Font by Mehr Nastaliq Web

चौख़ानों में बँधा समय

समय रैना की वह लाल चैक वाली शर्ट… आपने नोटिस की होगी! रैना के हालिया कमबैक के साथ, वह शर्ट भी जैसे फिर से हमारे बीच आ खड़ी हुई है। चुपचाप नहीं, पूरे हंगामे के साथ। लाल चैक वाली शर्ट इस वक़्त एक वापसी का झंडा है।

अजीब है, कुछ कपड़े दिखाई कम देते हैं, सुनाई ज़्यादा देते हैं। पर यहाँ बात किसी एक चेहरे की नहीं है। यह चैक की शर्ट की अपनी कहानी है, जो हर बार किसी नए कंधे पर आकर भी वही रहती है और हर बार थोड़ी बदल भी जाती है।

लड़के एक दिन में बड़े नहीं होते। वे धीरे-धीरे बदलते हैं। इस बदलाव का एक छोटा-सा, पर बहुत साफ़ निशान होता है—हाफ़ पैंट से फुल पैंट में जाना… और पहली चैक की शर्ट। उससे पहले तक वे घर के बच्चे होते हैं—दौड़ते, उछलते, टी-शर्ट में छपे कार्टूनों के साथ। और जिस दिन वे चैक की शर्ट पहनते हैं, कुछ बदल जाता है। जैसे आईने में ख़ुद को देखकर वे ख़ुद को पहली बार थोड़ा गंभीरता से लेने लगते हैं।

चैक की शर्ट पहनना सिर्फ़ पहनना नहीं, एक फ़्रेम चुनना है। जैसे अपनी ही ज़िंदगी का थंबनेल तय करना। पर कभी-कभी यह थंबनेल नहीं, पूरा एलबम खोल देती है। उसमें पापा की गंध भी होती है, नेफ्थलीन की हल्की-सी महक के साथ। उसमें बड़े भाई की मनाही भी होती है और बाद में चुपचाप अलमारी में रख दी गई इजाज़त भी। उसमें माँ की वह नज़र भी होती है, जो बिना कुछ कहे समझ जाती है कि ‘अब यह बच्चा नहीं रहा’।

नई उम्र के वार्डरोब में चैक शर्ट ‘सेफ़ ऑप्शन’ नहीं, यह ‘सिग्नेचर मूड’ है। पर इसके भीतर कहीं एक पुराना कमरा भी बचा हुआ है, जहाँ अलमारी के कोने में टंगी रहती है—एक हल्की-सी फीकी पड़ चुकी शर्ट, जिसे फेंकने का मन कभी नहीं करता। नई पीढ़ी उसे इसलिए नहीं बचाती कि वह महँगी है, बल्कि इसलिए कि उसमें कोई दिन अटका हुआ है—कोई पहली तारीफ़, कोई पहली झिझक, कोई पहली कोशिश कि ‘अब मैं बड़ा हो गया हूँ।’

हर किसी के पास एक ‘वह चैक शर्ट’ होती है; जिसमें पहली बार किसी ने कहा था, ‘तुम अच्छे लग रहे हो।’ यह वाक्य लड़कों के लिए जितना छोटा दिखता है, उतना होता नहीं। वे उसे ज़्यादा जताते नहीं, पर चुपचाप सँभाल कर रखते हैं।

इस पीढ़ी की ख़ासियत है—यह चीज़ों को ‘री-यूज़’ नहीं, ‘री-मीन’ करती है। पुरानी चैक शर्ट विरासत की तरह आगे पहुँचती हैं और एक रिश्ता बनाती हैं जो बिना बोले ट्रांसफ़र हो जाता है। बटन थोड़े ढीले होते हैं, बाजू थोड़ी लंबी पर शायद उसी में एक भरोसा फ़िट होता है कि एक दिन यह बिल्कुल सही बैठने लगेगी।

चैक की शर्ट में एक हल्का-सा समाजवाद छिपा होता है। यह उन कम कपड़ों में है जो अमीरी-ग़रीबी का फ़र्क़ थोड़ी देर के लिए धुंधला कर देते हैं। एक ही पैटर्न पर किसी के पास महँगा, किसी के पास साधारण। एक ही कमरे में कोई ऊँची कुर्सी पर बैठा है, कोई सिर झुकाए खड़ा है पर दोनों के बीच कहीं वही चौख़ाने एक-दूसरे से मिलते हुए लगते हैं।

पुरानी घरेलू दुनिया में भी चैक अपनी जगह बनाए रहा—कभी ब्लाउज़ में, कभी साड़ियों में। इलकल साड़ी के ठोस चौकड़े, चेट्टीनाड कत्तम और महेश्वरी साड़ी के हल्के, संतुलित चैक—ये सब मिलकर बताते हैं कि यह पैटर्न सिर्फ़ शर्ट का नहीं, जीवन का भी हिस्सा रहा है।

एक-दूसरे से नब्बे डिग्री के कोण पर गले मिलतीं और फिर ‘चल हट’ कहकर कभी न मिलने वाली रेखाएँ, चैक के रूप में दुनिया की कई जगहों पर अपनी-अपनी कहानियाँ लेकर चलती हैं। स्कॉटलैंड में यह क़बीले की पहचान थीं—हर परिवार का अपना टार्टन। 1746 के ड्रेस एक्ट के बाद जब इन सेट्ट पैटंर्स पर पाबंदी लगी तो चैक कपड़ों से ग़ायब हुआ, पर स्मृति से नहीं। सालों बाद जब वह लौटा, तो सिर्फ़ डिज़ाइन नहीं रहा, एक बची हुई पहचान बन गया।

अमेरिका में यह लकड़ी काटने वाले मज़दूरों की फ्लैनल शर्ट में था—खुरदुरा, टिकाऊ, काम के बीच पसीने से भीगा हुआ। फिर वही चैक 90 के दशक में ग्रंज संगीत के मंच पर आ गया, सीधे निर्वाना के दौर में, कर्ट कोबेन की फ्लैनल शर्टों के साथ। अनगढ़ सच्चाई का स्टाइल बनकर।

जापान में छोटे-छोटे गिंगहैम चैक—संतुलन और सादगी का हिस्सा। वहीं विची का चैक, जो अब तक ज़मीन पर बिछता था—एक दिन उठकर सीधे दुल्हन के शरीर पर आ गया। और वह भी ऐसे नहीं, जैसे फ़ैशन तय करता है, बल्कि जैसे कोई अपनी ज़िद पहन ले। ब्रिजित बार्दो ने जब शादी में चमकते गाउन से इंकार कर गुलाबी-सफ़ेद विची चैक की शर्टड्रेस चुनी, तो यह चुनाव कपड़े का नहीं, नज़र का था। कहते हैं—उसके बाद बाज़ार में उस कपड़े की कमी पड़ गई। जैसे लोग कपड़ा नहीं, वह निर्णय ख़रीदना चाहते हों।

भारत के स्कूलों में चैक यूनिफ़ॉर्म बनकर आया—नीले, भूरे, हरे चौकटे। हर सुबह वही पैटर्न पहनना, जैसे बचपन को एक ढाँचे में ढालना और सालों बाद, वही पैटर्न किसी दुकान में दिख जाए तो यूनिफ़ॉर्म नहीं लगता। याद लगने लगता है।

अब यह एक अजीब-सी वापसी भी है, जब बहुत कुछ बन जाने के बाद आदमी फिर से थोड़ा ‘अपने जैसा’ होना चाहता है। सलीक़े से निकलकर थोड़ा-सा बिखर जाना चाहता है। और दिलचस्प यह कि चैक की शर्ट का गणित आज भी वही है—दो रेखाएँ, एक-दूसरे को काटती हुईं। पर अर्थ बदल गया है। अब यह काटना टकराव नहीं, साथ रहना है। एक रेखा वह है जो दिखती है, दूसरी वह जो छिपी रहती है और बीच में जो बनता है, वही असल चेहरा है।

नई उम्र के लड़कों के लिए चैक की शर्ट एक तरह की ‘कंफ़र्ट आर्मर’ है। इसमें ओवरड्रेस्ड होने का डर नहीं, अंडरड्रेस्ड होने की शर्म नहीं। यह बस ‘ठीक’ बनाए रखती है। न ज़्यादा, न कम। चैक की शर्ट का मतलब एक मनोदशा है : युवा, केयर फ़्री, बिंदास दिखना। जैसे-जैसे उम्र या ज़िम्मेदारियाँ बढ़ती हैं, वैसे-वैसे अलमारी भी बदलती है—चटक चौगड्डों से निकलकर लोग हल्के रंगों और सादे, प्लेन कपड़ों की तरफ़ मुड़ने लगते हैं। जैसे व्यक्तित्व धीरे-धीरे पैटर्न से निकलकर ‘साइलेंस’ की तरफ़ चला जाता हो।

और हाँ, इसमें एक हल्का-सा डर भी छिपा होता है कि कहीं यह भी बहुत पुरानी न हो जाए। पर हर बार, अलमारी खोलते ही वह डर उतर जाता है। क्योंकि कुछ चीज़ें पुरानी नहीं होतीं, वे बस थोड़ी और अपनी हो जाती हैं।

आज जिसे हम फ़ैशन कहते हैं, वह असल में उसी ताने-बाने की पुनरावृत्ति है, जहाँ उसे चदरिया कहा गया था।

•••

दीप्ति कुशवाह को और पढ़िए : गमछा : एक नमीदार सहचरपोस्ट-रेज़र सिविलाइज़ेशन : ‘ज़िलेट-मैन’ से ‘उस्तरा बियर्ड-मैन’

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट