Font by Mehr Nastaliq Web

मोकामा में गंगा, बहती स्मृतियाँ और उड़ता हुआ बचपन

मोकामा में पहली बार गंगा शहर में घुस आई थीं। इंटरनेट पर तस्वीरें और वीडियो देख रहा था। जिन सड़कों पर कभी साइकिल चलाई थी, जिन गलियों में धूल उड़ाते हुए बचपन बीता, जिन रास्तों को आँख बंद करके भी पहचान सकता हूँ, आज वहाँ गंगा बह रही हैं।

तस्वीरें देखते हुए अजीब-सा लगता है। जैसे किसी ने शहर की पुरानी तस्वीर पर पानी फेर दिया हो। मेरा घर थोड़ी ऊँचाई पर है, इसलिए अभी गंगा मोहल्ले तक नहीं पहुँची हैं। घर भले सूखा हो, पर मन का निचला इलाक़ा जलभराव की ज़द में है, स्मृतियों के पानी में डूबता हुआ।

मोकामा में गंगा के घाट मेरे जन्म से भी पुराने हैं। कभी इनकी अपनी एक ऐंठ थी; भव्यता में बनारस के घाटों को टक्कर देते थे। गर्मियों में जब गंगा घाट से दूर चली जातीं, तो पीछे एक पूरा सफ़ेद संसार छोड़ जाती थीं। रुई जैसी सफ़ेद बालू, दूर तक पसरा मैदान और रेत के टीले! सुबह की धूप में चमकती हुई एक ऐसी दुनिया, जिसका कोई छोर दिखाई नहीं देता था। वहाँ रास्ते नहीं थे, दिशाएँ थीं।

मैं सुबह-सुबह वहाँ दौड़ने जाता था। पूरब की तरफ़। दूर तक। सफ़ेद मैदान में मेरे ही पैरों के निशान होते थे, जिन्हें अगली हवा आते ही मिट जाना था।

हवा से याद आया, मैं उड़ता भी था।

यह लिखते हुए आज मुझे ख़ुद पर यक़ीन नहीं होता। मगर मैं सचमुच उड़ता था। दोनों हाथों को पक्षी के डैने की तरह फैलाकर। पहले दौड़ता। फिर शरीर हल्का होता और ज़मीन नीचे छूटने लगती। कोई छलाँग नहीं, कुछ वैसा, जैसे कोई विमान रनवे पर दौड़ते-दौड़ते अचानक हवा पकड़ ले। आठ-दस फ़ुट ऊपर। फिर सौ-दो सौ मीटर तक उड़ता रहता। जितनी देर चाहूँ, उतनी देर।

हालाँकि ज़्यादा ऊँचा जाने में डर लगता था और ज़्यादा देर उड़ने में भी। इसलिए अपनी उड़ान की एक सीमा थी। जब उतरना होता, हाथ फैलाना बंद कर देता और वापस ज़मीन पर आ जाता।

मैंने ऐसा एक-दो बार नहीं किया था। कई बार किया था। बचपन में... और किशोर होते हुए भी। कैसे करता था, मुझे आज नहीं मालूम। और शायद सबसे अजीब बात यह है कि तब मुझे इसमें कुछ भी अजीब नहीं लगता था। अब पीछे मुड़कर देखता हूँ तो वह सब किसी दूसरे बच्चे की कहानी जैसा लगता है।

ख़ैर... गंगा की बात कर रहा था।

समय की लहरों ने रेत के सफ़ेद मैदान को लील लिया। अब रेत की जगह गाद है। वही बलुई धूसर मिट्टी। देखकर ऐसा लगता है जैसे नदी अपने साथ बहुत कुछ बहाकर लाई हो और किनारे पर उसका थका हुआ अवशेष छोड़ गई हो। गाद की गोद में घाट की कई सीढ़ियाँ भी समा गई हैं। और अब गंगा उस ऊँचाई तक बह रही हैं, जहाँ तक उन्हें बहते हुए देखने की हमारी स्मृति नहीं पहुँचती।

ऐसा पहले 1999 में देखा था।

1999... कितना दूर लगता है वह साल। तब मोबाइल नहीं थे। इंटरनेट नहीं था। ख़बर अगले दिन अख़बार में आती थी। हमारे घर में टीवी तब तक ब्लैक ऐंड व्हाइट ही था और न्यूज़ से ज़्यादा ख़बरें मोहल्ले की आवाज़ों से मिलती थीं।

देश में लोकसभा चुनाव हो रहे थे। कारगिल युद्ध अभी-अभी पीछे छूटा था। अटल बिहारी वाजपेयी और आडवाणी की भाजपा केंद्र की राजनीति में अपनी जगह मज़बूत कर रही थी। बिहार में लालू यादव के सामाजिक न्याय को समता पार्टी ललकार रही थी। जॉर्ज फ़र्नांडिस और शरद यादव बड़े चेहरे थे और नीतीश कुमार उस तस्वीर में अपेक्षाकृत छोटे, मगर तेज़ी से उभरते किरदार।

आज उन नामों को याद करता हूँ तो लगता है, तब राजनीति भी हमारी स्मृतियों का हिस्सा थी। अख़बार के पन्नों, रेडियो की आवाज़ और घर के दालान में होने वाली बातचीत में राजनीति घुली रहती थी। रामविलास, जॉर्ज, नीतीश, सुषमा, साध्वी ऋतंभरा, आचार्य धर्मेंद्र, किसी न किसी की आवाज़ घर के दालान तक चली आती थी।

हम बच्चे इन बातों का कितना मतलब समझते थे, पता नहीं। लेकिन आवाज़ें याद हैं। नाम याद हैं। नारे याद हैं। और उस समय की वह बेफ़िक्र हँसी भी, जिसके बीच राजनीति पर बहसें होती थीं और बात जाने कहाँ-कहाँ निकल जाती थी।

अब वह दालान नहीं है। दालान पर जुटने वाले लोग नहीं हैं। वे हँसी-ठट्ठे नहीं हैं। वे अंतहीन बहसें नहीं हैं, जिनका कोई निष्कर्ष नहीं होता था और जिनका ख़त्म होना भी किसी को याद नहीं रहता था। लोग चले गए। समय चला गया। और दालान भी।

लेकिन कुछ आवाज़ें शायद जगहों में अटक जाती हैं। कभी-कभी लगता है, किसी पुराने अख़बार का पन्ना पलटते ही वे फिर सुनाई देने लगेंगी।

और उसी साल की बारिश भी याद है। यही सावन-भादो रहा होगा। बारिश लगातार हो रही थी। ओडिशा में चक्रवात आया था, ऐसा याद है; उसके असर से सैकड़ों मील दूर मोकामा तक तेज़ हवाएँ चली थीं। नागरमल के घर की छत पर लगा करकट हवा की चोट से लगातार खटर-खटर करता रहता। घर से बथान होते हुए दालान तक जाने में बीस-तीस सेकंड लगते थे। लेकिन उन तीस सेकंड के लिए भी छाता लगाना पड़ता था।

हम बच्चे बारिश रुकने का इंतज़ार नहीं करते थे। हम बारिश रोकने का इंतज़ाम करते थे। हमारा अपना विज्ञान था, पुर-पुरवैया 108। काग़ज़ पर ‘पुर’ वाले 108 गाँवों और शहरों के नाम लिखो। फिर उसे आलने पर गलने दो। काग़ज़ गल गया तो बारिश भी छूट जाएगी। बचपन में अंधविश्वास और खेल के बीच कोई दीवार नहीं होती।

उधर बारिश और तेज़ हवा के थपेड़ों से गंगा फूलती जा रही थीं। उसकी बौड़म लहरें घाट की सीढ़ियों पर थप्पड़ मारती थीं। हर टकराव के साथ पानी उछलता और किनारे से सटे हाते और मकानों की दीवारों पर ज़ोरदार दस्तक देता। फिर कुछ घंटों में मकान का एक हिस्सा टूटकर गंगा में समा गया। गंगा ने उसे अपने भीतर ऐसे ले लिया जैसे वह हमेशा से उसी का था।

उस समय शायद हम बच्चे उस दृश्य की भयावहता पूरी तरह नहीं समझते थे। आज समझ में आती है। नदी जब अपना रास्ता माँगती है तो हमेशा दरवाज़ा नहीं खटखटाती। कभी-कभी दीवार ले जाती है।

और अब, इतने साल बाद, गंगा फिर वैसी ही दिखाई दे रही हैं। हालाँकि इस बार लहरें उतनी हिंसक नहीं लग रहीं। मलिया घाट के किनारे लगा पुराना पीपल समूल उखड़कर गंगा का आचमन कर रहा है। निचले इलाक़ों में पानी प्रवेश कर चुका है। जिन सीढ़ियों पर बैठकर जाने कितनी शामें गुज़ारी थीं, उनमें से कई पानी के भीतर हैं। जिन रास्तों पर कभी रेत उड़ती थी, वहाँ पानी बह रहा है।

बचपन में अख़बार में बाढ़ की ख़बरें पढ़कर लोग चर्चा करते थे। फिर अंत में एक सामूहिक निष्कर्ष निकलता था—“अप्पन घाट बहुत ऊंच्चा हय। एकरा गंगा जी पार नय कर पयथिन। अगर यहां बाढ़ अयलो त बिहार के कोनो कोना नय बचतो।”

उस वाक्य में कितना भरोसा था। घाट पर भरोसा। गंगा पर भरोसा। शहर पर भरोसा। और शायद इस बात पर सबसे ज़्यादा कि दुनिया वैसी ही रहेगी जैसी हमने उसे पहली बार देखा था।

लेकिन दुनिया कहाँ वैसी रहती है?

1999 की राजनीति अब इतिहास की अलमारी में रखी हुई चीज़ है। अटल बिहारी वाजपेयी नहीं हैं। जॉर्ज फ़र्नांडिस नहीं हैं। वह समता पार्टी नहीं है। नीतीश कुमार, जो तब उस राजनीतिक तस्वीर में अपेक्षाकृत जूनियर चेहरा थे, आज उस तस्वीर के सबसे पुराने पात्रों में हैं। राजनीति ने अपना एक पूरा चक्कर काट लिया है।

मगर गंगा ने चक्कर नहीं काटा। वह आगे बढ़ी हैं।

स्क्रीन पर मोकामा की डूबी हुई सड़कें देखता हूँ तो आँखों के सामने फिर वही सफ़ेद मैदान आ जाता है। मैं दौड़ रहा हूँ... पूरब की तरफ़... दूर तक... रेत मेरे पैरों के नीचे है, हवा सामने से आ रही है, दोनों हाथ फैलते हैं और मैं उड़ जाता हूँ।

बचपन में यही तो था, दुनिया बहुत बड़ी थी, लेकिन अपनी लगती थी। गंगा विशाल थीं, लेकिन अपनी सीमा में थीं। बारिश चाहे जितनी हो, पुर-पुरवैया 108 से उसे रोकने का भरोसा था। और चाहो तो रेत के मैदान में दौड़कर उड़ भी सकते थे।

अब वही शहर पानी में है। घाट की सीढ़ियाँ गिनने के बजाय यह देखना पड़ रहा है कि पानी कहाँ तक पहुँचा। समय ने जाने कितनी चीज़ों को पीछे छोड़ दिया, लोग, पार्टियाँ, नारे, घाट की सीढ़ियाँ, रेत के मैदान और वह दालान... सब पीछे छूट गए।

लेकिन गंगा हैं।

और गंगा आज कुछ ऐसी जगह खड़ी हैं, जहाँ उन्हें देखकर लगता है, शायद हम ही इतने साल एक ही जगह खड़े रहे।

•••

कुमार केशव को और पढ़िए : DJ वाले बाबू आजकल बिहार में जो बजा रहे हैं... | कचर-कचर : एक सिनेमाई आतंकवाद

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट