Font by Mehr Nastaliq Web

लड़की थोड़ी अलग है!

लड़के और लड़की को एक साथ पुश-अप्स करने का टास्क दिया गया है। लड़का तत्परता से अपनी टी-शर्ट उतारता है और स्पोर्ट्स मोड में आ जाता है। कैमरे के सामने बैठे दर्शक की निगाह लड़की पर टिकती है। वह क्या करेगी? क्या टी-शर्ट पहने हुए ही मुक़ाबला करेगी? थोड़ा झिझकेगी? जब आप दृश्य में किसी लड़कीपन के प्रवेश का इंतज़ार कर रहे होते हैं, वह बेहिचक अपना टॉप उतारती है और स्पोर्ट्स ब्रा में आ जाती है। पुश-अप्स शुरू। देखने वाले की कल्पना में जो दृश्य था, लड़की ने उसमें कुछ बदलाव कर दिए हैं।

यहाँ असली बात उसके कपड़े उतारने की नहीं, उस सहजता की है जिसके साथ उसने ऐसा किया। उसे इस बात की अतिरिक्त चिंता नहीं कि सामने कौन है, कैमरा कहाँ है या लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे। उसका शरीर किसी प्रदर्शन की वस्तु नहीं, उस प्रतियोगिता का हिस्सा है जिसमें वह अपनी ताक़त आजमाने आई है। आज की लड़की की तस्वीर में यह एक नया फ़्रेम है।

लड़कियों के ब्यूटी पार्लर ने इधर अपनी सेवाओं की सूची में एक नया विकल्प जोड़ लिया है, ‘जैसी हूँ, वैसी ठीक हूँ।’ छोटे बाल, नाक में रिंग, स्किनटाइट टॉप, कार्गो पैंट और पैरों में भारी जूते। फ़ेशियल किया हो सकता है, नहीं भी।

उसे अपनी आवाज़ का वॉल्यूम कम करने की कोई जल्दी नहीं। बहस करनी है तो करेगी, मुक़ाबला करना है तो करेगी और हार गई तो अगली बार के लिए तैयारी भी करेगी। असहमति को मीठी चाशनी में डुबोकर पेश करना अब उसके व्यक्तित्व की अनिवार्य शर्त नहीं है।

लड़कियों के लिए सौंदर्य के कुछ पुराने विभाग थे। पतली कमर, मांसल कंधे, सपाट पेट, कम वज़न, सलीक़े से सँवरे नाख़ून। अब कुछ पुराने विभाग बंद हुए हैं, कुछ का विस्तार हुआ है और कुछ में लड़कियों ने अपनी मर्ज़ी से नए बोर्ड लगा दिए हैं। बानी जे. जैसी लड़कियाँ इनकी गुरु हैं। टैटू से भरी बाँहें-जाँघें, मर्दाना हेयर स्टाइल, जिम-जनित कसी देह और व्यक्तित्व में एक ऐसी असुविधाजनक सहजता जिसे देखकर पुराने सौंदर्यशास्त्र की किताबें बंद करनी पड़ सकती हैं।

टैटू अब इस बदली हुई देहभाषा का छोटा-सा हिस्सा है। माओरी समुदाय के पारंपरिक मोको से लेकर पॉलिनेशियन टैटू तक, शरीर पर बनी आकृतियों की अपनी सांस्कृतिक व्याकरण रही है। अब टैटू स्टूडियो में लड़की अपनी बाँह पर कोई शब्द, तारीख़, फूल, साँप या ज्यामितीय आकृति बनवाने पहुँचती है। हर निशान के पीछे कोई गहरा दर्शन हो, यह ज़रूरी नहीं। टैटू अब केवल विद्रोह की निशानी नहीं रहे। बाज़ार ने उन्हें बाक़ायदा लाइफ़स्टाइल में बदल दिया है। मिनिमल टैटू, माइक्रो टैटू, फ़ाइन लाइन, ब्लैकवर्क, वॉटरकलर टैटू...। शरीर पर चित्रकारी की इतनी शैलियाँ हैं कि किसी आर्ट कॉलेज का विभाग भी शर्मा जाए।

इस बदलाव का सबसे दिलचस्प ठिकाना जिम है। स्त्रियों के व्यायाम का पुराना लक्ष्य अक्सर शरीर को एक ख़ास आकार में ढालना था। अब वेट ट्रेनिंग, बॉक्सिंग, क्रॉसफ़िट, पॉवरलिफ़्टिंग और मसल बिल्डिंग में स्त्रियों की मौजूदगी है। मांसपेशियाँ छिपाने की चीज़ नहीं रहीं। कंधों का मजबूत होना, बाँहों का कसाव और शरीर में ताक़त का दिखाई देना भी सौंदर्य का हिस्सा हो सकता है।

जिम में भारी वज़न उठाती लड़की को देखकर कुछ लोगों के मन में अब भी सवाल उठता है कि इतनी मसल्स का करेगी क्या? व्यायाम की दुनिया में इस प्रश्न का कोई ख़ास उपयोग नहीं। वहाँ वज़न उठाने का हिसाब वज़न से होता है, रिश्तेदारों की राय से नहीं। अरे भई, इतनी मसल्स का वही करेगी जो इतनी मसल्स का लड़का करता है। वह भी तो अपने से भारी-भरकम लड़कों को कंधे पर आड़ा लिटा कर स्क्वैट्स कर रही है। पुरुषों के इस ख़ास इलाक़े में लड़कियों की सेंध से पुराने मर्दाना अहंकार का वज़न अचानक कुछ ज़्यादा लगने लगा है।

फ़ैशन ने भी इस नई देहभाषा को अपनी अलमारी में जगह दी है। ओवरसाइज़्ड शर्ट, कार्गो पैंट, स्नीकर्स, हुडी, स्पोर्ट्स ब्रा और आरामदेह जूते। लड़कों के वार्डरोब से निकली चीज़ें लड़कियों की अलमारी में आईं और कुछ समय बाद पता चला कि अब यह किसी की निजी संपत्ति नहीं रहीं। एथलीज़र ने तो एक और सुविधा दे दी। जिम से निकलकर कॉफ़ी पीने जाना हो या बाज़ार से सब्ज़ी ख़रीदनी हो, कपड़े बदलने की अनिवार्यता समाप्त। एक अच्छी हुडी कई सामाजिक ज़िम्मेदारियाँ निभा सकती है। फ़ैशन उद्योग ने इस सुविधा को पहचान लिया है। अब वह बेफ़िक्री भी बेचता है, वह भी कई रंगों और क़ीमतों में।

इस पहनावे की अपनी सांस्कृतिक यात्रा है। बीसवीं सदी में स्त्रियों के पतलून पहनने और कामकाजी कपड़ों को सामान्य स्वीकृति मिलने में लंबा समय लगा। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान कारख़ानों में काम करती स्त्रियों की छवि, ख़ासकर ‘रोज़ी द रिवेटर’, स्त्री की ताक़त और श्रम की पहचान बनी। आगे चलकर पंक संस्कृति ने छोटे बालों, चमड़े की जैकेट, भारी जूतों और बेपरवाह पहनावे को एक अलग तेवर दिया। आज यही बाग़ी लुक किसी महँगे फ़ैशन स्टोर में मिल जाते हैं। विद्रोह का भी अपना ब्रांड और डिस्काउंट सीज़न है।

बातचीत और व्यवहार में आत्मविश्वास का नया डोज़ जुड़ा है। लड़की अपनी बात पर अड़ती है, भिड़ती है। एडवेंचर के सार्वजनिक मंच पर उसकी उपस्थिति अब अपवाद की तरह नहीं देखी जाती। उसे हर समय अपनी क्षमता का परिचय देते रहना भी पसंद नहीं। वह अपनी जगह लेती है और काम शुरू कर देती है। कभी जीतती है, कभी हारती है, कभी ग़ुस्सा करती है। उसकी आवाज़ में मिठास नहीं हो तो भी कोई आपातकाल नहीं।

सोशल मीडिया ने इस छवि को ख़ूब फैलाया है। इंस्टाग्राम पर फ़िटनेस इन्फ़्लुएंसर्स, टैटू आर्टिस्ट, स्केटबोर्डर, बाइक राइडर्स और ट्रैवलर्स की दुनिया में ऐसी अनेक लड़कियाँ हैं जिनकी पहचान उनके चेहरे की सुंदरता से आगे जाती है। वे अपनी ट्रेनिंग का वीडियो डालती हैं, पहाड़ों पर बाइक लेकर निकलती हैं, अपनी चोटें दिखाती हैं। कोई अपने बाल ख़ुद काटती है, कोई मेकअप के नए तरीक़े बताती है तो कोई बताती है कि उसे मेकअप पसंद ही नहीं। यहाँ एक विचित्र लोकतंत्र भी है। सबको अपनी तस्वीर दिखाने की आज़ादी है और सबको उस पर टिप्पणी करने की भी। आत्मविश्वास के इस बाज़ार में लाइक्स की मुद्रा ख़ूब चलती है। कभी-कभी लगता है कि लड़की ने दुनिया की परवाह करना छोड़ दिया है, मगर यह जानने के लिए हर दस मिनट में फ़ोन देखती है कि दुनिया ने उसकी तस्वीर पर कितने दिल भेजे।

और इस पूरी तस्वीर में एक बात को भूलना नहीं चाहिए। यह लड़की साड़ी भी पहन सकती है, माथे पर बिंदी लगा सकती है, चूड़ियाँ खनका सकती है और किसी शाम बहुत सलीक़े से तैयार होकर निकल सकती है। उसके टैटू और ब्लशर के बीच कोई वैचारिक संघर्ष नहीं। पीअर्सिंग और कर्णफूल साथ रह सकते हैं। टी-शर्ट के साथ साड़ी हो सकती है। सजने का मन हो तो वह सजती है, कभी बिना कंघी किए निकल जाती है। जिम में बरपीस करती है और घर लौटकर अपनी बिल्ली के साथ खेलती है। उसकी पसंद का मौसम रोज़ बदल सकता है।

शायद यही सबसे दिलचस्प बात है। लड़की ने अपने लिए कोई नया साँचा नहीं चुना है। उसके पास विकल्प हैं और वह उनका इस्तेमाल अपनी सुविधा से करती है।

अब किसी प्रतियोगिता में लड़का शर्ट उतारे तो दर्शक की निगाह लड़की पर टिक सकती है, मगर इस बार सवाल यह नहीं होगा कि वह क्या करेगी। सवाल यह होगा कि देखने वाला अब तक किस जवाब की प्रतीक्षा कर रहा था। जनाब, लड़की ने अपना टास्क पूरा कर लिया है।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

दीप्ति कुशवाह को और पढ़िए : गमछा : एक नमीदार सहचर | पोस्ट-रेज़र सिविलाइज़ेशन : ‘ज़िलेट-मैन’ से ‘उस्तरा बियर्ड-मैन’ | चौख़ानों में बँधा समय

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट