C/O बंगाल : बोहेमियन शक्ति चट्टोपाध्याय : जा सकता हूँ, लेकिन क्यों जाऊँ?
बेबी शॉ
24 नवम्बर 2026
सोच रहा हूँ,
लौटकर पीछे मुड़ जाना ही अच्छा है।
कितनी स्याही लगी है दोनों हाथों पर,
इतने लंबे समय से
कभी तुम-सा तुम्हें नहीं सोचा!
अब खाई के किनारे रात में खड़ा होता हूँ,
चाँद पुकारता है—
आओ, आओ, आओ
अब गंगा के किनारे घुमंत खड़ा होता हूँ,
चिता की लकड़ियाँ पुकारती हैं—
आओ, आओ, आओ
जा सकता हूँ;
किसी भी दिशा में जा सकता हूँ,
लेकिन क्यों जाऊँ?
संतान का चेहरा थामकर एक चुंबन लूँगा
जाऊँगा,
लेकिन अभी नहीं जाऊँगा।
तुम सबको भी साथ लेकर जाऊँगा,
अकेले नहीं जाऊँगा, असमय में।
आनंदबाज़ार पत्रिका में 2 अगस्त 1987 को शक्ति चट्टोपाध्याय ने यह सवाल उठाया था : “इतने कवि क्यों?” और उसके बाद लगभग पूरा कवि-समाज उनके विरोध में खड़ा हो गया था। इस टिप्पणी ने साहित्यिक जगत में विवाद खड़ा कर दिया। लघु पत्रिका ‘पुनर्बसु’ के 1394 बंगाब्द के वसंत अंक में प्रसून बंद्योपाध्याय, कालीकृष्ण गुह, रणजीत दाश, तुषार चौधुरी और पार्थप्रतिम कांजीलाल जैसे लेखकों ने उनकी टिप्पणी का विरोध किया। शक्ति चट्टोपाध्याय अक्सर ऐसी उल्टी-सीधी, उकसाने वाली बातें किया करते थे। लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि बांग्ला कविता की दुनिया में वह एक शहंशाह थे।
बांग्ला कविता के इतिहास में कुछ कवि ऐसे होते हैं; जिन्हें सिर्फ़ उनकी कविताओं से नहीं पहचाना जा सकता, उनका जीवन भी अपने आपमें एक कविता बन जाता है। उनका चलना-फिरना, बातचीत, दोस्ती, नाराज़गी, प्रेम, अड्डेबाज़ी, अकेलापन... यहाँ तक कि उनके जीवन की अव्यवस्था भी उनकी कविताओं में घुल-मिल जाती है। शक्ति चट्टोपाध्याय ऐसे ही एक अद्भुत कवि थे।
वह कविता के भीतर रहते थे। उनका जीवन प्रचलित सामाजिक अनुशासन से बाहर एक स्वतंत्र, अनियमित और सहज जीवनशैली का नाम था। उनकी कविताओं में जहाँ प्रकृति की गहरी निकटता, प्रेम की आकुलता, मृत्युबोध और अस्तित्व की गहरी उदासी थी; वहीं उनके निजी जीवन में अड्डेबाज़ी, दोस्ती, उच्छृंखलता, आत्मविरोध और एक विलक्षण बोहेमियन मिज़ाज भी था।
शक्ति चट्टोपाध्याय ने एक बार कहा था, “अगर कोई युवा कवि मेरे पास आता है और अपनी कविताएँ दिखाता है, तो मैं उससे तुरंत शेक्सपियर के सॉनेट का अनुवाद करने को कहता हूँ। उससे कहता हूँ कि कुछ समय तक मन लगाकर ऐसा करो, फिर अपने अनुवाद लेकर मेरे पास आना। अपनी मौलिक कविताएँ बाद में लिखना।”
पर जब उन्होंने कहा—“इतने कवि क्यों?” यह स्वाभाविक ही था कि इसे लेकर साहित्यिक जगत में भारी विवाद हुआ। युवा कवियों का एक बड़ा वर्ग शक्ति चट्टोपाध्याय से बेहद नाराज़ हो गया था। लेकिन शक्ति ऐसे ही थे—अपने समय से बहस करते हुए, अपनी शर्तों पर जीते हुए और अपनी कविता के साम्राज्य में एकछत्र सम्राट की तरह विराजमान।
शक्ति चट्टोपाध्याय का जन्म 25 नवंबर 1933 को दक्षिण चौबीस परगना के जयनगर में हुआ था। 1948 में वह कोलकाता के बाग़ बाज़ार आए और महाराजा काशिम बाज़ार पॉलिटेक्निक विद्यालय की चौथी कक्षा में दाख़िला लिया। विद्यार्थी जीवन में ही उनकी रुचि मार्क्सवादी विचारधारा की ओर विकसित होने लगी थी। मात्र सोलह वर्ष की उम्र में एक शिक्षक के प्रभाव में वह मार्क्सवाद से आकर्षित हुए। 1951 में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने सिटी कॉलेज के वाणिज्य विभाग में प्रवेश लिया और उसी वर्ष कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। 1953 में प्री-यूनिवर्सिटी परीक्षा पास करने के बाद वह बांग्ला साहित्य में ऑनर्स लेकर प्रेसीडेंसी कॉलेज में दाख़िल हुए।
लेकिन शक्ति के विद्यार्थी-जीवन की यात्रा बहुत आगे तक नहीं चल सकी। 1956 में आर्थिक तंगी के कारण उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी। वह अपनी माँ और भाई के साथ उल्टाडांगा की एक बस्ती में रहने लगे। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि उन्हें मुख्यतः अपने भाई की मामूली आमदनी पर निर्भर रहना पड़ता था। इसी समय उनकी कविता ‘यम’ बुद्धदेव बसु द्वारा संपादित पत्रिका ‘कविता’ में प्रकाशित हुई। इसी दौरान उन्होंने ‘कृत्तिवास’ पत्रिका में लिखना शुरू किया और धीरे-धीरे उस साहित्यिक समूह के प्रमुख सदस्यों में शामिल हो गए। 1958 में, मात्र पच्चीस वर्ष की उम्र में, उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता छोड़ दी। यानी सोलह वर्ष की उम्र में जिस राजनीतिक विचारधारा के प्रति उनका आकर्षण पैदा हुआ था, कुछ ही वर्षों में उससे उनकी दूरी बन गई। संभवतः व्यक्तिगत अनुभवों और वैचारिक बदलावों ने उन्हें यह निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया था।
1957 में शक्ति अपने मित्र समीर रायचौधुरी के पास चाईबासा चले गए। समीर नौकरी के सिलसिले में वहाँ रहते थे। बेरोज़गार शक्ति 1962 तक उनके साथ ही रहे। यह समय शक्ति के कवि-जीवन का एक महत्त्वपूर्ण अध्याय है। शहर की अभावग्रस्तता, अनिश्चितता और नागरिक जीवन की थकान से दूर चाईबासा की प्रकृति और प्रेम ने उन्हें नए ढंग से प्रभावित किया। उनका पहला काव्य-संग्रह ‘हे प्रेम, हे निःशब्दता’ मार्च 1961 में प्रकाशित हुआ। इस पुस्तक की कविताओं में जिस शक्ति से हमारा परिचय होता है; वह मूलतः प्रकृतिप्रेमी, रोमांटिक और प्रेम के कवि हैं। प्रकृति का गहरा सान्निध्य, प्रेम की आकुलता और निःशब्दता के प्रति आकर्षण ने उनकी शुरुआती कविताओं को एक विशिष्ट भावभूमि प्रदान की थी।
लेकिन पहले काव्य-संग्रह के प्रकाशन के मात्र आठ महीने के भीतर शक्ति के साहित्यिक जीवन में एक और बड़ा मोड़ आया। वह हंग्री आंदोलन से जुड़ गए। नवंबर 1961 में मलय रायचौधुरी ने हंग्री आंदोलन का घोषणापत्र अथवा बुलेटिन प्रकाशित किया। इस आंदोलन के चार प्रमुख प्रवर्तकों में शक्ति चट्टोपाध्याय, समीर रायचौधुरी, देवी राय और मलय रायचौधुरी शामिल थे। शक्ति इस आंदोलन से जुड़कर लगभग पचास हंग्री बुलेटिनों के प्रकाशन के काम में सहभागी बने। 1962 में विनय मजूमदार के काव्य-संग्रह पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि इस देश में यदि कोई साहित्यिक आंदोलन खड़ा करना है तो वह बीट या एंग्री नहीं, बल्कि हंग्री आंदोलन ही होगा। भूखी पीढ़ी के इस साहित्यिक दर्शन के प्रति उनका विश्वास उस समय काफ़ी प्रबल था।
1961 से 1963 के मध्य तक हंग्री साहित्य आंदोलन में शक्ति की भूमिका महत्त्वपूर्ण रही। आंदोलन के विभिन्न बुलेटिनों में उनकी कविताएँ प्रकाशित होती थीं। लेकिन 1963 के अंतिम दिनों में वैचारिक मतभेदों के कारण उन्होंने हंग्री समूह का साथ छोड़ दिया और अपने पुराने साहित्यिक परिक्षेत्र ‘कृत्तिवास’ में लौट आए। इस दौर को शक्ति के जीवन का एक कटु अनुभव भी माना जा सकता है। कुछ नया करने की आकांक्षा उन्हें हंग्री आंदोलन की ओर खींच लाई थी, लेकिन उस आंदोलन के साहित्यिक दर्शन के साथ उनकी अपनी कवि-संवेदना का पूरी तरह सामंजस्य नहीं बैठ पाया। उनकी कविताओं में जो सहज लय, प्रकृति के प्रति आकर्षण, रोमांटिकता और शास्त्रीय प्रवृत्ति थी; वही उन्हें फिर से अपने परिचित काव्यलोक में वापस ले आई।
1965 में शक्ति का दूसरा काव्य-संग्रह ‘धर्मे आछो जिराफेओ आछो’ [धर्म में हो, जिराफ़ में हो] प्रकाशित हुआ। यह उनके कवि-जीवन की एक विशेष महत्त्वपूर्ण कृति है। पुस्तक के शीर्षक में ही एक विचित्र हास्य, व्यंग्य और विस्मय का मिश्रण दिखाई देता है। धार्मिक विश्वास, सामाजिक संस्कार और मनुष्य की अंधी अनुकरण-वृत्ति के बरअक्स जिराफ़ जैसे एक विचित्र प्राणी को साथ रखकर उन्होंने मानो मनुष्य की विश्वास-व्यवस्था को ही प्रश्नों के घेरे में खड़ा कर दिया। इस संग्रह की एक कविता में रात के कोलाहल के बीच कवि स्वयं को स्वेच्छाचारी घोषित करता है। उनकी यह स्वेच्छाचारिता जैसे उनकी जीवनशैली में ही जुड़ गई और इसकी अभिव्यक्ति उनकी कविता की भाषा और विचारों में भी हुई। इस काव्य-संग्रह में शामिल है यह बहुचर्चित कविता पढ़िए :
‘अवनी, घर पर हो?’
‘अवनी, घर पर हो’
‘अवनी, घर पर हो’
दरवाज़े बंद कर सोया पड़ा है पूरा मोहल्ला,
बस सुनाई देती है रात की दस्तक—
‘अवनी, घर पर हो?’
यहाँ बारहों महीने बारिश होती है,
यहाँ बादल गायों की तरह चरते हैं,
विमुख हरी घास,
दरवाज़े को दबोचकर पूछती है—
‘अवनी, घर पर हो?’
अर्धलीन हृदय में दूरगामी
पीड़ा के बीच सो जाता हूँ मैं,
अचानक सुनता हूँ दस्तक—
‘अवनी, घर पर हो?’
‘कृत्तिवास’ का वह दौर बांग्ला साहित्य का एक उथल-पुथल भरा समय था। उस समय कविता केवल साहित्यिक अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं थी, बल्कि जीवन जीने का एक ढंग भी थी। कॉलेज स्ट्रीट का कॉफ़ी हाउस, किताबों की दुकानें, लघु पत्रिकाओं के कार्यालय और मित्रों के घर... हर जगह कविता पर चर्चाएँ होती थीं। नए कवि अपनी भाषा गढ़ रहे थे और दुनिया को अपने ढंग से देख रहे थे। शक्ति इस पूरे साहित्यिक परिवेश में बिल्कुल भिन्न और विशिष्ट थे। उनमें जहाँ असाधारण काव्य-प्रतिभा थी; वहीं एक तरह की बालसुलभ शरारत, विनोदप्रियता और किसी भी बँधे-बँधाए नियम को न मानने की प्रवृत्ति भी थी।
शक्ति के बोहेमियन जीवन की एक बड़ी विशेषता थी—उनकी अनिश्चितता। वह कब कहाँ होंगे, कब किससे मिलेंगे, कब शहर छोड़कर कहीं निकल पड़ेंगे—इसका कोई निश्चित हिसाब नहीं होता था। परिचित लोग कभी उन्हें घर पर पाते, कभी दफ़्तर में, कभी किसी मित्र की महफ़िल में, तो कभी कहीं भी नहीं... उन्हें लेकर तरह-तरह की किंवदंतियाँ प्रचलित हो गई थीं। किसी को आमंत्रित करके अचानक ग़ायब हो जाना या समय की किसी निश्चित सीमा की परवाह किए बिना किसी मित्र के साथ निकल पड़ना... ऐसे तमाम क़िस्से उनके परिचित जीवन-चित्र का हिस्सा बन गए थे। कहते हैं, एक बार वह लुंगी पहनकर हाथ में बाज़ार का थैला लिए घर से निकले थे। घर के सभी लोग उनके लौटने की प्रतीक्षा कर रहे थे कि वह बाज़ार से सामान लेकर आएँगे, तभी खाना बनेगा। लेकिन सुबह बीत गई, दुपहर ढल गई और शाम भी हो गई; फिर भी उनका कोई अता-पता नहीं था। एक दिन, दो दिन और फिर कई दिन गुज़र गए। आख़िरकार, परिवार के लोगों को थाने जाकर उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करानी पड़ी। लगभग एक महीने बाद, एक दुपहर वह अचानक घर लौटे। पता चला कि बाज़ार का थैला लेकर निकले वह जनाब इस बीच दार्जिलिंग और डुआर्स की सैर कर आए थे... पहाड़ों, नदियों, चाय के बागानों और जंगलों की दुनिया से होकर!
शक्ति के भीतर एक तरह की मुक्ति की आकांक्षा थी। वह रोज़मर्रा के जीवन की तयशुदा सीमाओं और ढर्रे से बाहर निकलना चाहते थे। किताबों के नाम को लेकर उनकी सनक भी कम दिलचस्प नहीं थी। पुस्तक का नाम तय हुआ—‘निकषित हेम’। आवरण बनाने की ज़िम्मेदारी उनके मित्र पृथ्वीश गंगोपाध्याय को सौंपी गई। लेकिन इसके बाद कवि ने प्रूफ़ देखते समय आधे से अधिक कविताएँ हटा दीं और उनकी जगह नई कविताएँ शामिल कर दीं। पुस्तक को फिर से कंपोज़ करना पड़ा। इस बार पुस्तक का नाम बदलकर रखा गया—‘केलासित स्फटिक’। नए नाम के अनुरूप आवरण भी तैयार हो गया। लेकिन छपाई शुरू होने से पहले कवि ने फिर घोषणा कर दी कि नाम बदलना होगा। अंततः पुस्तक का नाम रखा गया—‘हे प्रेम, हे निःशब्दता’।
शक्ति अपनी कविता-पुस्तकों की संख्या या प्रकाशित रचनाओं का हिसाब रखने में बहुत अधिक रुचि नहीं लेते थे। उनकी अपनी कई पुस्तकें उनके घर पर भी नहीं रहती थीं। कोई उनसे पुस्तक माँगता तो वह उसे दे देते थे। नई पुस्तक प्रकाशित होने पर भी वह हमेशा अपने मित्रों को इसकी जानकारी नहीं देते थे, जबकि उनकी लिखी कविताओं की संख्या बहुत बड़ी थी।
बोहेमियन शक्ति की चर्चा करते हुए उनके पारिवारिक जीवन को भुला देना इस तस्वीर को अधूरा छोड़ देना होगा। 1967 में उनका विवाह मीनाक्षी विश्वास से हुआ। उनके परिवार में संतान का आगमन हुआ। ऊपर से अस्थिर, घुमक्कड़ और परंपरागत नियमों से परे रहने वाले इस व्यक्ति के जीवन में मीनाक्षी ने एक स्थिर आश्रय का निर्माण किया। शक्ति के जीवन पर चर्चा करते समय मीनाक्षी की भूमिका विशेष रूप से स्मरणीय है। एक कवि के स्वतंत्र और अनियमित जीवन के साथ-साथ परिवार की वास्तविक ज़िम्मेदारियों को सँभालना आसान काम नहीं था। शक्ति के जीवन के तमाम उतार-चढ़ाव के बीच यह पारिवारिक आश्रय उनके लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण था।
1970 में उन्होंने आनंदबाज़ार पत्रिका समूह में काम करना शुरू किया। 1994 तक वह वहाँ कार्यरत रहे। यानी जिस व्यक्ति के बोहेमियन जीवन के इतने क़िस्से प्रचलित थे; जो किसी निश्चित बंधन में रहना पसंद नहीं करता था, उसने भी एक संस्थान में लंबे समय तक काम किया। यह तथ्य उनके जीवन को लेकर बनी एकांगी धारणा को तोड़ता है।
1994 में आनंदबाज़ार समूह से सेवानिवृत्त होने के बाद शक्ति ने विश्वभारती विश्वविद्यालय के बांग्ला विभाग में अतिथि प्राध्यापक के रूप में कार्यभार सँभाला। 15 फ़रवरी 1995 से उनके जीवन का यह नया अध्याय शुरू हुआ। विद्यार्थियों के साथ कविता पर चर्चा, कविताओं का पाठ और साहित्यबोध का आदान-प्रदान के बीच उन्होंने एक नया आनंद खोज लिया था। लेकिन यह अध्याय अधिक दिनों तक नहीं चला। 23 मार्च 1995 को शांतिनिकेतन में हृदयाघात के कारण उनका निधन हो गया।
शक्ति चट्टोपाध्याय बांग्ला साहित्य की एक किंवदंती बन चुके व्यक्तित्व हैं। उनकी लेखनी पाठकों के मन को चेतना के एक अलग ही स्तर तक पहुँचा देती है। उनकी कविता को लेकर चर्चा का कोई अंत नहीं है। कहा जाता है कि वह बोहेमियन थे, बेहद उच्छृंखल, घुमक्कड़ और बेतरतीब जीवन जीने वाले व्यक्ति थे। हर समय शराब में डूबे रहते थे। लेकिन उनके इस जीवनचर्या की कोई छाप उनकी लेखनी पर दिखाई नहीं देती। कविता हो, गद्य हो, निबंध हो अथवा वीक-एंड टूरिस्ट गाइड की तरह लिखी गई यात्रा-पुस्तकें... हर जगह उनके चिंतन की गहराई दिखाई देती है। अपनी लेखन-कला में उन्होंने मन और मेधा का एक दुर्लभ सामंजस्य स्थापित किया था। शब्दों के प्रयोग में वह बेहद सटीक थे। उनकी रचनाओं में कहीं भी कोई उच्छृंखलता दिखाई नहीं देती। उनके बेतरतीब जीवन की कोई छाया उनकी साहित्यिक रचनाओं पर नहीं पड़ी। इसीलिए कुछ साहित्य-प्रेमी अनायास ही कह उठते हैं : “हम जीवन को जीते हैं, लेकिन शक्ति जैसे लोग जीवन की रचना करते हैं।” अंत में शक्ति की यह कविता :
ओ चिर-प्रणम्य अग्नि, मुझे जलाओ।
सबसे पहले जलाओ मेरे दोनों पैरों को,
जो हैं चलशक्तिहीन...
फिर उन हाथों को
जिनमें अब न प्रेम बचा है,
न ही कोई स्वच्छता
अब बाँहों के आलिंगन में फूलों का भार है,
अब कंधों पर केवल दायित्वहीनता
उन्हें जलाकर
आओ, आओ हृदय के पास,
एक पल ठहरो।
फिर नष्ट कर दो
सत्य और असत्य के रंगों में
शीत से जड़ हो चुके ज्ञानपीठ को।
बचा लो, बचा लो मेरी दोनों आँखें,
शायद उन्हें अभी भी कुछ-कुछ देखना बाक़ी है।
आँसुओं का बहना समाप्त हो जाए,
तो नष्ट कर देना आँखों को भी।
फूलों की माला मत चुनना,
पुष्प-गुच्छों की सुगंध में,
बिखरे हुए प्रिय स्पर्श
अब भी उसके शरीर से लिपटे हैं।
उन्हें गंगा के जल में बह जाने देना,
मुक्त, स्वेच्छाचारी
ओ चिर-वंदनीय अग्नि, मुझे जलाओ।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
इस स्तंभ में प्रस्तुत कविताओं, कविता-पंक्तियों और उद्धरणों का बांग्ला से हिंदी अनुवाद स्तंभकार द्वारा ही। अन्य C/O बंगाल यहाँ पढ़िए : C/O बंगाल
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट