Font by Mehr Nastaliq Web

समीक्षा : साइकिल के दिन और ‘मट्टो की साइकिल’

बीतते वक़्त के साथ अतीत कई रूपों में सामने आ खड़ा होता है। इस बार अतीत साइकिल पर बैठा हँस रहा था। मैं समझ गई कि यह अमेज़ॅन प्राइम वीडियो पर देखी फ़िल्म ‘मट्टो की साइकिल’ का असर है। इसलिए मैंने एक बार फिर अतीत से पीछा नहीं छुड़ाया!

मैं सोच रही थी कि कौन होगा, जिसने दुपहिया वाहन—स्कूटी, स्कूटर और मोटरसाइकिल चलाने से पहले साइकिल न चलाई हो! साइकिल चलाई हो और घुटने न छिले हों! गिरकर दाएँ-बाएँ देखा न हो, कपड़े झाड़कर साइकिल उठाई न हो और फिर सँभलकर चलाने की कोशिश न की हो! मेरे ख़याल से साइकिल चलाने वाले वे दिन मौज के दिन थे। पहली बार अपने जीवन में कुछ अलग करके दूसरों को प्रभावित करने के दिन। लेकिन अब साइकिल और उसकी सवारी गुज़रे ज़माने की बात हो गई है। फिर जो गुज़र गया, उसका रोना कहाँ तक रोएँ! परिवर्तन को स्वीकार करके आगे बढ़ने में ही समझदारी है। और हम समझदार बन रहे हैं।

व्यस्तता ने हमें यह समझाया कि साइकिल चलाने से शरीर की चर्बी छँटती है। जिम जाना जीवन का ऐच्छिक नहीं, अनिवार्य हिस्सा होना चाहिए। जो जिम न जा सके, वह साइकिल पर पैडल मारकर सुबह या शाम थोड़ी देर ही सही, कुछ दूर जाकर अपने शरीर को छरहरा और दिल को स्वस्थ रख सकता है। इसका अर्थ यह है कि किसी-न-किसी तरह साइकिल एक बार फिर हमारे जीवन का हिस्सा बनने को तैयार है, बशर्ते हम उसे अपना हिस्सा बनाना चाहें!

मैंने कभी भली-भाँति याद नहीं किया था साइकिल चलाने वाले अपने उन बेफ़िक्र दिनों को। लेकिन ‘मट्टो की साइकिल’ ने मुझे नासमझी और अपने लिए जीने के उन तमाम दिनों की याद दिला दी। बढ़ती उम्र के साथ बढ़ती समझदारी किसी को भी बेफ़िक्र कहाँ रहने देती है! शायद इसीलिए बचपन के दिन फिर से लौट आने की आरज़ू हमेशा मन में बनी रही। सिलसिलेवार याद आता है कि मैंने साइकिल चलाना छोटी साइकिल से सीखा था, जिसे उन दिनों हम ‘पव्वा’ कहते थे। ‘पव्वा’ रशीद चाचा की साइकिल की दुकान पर पच्चीस या पचास पैसे प्रति घंटे के हिसाब से किराए पर मिल जाता था।

साइकिल सीखना भी उन दिनों बहुत बड़ा टास्क था। सहेलियाँ चलते-चलते साइकिल की सीट और हैंडल पकड़तीं। मैं बैठती और पैडल मारती। जब तक साइकिल रफ़्तार न पकड़ लेतीं, वे मेरे साथ चलती रहतीं। लेकिन जैसे ही साइकिल रफ़्तार पकड़ने लगती, ये ख़ास दोस्त दुश्मन बनकर मुझे अकेला छोड़ देतीं। घुटने छिल जाते, हैंडल टेढ़ा हो जाता, तो क्या फ़र्क़ पड़ता! आख़िर सब इसी तरह तो साइकिल चलाना सीखते हैं।
साइकिल की उतरी हुई चेन ठीक करना और हैंडल सीधा करना हर साइकिल चलाने वाले की पहली शर्त थी। मैंने इस शर्त को भी पूरा किया। हवा भरवाना और पंचर ठीक करवाना मैं रशीद चाचा की दुकान से ही करवाती थी। कभी पैसे न भी दिए, तो रशीद चाचा ने मुँह नहीं बनाया। उलाहना तक नहीं दिया।

“ला छोरी, पहले थारी साइकिल ठीक कर दूँ। स्कूल जाणो है नी!”

यह कहते ही वह अपने काम में लग जाते और मैं वहीं उनकी दुकान की चातरी (चबूतरे) पर बैठ जाती। वे दिन अपनेपन से लबरेज़ थे। भरोसे और विश्वास के दिन थे।

धीरे-धीरे मन ने कहा, “पव्वा चलाना सीख लिया है, अब थोड़ी बड़ी और गुलाबी रंग की लेडीज़ साइकिल चलानी चाहिए, जिसके आगे टोकरी लगी हो और हैंडल पर घंटी बँधी हो।” अपनी साइकिल के ख़्वाब नींद में दस्तक देने लगे। डबल सवारी करके दूसरों पर अपना प्रभाव जमाने की बातें दिल के किसी कोने से उठने लगीं।

जिस तरह क़समें-वादे, प्यार-वफ़ा बातें हैं, बातों का क्या! उसी तरह मध्यवर्गीय लोगों के सपने भी ख़याली पुलाव होते हैं और ये ख़याली पुलाव बमुश्किल ही हक़ीक़त बन पाते हैं। मैं घर की स्थिति जानती थी। इसलिए नई साइकिल के सपने चूर-चूर होने पर शोक मनाना फ़िज़ूल था। किसी रिश्तेदार ने मेरे परिवार की डगमगाती आर्थिक स्थिति देखकर मदद के लिहाज़ से अपनी पुरानी जेंट्स साइकिल दे दी। मेरे मना करने का सवाल दूर-दूर तक नहीं था।

‘ईदगाह’ उन दिनों भी मेरी प्रिय कहानी थी। हमीद के खिलौने न ख़रीदने के लिए अपने नए तर्क गढ़ने और चिमटा ख़रीदने के पीछे के मायने मैं समझती थी। मैंने भी ख़ुद को तर्क दिए, “टोकरी फ़ालतू है, कोई ख़ास काम नहीं आती। घंटी भी बहुत जल्दी ख़राब हो जाती है। फ़ालतू पैसा जाता है इस मुई घंटी में।”

ऐसा कहते ही मैं किसी बड़े बोझ से हल्की हो गई। कुल मिलाकर मेरी जेंट्स साइकिल मेरी आज़ादी की निशानी तो थी ही, मेरे घर की ज़रूरत भी थी। उसी से स्कूल जाना, घर के लिए राशन लाना, बिजली का बिल भरने जाना और हाँ, गैस का सिलिंडर भी पीछे रखकर रस्सियों से बाँधकर लाना, ऐसे कई काम थे, जो उसकी बदौलत मैं कर पाई। इस साइकिल को देखकर कभी मम्मी ने कहा हो, “मारी छोरी छोरा सूँ कम कोनी।” और मैंने उस समय अपनी पीठ ख़ुद ही थपथपाई हो, ऐसी संभावना भी की जा सकती है।

लगभग छह साल तक ख़ूब साइकिल चलाने के बाद मैं आत्मविश्वास से लबरेज़ हो गई। कभी भी, कहीं भी जाना हो, तो बस साइकिल ज़िंदाबाद! डबलिंग करने में मुझे बड़ा मज़ा आता था। छोटी बहन और सहेली को कितनी ही दफ़ा अपनी साइकिल पर घुमा-घुमाकर सैर करवाई।

साइकिल की दुनिया ने मुझे हमेशा आकर्षित किया। जब कभी फ़िल्मों में हीरो अपनी हीरोइन को साइकिल के आगे लगे हैंडल पर बिठाता, तो मैं अवाक्-सी देखती रह जाती। हीरोइन कॉलेज से अपनी सहेलियों के साथ साइकिल पर बैठकर निकलती, तो सोचती कि कितनी आज़ाद और बिंदास दुनिया है इनकी! अभी दो साल पहले नीलेश रघुवंशी की कथेतर पुस्तक ‘शहर से दस किलोमीटर दूर’ पढ़ी। उसमें भी नीलेश रघुवंशी साइकिल से भोपाल में कितनी ही दूर चली जाती हैं! आज के ज़माने में उनका साइकिल चलाना भी मुझे रोमांच से भर गया।

यदि इन दिनों साइकिल किराए पर मिलने की बात करें, तो अब लगभग यह चलन बंद हो गया है। अमीर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए साइकिल ख़रीदना कोई बड़ी बात नहीं रही। उनके बच्चे जब और जैसी साइकिल चाहें, ख़रीद सकते हैं। उनका शौक़ बहुत जल्दी पूरा भी हो जाता है। दसवीं-बारहवीं तक आते-आते लड़के कब बाइक और लड़कियाँ कब स्कूटी चलाने लगती हैं, पता ही नहीं चलता। साइकिल से स्कूल जाते बच्चे अब कम नज़र आते हैं। किसी पुरुष की साइकिल के पीछे बैठी महिला अब अजूबा जान पड़ती है।

आज सड़कें तरह-तरह के दुपहिया वाहनों और कारों से भरी नज़र आती हैं। हर कोई जल्दी में है। हर किसी के पास पैसा है, इसलिए साइकिल की जगह स्कूटी और बाइक ख़रीदी जा सकती हैं। लोन की सुविधा उपलब्ध है। नई न सही, तो सेकंड हैंड गाड़ी ख़रीदने के भी एक से एक लुभावने ऑफ़र बाज़ार में हैं। साइकिल की सवारी करता आदमी ग़रीब और लाचार नज़र आता है। साइकिल के अलावा दूसरे दुपहिया वाहन किसी की ग़रीबी कम भले न करते हों, लेकिन उसे छिपा ज़रूर सकते हैं। शायद इसीलिए आदमी अपनी हैसियत को साइकिल से कम नहीं करना चाहता।

यद्यपि साइकिल का कोई मुक़ाबला किसी भारी वाहन से नहीं है, लेकिन आज भी किसी के लिए साइकिल एक उम्मीद है, उल्लास है, अपनी पहचान है, आत्मविश्वास है। अमेज़ॅन प्राइम वीडियो पर हाल ही में मैंने हिंदी फ़िल्म ‘मट्टो की साइकिल’ देखी, जो 2022 में रिलीज़ हुई थी। एम. गनी ने इस फ़िल्म की कहानी लिखी और इसका निर्देशन भी किया है। फ़िल्म में अभिनेता प्रकाश झा ने मुख्य भूमिका निभाई है। दिहाड़ी मज़दूर के किरदार में प्रकाश झा ख़ामोश रहकर भी बहुत कुछ कहते हैं। उनकी भाव-भंगिमाएँ उनके दर्द को बख़ूबी बयान करती हैं।

कहानी उत्तर प्रदेश के मथुरा के पास रहने वाले मट्टो की है। उसके पास एक बहुत पुरानी साइकिल है, लेकिन उसी के सहारे उसकी पूरी दुनिया चलती है। एक तरह से उसके परिवार के जीवन की बागडोर भी उसी साइकिल के हाथों में है। बार-बार ख़राब होती अपनी पुरानी साइकिल का वह यथासंभव इलाज कराता है, लेकिन गाहे-बगाहे वह मरियल, बूढ़ी साइकिल उसका साथ छोड़ने को मजबूर दिखती है।

दिहाड़ी मज़दूर मट्टो के परिवार में पत्नी के अलावा दो जवान होती बेटियाँ भी हैं। और कोई सुख माँगे न माँगे, लेकिन रोज़ चार लोगों का पेट सुबह-शाम दो वक़्त की रोटी तो माँगता ही है। पत्नी की बीमारी के कारण कई दिनों तक उसकी देखभाल करते हुए मट्टो दिहाड़ी पर नहीं जा पाता। नतीजतन, उसकी आर्थिक स्थिति और चरमरा जाती है। बीमार, बूढ़ी और लाचार साइकिल को आख़िर एक दिन कोई ट्रैक्टर टक्कर मार देता है और उसके प्राण-पखेरू उड़ जाते हैं। मट्टो भारी मन से उसे कबाड़ में बेच देता है और किश्तों पर नई साइकिल ख़रीदता है।

पूरा परिवार उस नई साइकिल का स्वागत ऐसे करता है, जैसे घर में कोई सबसे अमूल्य वस्तु आई हो। दिहाड़ी मज़दूर का खोया हुआ आत्मविश्वास लौटता है। अब वह काम पर देर से नहीं पहुँचेगा। समय पर न पहुँचने के कारण उसे किसी की दुत्कार नहीं सुननी पड़ेगी। लेकिन ग़रीब का दुर्भाग्य इतनी जल्दी पीछा कहाँ छोड़ता है! दूसरे ही दिन दिहाड़ी से लौटते समय कुछ बदमाश उसकी नई साइकिल छीन ले जाते हैं। रोता-बिलखता मट्टो अपनी साइकिल बचाने का हर संभव प्रयास करता है, लेकिन कमज़ोर की ताक़त जवाब दे जाती है।

इस स्थिति में मट्टो का दुख व्यक्तिगत नहीं रह जाता। वह हर श्रमिक, हर मज़दूर और हर ग़रीब का दुख बन जाता है। उसका रोना विचलित करता है। उसका रात भर जागना दुख से भर देता है। गाँव के प्रधान और पुलिस के पास शिकायत लेकर जाना कई सवाल खड़े करता है। उसकी छोटी-सी ख़ुशी पर ग्रहण लग जाता है। विलाप करते मट्टो का चेहरा दर्शकों को बहुत कुछ सोचने के लिए विवश करता है। हमें अपने देश के विकास पर शर्मिंदगी महसूस होती है।

कहानी मट्टो की साइकिल छिनने के बाद ख़त्म नहीं होती, बल्कि उसके दुख और तकलीफ़ की एक नई कहानी शुरू होती है, जो पर्दे पर नहीं, मेरे मन में चलती है।

मैं ख़ुद से पूछती हूँ...

क्या बिना साइकिल मट्टो अपने परिवार के लिए दो वक़्त की रोटी जुटा सकेगा? क्या साइकिल का दुकानदार उसकी साइकिल की किश्तें माफ़ कर सकेगा? क्या मट्टो और उसका परिवार ज़िंदा रह सकेगा? आख़िर पुलिस और गाँव का मुखिया उसकी साइकिल खोजना क्यों नहीं चाहते?

मन इन प्रश्नों का कोई जवाब नहीं दे पाता। ‘मट्टो की साइकिल’ किसी दिहाड़ी मज़दूर की बेबसी और लाचारी की कहानी है। यह हमारे समाज की आर्थिक विषमता को बहुत साफ़ ढंग से दिखाती है।

इस मट्टो की साइकिल ने मुझे अपने वे दिन याद दिला दिए, जिन्होंने मुझे मज़बूत बनाया। आज एक बार फिर मैंने समझा कि किसी दिहाड़ी मज़दूर के लिए साइकिल केवल सुविधा नहीं, पूरा जीवन जीने का ज़रिया है। और जब यह ज़रिया छूट जाता है, तो पूरा जीवन ही बेमानी लगने लगता है।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

विनीता बाडमेरा को और पढ़िए : प्रयागराज-यात्रा : सुकून की तलाश में

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट