रील रसाचार्य : रील काटने और कटवाने वाले
रचित
04 अक्तूबर 2026
जब कोई वक्ता किसी सार्वजनिक मंच पर बोलता है और जानता है कि कैमरे लगातार उसे रिकॉर्ड कर रहे हैं, तो वह कुछ अतिरिक्त सतर्क हो जाता है। उसे डर रहता है कि उसकी बात मीम या रील में बदल जाएगी, संदर्भ से काटकर देखी जाएगी और घंटे भर के वीडियो से निकाली गई एक मिनट की क्लिप के आधार पर उससे सवाल पूछे जाएँगे। ऐसे में वह अपनी ही बात पर पहरा बिठा लेता है। वह उसे थोड़ा चाशनी में लपेटता है, घुमा-फिराकर कहता है, नाम लेने से बचता है और ऐसी भाषा चुनता है जिसके कोई दूसरे अर्थ न निकल सकें। इससे बात अक्सर बोझिल हो जाती है, कई बार सुनने वाले भी भाँप लेते हैं कि वक्ता खुलकर नहीं बोल रहा। वक्ता की इस झिझक और चाशनी चढ़ाने को हम सेल्फ़-सेंसरशिप कह सकते हैं और बात को संदर्भ से काटकर वायरल करने को कॉन्टेक्स्ट कोलैप्स।
दूसरी तरह का वक्ता इसके ठीक उलट व्यवहार करता है। उसका उद्देश्य अपने साथी वक्ताओं की तुलना में बड़ी बात कहकर तालियाँ बटोरना होता है। वह पूरे सत्र पर छा जाना चाहता है। विषय को गंभीरता से लेना या समझाना उसकी प्राथमिकता नहीं होती। यह भी एक तरह की सेल्फ़-सेंसरशिप ही है, बस पहले वाली के ठीक विपरीत। इसका एक उदाहरण हमने पिछले साल देखा था जो समय रैना के शो बंद होने और उन पर मुक़दमों का कारण बना था।
फिर एक तीसरी तरह का वक्ता होता है, जो यह सब जानता और समझता है। उसे पता है कि आप कुछ भी कहें, जिसे जो ढूँढ़ना है, वह अपने मतलब की बात ढूँढ़ ही लेगा। मुझे यह तीसरा वक्ता बात और उसकी भाषा, दोनों स्तरों पर अधिक ईमानदार प्रतीत होते हैं।
जब मैं इस पर सोचता हूँ, तो याद आता है कि रील को आए अभी पाँच-छह साल ही हुए हैं, लेकिन यह प्रवृत्ति नई नहीं है। पहले अख़बारों पर बयान तोड़-मरोड़कर छापने के आरोप लगते थे। कितने ही पत्रकार इसके लिए बदनाम हुए। आज वही बदनामी रील काटने वालों और सोशल मीडिया पेशेवरों के हिस्से आती है, जैसे यह कोई कोई नई बात हो।
यह बात मैं इसलिए कह रहा हूँ कि पिछले वर्ष एक पत्रिका में मैंने एक लेख पढ़ा था। उसमें एक मीडिया-पेशेवर ने एक आयोजन में अपने वक्तव्य के वीडियो से अपनी रील काटे जाने से हुई असहजता पर दो पन्ने लिखे थे। वह लेख मेरे मन में काफ़ी दिनों तक रहा। मैं सोचता रहा कि उन्होंने ऐसा क्यों लिखा? क्या वह जानते नहीं कि रील कटने के भय या दबाव से अब पूरी तरह मुक्त नहीं हुआ जा सकता।
आज सामने से रिकॉर्ड होते कार्यक्रम के साथ सड़क पर चलना भी रिकॉर्ड की संभावना से बाहर नहीं है। इससे बचना लगभग असंभव है। बुरा लगना स्वाभाविक है, लेकिन किसी को ज़िम्मेदार ठहराकर अपने दुख की भावुक व्याख्या करना, उस आयोजन में उन्हीं के द्वारा कही गई दूसरी बातों के ख़िलाफ़ जाता है। प्रश्न यह भी है कि क्या हम ऐसे इंसान गढ़ रहे हैं जो अपनी ही कही बात का एक अंश सामने आने से इतना भयभीत हो जाए, जबकि वह तजुर्बेकार और समझदार है और इसकी पूरी साइंस, मैथ और केमिस्ट्री जानता है।
मेरा अनुमान है कि इसका एक कारण सांस्थानिक दबाव हो सकता है। संस्थान के बाद उनकी पहली पहचान आती है, जो कि ज़ाहिर है : उनकी दूसरी पहचान है कि वह मास्टर हैं, पढ़ाते हैं। वह बहुत मेहनती और विद्यार्थियों के प्रेरक बताए जाते हैं। वह विद्यार्थियों को प्रिय हैं, जबकि वह न जातिवादी हैं, न उनके पास अपनी जाति का कोई गुप्त मोर्चा और व्हाट्सऐप ग्रुप है।
वह इतने सुलझे हुए और समझदार लगते हैं कि यह लेख पढ़ते हुए लगा ही नहीं कि यह उनका लिखा हुआ है। यह लेख उनकी एक रील वायरल होने के बाद रील और वायरैलिटी के बारे में था। थोड़ा ज़्यादा कटु तरीक़े से अपनी बात रखते हुए वह रील को और ख़ासकर रील काटने वालों पर जिस ‘होलियर दैन दाउ’ वाली ऊँचाई से बात करते हैं, वह लगभग समस्याप्रद है। भावुक क़िस्म का आहत श्रेष्ठताबोध, जिसे यह एहसास भी है कि वह एक वायरल कंटेंट है। रील के वायरल होने के संकट और उसके बाद की उनकी मानसिक और सामाजिक स्थिति में हुए मर्मांतक संकटों का मार्मिक वर्णन था। रील वायरल होने के बाद वह ठगा महसूस कर रहे थे, कहीं अकेले में चले जाना चाहते थे, किसी अपने से मिल लेना चाहते थे... जैसे बुनियादी और मानव-अस्तित्व में हज़ारों सालों से घूम रहे चरम सवालों से टकराने का वर्णन था! मैं उनका मज़ाक़ नहीं उड़ा रहा, लेकिन मैं और किस शैली में इस पर बात करूँ?
मुझे उनसे पूरी संवेदना है और उनकी समझदारी या परेशानी पर मैं कोई प्रश्न नहीं उठा रहा। फिर भी इस सारी भावुकता के प्रति पूरे सम्मान के बाद भी मैं उनसे सहमत नहीं हो पाता। कारण, उस रील में उन्होंने जो कहा था, वह बहुत ज़रूरी बात थी। वहाँ मौजूद लोगों ने भी उसका समर्थन किया और सोशल मीडिया के दर्शकों ने भी। उस दिन जिन दो वक्ताओं ने मुझे सबसे अधिक प्रभावित किया, उनमें दूसरे यही थे। उस लेख में उन्होंने यह भी लिखा कि इस सत्र के लिए उन्होंने दो दिन तैयारी की थी, बिल्कुल की होगी; वह तैयारी दिख भी रही थी, लेकिन अगर तैयारी और इतने लंबे क्लासरूम एक्सपीरियंस के बाद आप ऐसा कुछ बोल गए जिसकी रील कटने पर आप लोगों की प्रतिक्रियाओं से आहत हुए, तब कैसे माना जाए कि वह तैयारी अच्छी थी। क्या यह मान लिया जाए कि आप हिंदुस्तानी शिक्षकों की उस प्रतिभा के भी निष्णात हैं जो मंच पर रंग जमाने के लिए तैयारी और सिलेबस से बाहर चले जाते हैं, इसीलिए मुझे लगता है कि जिस बात ने उन्हें आहत किया, वह उनकी तैयारी की कमी नहीं थी। संभव है कि उन्होंने मंच पर सहज होकर कुछ ऐसा कह दिया जो उनकी योजना से बाहर था। जिसके लिए किसी और को ज़िम्मेदार कैसे ठहराया जा सकता है।
लेख में ‘मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’ जैसी जो शिकायत की गई थी, वह एक जानी-पहचानी शिकायत है। सच यह है कि रील की अपनी सीमा है, ठीक वैसे ही जैसे फ़ेसबुक-पोस्ट की। जब आप किसी किताब का कोई अंश साझा करते हैं, तो स्वाभाविक रूप से वही अंश चुनते हैं जो आपको रोचक या प्रासंगिक लगे। उसके आधार पर कोई आपसे कुछ कहे, तो आप भी यही कहेंगे कि पूरी किताब पढ़िए।
उनकी रील देखते ही समझ आ रहा था कि वह एक बड़ी चर्चा की छोटी-सी क्लिप है, जिसका पूरा वीडियो यूट्यूब पर पहले से मौजूद है। आज के समय में कोई एक रील देखकर किसी का वैचारिक पक्ष तय कर लेने जैसा बचपना नहीं करता। वीडियो अब इतना नया माध्यम भी नहीं रहा। समझदार लोग जानते हैं कि राय पूरी बात देखकर ही बनानी चाहिए, बाक़ी नासमझों की राय पूरा देखने के बाद भी पूर्वाग्रहों से ही बनेगी तो उनका लोड लेने का कोई मतलब भी नहीं है।
मेरा आशय किसी की आलोचना नहीं, बल्कि एक संवाद आगे बढ़ाना है। मंच पर बोलने वाला हर व्यक्ति इस नई दुनिया के साथ अपने ढंग से तालमेल बैठा रहा है। जिस तीसरे वक्ता का मैंने ज़िक्र किया, वह शायद यही सीख देता है कि हमें अपनी बात पूरी ईमानदारी से कहनी चाहिए... उसके बाद जो होना है, होने देना चाहिए; क्योंकि दुनिया न कोई संस्थान है, न क्लासरूम।
•••
अन्य रील रसाचार्य यहाँ पढ़िए : रील रसाचार्य
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट