Font by Mehr Nastaliq Web

कहानी : अरवो पार्त

बारिश होती है, वह भटकता जाता है। बारिश होती है, वह भटक रहा है। बारिश होती है, वह भटक चुका है। बारिश और उमस और भयावह अँधेरे को लिए वह भटकता जाता है। उसकी सूखी देह के भीतर, उसके बहते और भटकते-से हृदय के अँधेरे में एक संगीत बजता है, बजता है, बजता जाता है। वह शहर के बीचों-बीच खड़ा है और शहर भी, जो उसके ठीक सामने इस वक़्त तक मरा पड़ा सो रहा था, उठ खड़ा हुआ है। भीगते-भीगते उसके सारे अंग सड़ रहे हैं। वह ठीक शहर के सामने खड़ा है, उसे निगल जाने वाला शहर, उसे चिथड़ों में बाँटकर उसके गोश्त को हवा में सूखे पत्तों की तरह उड़ा देने वाला वह शहर। शहर... बीचों-बीच, बारिश, संगीत, भटकन... मुक्ति!

उसकी देह की किसी खोह में अरवो पार्त का वह विख्यात संगीत घूमता जाता है। पियानो और वायलिन के हर नोट के साथ वह उस असीम अँधेरे में गिरता जाता है, जहाँ से वापसी का कोई रास्ता नहीं होगा। वह अब बहुत दूर जा चुका होगा, बहुत दूर। मृत्यु को छू सकने भर की दूरी पर खड़ा होगा, पार्त के उसी संगीत के साथ...

उसकी देह झुलसती है और उसकी स्मृति हवा में तैरती हुई सुदूर किसी शहर में सो चुकी उस परी के कानों में गूँज उठती है, जिसके रोने पर काले फूल झड़ते हैं।

आईने के भीतर एक आईना धरा रहता है। वह जिस शाम सुदूर शहर की उमस भरी गलियों से गुज़रता हुआ उस आदमज़माने के विशाल मकान की अँधेरी सीढ़ियाँ चढ़ता, तब उसे ठीक उसी संगीत की याद आती, जिसे वह बहुत बाद में सुनेगा और जो उसके जीवन में पैठ जाएगा। उसकी देह की गर्माहट ग़ायब हो जाती, देह ठंडी होती जाती। सीढ़ियाँ अँधेरे और ठंड से सनी होतीं, जबकि बाहर उमस और गर्मी पूरे शहर को लकवे की तरह जकड़े रहती।

सीढ़ियाँ ख़त्म होते ही एक लंबा कॉरिडोर शुरू हो जाता। बाईं ओर बड़े-बड़े पल्लों वाली खिड़कियाँ अधखुली-सी रहतीं, जैसे बंद भी हों और खुली भी, जैसे सो भी रही हों और जाग भी रही हों। कॉरिडोर के दाईं ओर एक क़तार में विशाल कमरों के बड़े-बड़े दरवाज़े शुरू हो जाते। वे दरवाज़े बोलते हुए लगते थे। उस पारसी ख़ानदान के इस शहर में बसने, उसके हँसने, चहकने, सुबकने और हवा में विलीन हो जाने का अतीत उन दरवाज़ों के पार साँस लेता था।

बिल्कुल बीच वाले कमरे से वायलिन का मादक संगीत सुनाई पड़ता है। वह अपने हाथों को अपनी घिस चुकी पैंट की दोनों जेबों में डाल लेता है। उसके हाथ ठंड से शिथिल हो रहे थे। कान के पीछे पसीने की आख़िरी बूँद अब सूख चुकी थी और उसकी देह उस ठंड में आराम महसूस कर रही थी।

वह विशाल कमरे के विशाल दरवाज़े की चौखट पर खड़ा उसे ताक रहा था, उस मायावी उजाले को, जो उसके शरीर से निकलता था। उसके बो के हर लंबे स्ट्रोक के साथ वह मृत्यु के थोड़ा और क़रीब पहुँच जाता...

“लेगातो”, वह शब्द, जो उसने उससे बहुत पहले किसी अँधेरी रात के भयावह उजाले में कहा था। हर लेगातो अपनी कई-कई कहानियाँ कहता, कई स्मृतियाँ उभरतीं, कई-कई मृत जैसे लोग जाग उठते। वह ठीक दस वर्ष पहले की किसी संध्या में पहुँच जाता, जब किसी ने उसका हाथ पकड़ा था, किसी ने उसके कंधे पर यह बैग लटका दिया था, किसी ने इन्हीं दरवाज़ों में से किसी एक के भीतर उसे धकेल दिया था। किसी ने हल्के स्पर्श से उसका हाथ पकड़ा था और भीतर ले गया था। और फिर, जिस दिन उसी हाथ के स्पर्श ने उसकी देह के अंगों को सहलाया था... वह उसी दिन उस विशाल मकान में, उस आदमज़माने के विशाल कमरों में क़ैद हो चुका था। वायलिन के बो का एक सिरा उसी दिन उसकी छाती में धँस चुका था।

वह भीतर चला आता है। अपने कंधे से झूलते बैग से वायलिन निकालकर एक कोने में रख देता है और उस पुरानी लकड़ी की कुर्सी के बग़ल में विशाल काली दीवार से पीठ टिकाकर बैठ जाता है। उसे वह दिन याद हो आता है, जब दुनिया नई थी, दुनिया उजाले से भरी थी, शहर के बीच से बहती नदी सूखी नहीं थी, उसके ऊपर सीमेंट और लोहे से बने पुल नहीं थे, जब उसके तट पर बने दर-ए-मेहर की दीवारें लाल रंग से रंगी हुई थीं... जब उसकी दीवार एक अँधेरी शाम को करिया रही थी और उसके पीछे उसने हवा को चूमा था।

वह अब उठ खड़ी हुई है। कमरे के दूसरे छोर पर पाँच फ़ुट का एक आईना है। वह उसके सामने खड़ी है। वायलिन का बो उसके हाथों से फिसलकर गिर पड़ता है। उसकी आवाज़ एक बारगी नाचती हुई उस आदमज़माने के मकान की किसी रहस्यमयी खोह में गुम हो जाती है। उसने हल्के पीले रंग का गाउन पहना हुआ है, जिसके बिल्कुल निचले हिस्से पर काले रंग की एक महीन-सी बॉर्डर खिंची हुई है... जहाँ से उसके दो सफ़ेद पैरों की पतली उँगलियाँ दिखाई दे रही हैं।

वह अपनी गर्दन, कान और कंधे को छू रही है, जैसे अपने स्पर्श से किसी दुखते हिस्से को आराम पहुँचा रही हो। वह पीछे बैठा उसे देख रहा है। उसकी आँखें उसकी नंगी पीठ और गर्दन को देख रही हैं और उसकी आत्मा उसके भीतर की पीड़ा को। वे दोनों एक-दूसरे को देखते हैं। वह उसे आईने में देखती है और वह भी उसे आईने में देखता है। दोनों प्रतिबिंब देखते हैं। वह समझ नहीं पाता कि आईने में दिखता चेहरा और आईने के बाहर दिखता चेहरा, आईने के भीतर की वह देह और बाहर की देह, क्या वे एक हैं? या दो भिन्न दुनियाओं के दो भिन्न मनुष्य, दो भिन्न देह हैं?

वह पलटती है और दरवाज़ा बंद कर देती है। वह दीवार से सटी वायलिन उठाता है और आईने के ठीक सामने गिरी बो को उठाने के लिए खड़ा होता है। कमरा अब अँधेरे और उजाले के बीच कहीं झूलता-सा लगता है। दिखने भर को हर चीज़ दिखाई देती है, किंतु एक अँधेरा अब फैल रहा है। एक विशाल कमरे को निगलता हुआ वह फैलता जाता है। वह उसे उस गाढ़े अँधेरे में भी देख सकता है। उसकी देह से जैसे कुछ रोशनी फूटती दिखाई देती है, जो उसके चारों ओर को आलोकित कर रही है।

अब वह उसके क़रीब है। उसका चेहरा अभी तक नहीं बदला है, ज़रा-सा भी नहीं। उसकी आँखों की पुतलियाँ स्थिर हैं, जैसे जम गई हों, शांत, ठंडी। उसका शरीर अजीब तरह से सफ़ेद दिखाई दे रहा है, रक्तहीन, जिसमें रक्त की एक बूँद तक नहीं... सफ़ेद, बर्फ़ की तरह सफ़ेद... सफ़ेद।

उस मरी हुई रोशनी में वह उसके गालों को छूती है, उसके बढ़े हुए बालों को, उसके होंठों को। अपनी वही सफ़ेद उँगलियाँ उसकी छाती पर रखती है। वह कुछ देर खड़ा रहता है।

वह बो से वायलिन पर एक स्ट्रोक खींचता है और उसकी गूँज उस मकान में चिंघाड़ती हुई फैल जाती है। वह एक और स्ट्रोक खींचता है और उसकी ओर देखता है। वह उसकी ओर देखते हुए भी उसे नहीं देख रही होती। उसका चेहरा और बुझता हुआ दिखाई देता है।

कुछ और लंबे स्ट्रोक खिंचते जाते हैं। अब वायलिन से जो संगीत निकलता है, वह इससे पहले कभी सुनाई नहीं दिया। वह अपने हाथों को दुख की मुद्रा में हिलाता जाता है। वायलिन से निकलती धुन में आदमज़माने का वह मकान चीख़ रहा होता है। वह उसे देख रही होती है, उसके चेहरे पर उभरी हल्की सिकुड़न को... उसकी आँखों से फूल गिरते हैं, काले फूल, जिन्हें पहले कभी किसी ने नहीं देखा। वे इस दुनिया के नहीं, किसी और संसार के फूल हैं। वे पीड़ा की मिट्टी पर उगे गहरे काले रंग के फूल हैं। वह रोती है और उसके आस-पास फूलों के ढेर लग जाते हैं।

वह बजाता जाता है। उसके हाथ अब उसके वश में नहीं रहते। वे किसी अजीब-सी मुद्रा में टेढ़े होकर वायलिन के स्ट्रिंग्स पर ऊपर-नीचे होते दिखाई देते हैं, जैसे किसी संगीतात्मकता में बाँध दिए गए हों। उसकी देह भी टेढ़ी होती जाती है। उसकी आँखों से आँसू आने लगते हैं। वह बजाता जाता है। रोशनी मद्धिम होती जाती है। उसकी आँखें बंद हैं। वह जो फूल रोती है, वे हवा में तैरने लगते हैं। तैरते हुए छत को छूने से ठीक पहले उसी रोशनी में समा जाते हैं, जो उसके शरीर से निकलती रही थी।

वायलिन का बो एक लंबे स्ट्रोक के साथ शांत हो जाता है। आदमज़माने का वह मकान धरती से उखड़ता हुआ भी नहीं उखड़ता। उसके गाल भीग चुके होते हैं। जब वह अपनी आँखें खोलता है, तो कुछ देर तक स्तब्ध खड़ा कमरे में उसे खोजने की कोशिश करता है। वह दौड़कर कमरे की विशाल खिड़कियाँ खोल देता है। बाहर की रोशनी भीतर आ गिरती है। वह हँसता है, बहुत ज़ोर से, और उसके गाल दोबारा भीगने लगते हैं। वह आईने के सामने खड़ा होता है। उसकी पतली उँगलियों में फँसा वायलिन का बो फ़र्श पर गिर पड़ता है।

सुदूर शहर की किसी अँधेरी रात, किसी अस्पताल में, उसकी छाती से असंख्य वायलिन के बो निकलते हैं और उसकी देह ठंडी पड़ जाती है।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट