Font by Mehr Nastaliq Web

मैं कविता की दुनिया में कैसे आया

यह बहुत अटपटा सवाल है। इसका जवाब शायद कहीं दिया भी हो या डायरी में कहीं लिख छोड़ा हो, कह नहीं सकता। हो सकता है, यह सवाल कभी सवाल की तरह सामने आया ही न हो। अभी भी इसलिए सामने आ पाया क्योंकि करने के लिए इन दिनों में कुछ ख़ास कर नहीं पा रहा हूँ। लिख तो ख़ैर पा ही नहीं रहा। तब भी इसे समझने के लिए एक बार फिर इस पर नज़र रखनी होगी। देखना होगा, कहाँ से यह शुरू हुआ। अपने भीतर टटोलता हुआ क्या किसी एक दिन या एक मिनट वाली सूई पर जाकर ठहर सकता हूँ, लगता नहीं है। कोई ऐसा क्षण जब यह प्रक्रिया अपने अंदर घटित होते हुए महसूस की, तब की कोई याद आ रही है नहीं, यह भी इस एक बैठक में तय कर पाना बहुत मुश्किल है। बहुत सारी छवियाँ आपस में आ जा रही हैं। कुछ ऐसा, जैसे सब ‘फ़्लैशबैक’ तो नहीं पर एक को याद करता हूँ तो दूसरी तरफ खिंचा चला जा रहा हूँ।

किसी को अपने विद्यालय के दिनों की कविता याद रह जाती हो, उनमें मेरा नाम नहीं है। कितने साल हो गए स्कूली दुनिया से बाहर आए। उन दिनों में कविता, कहानी या किसी और विधा के बीच अंतर को समझ पाने की सलाहियत क्या रही होगी? जानते भी नहीं होंगे। कविता की सप्रसंग व्याख्या बनी बनाई भूमिका, इसी बात से हर बार शुरू होती—‘प्रस्तुत पंक्तियाँ हमारी पाठ्य-पुस्तक की (अमुक) कविता से ली गई हैं...’ कविता में अलंकार भी होते हैं। क्यों होते हैं, पता नहीं! कवि की भाषा कैसी है, यह पाठक के रूप में हम विद्यार्थियों को कैसी लगती है, इसका कोई मतलब नहीं था। ऐसी बहुत-सी बातें हम कम पढ़ने वाले कैसे बता पाएँगे। यह बिंदु सभी विद्यार्थियों को कविता से दूर ले जाने वाली लगती। किसी भी सहपाठी के लिए कविता में भाषिक सौंदर्य और शिल्पगत विशेषताएँ याद करने और रट लेने की तरह हमारी स्मृतियों में अभी भी बनी हुई है।

शुरू-शुरू के दिनों में जब ‘पढ़ना’ थोड़ा शुरू किया होगा, तब जिसे ‘गद्य’ कहते हैं और जिसे ‘काव्य’ वह दोनों अलग कैसे हैं, यह पुरानी कविता को पढ़कर तो देखते ही मालूम चल जाता। बाद की कविता, जिसमें गद्यात्मकता की बहुलता दिखती जो गद्य की तरह ही लगती, जिसकी भाषा में लय, छंद और मात्राओं का ऐसा कोई सूत्र दिखाई नहीं देता रहा, वह कैसे कविता नहीं है, दिमाग़ इस बात पर चल ही नहीं पाता था। सब लिखने वाले और उस लिखे को पढ़ाने वाले उसे कविता कहते और हम मान लेते। यह बहुत बाद का सूत्र है, जो तब कहीं आस-पास था नहीं कि एक ‘आंतरिक लय’ है, जो गद्य में लिखे होने के बावजूद उन पंक्तियों को निबंध या अनुच्छेद नहीं, कविता के पास लाकर खड़ा करती है। तब जितना बताया गया, उसे मानने के अलावा कुछ करने का मन नहीं था। वैसे इसके ज़्यादा प्रमाण इकट्ठा करने की न रुचि थी, न ही इतना श्रम करने की कोई योजना सामने थी। जो मिला वह पढ़ लिया। जो नहीं मिला, उसे पढ़ने की कोई ज़रूरत तब महसूस भी नहीं होती थी। 

यहाँ जिसे ‘पढ़ना’ कह रहा हूँ, वह एक कोर्स के पाठ्यक्रम में लगी कुछ ख़ास किताबें ही हैं। एमए के दिनों में ‘आधुनिक कविता’ नाम से दूसरे साल एक विकल्प था, जिसमें चार पर्चे थे। तब तो ख़ैर, दूर-दूर तक कविता को पढ़ने का ख़याल भी नहीं था। किसी बंधन में तब बँधे तो ‘मीडिया’ वाला ऑप्शन लिया। इनके बाहर की दुनिया में भी बहुत सारी किताबें हैं, उन्हें पढ़ा जा सकता है; इस दृष्टि में तब केवल ‘दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी’ पेशवा रोड में रखी वे किताबें थीं, जिन्हें कहानी या उपन्यास कहकर हम जान जाते थे, इन्हें पढ़ रहे हैं। कविता की तरफ़ कोई लगाव तब तक भीतर महसूस नहीं किया जब तक कि ग. मा. मुक्तिबोध की कविता से आमना-सामना नहीं हुआ। 

इसे आज ऐसे भी कह सकता हूँ कि एक ‘सुपर स्ट्रक्चर’ है, जिसके विपरीत जाने की छटपटाहट मुक्तिबोध की कविताओं में उतरकर दिखाई देती थी, उस ओर हमें उन कविताओं को पढ़ाने वाले लेकर गए। वे ख़ुद एक ‘सुपर स्ट्रक्चर’ के हिस्सा थे। पर पढ़ाते हुए उन्हें अपने पुराने दिन याद आ जाते होंगे; जैसे वे किसी सत्ता से लड़ रहे हों, जबकि ऐसा नहीं था। वास्तविकता में वे ‘अध्यापक और विद्यार्थी’ के इस संबंध में अधिकारों से लेकर अपनी चेतना तक को उस स्तर पर ले जा चुके थे, जहाँ उनका विद्यार्थी अभी केवल कविता के पाठ तक पहुँच पाया है। वे उसकी उस पृष्ठभूमि को जानने का दावा तो करते हैं कि वह सुविधाहीन परिवार का ऐसा सदस्य है, जो जल्दी से जल्दी नौकरी पा लेना चाहता है, पर यह इच्छा ऐसी कविताओं के फेर में उसके भीतर बहुत लंबा और कठिन रास्ता बनने लगता है, जहाँ वह सीधे टक्कर लेने के ख़यालों से भर जाता है। 

यह अध्यापक और विद्यार्थी की स्थिति को जटिल बना देता है, वह समझे बिना कविता का पाठ कभी समझ नहीं आने वाला। सतह पर वहाँ दोनों ‘पाठक’ मान लिए जाते हैं। यह मान लेना सबसे बड़ी चालाकी है। यहाँ ‘कविता’ एक ऐसी सामग्री है, जिसके बोध या समझ का मूल्यांकन आगामी परीक्षा में प्रश्न पूछकर किया जाएगा। इस ढाँचे में वह सिर्फ कविता नहीं रह जाती है, जिसका आस्वाद वह दोनों कक्षा के भीतर ले रहे हैं। यहाँ ज़रा ध्यान देने वाली बात यह भी है कि पाठ्यक्रम में मुक्तिबोध एकमात्र ऐसे कवि नहीं हैं और न ही ऐसा हर अध्यापक कर पाने में सक्षम होगा, जिसका संदर्भ ऊपर आया है। उदाहरण से बात समझ आ जाए इसलिए इस एक नाम को लिया गया। बाक़ी समझ-समझ का फेर है, जो इसे ‘कर का मनका’ बनाकर फेरना चाहते हैं, उनकी बात अलग है। 

हो सकता है पुराने दिनों की यह छवि मेरे भीतर बहुत पहले ही बन गई हो जिसका पुनुरुत्पादन इन शब्दों के माध्यम से कर दिया हो। तब भी क्या यह बात ग़लत हो जाएगी कि ‘पाठ्यक्रम’ को ‘बनाने वाला’ और उसे ‘पढ़ने वाला’ क्या एक ही तरह के पाठक होंगे? वैसे तो यह बहुत ही अजीब बात है कि कविता को पढ़ाया जा रहा है, उसका अर्थ करने में मदद की जा रही है। उस अर्थ की तरफ़ धकेला जा रहा है। फिर सवाल भी परीक्षा में ऐसा नहीं है, जो उन सभी विद्यार्थी अलग-अलग व्याख्याओं को अपने-अपने उत्तर में स्थान देने योग्य पाएँ। वह उस विज्ञ पाठक के अनुरूप उत्तर देगा, जिसने उन्हें कक्षा के भीतर उस कविता का एक ख़ास ‘पाठ’ तैयार करवाया था। यहाँ इसकी संभावना भी बेकार है कि कोई बहुत उदार होकर कह पाता, यह बोध कक्षा में मिलकर तैयार किया गया। 

ऐसे पाठ्यक्रमों से गुज़रने का कोई लाभ मेरे भीतर बनने वाले पाठक को कभी हुआ; मेरे लिए यही सबसे बड़ा प्रश्न था। एक अन्य प्रश्न यह था कि क्या जो विद्यार्थी के रूप में इन कक्षाओं से पढ़कर निकल रहे हैं, वह इन रचनाओं को पढ़ने वाले ही बने रहेंगे या कभी इनके भीतर लिखने की इच्छा का सृजन कभी हो पाएगा? इस दूसरे सवाल का एक उत्तर तो तभी मेरे सामने खुल गया था कि जिसे लिखना होगा, वह इन सीमित पुस्तकों वाले नज़रिए के बीच ख़ुद को कैसे कुछ बना पाएगा? वह तो अपनी नज़र से सबको देखेगा और कुछ लिख देगा। लिखने के लिए पढ़ना, एक स्तर के बाद किसी काम का नहीं रहता। वह एक ढीली-ढाली शुरुआत करवा सकता है। लिखने की इच्छा का पढ़ने और अपने अनुभवों को उस जगह ले जाकर किसी भाषा में ढाल देना बहुत अलग चीज़ है। 

पहला सवाल थोड़ा जटिल शुरू से लगता रहा। मेरे अंदर का पाठक बहुत गड़बड़ियों से जूझता रहा। किन किताबों को पढ़ना है, यह भी क्या दूसरे हमें बताएँगे? बताई तो दवा जाती है। जो रोग दिखता है, उसे नब्ज़ से भी टटोला जा सकता था। पर कोई ऐसा मिला नहीं। आप जैसे भी हों, परीक्षा के लिए तो कुछ साँचों के भीतर उतरना ही होगा। एक कोर्स को पास करने लायक़ अंक साल भर में कुछ ख़ास समय पढ़कर भी लाए जा सकते हैं। तब एक दूसरा सवाल सामने आया कि क्या पढ़ा जाए, जो पाठ्यक्रम से बाहर का हो, जिससे कुछ ऐसा महसूस हो कि जिस क़ैद में ‘हिंदी विभाग’ के प्रोफ़ेसरान हमें करना चाहते हैं, उनकी पहुँच से थोड़ा अपने आप आगे निकला जाए। इतनी बड़ी सीआरएल (सेंट्रल रेफ़रेंस लाइब्रेरी) है। दुनिया भर की किताबें हैं। इशू करवाओ और पढ़ो। कौन रोकता है। 

रोकता कोई नहीं है। पढ़ लो। जो समझ आ रहा है, उसे अपने दिमाग़ में बैठा लो। इन सब ठीक लगने वाली बातों के अलावा सबसे बड़ी बात जो परीक्षा के बाद अंकों के रूप में प्रतिबिम्बित होगी, वह केवल इतनी भर है कि यही अंक सारा जीवन पीछा नहीं छोड़ते। वे उन अध्यापकों और कक्षाओं की प्रतिच्छाया बनकर हमेशा हमारे साथ चिपक जाते हैं। जो सवाल उन गिनी-चुनी किताबों को पढ़कर जान जाने चाहिए थे, वह क्यों नहीं पढ़ी गईं, यह टीस बहुत लंबे समय तक पीछा नहीं छोड़ती है। क्या जो तरकीबें साथ बात करने वाले विद्यार्थियों के मस्तिष्क में बन रही थीं, वह मेरे दिमाग़ में नहीं बन सकती थीं। वे जिस तरह अध्यापकों से निकट रहे या निकट रहने का छद्म रच सके, वह मुझसे क्यों नहीं किसी तिलिस्म की तरह सीखा गया! ऐसा कहते हुए मुझे कोई यह न समझे कि दुनिया की बहुत सारी किताबें और उनमें लिखी बातें दिमाग़ और गले में याद करता हुआ आज तक फिर रहा हूँ या मैंने किसी अध्यापक से कोई सीधा सवाल पूछ लिया था। 

मैं इन सब बातों के भीतर एक चुप्पा और कभी ऐसा कुछ भी न बोल पाने वाला एक सामान्य से भी सामान्य दिखाई देने वाला विद्यार्थी था। जिसके पचपन प्रतिशत बने न बने ख़ुद मुझे भी बहुत वक़्त तक कोई फ़र्क नहीं पड़ा था, ऐसा दिखा सकता था। ऐसा दिखा इसलिए पाया, क्योंकि सच में ‘नेट’ पास कर लेने पर मुझे कोई भी फ़ायदा नहीं होने वाला था; ऐसा बहुत पहले समझ आ गया, ऐसा नहीं था। उनके लिए यूजीसी ‘नेट’ की परीक्षा भी ऐसी तिजोरी की चाभी थी, जिसे वह केवल अपने लिए चाहते थे। उनका ऐसा हो जाना समाज का प्रतिफलन ही अधिक लगता है। वज़ीफ़े के रुपए मिलने की कल्पना ही उन्हें मनुष्य भी नहीं रहने देती थी। शायद जिन परिवारों से हम सब आते थे, उनमें बनते हुए हमारे अनुभव किसी न किसी दिन हम सब ऐसा ही महसूस करते हों कि यह पैसा हमें सबसे काट देता है। इसमें हम सब, जितने भी थे, उनमें एक अजीब से होड़ थी आगे बढ़ जाने की। कोई बता ही नहीं पा रहा था, वह क्या कर रहा है। वे सब ऐसी गोपनीय योजना में खुद को संलग्न कर चुके थे। उनका अनुभव संसार ऐसा बनता रहा जिसमें वे जानते थे, वे क्या कर रहे हैं। 

मुझे चीज़ें ही समझ नहीं आ रही थी। कोई भी तो नहीं था, जो इसके बाद के दिनों का कोई क़िस्सा बता पाता। मुझे चुपचाप पढ़ना था। इस पिछली बात को न भी माना जाए तो भी जो नफ़े-नुक़सान को बहुत जल्दी और तेज़ समझ जाते हैं, वह उस तरह के समीकरणों को मकड़ी के जाले की तरह अपने आस-पास बुनते हैं। इन जालों के बुने बिना, हिंदी की विश्वविद्यालयी दुनिया मुझे रहने देती तो ज़रूर पढ़ता। पढ़ता, भाषा कैसे काम करती है। कोई किन्हीं ख़ास शब्द विन्यासों के द्वारा ही अपनी बात क्यों कह जाता है। मुझे भारतीय और पाश्चात्य काव्यशास्त्र ठीक-ठीक समझ में आना शुरू हो गए थे। क्यों किसी रचना को समझने के लिए इनकी ज़रूरत पड़ती है, यह समझता। किसी रचनाकार की रचना-प्रक्रिया को समझना मेरे लिए तब भी बहुत मानीख़ेज़ सवाल था। इनमें से किसी भी विषय या क्षेत्र में अपनी रुचि का विस्तार का सकता था। नहीं कर सका। अब मन नहीं होता, वापस लौटने का। 

ये सारी बातें किसी घृणा या जुगुप्सा से प्रेरित होकर नहीं लिख गया। ऐसा भी नहीं है, उन दिनों से मैंने कुछ सीखा नहीं। हर बार जब भी पीछे देखता हूँ, वह दिन मुझे कितने अकेले महसूस होते हैं। कोई भी ऐसा नहीं था, जो समझकर बताता। अध्यापक ख़ुद को ऐसे खोल में लपेटकर सामने आते रहे कि लगता इसे भेदना आसान नहीं। वे खुलकर मिलते ही नहीं थे। उनकी तरफ़ से ऐसा लगता रहा, वे चाहते ही नहीं हैं कि कोई उनके इतना पास आ पाए, जिसके लिए कुछ करना पड़ जाए। वे ख़ुद ऐसे व्यक्ति रहे होंगे जो किसी की निकटता का लाभ उठाकर ऐसा कर चुके होंगे।  

इन सारी बोझिल और किसी पुरानी फ़िल्म की भूमिका की तरह बासी बातों का लुब्ब-ए-लुबाब बस केवल यह एक पंक्ति है कि मैं कैसा भी पाठक बना, उसमें मेरा हिंदी से एमए करना कभी भी काम नहीं आया, ऐसा तो नहीं कह सकता। एक नज़र का चश्मा बहुत दिनों तक अपने कान और दिमाग़ पर ओढ़े और पहने रहा। बावजूद इसके, कविता को पढ़ने की तमीज़ तब तक मेरे पास थी नहीं। पता ही नहीं चला कविता को कोई इतना नीरस होकर कैसे पढ़ा सकता है कि कभी अपने भीतर किसी कविता की किताब की तरफ़ ख़ुद को आकर्षित नहीं कर पाया। सारी नीरसता भरने वाले मेरे अध्यापक आज भी उन्हें कमरा नंबर अट्ठावन और उनसठ में कई सालों तक ऐसे विद्यार्थी बनाते और गढ़ते रहे, जो बाहर किताबों को सिर्फ़ परीक्षा के प्रयोजन से ही उलटते पलटते थे। जो भी थोड़ी बहुत कविताएँ पढ़ीं, उन्हें उस दुकान पर सस्ती क़ीमत में बिकने वाली कुछ किताबों को आज भी याद करता हूँ... जिनमें असद ज़ैदी, कात्यायनी, अनामिका की कविता की किताबें थीं। उनमें से पढ़ तब केवल असद ज़ैदी की कविता को रहा था। वह अभी भी मेरे लिए पहले कवि हैं, जिन्हें पढ़ने के लिए मैंने ख़ुद चुना था। उनकी कविताएँ मेरे इस दिल्ली शहर में लगता बिखरी पड़ी हैं। 

इस सबके बीच, वही कवि हमारे लिए सुलभ रहे जिनकी कविताओं को ‘प्रतिनिधि कविताएँ’ शीर्षक के साथ राजकमल प्रकाशन छाप रहा था। ये सब बड़े नाम हैं, जो कविता करते हुए बचे रहे। कम पैसों में, पुस्तक मेलों से यही किताबें साथ लाते रहे। पुस्तकालयों में कविता की किताबें ढूँढ़ने की बीमारी कभी लग नहीं पाई। इनमें से वे कहाँ गए जो इन कवियों के समकालीन रहे या पत्रिकाओं में लिखते रहे या कभी प्रकाशित नहीं हो पाए। उनका क्या हुआ या उनका क्या होता है, कोई कभी समझा नहीं पाया। जिनकी कविताओं के संग्रह प्रकाशित नहीं हुए, उन्हें भी कभी देख नहीं पाए। कभी यह भी हुआ होगा कि जिनकी संग्रह जितनी कविताएँ नहीं हो पाईं, वे भी इन जगहों से अनुपस्थित रहे। कविता पढ़ने का शुऊर बन रहा था या ऐसे ही बना इसे भी सीधे-सीधे कह पाने में असमर्थ हूँ।


•••

जारी...

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक


'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट