Font by Mehr Nastaliq Web

समीक्षा : ऑल दैट ग्लिटर्स इज़ नॉट गोल्ड

संभावना प्रकाशन द्वारा प्रकाशित ‘पीले दैत्य का नगर’, मैक्सिम गोर्की की किताब ‘The City of the Yellow Devil’ का अशोक पाण्डे द्वारा किया गया हिंदी अनुवाद है। 2024 में प्रकाशित इस कृति का मूल्य 150 रुपये है। प्रकाशन की प्रतिष्ठा के अनुरूप किताब की छपाई और इसका कलेवर आकर्षक है। किताब के मुख्य पृष्ठ पर दिया गया वाक्य ‘अमेरिकी पूँजीवाद की धज्जियाँ उड़ाता एक तारीख़ी दस्तावेज़’ एक विशेष तरह के पाठकों को आकर्षित करेगा, लेकिन अधिकांश इससे प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि असहमत ही होंगे। अनुवादक अशोक पाण्डे की सराहना की जानी चाहिए कि उन्होंने एक ऐसी किताब के अनुवाद का कार्य किया, जो बहुत प्रसिद्ध नहीं है। हिंदी के पाठक इस अनुवाद के माध्यम से गोर्की की इस कृति से परिचित हो सकेंगे।

किसी शहर को हम जैसा देखते हैं, क्या वह शहर सचमुच वैसा ही होता है? या शहर का एक हिस्सा हमारी आँखों के सामने होता है और दूसरा हिस्सा हमारी आँखों के भीतर? यात्रा-वृत्तांत पढ़ते हुए यह प्रश्न बार-बार उपस्थित होता है। यात्री अपने साथ केवल सामान लेकर यात्रा पर नहीं निकलता, वह अपने संस्कार, विश्वास, राजनीतिक धारणाएँ, प्रेम, घृणा और पूर्वाग्रह भी साथ लेकर चलता है। इसलिए यात्रा-वृत्तांत में दर्ज शहर केवल बाहर मौजूद शहर नहीं होता, वह यात्री के भीतर बसे शहर से मिलकर बना एक तीसरा शहर होता है। मैक्सिम गोर्की का न्यूयॉर्क ऐसा ही एक शहर है। 1906 में गोर्की जब अमेरिका पहुँचे, तब न्यूयॉर्क आधुनिक सभ्यता की सबसे चमकदार उपलब्धियों में गिना जाने लगा था। आसमान की ओर बढ़ती इमारतें, बिजली से जगमगाती सड़कें, भूमिगत रेल, कारख़ाने, बंदरगाह, व्यापार और संसार के अलग-अलग हिस्सों से वहाँ पहुँचते लोग, न्यूयॉर्क उस औद्योगिक आधुनिकता का चेहरा था, जो आने वाली सदी का भविष्य लिख रही थी। दुनिया इस शहर को विस्मय से देख रही थी। गोर्की ने भी विस्मय से देखा, लेकिन उनका विस्मय बहुत जल्दी भय और वितृष्णा में बदल गया। उनके लिए न्यूयॉर्क की ऊँची इमारतें मनुष्य की उपलब्धि नहीं, मनुष्य के ऊपर खड़ी हो गई पूँजी की विराटता थीं। शहर की मशीनें प्रगति की सूचना नहीं देती थीं, बल्कि ऐसे संसार का संकेत थीं, जिसमें मनुष्य स्वयं मशीन का एक छोटा-सा पुर्जा बनता जा रहा था। रोशनी के पीछे उन्हें अँधेरा दिखाई देता था, समृद्धि के पीछे ग़रीबी और वैभव के पीछे वह थका हुआ मज़दूर, जिसके श्रम पर यह पूरा नगर खड़ा था।

‘The City of the Yellow Devil’ में न्यूयॉर्क धीरे-धीरे एक वास्तविक शहर से अधिक एक रूपक में बदल जाता है। पत्थर, लोहा, शीशा, धुआँ, मशीन, डॉलर और मनुष्य मिलकर एक ऐसे विराट जीव की रचना करते हैं, जिसके सामने आदमी लगातार छोटा होता जाता है। गोर्की का ‘पीला दैत्य’ अंततः डॉलर है और नगर उसका मंदिर। साहित्य के स्तर पर यह रूपक अत्यंत प्रभावशाली है। प्रश्न है कि इतिहास और समाज के स्तर पर वह कितना संपूर्ण है।

गोर्की के अमेरिका पहुँचने का समय भी ध्यान देने योग्य है। रूस में 1905 की क्रांति विफल हो चुकी थी। गोर्की रूसी क्रांतिकारी आंदोलन के समर्थक थे और अमेरिका जाने का उनका उद्देश्य केवल देशाटन नहीं था। वह रूसी क्रांति के लिए अमेरिकी समर्थन और धन जुटाने गए थे। इसलिए वह अमेरिका को किसी विचारधाराविहीन पर्यटक की तरह नहीं देख रहे थे। वर्ग, पूँजी और श्रम के संबंधों को लेकर उनकी धारणाएँ पहले से निर्मित थीं। अमेरिका पहुँचने से पहले ही उनकी आँखों के पास अमेरिका को पढ़ने का एक राजनीतिक व्याकरण मौजूद था।

गोर्की की अमेरिकी यात्रा के दौरान हुई एक घटना भी उनके पूर्वाग्रह की धारणा को पुष्ट करती है। अमेरिका पहुँचने पर उनका स्वागत एक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लेखक की तरह हुआ था। लेकिन जब अमेरिकी प्रेस को पता चला कि उनके साथ आई अभिनेत्री मारिया आंद्रेयेवा क़ानूनी रूप से उनकी पत्नी नहीं थीं, तो तत्कालीन अमेरिकी समाज की नैतिकतावादी प्रतिक्रिया अत्यंत कठोर हुई। उन्हें होटल छोड़ना पड़ा, उनके सम्मान में होने वाले कुछ आयोजन प्रभावित हुए और प्रेस का एक हिस्सा उनके विरुद्ध हो गया। यह प्रसंग निश्चय ही उस समय के अमेरिकी समाज की नैतिक संकीर्णता और पाखंड पर प्रश्न उठाता है। लेकिन साथ ही यह प्रश्न भी छोड़ जाता है कि अमेरिका के प्रति गोर्की के बाद के तीखे स्वर में उस व्यक्तिगत अपमान की कितनी छाया थी। किसी लेखक के विचार को उसकी जीवनी से पूरी तरह समझना उचित नहीं, लेकिन उसकी जीवनी को पूरी तरह अनदेखा करना भी शायद उचित नहीं।
लेकिन इसका यह अर्थ नहीं कि गोर्की ने जिस ग़रीबी और श्रमिक-दुर्दशा का वर्णन किया, वह सिर्फ़ उनका पूर्वाग्रह या उनकी कल्पना थी। Jacob A. Riis की 1890 में प्रकाशित प्रसिद्ध पुस्तक ‘How the Other Half Lives’ इस संदर्भ में प्रामाणिक तथ्य उपलब्ध करवाती है। रीस ने न्यूयॉर्क के घरों, ग़रीब अप्रवासी परिवारों, अत्यधिक भीड़, अस्वास्थ्यकर आवास, बाल श्रम और घरों के भीतर चलने वाले छोटे उत्पादन-कार्यों का आँखों-देखा उल्लेख तस्वीरों के साथ अपनी किताब में किया। रीस का विवरण उस न्यूयॉर्क को हमारे सामने रखता है, जो चमकते मैनहट्टन के पीछे छिपा हुआ था। इसलिए गोर्की जब न्यूयॉर्क के वैभव के नीचे दबे मनुष्य को देखते हैं, तब उस मनुष्य को केवल उनका पूर्वाग्रह कह देना उचित नहीं होगा। वहाँ ग़रीबी थी, असमानता थी, औद्योगिक समृद्धि के नीचे कठोर श्रम था। लेकिन सिर्फ़ यही पूरा सत्य नहीं था।

गोर्की के न्यूयॉर्क में लगभग हर रास्ता एक ही निष्कर्ष की ओर जाता है। ऊँची इमारत, पूँजी की सत्ता है। मशीन, मनुष्य की पराधीनता है। अमीरी, शोषण की परिणति है। और ग़रीबी, उस व्यवस्था का स्वाभाविक परिणाम। उनकी दृष्टि उस हर दृश्य पर ठहरती है, जो इस निष्कर्ष को मज़बूत करता है। लेकिन जो दृश्य इसके इतर कोई कहानी कहें, वे उनकी दृष्टि से बाहर रह जाते हैं। यूरोप और दुनिया के दूसरे हिस्सों से लाखों लोग आख़िर अमेरिका क्यों आ रहे थे? यदि अमेरिका केवल मनुष्य को कुचल देने वाला ‘पीले दैत्य’ का नगर था, तो वे लोग अपनी ज़मीन, अपना गाँव और अपना देश छोड़कर इसी संसार में भविष्य क्यों खोज रहे थे? उनके लिए न्यूयॉर्क केवल शोषण था या संभावना भी? क्या मज़दूर केवल व्यवस्था का पीड़ित था अथवा उसी व्यवस्था के भीतर अपने बच्चों के लिए बेहतर जीवन की आकांक्षा रखने वाला मनुष्य भी था?

एक बड़ा साहित्यकार कभी-कभी सिक्के के एक ही पहलू की बात करता है और ऐसे में उसके द्वारा बनाई गई तस्वीर अधूरी लगती है। ‘The City of the Yellow Devil’ में गोर्की की skyscrapers को देखने की दृष्टि अलग है। न्यूयॉर्क की आसमान छूती इमारतों के सामने उन्हें मनुष्य छोटा दिखाई देता है। ये इमारतें उनके यहाँ स्थापत्य और engineering की उपलब्धियाँ नहीं रह जातीं, वे पूँजी की शक्ति का प्रदर्शन बन जाती हैं। जितनी ऊँची इमारत, उतना विराट धन और उसके सामने उतना ही बौना मनुष्य। यह एक सुंदर प्रतीक है, किंतु इस प्रतीक को यदि ठीक से देखें, तो गोर्की का यह प्रतीक उनकी अवधारणाओं के साथ सामंजस्य नहीं बिठा पाता। गोर्की की अमेरिका-यात्रा के लगभग एक सदी बाद दुनिया में skyscrapers की सबसे बड़ी उपस्थिति अमेरिका नहीं, चीन में है। Hong Kong और Shenzhen जैसे चीनी नगर 150 मीटर से ऊँची इमारतों की संख्या में न्यूयॉर्क से आगे निकल चुके हैं। Shanghai, Guangzhou, Wuhan और अन्य चीनी महानगरों का skyline किसी भी आधुनिक पूँजीवादी महानगर को टक्कर देता है। Shanghai Tower की ऊँचाई 632 मीटर है। यदि ऊँची इमारत अपने-आप में पूँजीवादी अहंकार और मनुष्य के शोषण का स्थापत्य-प्रतीक है, तो कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा शासित चीन में इन इमारतों को किसका प्रतीक माना जाए?

इसकी समस्या इमारत में नहीं, उसके अर्थ को एक विचारधारा से बाँध देने में है। Skyscraper पूँजीवाद का स्वाभाविक स्थापत्य नहीं है। वह महँगी ज़मीन, शहरी संकेंद्रण, तकनीकी क्षमता, आर्थिक महत्वाकांक्षा, पूँजी की उपलब्धता और कभी-कभी राज्य की शक्ति के प्रदर्शन का परिणाम भी हो सकता है। न्यूयॉर्क में निजी पूँजी उसे जन्म दे सकती है और Shanghai में राज्य, बाज़ार तथा वैश्विक पूँजी का गठजोड़। इसलिए गोर्की के रूपक को सिर्फ़ एक प्रतीक की तरह पढ़ें, तो वह प्रभावशाली है, लेकिन अर्थशास्त्र के सिद्धांत की तरह पढ़ें, तो उसमें कमज़ोरियाँ दिखाई देने लगती हैं।

बात सिर्फ़ ऊँची इमारतों तक ही सीमित नहीं है। जब हम इन इमारतों और चीन के औद्योगिक चमत्कार के नीचे काम करने वाले मज़दूरों की ओर देखते हैं, तब कहानी कुछ और ही सामने आती है। चीनी श्रमिक जीवन को समझने के लिए Pun Ngai की ‘Made in China: Women Factory Workers in a Global Workplace’ अत्यंत महत्त्वपूर्ण पुस्तक है। Pun ने Shenzhen के Special Economic Zone में electronics factory की दुनिया का ethnographic अध्ययन किया। वहाँ काम करने वाली ग्रामीण प्रवासी युवतियों, dagongmei (काम करने वाली छोटी बहनें) के जीवन में आधुनिक चीन की सफलता का दूसरा चेहरा दिखाई देता है। लंबे कार्य-घंटे, कठोर औद्योगिक अनुशासन, हॉस्टल में नियंत्रित जीवन और अपने श्रम पर सीमित अधिकार, ये सब उस चमकते Shenzhen के नीचे मौजूद हैं, जिसे आधुनिक चीन अपनी आर्थिक सफलता के प्रमाण के रूप में दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है। Pun Ngai को पढ़ते हुए अनायास गोर्की याद आते हैं। ‘एक ओर आसमान छूती इमारतें हैं, दूसरी ओर उन इमारतों की छाया में थका हुआ मज़दूर। एक ओर राष्ट्र की आर्थिक उपलब्धि है, दूसरी ओर उस उपलब्धि की क़ीमत चुकाता मनुष्य।’ अंतर केवल इतना है कि गोर्की ने जिस अंतर्विरोध को पूँजीवादी व्यवस्था का लगभग स्वाभाविक परिणाम माना था, वही अंतर्विरोध अब स्वयं को समाजवादी कहने वाले राष्ट्र में हमारे सामने खड़ा है।

Ching Kwan Lee की ‘Against the Law: Labor Protests in China's Rustbelt and Sunbelt’ इस तस्वीर को और विस्तार से हमारे सामने लाती है। व्यापक खोज और इंटरव्यू पर आधारित यह अध्ययन चीन के पुराने socialist industrial workers और नई global production economy में काम करने वाले प्रवासी मज़दूर, दोनों की असुरक्षा को सामने लाता है। बंद अथवा संकटग्रस्त राजकीय कारख़ाने, कम मज़दूरी, श्रमिक असंतोष, एक कमरे में ज़रूरत से अधिक रहने को विवश लोग, एक ऐसा चीन हमारे सामने लाते हैं, जो चमकदार विकास-कथा के नीचे मौजूद दूसरा चीन है। और यदि आधुनिक औद्योगिक चीन के सबसे असुविधाजनक अध्यायों में जाना हो, तो Jenny Chan, Mark Selden और Pun Ngai की ‘Dying for an iPhone: Apple, Foxconn and the Lives of China's Workers’ हमारे सामने Foxconn की दुनिया खोलती है। वैश्विक तकनीकी उपभोक्ता जिस चमकदार वस्तु को अपने हाथ में लेकर आधुनिकता का उत्सव मनाता है, उसके पीछे assembly line पर खड़ा श्रमिक किन परिस्थितियों में काम करता है, यह पुस्तक विस्तार से उस पर बात करती है।

इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि यदि चीन को समझने के लिए हम केवल Pun Ngai, Ching Kwan Lee और Foxconn को चुन लें और यह निष्कर्ष निकाल दें कि चीन का औद्योगिकीकरण केवल मनुष्य के शोषण की कहानी है, तो यह अधूरा सत्य होगा, जैसा गोर्की का यह सत्य कि न्यूयॉर्क का वैभव कामगारों के शोषण की कहानी है। इसे सही परिप्रेक्ष्य में देखने के लिए Leslie T. Chang की ‘Factory Girls: From Village to City in a Changing China’ को भी पढ़ना चाहिए। Chang की migrant factory worker केवल शोषित मज़दूर नहीं है। गाँव छोड़कर शहर आने वाली युवती के लिए factory कठिन श्रम का स्थान है, लेकिन वही शहर उसे अपनी आय, नए कौशल, स्वतंत्र निर्णय और सामाजिक गतिशीलता की संभावना भी देता है। वह नौकरी छोड़ती है, दूसरी नौकरी खोजती है, अँग्रेज़ी सीखती है, कंप्यूटर सीखती है, अधिक कमाना चाहती है और अपने लिए ऐसा जीवन बनाने का स्वप्न देखती है, जो उसके गाँव में शायद संभव नहीं था। यह सकारात्मकता गोर्की के न्यूयॉर्क में कम दिखाई देती है। वहाँ मज़दूर मुख्यतः पीड़ा का पात्र है। उसकी थकान हमें दिखाई देती है, उसकी भूख दिखाई देती है, उसका अपमान दिखाई देता है, लेकिन उसी मनुष्य की महत्त्वाकांक्षा, संघर्षशीलता और व्यवस्था की दरारों में अपने लिए रास्ता बनाने की क्षमता उतनी स्पष्टता से सामने नहीं आती।

चीन को समझने के लिए Pun Ngai और Leslie Chang को साथ पढ़ा जाना चाहिए। एक हमें व्यवस्था की क्रूरता दिखाती है, दूसरी उसी व्यवस्था के भीतर मनुष्य के लिए संभावनाएँ। एक पूछती है कि औद्योगिक विकास मज़दूर से क्या छीनता है, दूसरी पूछती है कि उसी विकास से वह क्या हासिल करने की कोशिश करता है। ऐसा ही यदि गोर्की ने भी न्यूयॉर्क को दोनों ही दृष्टियों से देखा होता, तो प्रस्तुतीकरण ज़्यादा वास्तविक और प्रभावी होता।

फिर भी गोर्की को पढ़ने के बाद उनसे असहमत होना, उन्हें नकारना नहीं है। इसके विपरीत, बड़ी रचना शायद वही होती है, जो पाठक को लेखक से असहमत होने की पर्याप्त जगह देती है। इस असहमति के बाद भी ‘The City of the Yellow Devil’ की सबसे बड़ी शक्ति यह है कि गोर्की आधुनिक सभ्यता के उत्सव के बीच उस व्यक्ति को खोज लेते हैं, जिसे उत्सव भूल जाना चाहता है। जहाँ सामान्य पर्यटक skyscraper देखकर उसकी ऊँचाई पूछता है, गोर्की पूछते हैं कि इसे बनाने वाला मज़दूर कहाँ रहता है। जहाँ बाज़ार रोशनी से जगमगा रहा है, उनकी निगाह उस रोशनी के बाहर खड़े बच्चे तक पहुँच जाती है। यह साहित्य की नैतिक दृष्टि है और इसे नकारना संभव नहीं। लेकिन साहित्य की यही नैतिक दृष्टि तब वैचारिक दृष्टि में बदल जाती है, जब लेखक पहले से यह तय कर लेता है कि हर प्रश्न का उत्तर एक ही व्यवस्था में छिपा है।

गोर्की की किताब में दर्शाया ग़रीब बच्चा वास्तविक हो सकता है। दुकान वास्तविक हो सकती है। थका हुआ मज़दूर वास्तविक हो सकता है। अमीर और ग़रीब के बीच भयावह दूरी भी वास्तविक हो सकती है। फिर भी इन सभी वास्तविक दृश्यों को जोड़कर बनाया गया चित्र संपूर्ण वास्तविकता न हो, यह बहुत हद तक संभव है। गोर्की के न्यूयॉर्क को मैं तस्वीरों के एक एल्बम की तरह देखता हूँ। यदि कोई फ़ोटोग्राफ़र पूरे शहर में घूमता है और सिर्फ़ झुग्गियों, भूखे बच्चों, थके मज़दूरों और अमीरों की विशाल हवेलियों की तस्वीरें खींचता है, तो उसकी हर तस्वीर सच हो सकती है। उसने किसी दृश्य को गढ़ा नहीं। लेकिन यदि वह इन्हीं तस्वीरों का एल्बम हमारे सामने रखकर कहे, ‘यह है पूरा न्यूयॉर्क’, तो आपत्ति तस्वीरों की सत्यता पर नहीं, उनके चयन पर होगी। गोर्की की समस्या भी यही है। उनकी तस्वीरें झूठी नहीं हैं; उनका एल्बम अधूरा है। और एक सदी बाद चीन उस एल्बम के सामने इतिहास द्वारा रखा गया एक विलक्षण दर्पण है। वही ऊँची इमारतें, वही औद्योगिक महत्त्वाकांक्षा, वही वैश्विक पूँजी, वही गाँवों से शहरों की ओर आते लाखों लोग और उन्हीं के बीच कठिन श्रम तथा बेहतर जीवन की आकांक्षा। फ़र्क़ यह है कि एक के ऊपर पूँजीवादी अमेरिका का झंडा था और दूसरे के ऊपर कम्युनिस्ट चीन का।

इस तुलना के बाद गोर्की का मूल प्रश्न नष्ट नहीं होता, बल्कि विचारधारा से मुक्त होकर कहीं अधिक बड़ा हो जाता है। प्रश्न यह नहीं रह जाता कि पूँजीवाद मनुष्य का शोषण करता है या समाजवाद उसे मुक्त करता है। प्रश्न यह हो जाता है कि कोई भी व्यवस्था जब विकास की विराट संरचनाएँ खड़ी करती है, तो उस विकास में उस मनुष्य का हिस्सा कितना है, जिसके श्रम पर वे संरचनाएँ खड़ी हुई हैं। शायद skyscraper को देखने की यही अधिक न्यायपूर्ण दृष्टि है। उसकी ऊँचाई हमें किसी व्यवस्था की नैतिकता नहीं बताती। उसकी असली कहानी जानने के लिए नीचे खड़े मनुष्य को देखना पड़ेगा। गोर्की ने हमें नीचे खड़े उस मनुष्य को देखना सिखाया। लेकिन गोर्की को पढ़ते हुए हमें यह भी याद रखना चाहिए कि नीचे खड़ा मनुष्य केवल पीड़ित नहीं होता। वह स्वप्न भी देखता है, अवसर खोजता है, व्यवस्था से लड़ता है, उसी व्यवस्था का उपयोग भी करता है और कभी-कभी उससे ऊपर भी उठता है।

अनुवादक ने किताब के अंत में गोर्की के अमेरिका से लिखे कुछ पत्रों का भी हिंदी अनुवाद इस किताब में शामिल किया है। इन पत्रों से भी पता चलता है कि गोर्की जानते थे कि वह क्या कर रहे हैं और इसकी प्रतिक्रिया क्या होगी। एक पत्र में उन्होंने लिखा, ‘मैं अभी से ख़ुद को अमेरिका के बारे में कुछ लिख सकने की हालत में पा रहा हूँ, जिसके छपने के बाद मुझे यहाँ से लतियाकर खदेड़ दिया जाएगा।’ एक दूसरे पत्र में उन्होंने लिखा, ‘अख़बारों ने मेरे ख़िलाफ़ ज़हर उगलना फिर शुरू कर दिया है। मैंने एक स्थानीय पत्रिका के लिए न्यूयॉर्क के बारे में एक लेख ‘पीले दैत्य का नगर’ छपाया था। वह उन्हें पसंद नहीं आया। सीनेटरों ने तमाम आपत्तियाँ उठाईं, जबकि मज़दूरों ने उनका मज़ाक़ बनाया। एक साहब ने सार्वजनिक रूप से मेरा विरोध करना शुरू कर दिया है। लोग अमेरिका छोड़ने के बाद उसकी बुराई किया करते थे और आजकल तो यहाँ रहते हुए भी उसे गालियाँ देते हैं, इसका क्या मतलब है? मैं समझता हूँ मुझे यहाँ से लात मारकर भगा दिया जाएगा। तो भी मुझे मेरा पैसा तो मिलेगा ही।’

अमेरिका के लोगों के बारे में उन्होंने लिखा, ‘जहाँ तक अमेरिकियों का सवाल है, वे बस इस मायने में दिलचस्प हैं कि वे बहुत अज्ञानी हैं और पैसे के लिए उनका लालच उबकाई पैदा करता है।’ न्यूयॉर्क के बारे में लिखे लेख के बारे में एक पत्र में उन्होंने लिखा, ‘न्यूयॉर्क के बारे में मेरे लेख की प्रतिक्रिया में 1400 से ऊपर विरोध-पत्र आए। सीनेटरों के भी। मैं समझ सकता हूँ अमेरिका के बारे में मेरे साक्षात्कार और बाक़ी लेखों के छपने पर क्या होने वाला है।’ यानी न सिर्फ़ उनका लेखन एक पूर्वाग्रह से प्रेरित था, बल्कि वे इसके अंजाम (विरोध) से भी अवगत थे और ‘बदनाम हुए तो क्या नाम न हुआ’ की तरह इस विरोध का आनंद भी ले रहे थे।

एक अमेरिकी पत्रिका द्वारा भेजी गई प्रश्नावली का उत्तर भी अनुवादक ने इस किताब में रखा है। इस प्रश्नावली में पत्रिका ने पूछा था, ‘क्या आपका देश अमेरिका से नफ़रत करता है, और अमेरिकी सभ्यता के बारे में आप क्या सोचते हैं?’ गोर्की ने जवाब में ठीक ही लिखा कि अपने देश की पंद्रह करोड़ जनसंख्या की तरफ़ से इनका उत्तर देने का मुझे कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि इतने लोगों से यह पूछ सकने का मेरे पास कोई तरीक़ा ही नहीं है कि वे आपके देश के बारे में क्या सोचते हैं। लेकिन इस जवाब में अपनी बात करते हुए उन्होंने जो कहा, उससे उनका पूर्वाग्रह एक बार पुनः सिद्ध होता है। उन्होंने लिखा, ‘जिस चीज़ को आप संयुक्त राज्य अमेरिका की सभ्यता कहते हैं, उसके प्रति मेरी क़तई सहानुभूति नहीं है और हो भी नहीं सकती। मैं समझता हूँ कि आपकी सभ्यता हमारे ग्रह की सबसे कुरूप सभ्यता है, क्योंकि इसने यूरोप की ज़्यादातर शर्मनाक कुरूपताओं को दानवीय आकारों में ढाल लिया।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘किसी भी देश के पूँजीवादी एक घृणास्पद प्रजाति के सदस्य होते हैं, पर आपके वहाँ वे बदतर हैं। साफ़ तौर पर वे मूर्खों की तरह पैसे के लोभी हैं। बताना चाहूँगा कि व्यक्तिगत रूप से मैं ‘व्यापारी’ शब्द को ‘सनकी’ की तरह लेता हूँ।’

इस जवाब के अंत में जो उन्होंने लिखा, उससे तो शायद ही कोई वास्तविकता तो क्या, प्रतीक के तौर पर भी सहमत हो। उन्होंने लिखा, ‘जहाँ तक मेरा सवाल है, मेरा विचार है कि वास्तविक सभ्यता के साथ-साथ संस्कृति का तीव्र विकास तभी संभव है, जब राजनीतिक सत्ता पूरी तरह से कामगारों के हाथ हो, न कि दूसरों की मेहनत पर पल रहे परजीवियों के और निश्चय ही मैं सलाह दूँगा कि पूँजीवादियों को समाज के लिए ख़तरनाक वर्ग घोषित कर दिया जाए, राज्य के लाभ के लिए उनकी सारी संपत्ति ज़ब्त कर ली जाए। उन्हें जहाज़ में बिठाकर किसी टापू पर छोड़ दिया जाए और वहाँ उन्हें शांति से मरने दिया जाए।’

एक अच्छे साहित्य की विशेषता यह भी है कि वह असहमति के द्वार खुले रखता है। और असहमत होने के लिए पहले उसे पढ़ा जाना ज़रूरी है। अशोक पाण्डे को पुनः धन्यवाद, इस कृति को हिंदी के पाठकों के लिए उपलब्ध करवाने के लिए और अपनी सहमति-असहमति दर्ज करवाने का अवसर देने के लिए।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट