Font by Mehr Nastaliq Web

C/O बंगाल : बुलडोज़र और बुक-बेइज़्ज़ती

बंगाल ने हाल ही में वह देखा, जिसकी उसने अब तक कल्पना भी नहीं की थी। सड़कों पर हज़ारों किताबें उड़ती रहीं। बुलडोज़र आए और किताबों की दुकानों को तोड़ते चले गए... ज्ञान, विज्ञान और साहित्य की किताबें बिखरकर ज़मीन पर गिरती रहीं और अज्ञान के वातावरण में हवा और भारी होती गई। 

बंगाल के सबसे कट्टर नास्तिक व्यक्ति के पैर से भी अगर अनजाने में कोई पुस्तक छू जाए, तो उसका हाथ सहज ही माथे तक पहुँच जाता है। यह संस्कार उसने धार्मिक उपदेश से नहीं, अपनी सांस्कृतिक परंपरा से सीखा है। पुस्तक पूजा की सामग्री है—यह बंगाल ने अपने ढंग से दुनिया को दिखाया है। सरस्वती पूजा के दिन यही बंगाली देवी के चरणों में अपनी गणित की किताब रखता है। जैसे ज्ञान और पुस्तक का सम्मान किसी धार्मिक विश्वास या विचारधारा की सीमा में बँधा हुआ नहीं है।

ऐसे ही दुर्गा पूजा के पंडालों के आस-पास एक अलग ही दुनिया सजती है। चूड़ियों, कपड़ों, घरेलू सामानों, हाँडी-कलछी, बिरयानी और चॉप की दुकानों के बीच जब किताबों की दुकान दिखाई देती है; तो रंग-बिरंगी रोशनियों, भीड़ और उत्सव के शोर के बीच उसका होना बंगालियों को स्वाभाविक लगता है। वहाँ पूजा के अवसर पर प्रकाशित उपन्यासों, कविता-संग्रहों और साहित्यिक तथा वैचारिक पुस्तकों के नए-नए संस्करण मिलते हैं। कोई रसोई की नई किताब ख़रीदता है, तो कोई लेनिन की रचनाएँ। लक्ष्मी पंचाली के साथ नक्सलवादी कविता-संग्रह भी उसी पुस्तक-दुकान में अपनी जगह बनाए रहते हैं। अल्पना बनाने की पुस्तकें, ऊन बुनने के तरीक़े, खाना पकाने की विधियाँ, पहेलियाँ और परीकथाएँ—इन सबके साथ सुभाष मुखोपाध्याय, माणिक बंद्योपाध्याय, सुकांत भट्टाचार्य और राहुल सांकृत्यायन की पुस्तकें भी मिलती हैं।

बंगाल में सार्वजनिक दुर्गोत्सव के लोकतांत्रीकरण और मुद्रित बंगाली साहित्य के विकास के इतिहास में एक रोचक काल-साम्य दिखाई देता है। 1790 में हुगली ज़िले के गुप्तिपाड़ा में स्थानीय लोगों ने चंदा इकट्ठा करके पहली बार बारोयारी दुर्गा पूजा का आयोजन किया था। यह पहल दुर्गोत्सव को धनी परिवारों और ज़मींदारों के निजी अधिकार-क्षेत्र से निकालकर आम लोगों की भागीदारी का उत्सव बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण क़दम थी।

इससे कुछ वर्ष पहले, 1778 में, हुगली में नाथानिएल ब्रैसी हालहेड की A Grammar of the Bengal Language के प्रकाशन के लिए पंचानन कर्मकार ने बंगाली मुद्रण के चल अक्षरों का निर्माण किया था। बांग्ला भाषा में मुद्रण के इतिहास में यह एक निर्णायक घटना थी। एक ओर सार्वजनिक पूजा के माध्यम से उत्सव आम लोगों तक पहुँच रहा था, तो दूसरी ओर मुद्रण तकनीक के विकास ने ज्ञान और साहित्य को अधिक व्यापक पाठक-वर्ग तक पहुँचाने की राह खोल दी थी।

समय के साथ बंगाल की दुर्गापूजा सचमुच मनुष्य से मनुष्य के मिलने का उत्सव बन गई। इसकी सांस्कृतिक परंपरा में पुस्तकें भी बहुत पहले से शामिल रही हैं। हाथों की चूड़ियों, काग़ज़ की फिरकियों, लकड़ी के खिलौनों, पीढ़ों और दूसरे घरेलू सामानों के बीच पुस्तकें भी उसी मेले का हिस्सा रही हैं। बंगाल की एक विशिष्ट सांस्कृतिक विशेषता यह है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर साहित्य का एक विशाल संसार रचा और प्रकाशित होता है। आज भी तीन हज़ार से अधिक ‘शारदीय अंक’ दो जिल्दों के बीच पाठकों तक पहुँचते हैं। ऐसे में यदि कोई प्रशासक पूछता है कि दुर्गापूजा के पंडाल में किताबों की दुकान क्यों है, तो लगता है कि यह सवाल बंगाल के सांस्कृतिक इतिहास की एक लंबी परंपरा को ही नकार रहा है।

दुर्गा पूजा हमारे समाज का एक विशाल सांस्कृतिक तंबू है; जिसमें अनेक रंग, विश्वास और विचार एक साथ जगह पाते हैं। लंबे वामपंथी शासन के दौरान भी बंगाल में ऐसे अनेक लोग थे; जिन्हें प्रायः नास्तिक मार्क्सवादी कहा जाता था, लेकिन वे अष्टमी के दिन पुष्पांजलि देने भी जाते थे। पूजा-पंडाल के पास लाल कपड़े से ढके वामपंथी पुस्तक-स्टॉल भी लगते थे। साठ और सत्तर के दशक से यह दृश्य सामूहिक जीवन का एक अविभाज्य हिस्सा रहा है। उन्हीं पुस्तक-स्टॉलों से बंगालियों को विश्व साहित्य का परिचय मिला और अनेक विचारधाराओं तथा देशों के लेखकों को पढ़ने का अवसर मिला। वहाँ धर्म और राजनीति, आस्था और अनास्था, लोकजीवन और आधुनिक विचारधारा... सबके लिए जगह थी।

लेकिन इस बार दुर्गापूजा के दौरान आगमनी गीतों में बेटी के घर लौटने की जो मर्मस्पर्शी प्रतीक्षा और विजया के गीतों में विदाई की जो वेदना रही है, उसकी महीन संवेदना कहीं खोती हुई दिखाई दी। हज़ारों वर्षों की सांस्कृतिक साधना से निर्मित इस संवेदनशीलता के स्थान पर जैसे एक अपरिचित, आक्रामक और असहिष्णु वातावरण ने जगह बना ली है... पुस्तकों की दुकानों को तोड़ने के लिए बुलडोज़र आ पहुँचे... बिखरी हुई पुस्तकों को समेटने के बजाय उन्हें नगर निगम के कूड़ेदान तक पहुँचते देखा गया। जिन पुस्तकों के पन्नों में मनुष्य की स्मृतियाँ, संघर्ष, स्वप्न और विचार सुरक्षित रहते हैं; वे अचानक कचरे की वस्तु बना दी गईं। यह दृश्य उस सांस्कृतिक स्मृति के अपमान का दृश्य था, जिसने बंगाल को पुस्तक और विचार के प्रति एक विशेष अनुराग दिया है।

ऐसे समय में रे ब्रैडबरी के प्रसिद्ध उपन्यास Fahrenheit 451 की याद आना स्वाभाविक है। उस डिस्टोपियाई संसार में सत्ता ऐसी व्यवस्था कायम करना चाहती है; जहाँ मनुष्य को सोचने, प्रश्न करने या असुविधाजनक सत्य से सामना करने का अवसर न मिले। ब्रैडबरी की वह कल्पना आज के बंगाल की कुछ घटनाओं को देखते हुए एक असहज प्रश्न की तरह हमारे सामने खड़ी हो जाती है। क्या हमारा समाज भी किसी डिस्टोपियाई यथार्थ की ओर बढ़ रहा है? क्या विचारों से असहमति का उत्तर अब पुस्तकों को नष्ट करके दिया जाएगा? क्या पुस्तक का मूल्य इस बात से तय होगा कि वह किस विचारधारा की है? और क्या आने वाले दिनों में पाठक को यह भी सोचना पड़ेगा कि वह कौन-सी पुस्तक सार्वजनिक रूप से पढ़ सकता है और कौन-सी नहीं?

वामपंथी विचारधारा के प्रति राजनीतिक विरोध या कटुता कोई नई बात नहीं है। इस तरह की आलोचना, आरोप-प्रत्यारोप और वैचारिक संघर्ष पहले भी होते रहे हैं। यूरोप के मध्ययुगीन इतिहास में पुस्तकों और ज्ञान के विरुद्ध ऐसी असहिष्णुता के अनेक उदाहरण मिलते हैं। नाज़ी जर्मनी में भी विचारधारात्मक असहमति के आधार पर पुस्तकों को सार्वजनिक रूप से जलाया गया था। भारत में भी 1940 के दशक के दौरान मद्रास प्रेसीडेंसी में ब्राह्मणवाद-विरोधी द्रविड़ आंदोलन के एक दौर में मनुस्मृति और कुछ अन्य धार्मिक ग्रंथों को जलाने की घटनाएँ हुई थीं। लेकिन बंगाल में हाल के दिनों में जो कुछ घटा, उसकी प्रकृति कुछ अलग है।

इस संदर्भ में ही हमारे प्रधानमंत्री द्वारा प्रचलित किया गया एक और शब्द ध्यान देने योग्य है—‘दिमाग़ी नक्सल’। हिंदी में ‘दिमाग़’ का अर्थ बुद्धि या मस्तिष्क है और ‘दिमाग़ी’ का सामान्य अर्थ है बौद्धिक अथवा मानसिक। प्रधानमंत्री इस पदबंध के माध्यम से संभवतः उन लोगों की ओर संकेत करते हैं, जिन्हें वह नक्सलवादी विचारधारा से प्रभावित बुद्धिजीवी मानते हैं। लेकिन इस शब्द के राजनीतिक इस्तेमाल का दायरा धीरे-धीरे इतना विस्तृत कर दिया गया है कि ज़रा-सी भी असहमति रखने वाले अनेक लोगों को भी इसी श्रेणी में डालने की कोशिश दिखाई देती है।

बंगाल की भाषाई ज़मीन पर इस शब्द का एक दिलचस्प अर्थ-संबंध भी बनता है। हिंदी का ‘दिमाग़’ बांग्ला में ध्वनिगत और अर्थगत परिवर्तन के साथ ‘देमाग’ के रूप में प्रचलित है, जिसका अर्थ है घमंड, अहंकार या दर्प। इस लिहाज़ से ‘देमाकी’ [দেমাক/দেমাকি] कहने पर अर्थ निकल सकता है—‘अहंकारी’ या ‘दंभी’। जो किसी ज्ञानी व्यक्ति के पास होता है; वह अहंकार नहीं, आत्मसम्मान है। इन दोनों के बीच के अंतर को भी इस भाषाई संदर्भ में समझा जा सकता है।

एक और बात कही जा रही है कि राज्य के तमाम शिक्षण संस्थानों से वामपंथियों को पूरी तरह बाहर कर दिया जाएगा। बंगाल की वाम राजनीति अनेक धाराओं, संगठनों, मतभेदों और ऐतिहासिक अनुभवों से निर्मित हुई है। यहाँ संसदीय वामपंथ है, क्रांतिकारी वामपंथ है, नक्सलबाड़ी की ऐतिहासिक परंपरा है और विभिन्न समाजवादी धाराएँ हैं। इन सबको एक ही राजनीतिक ठप्पे के नीचे रख देना कितना तर्कसंगत है? क्या किसी शिक्षक, लेखक, शोधकर्ता अथवा विद्यार्थी की वैचारिक असहमति उसे किसी प्रतिबंधित राजनीतिक पहचान के साथ जोड़ देने का पर्याप्त आधार हो सकती है? इन सवालों पर विचार किए बिना किसी पूरे वैचारिक समुदाय को शिक्षण संस्थानों से हटाने की बात करना लोकतांत्रिक बहुलता के लिए गंभीर चुनौती है।

1960 के दशक में चीन और पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद जब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से अलग होकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का गठन हुआ, तब कांग्रेस समर्थकों के बीच एक व्यंग्यात्मक नारा ख़ूब सुनने को मिलता था। माकपा के झंडे में मौजूद हँसिया-हथौड़े और लाल तारे की ओर संकेत करते हुए कहा जाता था :

चीन का हँसिया-हथौड़ा और पाकिस्तान का तारा,
इसके बाद भी पूछना है, देश का दुश्मन कौन हमारा?

बाद में नक्सलबाड़ी आंदोलन के दौरान कुछ क्रांतिकारी नेताओं और कार्यकर्ताओं की चीन के प्रति खुली प्रशंसा तथा माओवाद के प्रभाव ने इस आरोप को और तीखा कर दिया। कांग्रेस की ओर से तब और ज़ोर देकर कहा जाने लगा कि हम राष्ट्रवादी हैं, जबकि वे विदेशी शक्तियों के इशारे पर चलने वाले लोग हैं। 

लेकिन यहाँ एक बुनियादी सवाल उठता है। क्या किसी विचारधारा का जन्म भारत के बाहर हुआ है, इसलिए वह अपने आप भारत-विरोधी हो जाती है? यदि ऐसा है तो आधुनिक लोकतंत्र, समाजवाद, उदारवाद, राष्ट्रवाद, संसदीय शासन और आधुनिक शिक्षा की अनेक अवधारणाओं को भी इसी कसौटी पर परखना होगा। विचारों का भूगोल उनकी नैतिकता और उपयोगिता का अंतिम प्रमाण नहीं हो सकता। कोई विचार बाहर से आकर भी किसी देश की सामाजिक परिस्थितियों में नया अर्थ ग्रहण कर सकता है, जबकि देशज परंपरा से निकला कोई विचार भी समय के साथ दमन और असहिष्णुता का औज़ार बन सकता है।

विचारधाराओं का मूल्यांकन उनके जन्मस्थान से नहीं, बल्कि इस आधार पर होना चाहिए कि वे मनुष्य और समाज के किन पक्षों के साथ खड़ी होती हैं। वामपंथी विचारधारा की बुनियादी प्रतिबद्धता शोषण, असमानता और अन्याय के विरुद्ध तथा श्रम करने वाले, वंचित और उत्पीड़ित मनुष्यों के पक्ष में रही है। उसका सरोकार किसी एक देश, जाति या भूगोल तक सीमित नहीं; बल्कि उन तमाम मनुष्यों से है, जिनका श्रम और जीवन शोषण की व्यवस्था के अधीन है। इस अर्थ में वामपंथ किसी देश के विरुद्ध नहीं, बल्कि हर उस व्यवस्था के विरुद्ध खड़ा होता है जो मनुष्य की गरिमा, समानता और स्वतंत्रता का हनन करती है। जहाँ शोषण है, वहाँ उसके प्रतिरोध की ज़रूरत है; जहाँ अन्याय है, वहाँ बराबरी और न्याय की आवाज़ की ज़रूरत है। इसलिए किसी विचारधारा को केवल उसके विदेशी उद्गम के आधार पर ख़ारिज कर देना न तो तर्कसंगत है और न ही उसके वास्तविक सामाजिक सरोकारों को समझना।

यह बहुत स्वाभाविक है कि किसी पुस्तक से असहमति हो सकती है, उसके तर्कों को चुनौती दी जा सकती है, उसकी ऐतिहासिक और वैचारिक सीमाओं को उजागर किया जा सकता है;लेकिन पुस्तक को नष्ट करना दरअस्ल उस संभावना को ही नष्ट करना है, जिसके बिना किसी लोकतांत्रिक समाज का विकास संभव नहीं। जिस बंगाल में नास्तिक के घर में भी पुस्तक से पैर छू जाने पर हाथ माथे तक पहुँच जाता है, जहाँ सरस्वती के चरणों में गणित की पुस्तक रखी जाती है, जहाँ लक्ष्मी पंचाली और नक्सलवादी कविता एक ही मेले में बिकती हैं, जहाँ दुर्गा पूजा के साथ हज़ारों शारदीय अंक प्रकाशित होते हैं—उस बंगाल में पुस्तक की दुकान पर बुलडोज़र चलना सिर्फ़ राजनीतिक नीति या दर्शन का मामला नहीं है। यह गहरी सांस्कृतिक विडंबना है।

देश, जाति और समाज को आगे बढ़ाते हैं—विद्या, विज्ञान, चेतना, विवेक और मनुष्यता। इन सबका सबसे बड़ा स्रोत हैं किताबें। विभिन्न विचारों को पढ़कर ही मनुष्य के भीतर नए विचार जन्म लेते हैं। वह प्रश्न करना सीखता है, असहमति का साहस जुटाता है और सत्ता को तर्क की कसौटी पर परखता है। इसीलिए कोई भी सत्ता हमेशा किताबों से डरती है।  

किताबों को कुचलना दरअस्ल समाज की चेतना, विचारों की स्वतंत्रता और मनुष्यता को कुचलने की कोशिश है... और शायद इसीलिए आज बंगाल को वह देखना पड़ रहा है, जिसकी उसने कभी सपने में भी कल्पना नहीं की थी।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

अन्य C/O बंगाल यहाँ पढ़िए : C/O बंगाल

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट