म्यूज़ियम ऑफ़ इनोसेंस : अधूरे प्रेम का अभिज्ञान
आयशा आरफ़ीन
16 मार्च 2026
वेब सीरीज़ ‘म्यूज़ियम ऑफ़ इनोसेंस’ [Museum of Innocence] ओरहान पामुक के इसी नाम से प्रकाशित नॉवेल पर आधारित है। इस सीरीज़ के नौ एपिसोड हैं। ज़ेयनेप गुनाई [Zeynep Günay Tan] इसकी निर्देशक हैं और उन्होंने ओरहान पामुक [Orhan Pamuk] की निगरानी में ही इस सीरीज़ को तैयार किया है। इस लिहाज़ से हम कह सकते हैं कि सीरीज़ नॉवेल की हू-ब-हू नक़ल है। नॉवेल 2008 में मंज़र-ए-आम पर आया था और सीरीज़ 13 फ़रवरी 2026 को नेटफ़्लिक्स [Netflix] पर रिलीज़ की गई।
सीरीज़ की शुरुआत में उस संग्रहालय की झलक नज़र आती है, जिसकी कहानी हमें आगे जाकर मालूम होती है। पहले ही सीन में दिखाया जाता है कि एक बूढ़ा शख़्स, ओरहन पामुक [जो सीरीज़ में ख़ुद मौजूद हैं] से कहता है कि वह उसकी कहानी दुनिया को बताए, वह उन चीज़ों के पीछे की कहानी बयान करे जो अब तक सिर्फ़ उस बूढ़े को ही मालूम है। वह कहता है कि उसने उस औरत—जिससे वह मुहब्बत करता था—के बालों की चिमटियाँ, सिगरेट के बट, कान के बुंदे, गिलास वग़ैरह इकट्ठे करने शुरू कर दिए थे। इससे और सीरीज़ के नाम से पहले से ही अंदाज़ा हो जाता है कि जिस औरत की बात हो रही है, वह या तो इस शख़्स की दुनिया में नहीं है या यह कि वह मर चुकी है। सीरीज़ के उनवान से तो यही लगता है, जैसे वह अब इस दुनिया में नहीं है। आख़िर संग्रहालय किसी ख़ास वक़्त, किसी ख़ास इंसान या किसी ख़ास घटना से जुड़ी नादिर चीज़ों का ही संग्रह होता है।
इसके बाद सीरीज़ की कहानी 30 साल पीछे, सन् 1975 में पहुँचती है। एरकान कमाल की आवाज़ में कहानी को बयान किया जा रहा है और यह आवाज़ बहुत सुकून देने वाली है।
कमाल बसमाची [सेलातिन पशलह | Selahattin Pasali] एक 32 साल का ख़ानदानी रईस है, जिसकी मँगनी सिबेल [ओया उनुसतसी | Oya Unustasi] से होने वाली है। सिबेल भी उसी की तरह पढ़ी-लिखी है और ऊँचे ख़ानदान से ताल्लुक़ रखने वाली एक ख़ूबसूरत औरत है। दोनों साथ में काफ़ी ख़ुश नज़र आते हैं। एक दिन चहल क़दमी के दौरान सिबेल को एक दुकान के काँच के पीछे रखा एक बैग पसंद आ जाता है और तभी कमाल को उसे वह बैग तोहफ़े में देने का ख़याल आता है। अगले दिन कमाल की मुलाक़ात फ़ुसूँ [एल्यूल लिज़े कांदमीर | Eylül Kandemir] से होती है और यहाँ से हालात बदलने शुरू हो जाते हैं। कमाल की नज़रों से यह अंदाज़ा होता है, जैसे उसमें फ़ुसूँ के लिए जिस्मानी चाह जागी हो। कैमरा फ़ुसूँ के चेहरे पर नहीं ठहरता बल्कि उन हिस्सों पर रुकता है, जो उत्तेजना पैदा कर सकते हैं। पहली नज़र का प्यार होता तो कैमरा चेहरे पर ठहरता। यहाँ तेलुगू फ़िल्म ‘वर्षम’ की बरबस याद आती है, [और भी कई फ़िल्में होंगी] जिसमें ‘नुवस्तानंटे निनोदनटाना’ गाने के दौरान जब हीरो-हीरोइन को नाचते देखता है, तब कैमरा उसके चेहरे पर टिकता है; मगर जब विलेन हीरोइन को नाचते देखता है, तब चेहरे के अलावा बाक़ी हिस्सों पर कैमरा ठहरता है। यहाँ यह नहीं कहा जा रहा कि कमाल विलेन है, बल्कि यह कहा जा रहा है कि पहले उसके दिल में फ़ुसूँ के लिए जिस्मानी चाह जागती है, बाद में यह चाह मोहब्बत का रूप ले लेती है।
कमाल, फ़ुसूँ को अपनी माँ के एक बंद पड़े मकान में बहाने से बुलाता है। शुरू से ही उसकी नीयत फ़ुसूँ के क़रीब आने की होती है। फ़ुसूँ एक 18 साल की लड़की है, जो उस दुकान में काम करती है—जहाँ महँगे ब्रांड की चीज़ों की नक़ल बेची जाती है, मगर उसे यह नहीं मालूम कि ये चीज़ें नक़ल हैं। वह कमाल के दूर के रिश्ते से उसकी बहन लगती है, हालाँकि उन दोनों में ख़ून का रिश्ता नहीं है। उम्र के इस फ़ासले को समझते हुए, अमीरी-ग़रीबी की इस दूरी को जानते हुए और यह जानते हुए भी कि कमाल की मँगनी सिबेल से होने वाली है; फ़ुसूँ, कमाल की चाहत को पूरा करती है। शुरुआत में, जब हमें दोनों की उम्र का फ़ासला बताया जाता है, दोनों का रिश्ता नबोकोव की ‘लोलिता’ और बलराज मेनरा की ‘ग़म का मौसम’ की याद दिलाता है। मगर पर्दे पर दोनों अदाकारों की उम्र में वह फ़ासला नज़र नहीं आता और सब कुछ बहुत ही स्वाभाविक-सा लगता है। हममें से बहुत होंगे, जिन्होंने अपने महबूब की इस्तेमाल की हुई चीज़ें इकट्ठी की होंगी। और हमने यह अमल तब किया होगा, जब हमें यह अंदाज़ा ही न हो कि हमारी उस शख़्स के साथ कोई कहानी बन भी सकती है।
फ़ुसूँ को एक कमसिन और मासूम लड़की दिखाया गया है। उसका चेहरा गोल है और वह धीमी आवाज़ में बातें करती है। उसकी मुस्कुराहट प्यारी है। मगर उसके चेहरे में कुछ ऐसा है, जो उसे मासूम बनने से रोकता है, उसकी आँखों में किसी चीज़ का लालच है। यूँ भी हर गोल चेहरा मासूम नहीं होता। अगर उसे मासूम दिखाने का इरादा था तो फ़िल्म में किसी और अदाकारा को लिया जा सकता था। मगर मुझे लगता है कहीं न कहीं किसी चीज़ की आड़ में, फ़ुसूँ को मासूम दिखाते हुए, उसे चालाक दिखाया गया है। जादूगरों की ज़बान में इसे नज़र का धोखा कहते हैं। आलोचनात्मक दृष्टिकोण से शायद इसे कोंट्रापंटल रीडिंग कहा जा सकता है। कमाल की माँ उसे बताती है कि किस तरह फ़ुसूँ की माँ ने उसे स्कूल के ज़माने में ही एक सौंदर्य प्रतियोगिता में भेज दिया था, वो तो ग़नीमत है कि वह इसमें जीत हासिल नहीं कर सकी, वरना कैसी जग-हँसाई होती। कमाल की माँ, फ़ुसूँ में उसकी दिलचस्पी को भाँप लेती है और उसे दबे लफ़्ज़ों में फ़ुसूँ जैसी लड़कियों से दूर रहने के लिए कहती है। मगर कमाल को फ़ुसूँ के क़रीब जाने लिए क़ुदरत के इशारे मिलते रहते हैं। शुरू-शुरू में कमाल को एक बुरा इंसान दिखाने की कोशिश की जाती है और बाद में वह सबकी हमदर्दी का पात्र बन जाता है। सीरीज़ पूरी तरह से कमाल के इर्द-गिर्द ही घूमती है। ज़ाहिर है यह उसी की कहानी है, उसी की ज़बानी। मगर मानना पड़ेगा यह काम निहायत अय्यारी से किया गया है। मैं बुरा होकर भी बुरा नहीं, वो अच्छी होकर भी बुरी है।
हालाँकि उस ज़माने में तुर्किये का यह दस्तूर नहीं था कि लोग एक-दूसरे से शादी से पहले प्यार करें [मुबाशरत करें] मगर सिबेल, मग़रिब से पढ़कर आई थी और वहाँ की लड़कियाँ अपने आशिक़ों से शादी से पहले तन्हाई में मिला करती थीं। यह बात उनके समाज के लोगों से छुपी नहीं थी। क्योंकि सिबेल और कमाल का रिश्ता अब बहुत आगे बढ़ चुका था, वह उसे छोड़ भी नहीं सकता था [इसका मतलब यह है कि सिबेल को छोड़ने का ख़याल कमाल के ज़ेहन में आया था]।
कमाल ने फ़ुसूँ से मिलने के लिए अपनी माँ से उनके एक दूसरे मकान की चाबी माँगी और उसकी माँ ने उसे वह चाबी दे भी दी थी। बाद में कभी उसकी माँ बताती है कि उन्हें यह मालूम था कि वह सिबेल के अलावा किसी से मिल रहा है, मगर उन्होंने यह समझा कि बाप के नक़्शे क़दम पर चल रहा है मगर परिवार के साथ ही रहेगा, अपने समाज से बाहर नहीं जाएगा। उधर फ़ुसूँ जब कमाल से पहली बार इस मकान में मिलती है तो साफ़ ज़ाहिर होता है कि वह जानती है कमाल ने उसे वहाँ क्यों बुलाया है। यह जानकर भी कि कमाल की मँगनी होने वाली है, वह उसका साथ देती है। कमाल के इस पते पर वह एकदम से नहीं आ गई। उसने इंतेज़ार किया। यह सीरीज़ में दिखाया नहीं गया है। मगर जब एक दिन फ़ुसूँ, कमाल के पते पर आती है [एक बैग लौटाने के लिए कमाल ने उसे यही पता दिया था] उस दिन बारिश हो रही होती है। फ़ुसूँ चाहती तो इस दिन को भी बारिश के बहाने टाल सकती थी। मगर उसने यही दिन चुना। कहने का मतलब यह है कि दोनों एक-दूसरे से मिलने के लिए बेचैन थे। और बारिश उनके मिलन की शिद्दत को प्रतीकात्मक रूप से बढ़ा रही थी। दोनों इस मकान में अब लगभग रोज़ मिलने लगते हैं। ये बेहद खूबसूरत मुलाकातें हैं, कहीं कोई चालाकी या भोंडापन नहीं। कमाल और फ़ुसूँ के अंतरंग संबंधों को जिस ख़ूबसूरती के साथ फ़िल्माया गया है, वह क़ाबिल-ए-तारीफ़ है और इसके लिए निर्देशक की दाद देनी होगी। निर्देशक एक महिला हैं। वह चाहती तो कहानी को एक ‘फ़ीमले गेज़’ से निर्देशित कर सकती थीं, मगर उन्होंने असल नॉवेल की कहानी से वफ़ा की है। वह असल कहानी से नहीं भटकीं। मगर उन्होंने बाक़ी कई महिला निर्देशकों की तरह अंतरंग संबंधों को बेहतरीन तरीक़े से फ़िल्माया है। सीरीज़ के गाने [ख़ासतौर पर ‘सिनी बना कत्सम’ गाना] उस ज़माने [1970-80] के मूड को बेहतरीन तरीक़े से पेश करते हैं।
इन मुलाक़ातों के बाद कमाल के ज़ेहन पर फ़ुसूँ ही छाई रहती है। वह अपनों के दरमियान होते हुए भी वहाँ नहीं होता। वह खोया-खोया-सा रहने लगता है, मगर अपने परिवार और सिबेल की तरफ़ भी अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरा करता रहता है। उसे दो चीज़ों का पछतावा होता है, एक यह कि वो सिबेल को धोखा दे रहा है, दूसरा यह कि उनकी मुलाक़ातों से फ़ुसूँ की पढ़ाई में रुकावट आ रही है। वह फ़ुसूँ को पढ़ाने लगता है। अब उनका रिश्ता आगे बढ़ता है, जहाँ दोनों एक-दूसरे को जानने की कोशिश करते हैं। फ़ुसूँ, सिबेल से उसके रिश्ते के बारे में पूछती है, तब वह सब कुछ बता देता है। साथ ही उसे यह भी दिलासा देता है कि वह सिबेल से आइंदा कभी तन्हाई में नहीं मिलेगा। फ़ुसूँ भी उसे बताती है कि वह किसी शादीशुदा रईसज़ादे के साथ कुछ वक़्त तक थी, मगर उस वक़्त वह 17 साल की थी—इसलिए मामला आगे बढ़ नहीं पाया और जब कमाल से मिली तो 18 की हो गई थी—इसलिए वह उसके साथ आगे बढ़ गई। उनके बीच में अब आँसू और जलन ने जगह ले ली थी। सीधा-सा मतलब था, दोनों प्यार में थे और फ़ुसूँ ने पहले अपने प्यार का इज़हार किया। प्यार के इस खेल में यहाँ फ़ुसूँ हार जाती है। अब सवाल यह था कि कमाल क्या फ़ैसला लेगा। फ़ुसूँ ने भी यही सवाल उससे सीधे तरीक़े से पूछा। मगर वह सीधा जवाब नहीं दे सका। उधर फ़ुसूँ को यक़ीन था, वह कमाल की दुल्हन बनेगी। वह अपनी उन सहेलियों के बारे में बताती है, जिन्होंने रईस लड़कों से शादियाँ की थीं। वह कमाल को अपने परिवार से मिलने के लिए बुलाती है। मगर फिर वह दिन क़रीब आ गया, जब सिबेल के साथ कमाल की मँगनी होनी थी—जहाँ उसने फ़ुसूँ के घरवालों को भी बुलाया था। फ़ुसूँ यहाँ पहली बार टूटती है। मगर फिर भी उसने उम्मीद नहीं छोड़ी और वह कमाल से उसी मकान में मिलने जाती है। दोनों इस बात से अंजान थे कि यह उनकी आख़िरी मुलाक़ात हो सकती है। इस आख़िरी मुलाक़ात का प्रतीक वो दूर से सुनाई देता पानी के जहाज़ का हॉर्न था, जिसका सीधा-सा मतलब यह था कि अब यह मुलाक़ात माज़ी का हिस्सा बनने वाली है। इन्हीं दिनों की याद अब नासूर बनकर रह जाएगी। जहाज़ का हॉर्न वक़्त के गुज़रने का एहसास दिलाता है कि यह 1970-80 का ज़माना अब लौटने वाला नहीं है। यह हॉर्न बदलते वक़्त के साथ इस शहर की अफ़सुर्दगी, इसकी उदासी बयान करता है जो अब शायद एक पुरानी याद बनकर रह जाएगा। यह हॉर्न एक रूदन है। क्योंकि फ़ुसूँ ख़ुद वो शहर है। कव्वों का शोर इस बात का प्रतीक है कि आप शहर के, संस्कृति के भूले-बिसरे कोनों को नज़रअंदाज़ कर रहे हैं जो आपके अपने हैं। लेकिन कमाल और फ़ुसूँ इस बात को समझ नहीं पाते। फ़ुसूँ को अब भी यक़ीन था, कमाल उसी से शादी करेगा।
कमाल और सिबेल की मँगनी का दिन भी आ गया। यहाँ भी कमाल फ़ुसूँ को यक़ीन दिलाता है कि उन दोनों के बीच कोई तीसरा नहीं आएगा। मगर फ़ुसूँ को पार्टी में मालूम होता है कि उससे मिलने के दिनों में कमाल सिबेल से भी हर शाम अपने मुलाज़िमों के जाने के बाद अपने ऑफ़िस में मिला करता था। यहाँ फ़ुसूँ का भरोसा टूटता है और अब दोनों के रास्ते नदी के दो किनारे थे।
फ़ुसूँ, कमाल को बिना बताए शहर छोड़ देती है। और अब सीरीज़ में उन वाक़यात की आमद होती है, जिसे हम सब जुनून कहते हैं। कमाल फ़ुसूँ की तलाश में मारा-मारा फिरता है। उसका दिल कहीं नहीं लगता। एक दिन वह सिबेल को सब कुछ बता देता है। फ़ुसूँ जा चुकी थी। कमाल सोचता है, एक सिबेल ही है जो उसे उसके दुख से उबरने में मदद कर सकती है क्योंकि सिबेल समझती है—फ़ुसूँ, कमाल के लिए महज़ एक वक़्ती आकर्षण थी। इसमें सिबेल की ग़लती भी नहीं थी क्योंकि कमाल सिबेल को अपने और फ़ुसूँ के रिश्ते के बारे में सारी बातें इसी तरह बताता है जैसे वह ख़ुद की हरकत पर शर्मिंदा हो। सिबेल अब उसकी बीवी की तरह बर्ताव करने लगती है। वह उसे उन ‘चीज़ों’ से दूर रखना चाहती है, जिससे कमाल को फ़ुसूँ की याद आए। इसलिए वह दोनों किसी और शहर में रहने लगते हैं, जबकि तुर्किए में शादी से पहले साथ रहने को अच्छी नज़र से नहीं देखा जाता। सिबेल मासूम होते हुए भी यहाँ चालाक नज़र आती है, लगता है वह कमाल को नहीं अपने सामाजिक स्तर को बरक़रार रखना चाहती है। वह एक तरह से कमाल को हासिल करना चाहती है, जबकि साफ़तौर पर नज़र आता है कि कमाल कहीं दूर किसी और ही रास्ते पर निकल चुका है। कमाल फिर से फ़ुसूँ की तलाश में लग जाता है। सिबेल निराश होकर कमाल को छोड़कर चली जाती है। यहाँ दर्शकों को सिबेल से हमदर्दी होती है। सिबेल को बेवजह धोखे में रखा गया था। कमाल शायद ख़ुद भी नहीं जानता था कि उसे फ़ुसूँ से मुहब्बत हो जाएगी। और इसी कश्मकश में बेचारी सिबेल पिस जाती है।
जुनून या ऑबसेशन को सतही/ऊपरी तौर पर देखें तो लगता है जैसे किसी इंसान या किसी चीज़ के लिए दीवानगी की हद तक जाना और हर वक़्त उसे पाने की चाह में परेशान रहना ही जुनून है। मगर जुनून दरअस्ल आपको ख़ुद के बारे में बहुत कुछ बताता है। किसी व्यक्ति विशेष या किसी ख़ास चीज़ के लिए दीवानगी यही बताती है कि उस व्यक्ति विशेष या उस चीज़ में कोई ख़ास बात नहीं है, आप सिर्फ़ उसकी तरफ़ इसलिए मायल होते हैं क्योंकि उनमें आपको अपना वह हिस्सा नज़र आता है जो आपका तो है मगर आपसे ओझल है। आप उस दूसरे इंसान में या उस चीज़ में ख़ुद के उस ओझल हिस्से को देख रहे होते हैं। जिस दिन आपको अपना यह हिस्सा समझ में आ जाता है या यूँ कहें जिस दिन आप अपने इस ओझल हिस्से से रू-ब-रू होते हैं, उस दिन आपका ऑबसेशन ख़त्म हो जाता है, क्योंकि आपकी वह तलाश पूरी हो चुकी होती है। एक इंसान अपनी पूरी ज़िंदगी में सिर्फ़ एक इंसान को भी पूरी तरह से जान ले यह बड़ी बात है। और यह इंसान आप ख़ुद ही हो सकते हैं। [पूरी तरह से का मतलब यहाँ काफ़ी हद तक है]। किसी और इंसान को पूरी तरह से जानना लगभग नामुमकिन है। कार्ल गुस्ताव युंग के हिसाब से किसी व्यक्ति विशेष के लिए जुनून अपने आपको जानने का एक ज़रिया मात्र है। आपका अपना यह हिस्सा किसी साये के रूप में उभरता है, जिसे चेतन अवस्था में आप स्वीकार नहीं कर पाते हैं और इसलिए आप न चाहते हुए भी किसी व्यक्ति विशेष के आकर्षण के रूप में इस हिस्से को धकेल देते हैं। हम सब ने देखा है कि जुनून के आगे का सफ़र ज़्यादातर आध्यात्म या किसी तरह की कला में पनाह पाता है। ‘म्यूज़ियम ऑफ़ इनोसेंस कमाल के आध्यात्म का एक रूप है। जब वह और फ़ुसूँ मिला करते थे, कमाल के मन में एक तरह का अपराधबोध होता था, मगर फ़ुसूँ उससे खुलकर मिला करती थी। जबकि उसकी भी तमन्ना होगी कि सिबेल उसकी ज़िंदगी में न होती, काश वो समाज के समृद्ध हिस्से से न आता तो शायद फ़ुसूँ से खुल कर मिल पाता।
एक रोज़ कमाल को फ़ुसूँ का ख़त मिलता है। इस ख़त में वह उसे कमाल ‘भाई’ संबोधित करती है, उसे अपना पता देती है और घर पर आने का न्योता देती है। कमाल की ख़ुशी का ठिकाना नहीं होता। वह इस बार उसे शादी का प्रस्ताव देने वाला था। मगर इस्तांबुल जाकर पता चलता है कि फ़ुसूँ की शादी एक मामूली से दिखने वाले ग़रीब लेखक से हो चुकी है। फ़ुसूँ का शौहर, फ़रीदून, फ़िल्म बनाना चाहता है और इसीलिए फ़ुसूँ ने कमाल को माली मदद के लिए बुलाया था। फ़ुसूँ अब बहुत बदल चुकी है। उसकी मासूमियत खो चुकी है। इनोसेंस अब पुरातन का हिस्सा है। और इसलिए इसका म्यूज़ियम बनता है। फ़ुसूँ को इतने अरसे के बाद देखकर, कमाल को यह एहसास हो जाता है कि उसने फ़ुसूँ से उसकी मासूमियत छीन ली है।
साफ़ ज़ाहिर होता है कि वह फ़रीदून से प्यार नहीं करती, मगर वह कमाल के क़रीब भी नहीं जाती। फ़ुसूँ जानती है वह कमाल की मजबूरी है और वह इसका बख़ूबी फ़ायदा उठाती है। आठ सालों तक लगातार कमाल उसके घर जाता है और फ़ुसूँ इन आठ सालों में उससे सिर्फ़ अपने मतलब की बातें करती है। उधर कमाल उसकी इस्तेमाल की हुई चीज़ें उसके घर से उठाकर लाता है और जमा करता रहता है। और यूँ एक संग्रहालय तैयार होता है। उधर कमाल के दोस्तों ने भी उसका साथ छोड़ दिया। सिबेल भी कमाल के एक दोस्त से शादी कर लेती है। मगर किसी भी दोस्त ने कमाल को न्योता नहीं दिया क्योंकि कोई भी आपस में कमाल की वजह से दोस्ती नहीं तोड़ना चाहता था। कमाल तन्हा हो जाता है। फ़ुसूँ के घर के अलावा और कोई दर न था जिसका दरवाज़ा वह खटखटा सकता।
कमाल उसकी चीज़ें इकट्ठी करता रहा है, यह बात फ़ुसूँ को मालूम थी, फिर भी वह इतने सालों तक अंजान बनने का नाटक करती रही। जब कमाल उससे कहता है कि वह उसकी जमा की हुई चीज़ें दिखाएगा, तब भी फ़ुसूँ का रवैया कुछ ख़ास नहीं होता।
इस दौरान फ़ुसूँ की माँ ने कमाल को बताया था कि बेशक फ़रीदून, फ़ुसूँ के लायक़ नहीं मगर फ़ुसूँ का कमाल की मँगनी के बाद बुरा हाल था। फ़रीदून, जो उसके बचपन का दोस्त था, ने उसको अवसाद से उबरने में मदद की थी, इसलिए फ़ुसूँ ने फ़रीदून से शादी कर ली। फ़ुसूँ की माँ कमाल से यह भी कहती है कि वह इंतेज़ार करे, फ़ुसूँ एक न एक दिन उसकी ज़रूर होगी। उसकी माँ के इरादे के बारे में कमाल की माँ ने पहले भी बताया था और यह बात यहाँ साफ़ हो जाती है। अब जब हमने कमाल के जुनून की बात की है तो यहाँ ज़रूरी हो जाता है कि हम फ़ुसूँ के जुनून की भी बात करें। फ़ुसूँ का दिल टूटा था, वह सिबेल से कमाल की मँगनी बर्दाश्त नहीं कर पाई। वह शहर भी छोड़ देती है और जैसा कि उसकी माँ ने बताया उसका हाल कमाल से बिछड़कर बुरा हो जाता है। मगर फ़ुसूँ इस दौरान अपने वजूद के उस हिस्से को पहचान लेती है। वह बदल गई है। उसमें अब वो मासूमियत नहीं है। वह जानती है उसे क्या करना है या यूँ कहें उसे अब एहसास होता है कि वह हमेशा से क्या चाहती थी। और उसकी ये चाहत इस तरह ओझल थी कि कमाल के प्यार में जुनून की शक़्ल इख़्तियार कर लेती है। दरअस्ल उसे शुरू से ही एक मशहूर फ़िल्म-अदाकारा बनना था। कमाल पहले से ही मशहूर था। वह एक बहुत बड़े ख़ानदान से ताल्लुक़ रखता था और लोग उसे जानते थे, उसके बारे में अख़बारों में आए दिन कोई न कोई ख़बर होती थी। यही तो फ़ुसूँ अपने लिए चाहती थी। कहानी के आख़िर में जब वह फ़रिदून को छोड़ देती है और उसकी मँगनी कमाल से तय हो जाती है तब वह यही कहती है कि उसे विदेशों में घूमना है, उसे उसी होटल में मँगनी करनी है जहाँ सिबेल से कमाल की मँगनी हुई थी, उसे उसके सारे जाननेवालों से मिलना है, साथ ही वह कार चलाना भी सीखना चाहती है। कमाल हर बात के लिए हामी भरता है, क्योंकि अब पासा पलट चुका था और बाज़ी फ़ुसूँ के हाथ में थी। कमाल क़बूल है के सिवा कुछ नहीं कह सकता था। फिर वे दोनों तन्हाई में मिलते हैं। कमाल को जैसे इतने सालों से इसी लम्हे का इंतेज़ार था। मगर ये स्वाभाविक भी था। इसमें कुछ सही या ग़लत नहीं था।
कमाल बेहद ख़ुश है, मगर फ़ुसूँ ख़ुश नहीं है। उसे कुछ और चाहिए था। कमाल की माँ भी उसे देखकर कहती है लड़की ख़ूबसूरत तो है मगर चालाक भी है, लगता है उसने बहुत कुछ सहा है, उसके अंदर कुछ है जिससे तुम्हें सचेत रहना चाहिए। यहाँ अनायास ही वोर्ड्सवोर्थ की कविता ‘रूथ’ की याद आती है, जहाँ धोखे पर धोखे खाने के बाद रूथ की मासूमियत खो जाती है। वह लगभग पागल हो जाती है। फ़ुसूँ ने भी न जाने कितने साल अपने उस पागलपन के इलाज में लगाए होंगे। और अब हम जिस फ़ुसूँ से रू-ब-रू होते हैं, वह एक अलग ही शख़्सियत है।
कमाल से शादी करके भी फ़ुसूँ की हालत पिंजरे में क़ैद उसी परिंदे की तरह होती, जिसे जब कमाल और फ़ुसूँ की पहली मुलाक़ात के दौरान दिखाया गया है। इतने बड़े ख़ानदान में शादी कर के वह अदाकारा तो न बन पाती। फिर कमाल ख़ुद नहीं चाहता था कि वह इस तरह का पेशा अपनाए, जहाँ मर्दों से क़ुर्बत हो सके। फ़ुसूँ प्यार-मुहब्बत के दौर से निकल चुकी है, उसकी वह मासूमियत जा चुकी। अब वह दुनियादारी समझ चुकी है। और इस बात का एहसास कमाल को है। वरना ये सब बातें, ख़ासतौर पर वे बातें जहाँ-जहाँ कमाल की माँ, फ़ुसूँ से बचकर रहने की सलाह देती है या उसके रवैये के बारे में फ़िक्रमंद है, उसकी ख़ुद कही कहानी का हिस्सा न होतीं। यहाँ दो बातें और ध्यान खींचती हैं। तुर्किए का ज़्यादातर हिस्सा एशिया में आता है और बहुत कम हिस्सा यूरोप में, फिर भी तुर्किए को यूरोप का हिस्सा माना जाता है और वह 1950 से काउंसिल ऑफ़ यूरोप का सदस्य भी है। फ़ुसूँ का मतलब ही जादू है, माया है और माया के जाल से कोई कहाँ निकल पाया है! तुर्किए तेज़ी से मग़रिबी संस्कृति का हिस्सा बनता जा रहा है। मगर कुछ लोग हैं जो तुर्किए की संस्कृति, उसके इतिहास, उसकी इमारतों को बचाए रखना चाहते हैं। फ़ुसूँ तुर्किए का वही शहर है, वो ख़ुद 1970-80 का इस्तांबुल है जिसमें जादू है, जिसकी माया से निकलना मुश्किल है। कमाल एक मग़रिबी इंसान की तरह की ज़िंदगी जीता है। सिबेल उस जुनून (कमाल का फ़ुसूँ के लिए) तक पहुँचने का एक ज़रिया, एक रास्ता है। अगर सिबेल बीच में न होती तो शायद बहुत आसानी से फ़ुसूँ कमाल की बीवी बन जाती। फिर न वह जुनून होता, न जादू। क्योंकि फ़ुसूँ ख़ुद कमाल की दिनचर्या को अपना लेती। फ़ुसूँ बदलना चाहती थी। जबकि कमाल का मतलब है फ़न और कला। वह तुर्किए की असल दौलत, असल हुस्न को पहचानता है और उसे बरक़रार रखना चाहता है। एक म्यूज़ियम के तौर पर ही सही।
फ़ुसूँ को शिकायत है कि कमाल उसे फ़िल्म-अदाकारा नहीं बनने देगा। वह दुखी है।
एक दिन कमाल उसे खो देता है। और यूँ तैयार होता है ‘म्यूज़ियम ऑफ़ इनोसेंस’। वह ताउम्र फ़ुसूँ के घर के एक हिस्से में तन्हा रहता है। कमाल के वजूद का वह ओझल हिस्सा यही था। उसे रईसों वाली ज़िंदगी रास नहीं आ रही थी, मगर उसे ख़ुद उस वक़्त यह एहसास न हो सका था। उसे इस्तांबुल पसंद था। वह तबीयत से ही तन्हा था, एक संग्रहालय की तरह शांत और अपने आप में उन सभी चीज़ों की कहानी लिए हुए जिसे उसने ख़ुद जीया है और जीता रहा है, महसूस किया है और महसूस करता रहा है और जिस कहानी को अब तक उसके अलावा कोई और नहीं जानता था।
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट