इस बार ऑल इंडिया कैंपस कविता ‘इलाहाबाद के पथ पर’
हिन्दवी डेस्क
24 जुलाई 2026
‘हिन्दवी’ ने अपने प्रयोगधर्मी साहित्यिक प्रयासों के अंतर्गत वर्ष 2022 के सितंबर में ‘हिन्दवी कैंपस कविता’ की शुरुआत की थी। इस पहल का पहला आयोजन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ। युवा रचनाशीलता को मंच देने और विश्वविद्यालय परिसरों में कविता की नई ऊर्जा को पहचानने की दृष्टि से यह एक महत्त्वपूर्ण पहल थी।
इसके तीन वर्ष बाद ‘हिन्दवी उत्सव’-2025 में इस पहल का विस्तार करते हुए इसे अखिल भारतीय स्वरूप प्रदान किया गया और इसका नाम ‘ऑल इंडिया कैंपस कविता’ रखा गया। इस नए रूप में देश भर के विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। ‘ऑल इंडिया कैंपस कविता’ गत वर्ष ‘हिन्दवी उत्सव’ के प्रमुख आकर्षणों में से एक रहा। इसने नई पीढ़ी की हिंदी-कविता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
अब ‘हिन्दवी उत्सव’-2026 में ‘ऑल इंडिया कैंपस कविता’ अपने दूसरे संस्करण के साथ एक बार फिर प्रयागराज लौट रहा है—उस शहर में, जहाँ से इस प्रयोग का पहला आयोजन किया गया था। यहाँ सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि इस बार प्रतियोगिता का दायरा पहले से कहीं अधिक व्यापक किया गया है। AICK-2026 के नियमों के आधार पर अब इसमें भाग लेने के लिए विद्यार्थी होना अनिवार्य नहीं है, यदि आपकी प्रमाणित आयु 2 अगस्त 2026 तक 35 वर्ष या उससे कम है तो आप इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
प्रतियोगिता के नियम-निर्देश आप आगे पढ़ सकते हैं। इसमें भाग लेने के लिए यहाँ देखें :
ऑल इंडिया कैंपस कविता-2026
‘ऑल इंडिया कैंपस कविता’ [द्वितीय संस्करण] का आयोजन—रविवार, 23 अगस्त 2026 को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र [NCZCC], प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में होने वाले ‘हिन्दवी उत्सव’ के अंतर्गत होगा।
अब तक देश के बारह राज्यों के बाईस प्रतिष्ठित शिक्षण-संस्थानों में ‘हिन्दवी कैंपस कविता’ के सफल आयोजन किए जा चुके हैं। इस आयोजन की शुरुआत जैसा कि कहा गया ‘हिन्दवी’ ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय [हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग] के साथ वर्ष 2022 में सितंबर महीने में की थी। इस सिलसिले में आगे—
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय [देहरादून]
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय [बठिंडा]
हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय [हैदराबाद]
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय [महेंद्रगढ़]
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय [लखनऊ]
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय [अलीगढ़]
क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, एनसीईआरटी [भोपाल]
राम लखन सिंह यादव कॉलेज [राँची]
वी.एस.एस.डी. कॉलेज [कानपुर]
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय [इंदौर]
विश्व-भारती [शांतिनिकेतन]
महादेवी वर्मा सृजनपीठ, कुमाऊँ विश्वविद्यालय [नैनीताल]
जामिया मिल्लिया इस्लामिया [दिल्ली]
दिल्ली विश्वविद्यालय [दिल्ली]
अंतर सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र, बी.एच.यू. [वाराणसी]
गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय [वडोदरा]
हिन्दू कॉलेज [दिल्ली]
ए. एन. कॉलेज, पटना
कैंपस कविता, हिन्द युग्म उत्सव [रायपुर]
डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय [सागर]
मणिपाल यूनिवर्सिटी [जयपुर]
के साथ मिलकर अब तक हिन्दवी कैंपस कविता के आयोजन हो चुके हैं।
गए वर्ष नए रंग-रूप में अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित हुए ऑल इंडिया कैंपस कविता में देशभर के शैक्षिक-संस्थानों से ‘हिन्दवी’ को कुल 901 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई। ‘हिन्दवी’ की आठ सदस्यीय संपादकीय द्वारा एक-एक कविता पर विचार किया गया और फ़ाइनल-लिस्ट [अंतिम सूची] में 10 प्रतिभागियों-कवियों को जगह दी गई। अंतिम नाम इस तरह से थे : अजय नेगी, ऋत्विक्, गोविंद निषाद, गौरव सिंह, तल्हा ख़ान, पूजा जिनागल, मानसी मिश्र, रत्नेश कुमार, रौशन पाठक और संध्या चौरसिया।
प्रतियोगिता के अंतिम निर्णय के लिए ऑनलाइन वोटिंग का निर्णय लिया गया है; यानी पाठकों द्वारा ही इन दस प्रतिभागी-कवियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय का चुनाव किया गया। वोटिंग के आधार पर गौरव सिंह पहले, तल्हा ख़ान दूसरे और गोविंद निषाद तीसरे स्थान पर रहे।
इस बार प्रयागराज में हो रहे AICC के दूसरे संस्करण में प्रथम पुरस्कार विजेता को ₹ 21,000; द्वितीय पुरस्कार विजेता को ₹ 11,000; तृतीय पुरस्कार विजेता ₹ 5,000 और अंतिम सूची [फ़ाइनल-लिस्ट] के शेष सभी प्रतिभागियों को ₹ 2,100 प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में प्रदान किए जाएँगे।
‘ऑल इंडिया कैंपस कविता’ 2026 की प्रतियोगिता के महत्त्वपूर्ण नियम-निर्देश इस तरह से हैं :
• आप संसार की किसी भी स्थानीयता में हों और हिंदी-कविता रच रहे हों तो आप इस प्रतियोगिता का हिस्सा हो सकते हैं। बशर्ते आपकी प्रमाणित आयु 2 अगस्त 2026 तक 35 वर्ष या उससे कम हो।
• इस बार इस प्रतियोगिता के लिए आपका विद्यार्थी होना अनिवार्य नहीं है। यह अनायास नहीं है, बल्कि सहज ही है कि यहाँ मैक्सिम गोर्की की आत्मकथा के दूसरे खंड ‘मेरे विश्वविद्यालय’ की याद आ जाए।
• प्रतियोगिता के लिए अपनी पाँच मौलिक और अप्रकाशित-अप्रसारित कविताएँ भेजना अनिवार्य है।
• कविताएँ पाँच से कम या अधिक होने पर प्रविष्टि पर विचार कर सकना संभव नहीं होगा।
• अगर आपकी एक कविता में कई हिस्से हैं, जैसे : सड़क के लिए सात कविताएँ... इस स्थिति में हम इसे एक कविता न मानकर सात कविताएँ मानेंगे, चाहें इसमें शीर्षक भीतर शीर्षक हों या उपशीर्षकों की जगह अंक।
• ‘ऑल इंडिया कैंपस कविता’ प्रथम संस्करण और ‘हिन्दवी कैंपस कविता’ के पूर्व-आयोजनों में प्रतिभागी या विजेता रहे विद्यार्थी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं, बशर्ते वे अपनी उन कविताओं को पुन: न भेजें जिनके आधार पर पहले उनका चयन ‘हिन्दवी कैंपस कविता’ या ‘ऑल इंडिया कैंपस कविता’ के मंच के लिए हुआ था।
• किसी भी काव्य-विधा में रचनाएँ भेज सकते हैं।
• कविताएँ भेजने की अंतिम तिथि 2 अगस्त 2026 है।
• प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों की घोषणा 10 अगस्त 2026 को ‘हिन्दवी’ के सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर की जाएगी।
• चयनित विद्यार्थियों के यात्रा-व्यय और आवास-आहार की व्यवस्था ‘हिन्दवी’ की ओर से होगी।
• प्रतियोगिता के किसी भी चरण में अगर प्रतिभागी की कविताएँ पूर्व-प्रेषित, पूर्व-प्रकाशित, पूर्व-प्रसारित, अमौलिक, अनूदित या AI-निर्मित पाई गईं तो आपकी प्रविष्टि तत्काल प्रभाव से निरस्त मानी जाएगी।
• प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ऊपर दिए गए गूगल फ़ॉर्म को भरें।
• कविताएँ कृपया एक पीडीएफ़ में ही भेजें।
• चयनित प्रतिभागियों की कविताएँ ‘ऑल इंडिया कैंपस कविता संकलन’ के रूप में प्रकाशित होंगी।
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट