मैं कविता की दुनिया में कैसे आया-2
शचींद्र आर्य
17 नवम्बर 2026
यहाँ से आगे...
कविता लिखने का पहला प्रयास
तब कविता कैसे लिखी जाती है, यह सोचा नहीं करता था। एक रजिस्टर था, जो बाद के सालों में बनाया, वह पिछले महीने सफ़ाई करने के दौरान मिला। इसमें क्या है? दिख रहा है, ज़्यादा काट-छाँट कर नहीं पाता हूँ। बस लिख रहा हूँ। उन कविताओं को फ़ौरी नाम दे दिए हैं और कुछ शब्दों के क्रम और पंक्तियों को आगे-पीछे करने के अलावा पेंसिल से निशान लगा दिए हैं कि इन्हें हटा देने से जिसे कविता कह और मान रहा हूँ, उस पर क्या असर पड़ रहा है। मेरे लिए वे कविताएँ ही हैं। तब ऐसा मुझे लगता होगा।
इसमें से एक कविता थी, जिसमें एक लड़का और एक लड़की हैं। लड़के के मन में उस लड़की को लेकर एक याद है। जिससे मिलने का कभी एकांत में नहीं मिल पाया। इसे ऐसा कहने में सहूलियत है कि वह और मैं कभी अकेले आसमान के नीचे नहीं बैठे। यह कविता वहीं काग़ज़ पर लिखी थी। एक दृश्य था उसमें। वह और मैं कहीं बैठे हैं। दोनों कुछ बोल नहीं रहे हैं। असल में जब आमने-सामने रहे, तब कुछ नहीं बोले तो वहाँ उन पंक्तियों में कैसे कुछ कह पाऊँगा, इसलिए शायद वहाँ भी चुप हूँ। उसकी तरफ़ देख रहा हूँ या नहीं, कह नहीं सकता। उस कविता का नाम आज भी याद है—‘पहला संवाद’।
एक कविता की याद अभी-अभी कौंधी। बराक ओबामा या कोई अमेरिकी राष्ट्रपति भारत आया हुआ है। मीडिया उसके पीछे भाग रहा है। कहाँ आना है, कहाँ जाना है। सब दिखाया जा रहा है। मुझे बहुत सतही काम लग रहा है। वह सब देखते हुए। इसी पर एक कविता लिखी थी। इसे आलोचक संजीव कुमार (देशबंधु कॉलेज) को एक बार दिखाने की इच्छा अंदर थी। वह एमए हिंदी की किसी विषय पर एक विशेष कक्षा को लेने के लिए ‘नॉर्थ कैंपस’ आने वाले हैं। कविता काग़ज़ पर हाथ से लिखी। दो-तीन बार में वह पढ़ने लायक़ हो गई है। बरामदे में शायद चलते हुए उन्हें दिखाता भी हूँ। वह इस पर क्या बोले, अब याद नहीं।
कविता में क्या था, यह भी याद करने पर याद आने से रहा। यह कविता काग़ज़ पर साफ़-साफ़ लिखकर दूसरी या तीसरी बार उतारी थी कि अगर सर कहेंगे तो साफ़ लिखा काग़ज़ हो और लिखाई भी सुंदर हो तो क्या कहने! फ़ोटोकॉपी मैंने अपने लिए पहले ही करवा कर रख ली थी कि कहीं गुम हो जाने पर भी मेरे पास रहे। इधर देखता हूँ, कविता अभी तक मुझे मिल नहीं पाई है। असल और नक़ल दोनों अब तक ग़ायब हैं।
रजिस्टर पर आगे पलटने पर कविता दिखी जिसमें तिबिया कॉलेज के पास वाली रेड लाइट पर एक माचिस की तीली से भी दुबली, मुझसे भी कम उम्र की एक लड़की, अपने बच्चे को छाती से लगाए वहाँ खड़ी गाड़ियों के काँच के पास जाकर भीख माँग रही थी। यह दृश्य उस कविता में अलग ढंग से आ गया था। तब डीटीसी की बसों में पास लेकर हम घूमा करते थे। शायद आर्ट्स फ़ैकल्टी किसी काम से जा रहा था और यह रेड लाइट फ़ैज़ रोड की थी। तिबिया कॉलेज की नहीं।
कुछ और पन्ने आगे बढ़ा, तब वे पंक्तियाँ पढ़ गया; जिसमें एक कमरे वाले घर में हम सब रहने वाले सदस्य अलग-अलग खूँटियों पर देर रात लौटकर अपने-अपने चेहरे कपड़ों की तरह उतारकर टाँग दिया करते थे। तब शायद ‘खूँटियों पर टँगे लोग’ कविता पढ़ी थी या नहीं, यह याद नहीं आ पा रहा ठीक से। यह बहुत पुराना ढर्रा है शायद। जो पढ़ते हैं, उससे निकलने में थोड़ा वक़्त दिए बिना हमारे दिमाग़ में जो चलने लग जाता है, उसे लिख लिया जाए। यह आज चाहे जैसा भी लगता हो, लिखने की शुरुआत में इसे बुरा नहीं माना जा सकता।
आज भी उस ठंडी शाम को याद करता हूँ, जब सुधीश पचौरी का लिखा एक छोटा लेख राष्ट्रीय सहारा में कहीं छपा था। वह शोले(1975) फ़िल्म पर कुछ बातें कह रहे हैं। इत्तेफ़ाक़ से टीवी पर उस वक़्त इसी फ़िल्म को देखते हुए पहले इसे पढ़ता हूँ और तब की अपनी डायरी में हूबहू उसी शैली में अपने मन से कुछ-कुछ बातें लिख देता हूँ जो पचौरी सर अपने यहाँ नहीं कहते हैं। इसे अनुकरण कहेंगे या कुछ और, यह बहुत पुराना सवाल है। इसमें नई बात यही है कि कुछ लिखने की इच्छा उसी फ़िल्म को देखकर और उसी फ़िल्म पर लिखे हुए उस टुकड़े को पढ़कर मेरे भीतर निर्मित हुई। वह किस तारीख़ को लिखा था, यह अब याद करने से भी याद नहीं आ रहा। निशानेबाज़ी, गाँव में पानी की टंकी, रेलगाड़ी और पता नहीं क्या-क्या रहा होगा! यह कोई हैरान करने वाली बात नहीं है। यह बात बिल्कुल सच है कि कविता की नक़ल या उसकी तर्ज़ पर अपनी कविता तब बना पाता, जब कुछ कवियों को पढ़ता। उनके यहाँ देखता, कैसे बातें आती हैं। कौन-सी बात को वह लिखने लायक़ पाते हैं। जब पढ़ा ही नहीं तो एक वक़्त के बाद कविता लिखने की कोई इच्छा मेरे भीतर कैसे पैदा होती, जबकि गद्य या अपनी डायरी में जो देखता-महसूस करता वह बिल्कुल ठीक रास्ते पर चलते हुए मुझे दिखाई पड़ रहे थे। मेरे पास एक ब्लॉग था। उस पर लिखने के बहुत सारे प्रयोग अभी करने बाक़ी थे। समझ रहा था, कैसे लिखा जाता है काग़ज़ पर और कैसे अपने लिखे हुए को एक ‘वेबसाइट’ पर लगा देने में क्या फ़र्क़ है।
जब एक-एक कर कई सारी कविताएँ जो कविताएँ हैं भी या नहीं सब याद आने लगी हैं, इसमें ग्रेजुएशन के दिनों में कमलेश्वर के उपन्यास, जिस पर बाद में उन्हें साहित्य अकादेमी पुरस्कार मिला, उस ‘कितने पाकिस्तान’ को कॉलेज से घर ले आया। उसमें एक अदीब है—जज की हैसियत से। उसकी कहानी-विभाजन से पहले शुरू होती है। वह जिससे मिलता था किसी अनजान से रेलवे स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म पर, वहाँ रूमाल पुल से गिरता है और यह दृश्य बार-बार उसकी स्मृति में घटित होता है। इसे सीधे तौर पर नक़ल कह सकते हैं। जिसे ‘अंतस की खुरचन’ वाला कवि आज बाक़ायदा लक्षित होकर किताब की शक्ल में कर रहा है, वह तब बहुत छोटे और किसी क्रमबद्ध सिलसिले में नहीं किया जा रहा था। उस कविता को ‘कितने पाकिस्तान’ नाम दिया था। उसमें यह रूमाल पुल से हूबहू वैसे ही गिरता है; जैसे लोग घर में बैठे हैं, उन्हें पाकिस्तान बनने की ख़बर लगती है और सब-कुछ टूट जाता है, वैसा ही कुछ उन दोनों की प्रेम-कहानी को आगे बढ़ने नहीं देता। ख़त्म हो जाता है। यह देशबंधु कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘देश’ में प्रकाशित भी हुई थी... शायद उसी सत्र के अंत में।
एक कविता दूरदर्शन पर एक टेलीफ़िल्म देखकर भी लिखी थी। उसमें प्रतिमा गोखले नाम की एक महिला होती है। वह राशन कार्ड बनाने वाले दफ़्तर में क्लर्क बड़े बाबू की हैसियत से काम कर रही है। उसके पास एक आदमी अर्ज़ी लेकर आता है। उसे भी अपने परिवार का राशन कार्ड बनवाना है। वह उससे बहुत देर बात करती है। वही बातें मैंने एक कविता की शक्ल में लिख दी थीं; जिसमें वह अपने नाम से संस्कृति, परंपरा, इतिहास और भूगोल आदि का ज्ञान उस आदमी को बताने में अपना वक़्त ज़ाया करती है। मुझे लगा, क्यों न इसे ही लिख दूँ। यह एक कविता का कच्चा माल है। कैसी पंक्तियाँ आ-जा रही हैं। इस पर बिना सोचे-समझे कुछ लिख दिया और उसे कविता कह दिया।
कविता के विषय तक कैसे पहुँचा जा सकता है या किन्हें अपनी कविता का विषय बनाया जा सकता है, यह बहुत ही मुश्किल सवाल है। तब और भी मुश्किल है, जबकि आप अपने आपको गद्य में बहुत आरामदायक स्थिति में पाते हों। उसमें आप ख़ुद को अभिव्यक्त करने में अधिक सहज महसूस करते हों। बहुत सालों तक तो मेरे लिए यह कोई सवाल ही नहीं था कि क्या कभी मुझसे कविता लिखी भी जा सकेगी? सामने से या यूँ कहूँ कि डायरी में ख़ुद को जिस तरह से साफ़-साफ़ बिना छिपाए कहने की आदत या बहुत सारे ब्योरों को कहने की आदत या जो घटित हो रहा है उसे वैसा ही कहने की जो ‘अभिधा’ में ताक़त है जिसे ऊपर भी कह चुका हूँ उसे नजरअंदाज़ करते हुए आगे बढ़ जाने का ख़याल कभी मन में आया ही नहीं। सोचता था कैसा डर। जो लिखना है, सबके सामने कह देना चाहिए। डायरी इस तरह की ईमानदारी तो माँगती ही है। यह उसका फ़ॉर्म है या मेरा ‘क्राफ़्ट’ ऐसा रहा कि उसमें लाग-लपेट धीरे-धीरे कहीं दूर बैठे ऊँघते रहे। तभी तो जो लिख देता हूँ, कभी-कभी उसे किसी को देखने या किसी के द्वारा पढ़े जाने से थोड़ा संकोच या भय तो हो ही जाता है। बेपरदा हो जाना कौन चाहता है। जब लिखते हुए मैं अकेला था, तब की बात और रहती है। जब उसे कोई पढ़ेगा जो मेरे बाहर है, वह उसे किस तरह लेगा और मेरी कौन-सी दरार से मेरे भीतर दाख़िल होना चाहेगा, यह कभी-कभी इस भाव से भर देते हैं। तभी जो पहली डायरी छपकर आई है, वह साफ़ और पारदर्शी होने के बावजूद मुझसे कुछ दूरी पर है। ऐसा मुझे लगता रहा है।
जिन्हें पन्नों पर दर्ज किया है, वह अभी किसी के सामने नहीं है। कब और किस विधि उसे सार्वजनिक कर पाऊँगा, यह साहस मुझमें कब आ पाएगा, कह नहीं सकता। तब तक के लिए यह सवाल मुझे बहुत रोचक लगता है कि इस बात को समझ सकूँ; कैसे कविता की तरफ़ चला गया और इसी में एक दिन यह है, जब इस बात को समझने के लिए अपने आपसे इससे जूझता हुआ ये सारी बातें जो दिमाग में कल रात से चल रही थी उन्हें लिखने बैठ गया। कितना पहुँच पाया, कह नहीं सकता।
•••
जारी...
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट