Font by Mehr Nastaliq Web

चैत के बादल

chait ke badal

अष्टभुजा शुक्‍ल

अष्टभुजा शुक्‍ल

चैत के बादल

अष्टभुजा शुक्‍ल

और अधिकअष्टभुजा शुक्‍ल

    मुँह अन्हारे

    सन्न मारे

    गाँव में माया पसारे

    कहाँ से उपरा गए

    भड़ुए, अघी ये चैत के बादल!

    बालियों से झुकी-झपकी-पकी

    धरती संपदा का

    गेहूँआई आँचल

    इनकी कृपा पर छोड़ कर आश्वस्त होना

    भूल होगी

    इनका कौन थाया, क्या ठिकाना?

    बिदबिदाएँगे

    या पाथर छरछराएँगे

    छिनगाएँगे पल्लव

    बालियों से अन्न झारेंगे

    या करेंगे कुदिन

    पशु-परानी के लिए पितकोप

    रोग फैलाएँगे

    बौर लसियाएँगे

    लगने नहीं देंगे टिकोरे

    उखमजी व्यवहार से

    माघ में

    जब सींचना था

    तब नहीं लउके

    जब बयाना हो गई घर की मसूर

    जब फ़सल पककर हुई तैयार

    तब फूँकने खलिहान

    आएँ हैं

    राशि की राशि सड़ाने, गड़गड़ाने

    चौधराहट दिखाने

    चैत के

    इन गीदड़रोएँ बादलों को देखकर

    याद आते हैं

    भाद्रपद के वे घने काले मतंगों की तरह

    मेल्हते, एंडते, मुड़ियाए चले जाते

    सघन-घन, पनिगर और बतधर

    खन-खन बदलते रंग

    चैत के

    इन नाटकी, मोघी, छछन्नी बादलों को देखकर

    याद आते हैं

    वर्ष-वर्षों से तृषित

    चातकों को

    दो बूँद पानी

    हाथ से अपने पिलाते

    शरद के शुभ्राभ्र वे सितकेश

    पितृव्य जैसे

    स्नेह से भीगे नयन, करुना अयन

    भरे परसंताप से

    ये मिटाने पर उतारू

    गरल जैसा जल उगलने को विकल

    चैत के

    इन कामरूपी बादलों को देखकर

    याद आते हैं

    पौष के पीयूषवर्षी मेघ

    जिनका एक लहरा ही

    फ़सल की डीभियों को

    फुन्न रखने के लिए

    सींक में सद्भाव भरने के लिए

    दूध से भी अधिक लगता है

    वैसे, चैत के इन बादलों का

    जन्म, इनका कर्म

    बनना या बिगड़ना, घिरना या घराना

    निर्भर हवा पर, हवा के रुख़ पर

    हवा की प्रकृति पर

    कभी पुरुवा चली

    तो चढ़ गये दोखी

    लगे बढ़ने, घुमड़ने, घेरने आकाश

    क्षण में छा गए

    थोबड़ा दिखाने आ गए

    किंतु उल्टे खींच कर पछुआ चली

    तो लगे छँटने, छनमनाने

    मुँह बनाने

    इधर आने, उधर जाने

    जैसे ओसाई जा रही हो राशि

    और भूसा उड़ रहा हो दूर जा कर

    कहीं पूरब के क्षितिज पर

    द्वादशी का चाँद

    चाँदी की नई सेई बना

    रख उठा आकाश के खलिहान में

    और तारे मटर के दानों सरीखे

    छितरा गए खलिहान में

    कट गए

    ये चैत के बादल

    हट गए

    ये चैत के बादल

    छँट गए

    ये चैत के बादल!

    स्रोत :
    • पुस्तक : चैत के बादल
    • प्रकाशन : वाणी प्रकाशन
    • संस्करण : 2025

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY