Font by Mehr Nastaliq Web

बेरोज़गार पिता की बेटी

berozgar pita ki beti

मदन कश्यप

मदन कश्यप

बेरोज़गार पिता की बेटी

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    उसकी आँखों में हमेशा एक उजाड़ होती है

    जेठ की गर्मी में झुलसी हुई झाड़ियाँ और खरपतवारों वाली

    तपती भूमि जैसी व्याकुल निर्जनता

    बाल रूखे-रूखे होते हैं और चेहरे पर झाँइयों की उदासी

    वह न जोर से बोलती है

    न दूर तक देखती है

    पुराना स्कूल ड्रेस मटमैला हो चुका है

    जिसे वह शिक्षकों और सहपाठियों की ही नहीं

    अपनी नज़रों से भी बचाती रहती है

    थैला अपनी चमक और रंग खो चुका है

    उसमें जगह-जगह टाँके लग चुके होते हैं

    जूतों की बस पाँव में टिके भर होने की हैसियत बची होती है

    वह सबके बीच चलती है

    सबसे छिपती हुई

    उसे दौड़ना और गिरना मना है

    ऐसा हुआ तो अनर्थ हो जा सकता है

    फट जा सकता है स्कर्ट

    टूट जा सकता है थैले का फीता

    या जूते का तल्ला

    सबसे अलग जाकर खोलती है पुराना टिफिन बॉक्स

    कभी-कभी तो ज़रूरी एकांत के अभाव में अनखुला ही रह जाता है

    वह भूख से कहीं ज़्यादा लोगों की नज़रों से डरती है

    समय पर फ़ीस नहीं ज़मा करने के लिए

    अक्सर सुनती है झिड़कियाँ

    कभी-कभी आ जाती है नाम कटने की भी नौबत

    तब समझदार माता-पिता कुछ करते हैं

    और उसे झाड़ू-पोंछा के काम में लग जाने से बचा लेते हैं

    वह कभी-कभी बगल में बैठी किसी बच्ची से पानी माँगती है

    पानी उसके पास होता है तब भी

    कातरता उसके चेहरे पर इस तरह छलक रही होती है

    कि अक्सर छुपाने के चक्कर में

    वह ख़ुद उसमें छुप जाती है

    बेरोज़गार पिता की बेटी के जीवन में सब कुछ तदर्थ है

    कल का कुछ भी पता नहीं

    वर्तमान ही इतना त्रासद है कि भविष्य की ओर क्या देखे

    फिर भी कभी-कभी वह सोचती है

    कि शायद उसके पिता को मिल जाए कोई काम

    और उसके घर में भी आ जाएँ कुछ पैसे

    बरसात नहीं तो छींटे ही सही

    ऐसा कुछ सोच कर कभी-कभी ख़ुश हो लेती है

    बेरोज़गार पिता की बेटी!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY