‘बिना शिकायत के सहना, एकमात्र सबक़ है जो हमें इस जीवन में सीखना है।’
राजेंद्र देथा
10 अप्रैल 2024

जैसलमेर
10 मई 2023
आज जैसलमेर आया हूँ। अपनी भुआ के यहाँ। बचपन में यहाँ कुछ अधिक आना होता था। अब उतना नहीं रहा। दुपहर में साथी के साथ हमीरा जाना हुआ। दिवंगत साकर ख़ान के घर। जीवन में लय का बहुत महत्त्व है। घर में चारों ओर मनुष्य, मिठास और संगीत। घर जैसे सचमुच साकर। आह! क्या तो जीवन-राग!
साकर ख़ान ने उम्र पूरी कमायचा बजाया। उनके प्राचीन कमायचे पर लगभग तीन पीढ़ियों की राग-स्मृति जुड़ी है। कितने ही मांगणियार इस घर से कमायचे की तालीम लेकर देश-दुनिया में आगे बढ़े। साकर ख़ान के तीनों बेटे—दरे ख़ान, घेवर ख़ान, फ़िरोज़ ख़ान, संगीत में एकदम निपुण। दरे ख़ान—साकर ख़ान की विरासत के असली वारिस हैं। कमायचे की राग में जो लय छूटती है, वह दरे ख़ान के शरीर पर दिखाई पड़ती है। वाद्य पर नज़र से अचानक श्रोताओं के सामने देखना—रति के बीच की धीमी गति जैसा है। अस्ल में यह कमायचे का चरम है। झीना और अधिक आत्मिक। घेवर ख़ान की तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन लेली का अभ्यास उनके रक्त में है। लेली मसकरी से भरा गीत है, जिसे घेवर जी हमें सुना रहे—
लेली कै हूँ लाडकी
घणां भाइयां री बाई
पींचै जेड़ौ खामद मिळ्यौ
म्हनौ वन मां आं'न रुळाई
लैली मांजै अमरकोट सां आई!
•
जयपुर
11 जून 2023
लंबे समय बाद जयपुर लौटा हूँ। कुछ समय ठहरने के लिए। मेरे लिए ठहराव हमेशा एक भारी ठहाका है। मैंने हमेशा इसका मज़ाक़ उड़ाया, परिवार से प्रेम तक में। सामाजिक स्थितियाँ बहुत क्रूर हो गई है। चारों ओर चमकीले परिणाम है। स्टेटस से स्टेटस टोचन है। स्टेटसों का अपना एक पदानुक्रम है। सोचता हूँ कि क्या होगा मेरा? कैसे बच निकलूँगा इन भयानक क्रूरताओं से, जहाँ हर थड़ी से गली तक मेरिटें है। कहीं प्रोविजनल लिस्टें पग-पग पर हाँफ रहीं तो कहीं पॉइंट्स से रहा युवक दो सिगरेटों से आयोग को लानतें भेज रहा। सूबे में सरकार के अंतिम दिन हैं, अपने को रिपीट करने के लिए वह हर दिन नए परिणाम निकालती है, और इन परिणामों से निकलती 'टीका और अन्य कहानियाँ' हर प्रोग्रेसिव क़दम को पीछे कर देती है। मुआशरे में कुछ अधिक स्पृहणीय बचा है, तो वह है हरमेस महत्त्वपूर्ण बने रहना। ऐसे समय में विन्सेंट वॉन गॉग का एक सुरक्षित कर रखा कथन याद आता है—‘‘बिना शिकायत के सहना, एकमात्र सबक़ है जो हमें इस जीवन में सीखना है।’’
•
जयपुर
जुलाई 2023, तारीख़ याद नहीं
यहाँ एक निजी लाइब्रेरी है। लाइब्रेरी की यह अवधारणा इस देश की ख़ुद की है। अस्ल अर्थों में यह एक बड़ा व्यवसाय है। प्रतियोगियों के लिए लाइब्रेरी कहा जाने वाला यह स्थान किताबों से रिक्त है। आपकी अपनी किताबें आपको ले जानी है और इस विशाल वाचनालय में आपको हज़ार रुपए के बदले वाई-फ़ाई, वातानुकूलित वातावरण और एक सीट मिलेगी। नियत सीट का अलग शुल्क है, अनियत का अलग। मेरी सीट अनियत है। हर तरफ़ ज्ञान से भरे उद्धरण है। ‘डर के आगे जीत’—से थोड़े अधिक अद्यतन कोटेशन। मैं यहाँ नेट की तैयारी के सिलसिले से कुछ समय हूँ। प्रथम प्रश्न-पत्र की लिजलिजी भाषा से उकता गया हूँ। अधिगम, निकष संबंधित परिक्षण, द्विचर विकर्षण जैसे गूगल अनूदित बकवास शब्दों को पढ़ना इन सबके प्रति एक क़िस्म की घृणा पैदा करने का अवसर देता है। पखवाड़ा हुआ यह सब पढ़ते। कोई दो बरस बाद प्रतियोगी किताब पढ़ रहा हूँ, लेकिन मेरी नसें मुझे परेशान करती है, उनमें स्वतंत्रता का लहू घूमने लगता है। कुछ अधिक सोचता हूँ कि अचानक मेरे युग के महाबेरोज़गारों में से एक कवि-मित्र का फ़ोन आ जाता है। वे किसी अमेरिकन ब्रांड की व्हिस्की से स्नेह कर रहे होते हैं। हमारी व्याख्याएँ और अंतहीन व्यथा-कथाओं का जब कोई अंत नहीं होता तो वे आशा-अमरधन अवस्था में कहते हैं—‘टूटेगा तिलिस्म बंधु, टूटेगा!’
•
सूरत
सितंबर 2023, तारीख़ फिर याद नहीं आ रही
यह मूलत: कामगारों का शहर। रोटी और जूण के मध्य संवेदनशील संघर्ष। प्रवासियों के इस शहर की अपनी रोचक कथाएँ हैं। किसी का धंधा सेट हो जाए तो उसकी एक सामाजिक प्रतिष्ठा बनती है। हर समाज के संगठन बने हुए हैं। उनके वार्षिक आयोजन होते हैं। उन्हें वे लघुगर्व में गिनते हैं। इतना पुरातन शहर कि किसी होटल से सद्यसहवासित निकले, नज़र नहीं आता। कामगारों में नब्बे फीसद मारवाड़ी है। मारवाड़ी का अर्थ राजस्थानियों से है न कि राजस्थान के एक इलाक़े से। एक बड़े मगरमच्छ-सा यह शहर आधे भारत को कपड़े पहनाता है। आज हर चौथे दिन की तरह ख्यात समाजवादी अर्जुन देथा जी का फोन आया। अर्जुन जी मेरे दादा के साथ रहे हैं। परिचय में पारिवारिक लेकिन मुलाकात बहुत देर से हुई। बारह की उम्र में लोहिया से मिले। प्रभावित हुए। फिर जॉर्ज फ़र्नान्डिस के संपर्क से देस के तमाम समाजवादियों से उनकी मित्रता रही। वे लंबे समय तक जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष रहे। जारी बातचीत में जातिगत जनगणना के मुद्दे को लेकर उन्होंने हताशा व्यक्त की। बोले ओबीसी इस देस की सबसे डफोळ क़ौम है। जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने की बातचीत चली। अचानक उदास हो बोले—‘‘आपां आळा कई गयाबीता उवां नानकियां माथै गळत टीप करै, निसरमा केथ रा ई।’ (हमारे वाले कई गए-बीते बेशरम उन लड़कियों पर अनर्गल टिप्पणी किए जा रहे हैं।)
•
दिल्ली
8 अक्टूबर 2023
सुबह हुई है। गाँव की याद आई है। याद आया है थोड़ा समाज भी। एक कविता प्रभात की भी याद आई। इंटरनेट का ज़माना है। अचानक ख़बर मिली है—पास के गाँव की। एक स्त्री टाँके में गिर गई है। मेरी आँखों के आगे अँधेरा नहीं है। बीते कई बरसों से ये ख़बरें सामान्य होती जा रहीं। घर बैठी माँ को याद करता हूँ। समाज दिनोदिन अपने झंडे ऊँचे करता है। स्नेह-मिलनों में जमा ‘प्रगति’ पर बात होती है और टाँकों-नहरों में तैरती लाशें मुक्ति का मारग ढूँढ़ती हैं। प्रिय कवि अर्जुनदेव चारण की एक कविता याद आती है—
ओ क्यूं होवै मां
थारी जूण रा
पगोतिया चढतौ इतियास
चांणचक
होय जावै पांगळौ
अर
म्हनै लाधै
तालर
झाळां झिलियोड़ौ
म्हैं कीकर बाचूं
ओ अधूरौ इतियास
इण मांय
थारी जूण तौ है ई कोनी!
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट
26 मई 2025
प्रेम जब अपराध नहीं, सौंदर्य की तरह देखा जाएगा
पिछले बरस एक ख़बर पढ़ी थी। मुंगेर के टेटिया बंबर में, ऊँचेश्वर नाथ महादेव की पूजा करने पहुँचे प्रेमी युगल को गाँव वालों ने पकड़कर मंदिर में ही शादी करा दी। ख़बर सार्वजनिक होते ही स्क्रीनशॉट, कलात्मक-कैप
31 मई 2025
बीएड वाली लड़कियाँ
ट्रेन की खिड़कियों से आ रही चीनी मिल की बदबू हमें रोमांचित कर रही थी। आधुनिक दुनिया की आधुनिक वनस्पतियों की कृत्रिम सुगंध से हम ऊब चुके थे। हमारी प्रतिभा स्पष्ट नहीं थी—ग़लतफ़हमियों और कामचलाऊ समझदारियो
30 मई 2025
मास्टर की अरथी नहीं थी, आशिक़ का जनाज़ा था
जीवन मुश्किल चीज़ है—तिस पर हिंदी-लेखक की ज़िंदगी—जिसके माथे पर रचना की राह चलकर शहीद हुए पुरखे लेखक की चिता की राख लगी हुई है। यों, आने वाले लेखक का मस्तक राख से साँवला है। पानी, पसीने या ख़ून से धुलकर
30 मई 2025
एक कमरे का सपना
एक कमरे का सपना देखते हुए हमें कितना कुछ छोड़ना पड़ता है! मेरी दादी अक्सर उदास मन से ये बातें कहा करती थीं। मैं तब छोटी थी। बच्चों के मन में कमरे की अवधारणा इतनी स्पष्ट नहीं होती। लेकिन फिर भी हर
28 मई 2025
विनोद कुमार शुक्ल का आश्चर्यलोक
बहुत पहले जब विनोद कुमार शुक्ल (विकुशु) नाम के एक कवि-लेखक का नाम सुना, और पहले-पहल उनकी ‘प्रतिनिधि कविताएँ’ हाथ लगी, तो उसकी भूमिका का शीर्षक था—विनोद कुमार शुक्ल का आश्चर्यलोक। आश्चर्यलोक—विकुशु के