अनफ़्रेम्ड : आलोचक की असहमति इतनी असहज क्यों करने लगी है?
दिनेश श्रीनेत
26 नवम्बर 2026
मैंने सिनेमा को थोड़ी गहरी रुचि के साथ देखना बहुत पहले यानी लगभग बचपन से शुरू किया था; लेकिन सिनेमा को समझने और ‘सिनेमा रीडिंग’ का अभ्यास जिन औज़ारों से हुआ, वे टूल्स किसी फ़िल्म थ्योरिस्ट की किताब से नहीं आए थे। वे आए थे फ़िल्म पत्रकारिता से, पत्रिकाओं और अख़बारों में छपे लेखों से। सत्तर और अस्सी के दशक की फ़िल्म पत्रकारिता मुझे आज भी याद है। ‘आक्रोश’, ‘अर्धसत्य’, ‘अंकुर’, ‘निशांत’ और ‘दामुल’ जैसी फ़िल्मों पर उस समय ‘माधुरी’, ‘धर्मयुग’, ‘साप्ताहिक हिंदुस्तान’, ‘नवभारत टाइम्स’ और ‘जनसत्ता’ में जो लेखन हुआ; वह सिर्फ़ समीक्षा नहीं था। वे लेख फ़िल्मों को एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में रखकर देखते थे। ख़ास बात यह थी कि उस आलोचना में ऐसे शब्द बार-बार आते थे, जिनसे फ़िल्म को समझने का एक स्पष्ट पर्सपेक्टिव बनता था—ये शब्द सिनेमा के समाजशास्त्र से भी आते थे और कई बार उसके एस्थेटिक्स से भी।
इससे एक स्पष्ट दृष्टि पैदा होती थी और वह यह कि आलोचना का मतलब फ़िल्म की कहानी या अभिनय का बयान भर नहीं है। यह आलोचना फ़िल्म माध्यम और तत्कालीन राजनीतिक डिस्कोर्स की टकराहट से पैदा होती थी। यह टकराहट कई बार सहज नहीं होती थी; बल्कि बहुत बार रचना, रचनाकार और दर्शक की दृष्टि और अभिरुचि पर असहज सवाल खड़े करती थी। राज्य, हिंसा, क़ानून, वर्ग, आदिवासी समाज, पुलिस, सत्ता और नैतिकता पर सवालों से कुछ ऐसे बीज शब्द पैदा हुए; जिन्होंने आगे आने वाले समय में सिनेमा देखने की एक नई दृष्टि दी। तो सिनेमा की समझ बनाने के अभ्यास की बुनियाद कुछ ऐसे ही बीज शब्दों पर टिकी थी, जो धीरे-धीरे आपकी देखने की दृष्टि का हिस्सा बन जाते हैं। इस दृष्टि ने सिखाया कि सिनेमा केवल कथा या अभिनय का मामला नहीं है। वह सत्ता और जन के बीच चल रहे तनावों का दृश्य रूपांतरण भी है। ‘अंकुर’ को हमने केवल ग्रामीण यथार्थ की कहानी नहीं, बल्कि सामंती सत्ता और यौन-राजनीति की आलोचना के रूप में पढ़ा। ‘दामुल’ को केवल मज़दूर संघर्ष की कथा नहीं; बल्कि विकास, राज्य और शोषण के अंतर्संबंधों के रूप में समझा।
बात सिनेमा से शुरू ज़रूर हुई है, मगर कमोबेश यही स्थिति साहित्य में भी है। मैंने बहुत बार बहुत से हिंदी के प्रबुद्ध लोगों से पूछा कि क्या हिंदी में आलोचना ख़त्म हो गई है। उनका जवाब बहुत साफ़ नहीं था। यह अस्पष्टता हिंदी आलोचना की वर्तमान स्थिति के बारे में बहुत कुछ कहती है। बतौर पाठक मुझे एक बड़े से ख़ाली स्पेस में छोड़ देती है; जहाँ किताबें हैं, लेखक हैं, प्रमोशन है, समीक्षाएँ भी हैं—मगर दृष्टि ग़ायब है। बिना दृष्टि किताबों का भंडार लेकर कोई पाठक क्या करे भला? सोशल मीडिया पर किसी किताब की प्रशंसा और किसी किताब की थोड़ी आलोचना कर दें तो तना-तनी हो जाती है, शब्दों से प्रहार होता है। इस बहस का सबसे रोचक रूप बीते साल ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में ऐश्वर्य खोसला के आलेख में देखने को मिलता है; जिसमें वह लिखती हैं कि एसोसिएटेड प्रेस (एपी) का साप्ताहिक पुस्तक-समीक्षा बंद करने का निर्णय केवल संपादकीय बदलाव नहीं है, बल्कि एक ‘सांस्कृतिक अंतिम संस्कार’ है। उनके इस लेख की शुरुआत कुछ ऐसे होती है, “प्रिय पाठक, भारी मन से हम यह घोषणा करते हैं कि आलोचक अब नहीं रहा। इंटरनेट के जन्म से ही वह बीमार चल रहा था, बड़बड़ा रहा था—‘टु बी ऑर नॉट टु बी’—लेकिन सोशल मीडिया के आने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई थी। पीछे वह अपने दूर के रिश्तेदार छोड़ गया है, सबस्टैक निबंधकार, यूट्यूब ब्लॉगर, टिकटॉक किशोर और इंस्टाग्राम सौंदर्यशास्त्री। लेकिन इनमें से कोई भी आलोचक से संबंध स्वीकारने को तैयार नहीं है। हर कोई ज़ोर देकर कहता है कि वह अलग है, सच्चा है, और ‘लोगों’ के ज़्यादा क़रीब है।”
हर नई पीढ़ी अपने तरीक़े से ज्ञान-परंपरा को तलाशती है। इन दिनों आलोचकों के लंबे अवकाश पर जाने की वजह से युवा पीढ़ी खुद ही भटक-भटककर अपनी पसंद के पुराने लेखकों को खोज रही है और उन पर बात कर रही है। मुझे ख़ुशी होती है कि मेरी युवावस्था में जिन लेखकों को लगभग अप्रासंगिक करार दे दिया गया था, यह पीढ़ी उनकी किताबों के पीडीएफ़ साझा कर रही है। आलोचक का काम है कि समकालीन यथार्थ के स्रोत अतीत में तलाशना, ताकि उस रोशनी में हम अपने मौजूदा समय को बेहतर ढंग से देख सकें।
वापस सिनेमा की तरफ़ लौटें तो यह संकट और बड़ा दिखाई देता है। सन् 2000 के बाद भारतीय सिनेमा ने कई स्तरों पर रूप बदला—तकनीकी रूप से, कथ्य के स्तर पर, दर्शक के स्तर पर और राजनीतिक संदर्भों में भी। इंटरनेट के कारण सिनेमा का एक्सपोज़र अभूतपूर्व रूप से बढ़ गया। वह सिनेमा जिसके लिए पहले बरसों इंतज़ार करना पड़ता था या फ़िल्म-महोत्सवों के चक्कर लगाने पड़ते थे, अब हमारे लैपटॉप और मोबाइल में मौजूद था। दुनिया भर का श्रेष्ठ सिनेमा हमारी पहुँच में था। इसके बावजूद, उसी अनुपात में आलोचना के नए औज़ार विकसित नहीं हुए। कई प्रतिभाशाली युवा समीक्षक ज़रूर सामने आए, हिंदी और अँग्रेज़ी दोनों में, लेकिन आलोचना की भाषा में कोई बुनियादी छलाँग नहीं दिखती। आलोचना की गहराई नहीं आई। एक्सपोज़र बढ़ा, विवेक नहीं। अधिकतर फ़िल्म-समीक्षाएँ भाववादी होती चली गईं। फ़िल्म को अपनी पसंद, अपने आस्वाद, अपनी निजी संवेदना के आधार पर देखा-समझा जाने लगा।
इसमें कोई बुनियादी समस्या नहीं है। हर आलोचना का एक निजी आधार होता है। समस्या तब पैदा होती है, जब यही निजी अनुभव आलोचना का एकमात्र आधार बन जाता है। तब आलोचना धीरे-धीरे सिर्फ आपके सेल्फ़ एक्स्प्रेशन में बदल जाती है और विवेक पीछे छूट जाता है। जैसा कि फ़िल्म थ्योरिस्ट डेविड बॉर्डवेल कहते हैं कि आलोचना आत्म-अभिव्यक्ति से अलग एक अनुशासित बौद्धिक अभ्यास है। उनके अनुसार फ़िल्म की व्याख्या भावनात्मक अनुमान नहीं; बल्कि संकेतों, संरचना और तर्क पर आधारित होती है। यह दृष्टि आज के दौर में विशेष रूप से प्रासंगिक है।
आज यदि किसी रचना की व्यापक प्रशंसा हो रही हो, तो उसकी तटस्थ आलोचना करने का साहस बहुत कम लोग दिखाते हैं। मुझे याद है—यह मेरे होश सँभालने से पहले की बात रही होगी, मगर बाद में मैंने एक संकलन में पढ़ा कि रघुवीर सहाय ने ‘दिनमान’ में उस समय की सर्वाधिक चर्चित फ़िल्म ‘आक्रोश’ को ख़ारिज कर दिया था और उसे आदिवासियों के ख़िलाफ़ फ़िल्म बताया था। यह टिप्पणी आज भी चौंकाती है। यह असहमति का साहस था। यह आलोचना की ईमानदारी थी। यही आलोचना की असली ताक़त है कि वह लोकप्रिय सहमति को चुनौती देती है। आज अगर हम अपने समय की ओर देखें, तो सवाल उठता है : क्या हम उस साहस से एक इंच भी आगे बढ़े हैं? विवेकपूर्ण आलोचना असुविधा पैदा करती है, लेकिन वही कलाओं को आगे भी बढ़ाती है।
आज अगर आप एक खास पॉलिटिकल नैरेटिव गढ़ती फ़िल्म की प्रशंसा नहीं करते तो आप ट्रोल हो सकते हैं। इसकी वजह यह है कि विश्लेषण के औज़ार ही हमने खो दिए हैं। ‘धुरंधर’ जैसी फ़िल्मों पर गहन सामाजिक और राजनीतिक डिस्कोर्स कहाँ है? हिंदी साहित्य में आज स्थिति यह है कि यदि किसी किताब की प्रशंसा हो रही हो, तो उसकी तटस्थ आलोचना करना लगभग असंभव हो गया है। आलोचना को नकारात्मक मान लिया जाता है, जबकि असल में आलोचना किसी भी कला रूप के जीवित रहने की शर्त होती है। हम एक ऐसे सरलीकरण में फँस गए हैं, जहाँ या तो कुछ पसंद किया जाता है या ख़ारिज कर दिया जाता है। दोनों की अपनी तर्क-शृंखला होनी चाहिए। हिंदी साहित्य के पाठक याद करें कब उन्होंने (लेखक पर नहीं) किसी अनोखे या यादगार किरदार पर बात की? हिंदी मे कब किसी रचना के प्लॉट ने उन्हें चमत्कृत किया? कब किसी के लिखने की शैली ने उसके बारे में सवाल या बात करने पर विवश किया है? हम तारीफ़ करते हैं, हम भावुक होते हैं या फिर हम उस खारिज़ करते हैं; लेकिन किसी रचना को उसके अंतर्विरोधों के साथ पढ़ने का साहस कम दिखता है। बहुत सारा नया और अनूठा सिनेमा आज भी गंभीर विश्लेषण की प्रतीक्षा में है।
भावुकता में डूबी प्रशंसा या निंदा से पाठक या दर्शक की समझ मज़बूत नहीं होती, यह समझ विवेकपूर्ण आलोचना बनाती है। सिनेमा, साहित्य या कलाओं पर सोचने की एक भाषा होती है और यदि वह भाषा विकसित नहीं होगी तो हम धीरे-धीरे देखने की क्षमता खो देंगे। पता नहीं यह दोबारा कब संभव हो पाएगा कि आलोचना को फिर से भावुकता से निकालकर अनुशासन में लाने के कोशिश करता है। यह सिनेमा को समाज, सत्ता, तकनीक और इतिहास के संदर्भ में सोचने का आग्रह करता है। रेमंड विलियम्स का मानना था कि आलोचना के शब्द तटस्थ नहीं होते, वे अपने समय के सामाजिक और राजनीतिक संघर्षों से बनते हैं। जब आलोचना नए बीज शब्द नहीं गढ़ पाती तो वह ठहर जाती है। नए दौर की आलोचना को नए बीज शब्द गढ़ने होंगे—ऐसे शब्द, जो आज के सिनेमा, आज की राजनीति और आज की सामाजिक-आर्थिक संरचनाओं से निकलें। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हम रचनाएँ पढ़ते रहेंगे, फ़िल्में देखते रहेंगे; लेकिन उन्हें समझने की वह विवेकपूर्ण क्षमता खो देंगे, जो कभी हमारी आलोचनात्मक परंपरा की ताक़त थी।
हालाँकि सिने-आलोचना में कभी-कभार उम्मीद दिखती है। पिछले दिनों कुछ दिलचस्प स्थापनाएँ सामने आई हैं, जिनमें एक फ़िल्म इतिहासकार आशीष राजाध्यक्ष का ‘अभिलेखागार’ (Archive) पर लिखा गया आलेख है। यह आलेख सिनेमा के इतिहास को केवल उपलब्ध फ़िल्मों की सूची मानने से इनकार करता है। यह लेख याद दिलाता है कि भारतीय सिनेमा का बड़ा हिस्सा नष्ट हो चुका है—आग, लापरवाही और बाज़ार की प्राथमिकताओं में खो गया है... यानी आलोचना का काम केवल महान् फ़िल्मों की प्रशंसा करना नहीं; बल्कि अनुपस्थिति, रिक्तता और गुमशुदगी की राजनीति को समझना भी है। यह दृष्टि इतिहास को एक अधूरे, असमान और संघर्षपूर्ण क्षेत्र के रूप में देखती है। इसी तरह से रवि एस. वासुदेवन का ‘मेलोड्रामा’ लेख उस आलोचनात्मक आदत को चुनौती देता है जो भावुकता को स्वतः कलात्मक कमज़ोरी मान लेती है। यह लेख दिखाता है कि भारतीय सिनेमा में मेलोड्रामा केवल भावना की अधिकता नहीं; बल्कि नैतिक संघर्षों, सामाजिक संकटों और राजनीतिक असमानताओं की एक भाषा है।
इस बात को ऐश्वर्य के आलेख के एक उद्धरण से ही ख़त्म करते हैं, “जब आप किसी किताब से जूझें जो आपको चुनौती देती है, तब आलोचक को याद करें। जब आपको एल्गोरिद्म उसी जैसा कुछ और थमाता हुआ लगे, तब आलोचक को याद करें। याद रखें कि कला हमेशा आसान नहीं होती और कभी-कभी हमें किसी की ज़रूरत होती है जो उसकी अहमियत पर तर्क करे।”
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट