दिनेश श्रीनेत का परिचय
मूल नाम : दिनेश श्रीनेत
जन्म : 07/05/1972 | गोरखपुर, उत्तर प्रदेश
दिनेश श्रीनेत ने गोरखपुर विश्वविद्यालय से अँग्रेज़ी साहित्य और रुहेलखंड विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता में करीब तीन दशक के अनुभव के दौरान उन्होंने अमर उजाला, दैनिक जागरण, वनइंडिया और टाइम्स इंटरनेट जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों में काम किया है। 2007 से वह डिजिटल मीडिया से सक्रिय रूप से जुड़े हैं। 2017 में उन्होंने ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ हिंदी के लॉन्च में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई और बाद में कई अन्य भारतीय भाषा संस्करणों के लॉन्च और विकास से जुड़े।
ईटी हिंदी के साथ 10 वर्षों के अपने लंबे कार्यकाल में श्रीनेत ने हिंदी में सस्टेनेबिलिटी, ग्रीन एनर्जी और विकास की अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर विशेष रुचि के साथ काम किया। उन्होंने ‘सस्टेनेबल भारत’ और ‘स्टार्टअप यात्रा’ जैसे पॉडकास्ट स्टार्ट किए। पर्यावरण के अनुकूल उद्यमिता, नई तकनीक और टिकाऊ विकास उनके पेशेवर सरोकारों के प्रमुख क्षेत्र रहे हैं।
पत्रकारिता के साथ दिनेश श्रीनेत लेखन में भी सक्रिय हैं। उनकी पहली कहानी ‘विज्ञापन वाली लड़की’ 2006 में साहित्यिक मासिक पत्रिका ‘वागर्थ’ में प्रकाशित हुई। बाद में इसका उर्दू अनुवाद भारत और पाकिस्तान में प्रकाशित हुआ। 2026 में इसका अँग्रेज़ी अनुवाद The City: An Anthology of New Indian Writing में शामिल किया गया।
कथेतर गद्य-लेखन में सिनेमा, कला और लोकप्रिय संस्कृति उनकी दिलचस्पी के क्षेत्र रहे हैं। उनकी अब तक चार किताबें आ चुकी हैं। प्रकाशित पुस्तकों में ‘पश्चिम और सिनेमा’ (2012), ‘शेल्फ़ में फ़रिश्ते’ (2023), ‘नींद कम ख़्वाब ज़्यादा’ (2023) और ‘विज्ञापन वाली लड़की’ (2025) शामिल हैं। सिनेमा और पत्रकारिता पर उनका लेखन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के पाठ्यक्रमों तथा सहायक अध्ययन सामग्री में भी शामिल किया गया है।
संप्रति : रेख़्ता फ़ाउंडेशन में ग्रुप एडिटर-लैंग्वेजेज।