Font by Mehr Nastaliq Web

रिहर्सल से रंगमंच तक : ‘बी थ्री’ का सफ़र

मुझे लगता है, नाटक देखना एक बात है और किसी नाटक को ‘बनते’ हुए देखना बिल्कुल दूसरी। मंच के पीछे की हलचल, संवादों में प्रोजेक्शन की कमी, अभिनेताओं का अपनी पंक्तियाँ भूल जाना और फिर धीरे-धीरे अपने किरदारों में उतरना, मेरे लिए यह बिल्कुल नया अनुभव था। बीते 4 नवंबर, शुक्रवार की शाम मुझे यूनिवर्सिटी थिएटर (U.T.) और स्वराज भवन (स्वराज विद्यापीठ) की ओर से शाहिद अनवर द्वारा लिखित नाटक ‘बी थ्री’ (B3) की प्रस्तुति देखने का अवसर मिला। नाटक का मंचन स्वराज विद्यापीठ के खुले लॉन में हो रहा था, जहाँ की हवा में एक अलग तरह का देसीपन था और प्रकृति का बोलबाला था।

इस पूरी प्रक्रिया का हिस्सा बनने की शुरुआत दरअस्ल मंचन से दो दिन पहले आई एक दोस्त की फ़ोन कॉल से हुई थी। उसने मुझे रिहर्सल देखकर अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए बुलाया था। यहाँ यह बता देना चाहता हूँ कि मेरे जीवन में यह पहला अवसर था, जब मैं अपनी आँखों से किसी नाटक की रिहर्सल देखने, उसे पर्दे के पीछे बनते हुए देखने, जा रहा था। हालाँकि, इससे पहले मैंने प्रेमचंद की कहानी ‘दुनिया का अनमोल रत्न’ के नाट्य-रूपांतरण की एक सफल प्रस्तुति ज़रूर देखी थी, लेकिन तब तक मैंने किसी नाटक को बनते हुए या उसकी प्रस्तुति की पूरी प्रक्रिया को इस तरह गहनता से नहीं देखा था। इस पूरे सफ़र में मेरे साथ मेरे मित्र अभिषेक और आदर्श भी थे, जो रिहर्सल के पहले दिन से लेकर नाटक की अंतिम प्रस्तुति तक मौजूद रहे।

मुझे पहले से ही मालूम था कि इस नाटक का निर्देशन हिंदी विभाग के अध्यापक अमितेश कुमार कर रहे हैं। मैंने पहली बार उन्हें कक्षा से बाहर एक रंगमंच निर्देशक के रूप में देखा। रिहर्सल के उन दो दिनों में उन्होंने जिस तरह कमियों को पहचाना और अभिनेताओं को बारीकी से समझाया, वह काफ़ी प्रभावशाली था। रिहर्सल में बैठने के दौरान मुझे सबसे अच्छी बात यह लगी कि नाटक का अभ्यास समाप्त होने के बाद निर्देशक के रूप में अमितेश सर सभी लोगों से एक-एक करके पूछते थे कि उन्हें प्रस्तुति में क्या कमियाँ दिखाई दीं।

चूँकि यह पहली बार था, जब मैं किसी नाटक की रिहर्सल देखने गया था, इसलिए शायद मैं कमियों को बहुत बारीकी से नहीं देख पाया। फिर भी, मुझे कुछ चीज़ें अटपटी लगी थीं, जैसे ‘टोकस’ के किरदार के अभिनय में थोड़ी कमी, मंच पर दृश्यों के परिवर्तन में सहजता का अभाव और संवादों के दौरान अभिनेताओं का बार-बार निर्देशक की ओर देखना।

हालाँकि, दूसरे दिन मैंने नाटक को और गहनता से देखा। शायद इसकी वजह यह थी कि इस बार मैंने मूल नाटक के कुछ पन्ने पढ़ लिए थे। मैंने पात्रों का परिचय और नाटक की प्रस्तावना का भी अध्ययन कर लिया था, जिसे राम गोपाल बजाज ने लिखा है।

रिहर्सल के दौरान नाटक के मंचन के सामने एक बाहरी समस्या भी थी। स्वराज भवन के लॉन के ठीक बग़ल में छत निर्माण का काम चल रहा था। मशीनों की तेज़ आवाज़ के कारण अभिनेताओं को अपने संवाद बोलने में अधिक ज़ोर लगाना पड़ रहा था।

बहरहाल, नाटक की अंतिम प्रस्तुति के दिन मैंने ग़ौर किया कि छत पर काम कर रहे मज़दूरों में से एक ऊपर से ही नाटक का आनंद ले रहा था!

अभिनेताओं की परेशानियों पर लौटें, तो उन्हें तेज़ आवाज़ में बोलना पड़ रहा था, ताकि पीछे खड़े दर्शकों तक भी उनकी आवाज़ पहुँच सके। मशीनों और अभिनेताओं के बीच चल रहे इस संघर्ष पर निर्देशक अमितेश कुमार की एक टिप्पणी बिल्कुल सटीक बैठती है, “आज अभिनेताओं की लड़ाई छत ढालने वालों से थी।”

लेकिन कड़ी मेहनत, उचित निर्देशन और तकनीकी टीम के सफल सहयोग ने अंतिम दिन सब कुछ बदल दिया। लाइट के सटीक इस्तेमाल से दृश्यों के परिवर्तन के दौरान जो अँधेरा रचा जा रहा था, वह कमाल का था। इन सबके साथ माइकल जैक्सन (M.J.) के संगीत और कुछ अन्य धुनों के प्रयोग ने नाटक में एक नई जान फूँक दी थी। पहले दिन की रिहर्सल में ये सब चीज़ें मुझे उतनी प्रभावी नहीं लगी थीं। उस दिन नाटक मेरे लिए थोड़ा उबाऊ भी था, लेकिन अंतिम प्रस्तुति में ये सभी प्रयोग बहुत अच्छे ढंग से सामने आए।

आख़िरकार 4 नवंबर का वह दिन आया, जब नाटक का अंतिम मंचन होना था। इसके लिए बाक़ायदा रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया रखी गई थी। गेट पर तत्काल रजिस्ट्रेशन फ़ॉर्म भरते युवाओं की भीड़ बता रही थी कि शहर में आज भी नाटक देखने का एक क्रेज़ है। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रस्तुति शाम 5:00 या 5:15 बजे तक शुरू हो जानी थी, लेकिन थोड़ा इंतज़ार करना पड़ा और लगभग 5:30 बजे नाटक आरंभ हुआ। यहाँ वरिष्ठ दर्शकों के लिए कुर्सियों की व्यवस्था थी, वहीं युवा छात्रों के लिए ज़मीन पर बैठने का इंतज़ाम किया गया था। काफ़ी युवा छात्र पीछे खड़े होकर नाटक शुरू होने का इंतज़ार कर रहे थे।

नाटक शुरू होते ही वैचारिक धरातल पर कई गहरे सवाल उठाता है। साहित्य में समाज-कल्याण और प्रतिरोध की एक लंबी परंपरा रही है। सर्वेश्वरदयाल सक्सेना, मुक्तिबोध और नागार्जुन जैसे लेखकों ने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज की बुराइयों पर हमेशा तीखा कटाक्ष किया है। शाहिद अनवर का यह नाटक भी जनता की इसी चुप्पी को तोड़ने की कोशिश करता है।

नाटक दिखाता है कि किस तरह सत्ता या किसी व्यक्ति विशेष पर पूर्ण निर्भरता अंततः मनुष्य की मृत्यु का कारण बन सकती है। यह शिक्षा-व्यवस्था पर बाज़ार और मुनाफ़े के बढ़ते दबाव पर भी तीखी चोट करता है। नाटक में दिखाया गया है कि सत्ता में बैठे लोग समाज के एक बड़े हिस्से को किस तरह इस स्थिति में ढाल देते हैं कि व्यक्ति अपने मौलिक अधिकारों का हनन होने पर भी सत्ता या शासन-व्यवस्था से सवाल नहीं पूछ पाता। नाटक में अध्यापक का पात्र इसी प्रवृत्ति का प्रतिनिधित्व करता है। वह छात्रों को एक ऐसे घेरे में बाँध देता है, जहाँ वे केवल मशीन बनकर रह जाते हैं। वे अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करने के बजाय अध्यापक की हाँ में हाँ मिलाते रहते हैं।

इसके बरक्स नाटक का विद्रोही पात्र ‘ओसावरी’ है, जिसे सवाल पूछने और विरोध-प्रदर्शन करने के कारण मार दिया जाता है। उसका किरदार दर्शकों के भीतर यह सवाल पैदा करता है कि क्या एक स्वतंत्र देश में विरोध करने की ऐसी सज़ा हो सकती है? शायद नाटक का सार इसी विद्रोह और उसकी मृत्यु में निहित है।

नाटक में केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों (IR) और वैश्विक बाज़ार की राजनीति पर भी गहरा तंज़ किया गया है। एक दृश्य में चीन, इज़राइल, जापान और अमेरिका से आए प्रतिनिधियों के बीच बातचीत दिखाई गई है। इसमें इज़राइल और अमेरिका के कूटनीतिक रिश्तों को बहुत सटीक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इज़राइल का प्रतिनिधि अमेरिकी प्रतिनिधि की हर बात में हाँ मिलाता नज़र आता है। वहीं अमेरिकी प्रतिनिधि इस बात पर भी चिंता जताता है कि मिडिल ईस्ट में अमेरिका का सामान बिकना कैसे बंद हो गया है। यह दृश्य वैश्विक बाज़ारवाद और पूँजीवादी शक्तियों के असली चेहरे को सूक्ष्मता और व्यंग्य के साथ रंगमंच पर प्रस्तुत करता है।

नाटक में फ़ाशीवाद का प्रभाव भी साफ़ दिखाई देता है। एक दृश्य में अध्यापक छात्रों को हिटलर और जर्मनी (द्वितीय विश्वयुद्ध) से जुड़ी एक फ़िल्म दिखाता है, लेकिन लोग हिटलर को दोषी मानने के बजाय यह सवाल पूछने लगते हैं, “हिटलर ने आख़िर ऐसा क्या ग़लत किया?”

अध्यापक उन्हें यह समझाने के लिए कि हिटलर ग़लत क्यों था, उनके बीच ‘बी थ्री’ (B3), यानी ‘ब्लैकबोर्ड ब्रिगेड’, की शुरुआत करता है और उन्हें एक नारा देता है, “गर्व ही गुण है।” अध्यापक द्वारा बार-बार यह पाठ पढ़ाए जाने के बाद हालात ऐसे बन जाते हैं कि वे ख़ुद ही यह घोषणा करने लगते हैं, “हम सबसे अच्छे हैं, हम सर्वश्रेष्ठ हैं।” लेकिन ओसावरी इस थोपे गए विचार का विरोध करती है। वह सवाल उठाती है, “तुम किससे अच्छे हो?” और कहती है कि इस विचार में महज़ गहरा अहंकार झलकता है।

जैसे ही वह इस अहंकार को छोड़ने की बात करती है और उस सत्ता का विरोध करती है, जो उसे सही नहीं लगती, उसे मौत के घाट उतार दिया जाता है। ओसावरी की मृत्यु में ‘सतसंगी’ जैसे पात्र की भूमिका मनुष्य के मनोविज्ञान की एक गहरी परत खोलती है। सतसंगी एक साधारण पात्र है, लेकिन शुरुआत से ही दूसरों से थोड़ा कटा-कटा रहता है। वह ख़ुद को सबसे अलग दिखाना चाहता है। इसके लिए वह “माय लिटिल इडियट” जैसी बातें कहता है। लेकिन सवाल यह है कि वह दूसरों से अलग कैसे हो? ऐसे में जब उसे ‘बी थ्री’ (B3) जैसे संगठन का सहारा मिलता है, तो उसे लगता है कि उसे एक अलग पहचान मिल गई है। B3 संगठन उसका पूरी तरह ब्रेनवॉश कर देता है। वह देश की उस आम जनता का प्रतीक बन जाता है, जिसे लगता है कि स्वतंत्र रूप से उसका अपना कोई अस्तित्व नहीं है। लेकिन जब उसे कोई ऐसा संगठन मिल जाता है, जो उसे उकसाता है, तो वह अचानक उग्र हो उठता है। सतसंगी भी संगठन का साथ पाकर अपने भीतर की सारी कुंठाओं और विचारों को बाहर निकालने लगता है। वह कितनी आसानी से इस पूरे जाल में फँसकर ओसावरी को मौत की ओर धकेल देता है।

नाटक का सबसे बड़ा सवाल इसके बाद सामने आता है। ओसावरी पूछती है, “मेरी क्या ग़लती थी, जो मुझे मार दिया गया?” यह सवाल दर्शकों के मन में एक गहरी बेचैनी छोड़ जाता है। एक व्यक्ति, जो केवल उस चीज़ का विरोध कर रहा था, जिसे वह सही नहीं मानता था, उसे महज़ इसी कारण मार देना कहाँ तक उचित है?

इन भारी-भरकम सवालों को अभिनेताओं ने अपने अभिनय से बख़ूबी जिया। कुछ किरदारों के अभिनय में आया विकास विशेष रूप से ध्यान खींचता है। पहले दिन ‘टोकस’ का प्रदर्शन अभिनय के स्तर पर काफ़ी कमज़ोर लगा था, लेकिन अंतिम दिन तक आते-आते उसके अभिनय में ज़बरदस्त सुधार दिखाई दिया। इसी तरह ‘डायरेक्टर’ की भूमिका निभा रहीं सृष्टि और ‘प्रिंसिपल’ के किरदार में उतरीं अभिनेत्री का काम भी सराहनीय लगा।

इन तमाम चुनौतियों और रिहर्सल के तनावपूर्ण दौर से गुज़रने के बाद स्वराज विद्यापीठ के लॉन में ‘बी थ्री’ (B3) का प्रभाव बहुत गहरा रहा। जब शो ख़त्म हुआ और तालियाँ गूँजीं, तो स्पष्ट था कि लोग महज़ मनोरंजन लेकर नहीं, बल्कि ओसावरी के उस सवाल को अपने साथ घर ले जा रहे थे, “मेरी क्या ग़लती थी?”

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट