दैनिक भास्कर लेकर आया है कविता-प्रतियोगिता
हिन्दवी डेस्क
03 मार्च 2026
आगामी 21 मार्च को विश्व कविता दिवस के उपलक्ष्य में ‘दैनिक भास्कर’ एक विशेष पहल के रूप में ‘कविता उत्सव’ का आयोजन कर रहा है। यह काव्य-प्रतियोगिता देश भर के रचनात्मक मनों को एक मंच प्रदान करने का प्रयास है; जहाँ वे अपनी संवेदनाओं, विचारों और कल्पनाओं को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त कर सकें। यदि आपके भीतर भावनाओं की लहरें हैं, समाज को देखने की एक अलग दृष्टि है या जीवन के अनुभवों को कविता में ढालने की क्षमता है; तो यह अवसर आपके लिए है। आप अपनी मौलिक कविताओं को kavitautsav@dbcorp.in पर मेल कर सकते हैं। कविताएँ भेजने की अंतिम तारीख़ 7 मार्च 2026 है।
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता इसकी खुली प्रकृति है। इसमें भाग लेने के लिए किसी विशेष विषय, शब्द सीमा या आयु की बाध्यता नहीं रखी गई है। प्रतिभागी किसी भी विषय पर अपनी कविता भेज सकते हैं—चाहे वह प्रेम हो, प्रकृति, समाज, राजनीति, स्मृतियाँ, संघर्ष या आत्मअन्वेषण। महत्त्वपूर्ण यह है कि रचना पूर्णतः मौलिक होनी चाहिए। कविता पहले कहीं प्रकाशित, प्रसारित या साझा न की गई हो। एआई की सहायता से लिखी गई रचनाएँ स्वीकार नहीं की जाएँगी। चयन समिति एआई-डिटेक्शन सॉफ़्टवेयर और प्लेगरिज्म चेकर के माध्यम से सभी प्रविष्टियों की जाँच करेगी, ताकि मौलिकता और रचनात्मक ईमानदारी सुनिश्चित की जा सके।
प्रतियोगिता में किसी भी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं। चाहे आप विद्यार्थी हों, पेशेवर हों, गृहिणी हों या वरिष्ठ साहित्य-प्रेमी—अगर आप कविता लिखते हैं, तो यह मंच आपके लिए खुला है। कविताओं के लिए कोई शब्द सीमा नहीं रखी गई है, लेकिन रचना अनावश्यक रूप से लंबी न हो; यदि भाव की पूर्ण अभिव्यक्ति के लिए विस्तार आवश्यक हो, तो करें।
प्रतियोगिता की चयन-प्रक्रिया भी विशेष है। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित तीन प्रतिष्ठित रचनाकार—नंद किशोर आचार्य, गगन गिल और राजेश जोशी—श्रेष्ठ कविताओं का चयन करेंगे। कुल 20 विजेता कविताएँ चुनी जाएँगी। इनमें से शीर्ष 5 कवियों को आई-पैड प्रदान किए जाएँगे, जबकि शेष 15 प्रतिभागियों को विशेष ज्यूरी अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। ज्यूरी का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।
इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियाँ 7 मार्च तक ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। ईमेल यह है : kavitautsav@dbcorp.in
इसके साथ ही दिए गए गूगल-फ़ॉर्म के माध्यम से भी रचनाएँ भेजी जा सकती हैं। गूगल-फ़ॉर्म के लिए यहाँ क्लिक करें : https://forms.gle/ZwyfGqcRGrh261D38
कविताएँ भेजने से पहले नियम एवं शर्तें ज़रूर देख लें :
• आप किसी भी विषय पर कविताएँ भेज सकते हैं।
• रचनाएँ पूर्णतः मौलिक, अप्रकाशित और अप्रसारित होनी चाहिए।
• इस प्रतियोगिता में किसी भी उम्र के लोग हिस्सा ले सकते हैं।
• आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से लिखी गई कविताएँ स्वीकार नहीं की जाएँगी।
• चयन समिति एआई-डिटेक्शन सॉफ़्टवेयर और प्लेगरिज्म चेकर के माध्यम से रचनाओं की जाँच करेगी।
• कविता अनावश्यक रूप से लंबी न हों। हालाँकि, यदि भाव की पूर्ण अभिव्यक्ति के लिए विस्तार आवश्यक हो, तो शब्दों पर कोई कठोर सीमा नहीं होगी।
• ज्यूरी का निर्णय अंतिम और फाइनल होगा।
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट