Font by Mehr Nastaliq Web

आश्चर्य कि कोई आश्चर्य नहीं है

‘महाभारत’ की एक कहानी के अनुसार यक्ष-प्रश्न में युधिष्ठिर से पहला सवाल पूछा गया कि आश्चर्य क्या है? उन्होंने बताया कि रोज़-रोज़ मरते लोगों को देखकर भी मनुष्य जीने की इच्छा करता है, यही आश्चर्य है। मैं सोचता हूँ, आज कोई यक्ष किसी युधिष्ठिर से उक्त प्रश्न करे तो युधिष्ठिर को आधुनिक उत्तर यह देना पड़ेगा कि ‘आश्चर्य यह है कि अब किसी बात पर आश्चर्य नहीं होता।’

इसी संबंध में एक दिन की एक घटना याद आ गई। शाम की ट्रेन से आने वाले एक व्यक्ति को प्लेटफ़ॉर्म पर से लेना था। ज्ञात हुआ कि ट्रेन घंटा भर पहले पिछले स्टेशन से रवाना हो चुकी है। पर वह अब तक नहीं पहुँची। संभवतः बीच में लड़कों ने कहीं ज़ंजीर खींचकर या हौज पाइप खोलकर खड़ी कर दिया है।

मैंने सोचा, यह रोज़ का धंधा है और निर्भाव एक बेंच पर बैठकर प्रतीक्षा करने लगा। काफ़ी इंतज़ार के बाद ट्रेन के आने की आहट मिली। यात्रियों के साथ मैं भी सन्नद्ध हो गया। गोल-लाल प्रकाश का ढेर उगलती, हारी-थकी जैसी हाय-हाय कर सरकती ट्रेन प्लेटफ़ॉर्म के पास आ गई तो लगा, यह तो शायद भारी धोखा हो गया। पैसेंजर ट्रेन न होकर यह मालगाड़ी है क्या? किसी डिब्बे से प्रकाश नहीं झलक रहा है। क्षण भर का यह चक्कर ख़त्म हो गया जब समूची अँधियारी यात्री ट्रेन प्लेटफ़ॉर्म पर खड़ी हो गई।

सचमुच किसी डिब्बे में रोशनी नहीं थी। अपनी आँखों की रोशनी के सहारे लोग चढ़-उतर रहे थे। मेरी मुसीबत यह थी कि अँधेरे में उस सज्जन को कहाँ खोजें? ऐन मौक़े पर स्टेशन की बिजली भी गुल हो गई थी। अँधेरे में बदहवास की भाँति बदक़िस्मती को कोसते, भीड़-भाड़ से टकराते और गाड़ी की ओर-छोर सहित प्लेटफ़ॉर्म की द्रुत पैमायश करते उस सज्जन को भेंट लेना मात्र संयोग की बात थी।

घर लौटा तो मुझे इस बात पर घोर आश्चर्य हो रहा था कि प्लेटफ़ॉर्म पर खड़ी अंधी-अँधेरी यात्री गाड़ी को देख मुझे आश्चर्य क्यों नहीं हुआ? क्या वर्षा से समय-समय पर ऐसे दृश्यों से पाला पड़ने के कारण? हाँ, लगता है इसी वजह से आश्चर्यवृत्ति कुंठित हो गई, मर गई।

आज विसंगतियाँ इस प्रकार हमारे जीवन का अंग बन गई हैं कि हम उनके प्रति उदासीन हो गए हैं। आँखें अटपटी भद्दगियों और अप्रत्याशित बेहूदगियों को देखते-देखते पथरा गई हैं। बराबर कहते-सुनते एक मुहावरा आम प्रचलन में आ गया कि अब कुछ भी हो सकता है। अब सहज सामान्य और नियमित होना ही चकितकारी हो गया है। कब तक ऐसे ही होगा? इस प्रकार के मानसिक आघात अपनी पुनरावृत्तियों के चलते आंतरिक संवेदना और उत्तेजना को मारकर हमें जड़, कुंठित और ठंडा बनाते जा रहे हैं।

बीते वर्ष होली पर एक स्थानीय पत्र का विशेषांक निकला और मोटी हेडिंग में प्रधानमंत्री की बरख़ास्तगी और एक विवादास्पद बड़बोले सांसद की कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्ति का समाचार छपा। पहली नज़र में मेरे एक बुद्धिजीवी मित्र ने बढ़कर कहा, “अरे यार, कोई ताज्जुब नहीं। अब यहाँ यही सब होगा।” बाद में उनका ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया कि यह होली का मज़ाक़ था तो हँसी की जगह वातावरण गंभीर हो गया। क्यों हमारी मनोदशा कुंठित होकर उदासीनता के उस बिंदु तक पहुँच गई है कि ऐसी अनहोनियाँ भी प्रश्नशील बनाकर चौंका नहीं पाती हैं?

दीवाली के दिन बिजली ग़ायब हो गई और होली के दिन पानी की क़िल्लत हो गई। कोई आश्चर्य की बात नहीं। अब यही सब होगा। रोज़ समाचार पत्रों में बलात्कार और दहेज के संदर्भ में जलाई गई बहुओं के ऐसे समाचार छपते हैं जिन पर सहसा विश्वास करना कठिन होता है। आश्चर्य होना चाहिए कि क्या मनुष्य इस सीमा तक गिर गया है। लेकिन नहीं होता है। पंजाब में थोक भाव से नित्य चलती आतंकवादी हत्याओं का सिलसिला पहले भीतर से बुरी तरह झकझोरता था और फिर आश्चर्य होता था कि ‘सरकार’ कही जाने वाली सर्वशक्ति संपन्न संस्था क्या हो गई? अब धीरे-धीरे इस आश्चर्य की भी हत्या हो गई। क्योंकि कश्मीर या पंजाब के आतंकवादी सिर्फ़ आतंकवादी ही नहीं, भारत के कुछ अच्छे-भले लोगों के शायद अपने आदमी भी हैं। अपराधी सिर्फ़ अपराधी नहीं, वे विधायक, सांसद, मंत्री और हमारे भाग्य-विधाता भी हैं। मरे हुए जातिवाद को हमारे भाग्य-विधाताओं ने ‘लोक’ के तंत्र-मंत्र से न केवल ज़िंदा कर दिया बल्कि उसे भस्मासुर बनाकर प्रतिष्ठित कर दिया। किस-किस बात पर हम कितना-कितना आश्चर्य करें?

यह कितने दुर्भाग्य की बात है कि व्यवस्था मज़ाक़ जैसी लगने लगे और मज़ाक़ व्यवस्था जैसा लगने लगे। फिर, दुर्भाग्यों के बीच यह कैसा मर-मरकर, घुट-घुटकर जीना है? विडंबनाओं, विरोधाभासों और गिरावट के विविध आयामों से समझौतों में जीने की यह कैसी विवशता है! अविश्वसनीयताओं पर गला दबाकर विश्वास पैदा कराने वाली स्थितियों का यह कैसा दुश्वक्र है? संसार के सबसे बड़े लोकतंत्री मुल्क में शिक्षा-व्यवस्था पर आठ-आठ आँसू बहाने वाले और उसके लिए ऊँची-ऊँची इंद्रधनुषी योजनाओं को कल्पने वाले बड़े-बड़े अधिकारी, मंत्री और प्रधानमंत्री के उत्तर प्रदेश में साढ़े बारह हज़ार प्राइमरी स्कूल ऐसे हैं जहाँ के छात्र पेड़ तले या मैदानों में पढ़ते हैं। ऐसे समाचारों पर भी अब कहाँ आश्चर्य होता है?

अभी पिछले वर्ष 28 मार्च 1988 को श्री हरिकोटा अंतरिक्ष-केंद्र से एक उपग्रह-प्रक्षेपणयान छूटा और वह असफल होकर बंगाल की खाड़ी में जा गिरा। 26 करोड़ रुपए पर पानी फिर गया। समाचार पढ़कर कोई आश्चर्य नहीं हुआ। इसके बाद 14 जुलाई के समाचारपत्रों में ख़बर छपी कि उक्त केंद्र से छूटा दूसरा संबंधित उपग्रह प्रक्षेपणयान भी आकाश में पहुँचते-पहुँचते विफल हो गया। इस बार भी आश्चर्य नहीं हुआ। हाँ, आघात पहली बार भी लगा और दूसरी बार तो बहुत गहरा आघात लगा।

आघात लगना और चीज़ है और आश्चर्य होना और चीज़। आश्चर्य जीवंत होने का प्रमाण होता है। आश्चर्य की जगह आघात लगना मरे हुए की तरह जीवित होने को प्रमाणित करता है और हमें निरंतर आस्थाहीन बनाता है। स्वराज्य के बाद हमारे मुल्क में आशाएँ, आकांक्षाएँ और कल्पनाएँ पहले धीरे-धीरे और बाद में बहुत तेज़ी से पंखहीन हुई हैं। ऐसी स्थिति में जब हमने झख मारकर यह मान लिया है कि जो असामान्य है वही सामान्य है तब आश्चर्य होने का सवाल ही नहीं उठता।

शहरों में भी सड़कें चलने लायक़ नहीं, कभी रात में बिजली नहीं, सुबह-शाम पानी नहीं। कोई आश्चर्य की बात नहीं। लाख़ों-करोड़ों की बनी नई सरकारी इमारत पहली बरसात में घराशायी हो गई और मिडिल स्कूल की योग्यता भी न रखने वाला व्यक्ति कई-कई विषयों में एम.ए. पास हो गया, कोई आश्चर्य नहीं! कहीं सड़क की दोनों पटरियों पर या बीच में मोटे, काले घिनौने सड़े और बदबूदार पानी की स्थाई नहरें या झीलें राहगीरों को चुनौती देती हैं तो कहीं स्टेशन पर यत्र-तत्र स्वच्छंद मल-मूत्र विसर्जनालय आँख-नाक पर धक्के देकर यात्रियों को पीछे ढकेलते हैं। सब कुछ को हम ऐसे देखते हैं जैसे रोज़-रोज़ सड़क पर दिखाई देने वाले परिचित पेड़ या मील के पत्थर हों। अब गिनाने वाली चकितकारी या इंगित कर पृथक से आश्वर्य दिखाने वाली चीज़ें जैसे रही नहीं। कितनी-कितनी और किस-किस तरह की चीज़ें दिखाई जाएँ? जीवन का हर क्षेत्र राजकाज के प्रदूषण की चपेट में आ गया है।

फिर राजकाज तो एक जादू है, एक अलादीन का चिराग़ है। इसके प्रताप से कल तक घूम-घूमकर चाय पीने वाले सफ़ेदपोश जन हवाई जहाज़ से सफ़र करने लगे, दो हज़ार वेतन पाने वाले बाल-बच्चेदार व्यक्ति ने साल-दो-साल में दस लाख़ की कोठी खड़ी कर ली। कहाँ अब अचरज होता है? ऐसी कोठी एक दो होती तो अचरज होता, अब तो हम जैसे दो नंबर की कोठियों के जंगल में रहते हैं।

भ्रष्टाचार को शिष्टाचार और घूस को सुविधा शुल्क के रूप में मान्यता देकर और नंबर दो को एक के स्थान पर प्रतिष्ठित कर हमने अपने मन को आकाश की भाँति इतना विशाल बना दिया कि इसमें होनी-अनहोनी सब खप जाती है। किसी अपराधी को रँगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले करते अब हिचक होती है, कहीं सब इंस्पेक्टर कुर्सी बढ़ाकर स्वागत करते हुए चाय पिलाकर उसे छोड़ न दे और ऐसी स्थिति में वह अपराधी सिर ऊँचा करके जाते-जाते में यदि हमारे चेहरे पर व्यंग्य की मुस्कराहट फेंके तो कैसा लगेगा? शायद कुछ नहीं लगेगा। ख़ैरियत मनाएँगे कि अपने राम सही-सलामत लौट आए। अपराधी की जगह स्वयं के भीतर हो जाने का भरपूर ख़तरा था। जान बची लाखों पाए!

एक तूफ़ान मेल पूरी रफ़्तार से जा रही है, जाने दो। तुम बस काम निकालो और देखो, जहाज़ों से नोट बरसते हैं, आसमान से वोट बरसते हैं और महाजनों के हाथ नोच-खसोट से पवित्र होते हैं। तुम किस-किस पर आश्चर्य करोगे? आश्चर्य वह करे जिसके भीतर किसी न किसी स्तर पर राष्ट्रीय अस्मिता अभी शेष है। बीते वर्षों में बहुत पुष्ट और विकसित होकर एक सबसे धाकड़ आश्चर्य इस रूप में सामने आ गया है कि अब अपने देश में कोई आदमी इस देश के लिए नहीं जी रहा है, किसी को देश की चिंता नहीं है। सबको मात्र अपनी-अपनी चिंता है।

देश-सेवा और देश-प्रेम नए दौर में शायद सबसे बड़े छल के रूप में उभरकर सामने आया है। यह सोचकर मन और बैठ जाता है कि यह छल की शृंखला कुछ बड़े-बड़े नेता और कर्णधार कहे जाने वाले प्रखर बुद्धिजीवियों के नामों से जुड़ी है जिनके प्रति हम श्रद्धावान् हो सकते थे।

श्रद्धास्पद आदर्श चोटियों का सामूहिक पतन अवश्य ही एक धोर आश्चर्य का विषय हो सकता था, पर अब वह भी नहीं रहा। घृणा भी होती तो कुछ अच्छी बात होती, मगर समकालीन व्यापक उदासीनता तो महाआत्मघाती बनाम महाराष्ट्रघाती है।

•••

‘जगत तपोवन सो कियो’ [विवेकी राय, विश्वविद्यालय प्रकाशन, वाराणसी, प्रथम संस्करण : 1995] से साभार प्रस्तुत।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट