़ुद को नहीं बदल सके, अंत तक इसकी शिकायत करते रहे। 2013 में तुम्हारे गाल में एक छाला हुआ था। तुमने चेकअप नहीं कराया, कुछ समय के लिए तंबाकू छोड़ दी। बीड़ी पीने लगे। मैंने कई बार कहा, इसको भी छोड़ दो। लेकिन तुम नहीं छोड़ सके। गाँव के अन्य लोगों की तरह तुम्हारा भी मानना था कि इससे किसी को कुछ नहीं होता। शौक़ीन दादा 98 के हो गए, बीड़ी-तंबाकू आज भी खाते हैं। तुम ख़ुद को समझाते रहे, अंदर ही अंदर सहमकर, डर कभी ज़ाहिर नहीं किया। उस समय मैं स्कूलिंग के लिए बाहर था। तुमने मेरे लिए पैसे बचाने के चक्कर में इलाज़ नहीं करवाया। ऊपर से मुझे ही डाँटते, तब मुझे बड़ी खीझ होती थी तुम पर, लेकिन अब भावुक हो जाता हूँ सोचकर। कुछ दिनों बाद गाल का छाला ग़ायब हो गया। तुमने दैवीय कृपा को इसका श्रेय देकर कहानी ख़त्म कर दी। इस पर तुम्हारे और मेरे विचार कभी नहीं मिले, अंत तक भी नहीं। तुम जितने ईश्वरवादी रहे, मैं उतना ही तुमसे विपरीत होता गया।
मैं भोपाल नहीं जाना चाहता था। मुझे वहाँ के ख़र्चे का अनुमान था। लेकिन तुमने हौसला दिया। 12वीं में अच्छी रैंक होने से मुझे मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थान में दाख़िला मिल गया। मध्य प्रदेश सरकार की स्कॉलरशिप मिलने से फ़ीस की चिंता ख़त्म हो गई। तुमने मुझे हमेशा डाँट-फटकार कर और कभी-कभी पीटकर आगे बढ़ना सिखाया। तुम चरित्र की पवित्रता को सबसे अहम मानते थे। बीड़ी-तंबाकू के अलावा हर तरह के नशे से दूर रहे अपने 44 साल के जीवन में। सागर जाने के लिए भी तुमने सुझाया, तुम्हारे किसी मित्र ने यहाँ से एम.ए. किया था। रामचरितमानस पढ़ना तुमने ही सिखाया। जेआरएफ़ की परीक्षा के दौरान तुमने बहुत हौसला दिया। तैयारी नहीं होने के बाद भी कहा, पेपर देना चाहिए। मैंने बहुत अनमने मन से फ़ॉर्म भर दिया। फ़ॉर्म भरने के 2 महीने बाद ही पेपर कैंसिल हो गया। तुमने कहा, अब समय है, पढ़ो। मेरे लिए अलग रूम तैयार करवा दिया। पहली टेबल-कुर्सी तुमने दिलाई।
लेकिन हमेशा कठोर और ग़ुस्सैल रूप ही सामने रहा तुम्हारा। अंत तक यही व्यवहार रहा। जब मैं कपड़े लेने जाता और दुकानदार से रेट पूछकर वापस रखवा देता, तब तुम बहुत बिगड़ते। तुम्हारा मानना था, कपड़े अच्छे पहनना चाहिए। सस्ती चीज़ें टिकाऊ नहीं होतीं। बाल बढ़ाने के बहुत विरोधी थे तुम। तुम थोड़े आधुनिक और प्रगतिशील थे, लेकिन उतने ही रूढ़िवादी भी। तुम फाग लिखना चाहते थे, कुछ लिखीं भी। लेकिन ज़्यादा काम नहीं कर सके। कवित्त, सवैया, दोहा, सोरठा और आल्हा का ज्ञान तुमने ही कराया था मुझे। चौपाई क्या होती है, तुमने ही बताया था, लगभग डाँटते हुए।
तुमने पढ़ाई-लिखाई को हमेशा ज़रूरी समझा। हमें सरकारी स्कूलों में नहीं पढ़ाया। लिखने की प्रेरणा तुमसे ही मिली मुझे। हिंदी से एम.ए. करने का सबने मना किया, लेकिन तुमने कहा, जो पसंद है वही करो। मेरा PhD में दाख़िला हुआ, तो तुम बहुत खुश हुए। और जैसे इसी दिन के लिए रुके हुए थे। उसके तुरंत बाद बीमार पड़ गए। मैं पढ़ाई-लिखाई ठीक से करता रहूँ, इसलिए मुझे नहीं बताया तुमने। जब सप्ताह भर बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ, तब भी डॉक्टर के यहाँ नहीं जाना चाहते थे। शायद तुम सब कुछ जानते थे।
किसी तरह तुम्हें पिपरिया लेकर गया। डॉक्टर ने HRCT किया, तो पता चला तुम्हें फेफड़ों का कैंसर है, जो दोनों फेफड़ों में फैल चुका है। वह समय मेरे लिए जीवन का सबसे कठिन समय था। मैं लगभग रोता हुआ बाहर निकला। मुश्किल से तुमसे बचते हुए बाहर आया, मुँह धुला, फिर थोड़ा नॉर्मल होकर तुम्हारे सामने आया। तुमने पूछा नहीं, मुझे ही बताने लगे, चिंता की कोई बात नहीं है। मैं बिल्कुल ठीक हूँ। मैंने भी कहा, हाँ, “आप ठीक हो”, लेकिन तुम अंदर की उदासी को समझ चुके थे। दोनों ने कुछ देर कुछ नहीं कहा। दवाई लेकर सीधे घर आ गए।
डॉक्टर ने पर्चे पर नागपुर के कैंसर स्पेशलिस्ट का नाम-पता लिख दिया था। मैंने घर आकर किसी को कुछ नहीं बताया। कुछ रिश्तेदारों को कॉल किया, भोपाल में कुछ लोगों को कॉल करके कैंसर स्पेशलिस्ट का पता करने को कहा, लेकिन लोगों ने मदद करने की जगह बस ज्ञान ही दिया। मैं भोपाल में इलाज़ करवाना चाहता था। लेकिन यह हुआ नहीं। दूसरे ही दिन इधर-उधर से पैसे जमा करके नागपुर चला गया। रिज़र्वेशन नहीं हो पाने के कारण वेटिंग में यात्रा करनी पड़ी। लेकिन नागपुर में जाकर तुम्हें पता चल गया कैंसर का। तुमने रोते हुए जो कुछ कहा, उसमें एक पिता की बेबसी आज भी सुनाई देती है। निराला की ‘सरोज स्मृति’ की तरह ही।
डॉक्टर ने साफ़ कहा था, तुम अब ज़्यादा दिनों तक जीवित नहीं रहोगे। मैंने तुमसे बहुत झूठ बोला, कुछ भी नहीं बताया था। तुमने सब कुछ जानते हुए भी किसी से कोई मदद नहीं ली। मेरी नौकरी के लिए अंत तक चिंतित रहे। और एक दिन सदा के लिए चले गए, दुनिया को छोड़कर।
पिता, तुम्हारे जाने के बाद दुनिया वह नहीं रह गई, जो तुम्हारी उपस्थिति में थी। सबने किनारा किया। कुछ माँग न लूँ, यह सोचकर दूरियाँ बना लीं। दोस्तों की परतें उघड़ती गईं। उपयोगितावादी सिद्धांत विजयी हुआ। आज भी हो रहा है।
दो बार असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के साक्षात्कार से बाहर हुआ। लगातार असफलताओं से जूझकर भी संघर्ष में बना हुआ हूँ। तुम्हारा साथ अब भी महसूस होता है। जब साथ वालों के पिताओं के फ़ोन उन्हें आते हैं, तो मन बहुत उदास हो जाता है। लेकिन धैर्य नहीं खो रहा हूँ अभी भी। दुनिया में तमाम क्रूरताओं के बाद भी एक छोटी ही सही, प्रेम की भी जगह है। और तब तक यह जगह है, आशाओं से संसार भरा रहेगा।
तुम्हें गए तीन साल हो गए। मन को समझाने के लिए यही सोचता हूँ, तुम कहीं नहीं गए, दौड़ रहे हो मेरे रक्त में दिन-रात। मैं तुम्हें निकट ही पाता हूँ।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
दुर्गेश कुमार सजल को और पढ़िए : दो ग्रह, दो भाषाएँ : पृथ्वी और मंगल के साहित्य का अनुवाद-विमर्श | दो फ़ुटिया जीभ का चरित्र | किराए का कमरा : विद्यार्थी बनाम मकान मालिक
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट