ख़ुदा को पत्र
गोसिया बानो
25 नवम्बर 2026
मेरे ख़ुदा!
मैं हर दिन सोचती हूँ कि एक दिन तो ऐसा आएगा, जब ख़ुदा मेरी बातों का जवाब देगा। मैं नमाज़ के हर एक सज्दे में ख़ुदा से दरख़्वास्त करती हूँ—या ख़ुदा! मेरी बातों को, मेरी शिकायतों को सुनो और उनका जवाब किसी फ़रिश्ते के हाथ भेजो। वे अजीब बातें बताते हैं। क्या तुम भी इन्हीं मर्दों के समान मेरे सवालों के जवाब दोगे? अगर ऐसा है तो दुनिया का मर्द तुम्हारी ही ज़ुबान बोल रहा है।
या ख़ुदा! मैं तेरी हर बात मानना पसंद करूँगी, लेकिन तेरी बातों में मर्द बादशाह और औरत ग़ुलाम की शक़्ल में न दिखाई दे। तुम्हारे दर पर कोई छोटा-बड़ा नहीं है; ऐसा सुनने में आता है, लेकिन यहाँ दुनिया में लोग तुम्हारी ही बात को ग़लत साबित कर रहे हैं। वे ख़ुद को तुम्हारा बहुत क़रीबी बताते हैं। या ख़ुदा! क्या तू इन बुरे और बद-अख़्लाक़ लोगों का क़रीबी है? ये कभी मौलवी की शक्ल में आते हैं, तो कभी मौलाना और क़ारी की शक़्ल में। जुमे की नमाज़ के बाद वे औरतों पर तक़रीर करते हैं। क्या तुम उन तक़रीरों को नहीं सुनते? उनमें औरतों के हुक़ूक़ बताए जाते हैं और उन पर फब्तियाँ कसी जाती हैं।
मैंने अपने कानों से सुना है। या अर्श-ए-बरी! क्या तेरे अर्श तक उन बेक़सूर औरतों की चीख़ें पहुँचती हैं?
जब मौलाना तक़रीर शुरू करता है, तो सबसे पहले पर्दा करने की हिदायत देता है। वह पर्दा करने की हिदायत देते-देते औरतों के एक-एक जिस्म को नंगा करता है और बताता है कि औरतें बेपर्दा चलती हैं, गुनाह करती हैं। उनके सीने हिलते हैं, तो मर्दों की नज़र उन पर पड़ती है, जिससे औरतों पर गुनाह नाज़िल होता है। औरतों के ढलके हुए पिस्तानों को मर्द बुरी और हवसी नज़र से देखता है, लेकिन गुनाह औरतों के हिस्से आता है। क्या मर्दों को आँखें बस इसीलिए दी गई हैं कि उन्हें औरतें देखने पर निर्वस्त्र ही नज़र आएँ? उनकी जाँघों और कूल्हों पर अभद्र टिप्पणियाँ की जाती हैं, तब उन्हें पर्दे का ख़याल क्यों नहीं आता? उन्हें यह क्यों नहीं बताया जाता कि वे अपनी ज़ुबान से भी औरतों के जिस्म को बेपर्दा करते हैं?
तुझे नहीं लगता कि अगर घर और समाज की इज़्ज़त का दारोमदार औरतों के जिस्म के बजाय मर्दों की निगाहों और व्यवहार पर हो जाए, तो दुनिया में एक भी घर इज़्ज़तदार नहीं बचेगा? मर्द अपनी नज़र का पर्दा क्यों नहीं कर पा रहा है? औरतों के बुर्क़ा पहनने और घूँघट करने से मर्दों की नज़र पाक हो जाएगी, इसका कोई पुख़्ता सुबूत नहीं है। बल्कि वे कपड़ों से ढकी औरतों को भी नग्नता की नज़र से देख ही लेते हैं।
या ख़ुदा! तू रहीम है, तो औरतों पर रहम कर। वे बाज़ारों में, सफ़र के दौरान और अपने घरों में बेरहमी से चोटिल की जाती हैं। कुछ भूखी नज़रें औरतों को अपना खाना मानती हैं। क्या इनकी भूख का इंतज़ाम तेरे पास नहीं है? तू देख रहा होगा कि इन पर्दापसंद मर्दों ने कितने कोठे ईजाद किए हैं। अगर इन्हें एक औरत की ज़रूरत है, तो इतने कोठे और ‘तवायफ़’ नाम का शब्द क्यों जन्मा?
हम औरतों का क्या भविष्य है, यह हम कभी नहीं जान सकते, क्योंकि हमारी ज़िंदगी और क़िस्मत की डोर हमारे पिता, भाई, पति और बेटे के हाथों में होती है। एक औरत अपनी क़िस्मत को तब कोसती है, जब वह अपनी कोख से जन्मे बेटे को एक पुरुष के रूप में देखती है और जब हम कोख में आते हैं तो मीटिंग होती है कि हमें दुनिया में लाना है या नहीं। या ख़ुदा! क्या उस वक़्त इन्हें इस्लाम याद नहीं आता? जब तालीम की बात आती है, तो ये क्यों भूल जाते हैं कि शिक्षा पर सबका अधिकार है? या ख़ुदा! यह पुरुष समाज तेरी ही बात को झुठलाता है। क्या इनके लिए भी कोई कड़ी सज़ा है?
शादी में परिवार की मर्ज़ी थोप दी जाती है। सुना है, तेरे हिसाब से यह ग़लत है तो ये इतने हक़ से कैसे फ़ैसला कर रहे हैं? मैं जानना चाहती हूँ, या ख़ुदा! मैं जानना चाहती हूँ! तू सबको समानता देता है, तो हमारी ज़िंदगी की डोर भी अपने हाथ में ले। यह डोर पुरुषों के हाथों में थमाकर यह मत कहना कि ख़ुदा भी यही चाहता है। हम यह नहीं चाहते। हमारी मर्ज़ी भी सुन। अगर ख़ुदा भी अपनी मर्ज़ी हम औरतों पर थोपेगा, तो मर्द और ख़ुदा में क्या फ़र्क़ रह जाएगा?
मेरा यह ख़त शुरुआत से ही एक शिकायतनामा लग रहा है, लेकिन क्या करूँ! दुनिया में अगर हम अपने हक़ की बात करते हैं, तो इसे बद-चलन होने का सबब बना दिया जाता है। या ख़ुदा! इसका भी जवाब लिख भेजना, ताकि मैं इनको—पुरुषों को—दिखा सकूँ कि जिस ख़ुदा को वे मानते हैं, वह भी हमारे बारे में सोचता है। हमने क्या गुनाह किया कि हमें हव्वा बनाकर सारी ग़लतियों का बोझ हमारे सिर रख दिया और पुरुषों को आदम बनाकर उनके सारे गुनाहों का इल्ज़ाम भी औरतों के नाम लिख दिया?
मर्द तलाक़ देता है और तीन बार कहकर शादी तोड़ देता है। या मेरे ख़ुदा! हमें भी ऐसा ही अधिकार चाहिए। तू कहेगा कि खुला जैसा हक़ दे रखा है, लेकिन मैं मर्दों की रज़ामंदी के बिना उन्हें खुला नहीं दे सकती। ऐसा क्यों? मैंने बचपन से सुना है कि निकाह करना आधा ईमान होता है, लेकिन फिर क्यों इस आधे ईमान में आने के बाद पूरा ईमान भी तहस-नहस हो जाता है? जब एक चींटी को मारना पूरी इंसानियत को मारने के बराबर है तो एक समूची औरत को मारना कहाँ से सीख रहे हैं ये लोग?
एक औरत इंसानियत के दायरे में भी नहीं आती! अगर आती है तो ये लोग तेरी बातें क्यों नहीं समझ रहे हैं या समझना ही नहीं चाहते?
या ख़ुदा! तू मुझे यह भी लिख भेजना कि तेरी नज़र में हलाला ग़लत है या तलाक़। मेरे मौला, इतना ज़रूर ध्यान रखना कि यहाँ औरतों के पर्दे की बात है। एक औरत सबसे पर्दा करती है और सिर्फ़ शौहर से नहीं करती, तो किसी और मर्द के साथ उसे हमबिस्तरी करने के लिए कैसे मजबूर किया जा सकता है? अगर तू इस सवाल का जवाब यह दे कि यह एक मर्द की सज़ा है कि वह अपनी बीवी को किसी मर्द के साथ देखकर हसद करे और फिर दोबारा ऐसा काम न करे तो इस सबमें मर्द को सज़ा देने के लिए एक औरत को ही क्यों चुना गया? उसकी सज़ा किसी मर्द को ही दी जाती, तो इतनी ज़्यादा तादाद में तलाक़ नहीं हो रहे होते।
एक औरत तो कई शादियाँ नहीं कर सकती तो हलाला के लिए शादी क्यों करे? मैं आश्चर्य में पड़ जाती हूँ, जब एक औरत उस मर्द के लिए हलाला जैसी प्रथा को अपनाती है जिसने अपनी मर्दानगी दिखाने के लिए तलाक़ दिया होता है और फिर औरतें उसी के पास लौट जाती हैं। लेकिन इन सवालों के ज़ेहन में उमड़ने के बाद ही यह ख़याल आता है कि वे इसके अलावा कर भी क्या सकती हैं? उन्हें तो बचपन से ही इस सबके लिए तैयार किया जाता है कि वे चाहें भी तो अपने मन का न कर सकें। उनके परों को दिन-ब-दिन कतर दिया जाता है, ताकि उन्हें उड़ान न मिल सके।
या मेरे मौला! तुझे पता है क्या? इस हलाला के ज़रिये मर्दों ने जिस्मफ़रोशी का धंधा चला दिया है। मेरे मौला! तुझे तो औरतों की हया की बहुत फ़िक्र है। मैं नहीं जानती कि मेरे सवाल इतने कम क्यों हैं! लेकिन हमने इतना सहा है कि सहते-सहते बहुत कुछ भूल जाते हैं।
हर दिन, हर पहर औरतें अपने पतियों की ख़िदमत कर रही होती हैं; तब भी उन्हें फ़ातिमा बनने की नसीहत दी जाती है। जब हमने अपनी मामूली ज़रूरतों का सामान माँगा तो कहा जाता है : “पता है! फ़ातिमा ज़हरा अपने हाथों से खाना पकाती थीं, अपने शौहर की आमदनी में ख़ुश थीं, अपने शौहर की हुक्मरान थीं।” और या मेरे ख़ुदा! ये पता नहीं कैसी-कैसी बातें पेश करते हैं! मर्द हमारी ज़रूरतें पूरी नहीं कर सकता और हमें उन ज़रूरतों को पूरा करने भी नहीं देता।
दुनिया का पुरुष पत्नी के रूप में फ़ातिमा माँगता है। हर बार उसे लताड़ता है। इनमें बद-गुमानी इतनी ज़्यादा है कि ये हज़रत अली नहीं बनना चाहते। ये अक्सर भूल जाते हैं कि जहाँ फ़ातिमा हैं, वहाँ अली जैसा शौहर भी है। मैं पूछती हूँ कि फ़ातिमा ज़हरा को हज़रत अली ने कितनी बार मारा है? कब ऊँची आवाज़ में बात की है? और सबसे ख़ास, उन्होंने कितनी शादियाँ की हैं? ये सवाल मर्दों के सामने आते हैं तो वे एक और दलील पेश कर देते हैं : “कि तुम नबी की बेटी नहीं हो।” मैं पूछती हूँ कि जब हम नबी की बेटियाँ नहीं हैं तो हमें नबी की बेटी से मिलान करके हर समय बेइज़्ज़त क्यों किया जाता है?
हमने पुरुषों से मार खाकर भी उन्हें खाना खिलाया है, अपने जिस्म को भी परोसा है। फिर भी जहन्नुम में हमें ही जलना है, ऐसा क्यों? लोग कहते हैं कि औरतों की ज़ुबान उन्हें दोज़ख़ में ले जाएगी। मेरे मौला! अगर हमारे बोलने से हम दोज़ख़ी हैं, तो हमारी ज़ुबान ही मत बनाता; या बनाकर कोई भूल हो गई थी, जिसे रोकने के लिए बाद में यह क़ानून बना दिया गया। ये सारे क़वानीन इतने बेरहम और एकतरफ़ा होकर बनाए गए हैं। क्या ये मेरे उस ख़ुदा ने बनाए हैं, जो अपने बंदों को दुख में नहीं देख सकता? मेरे ख़ुदा! अब बंदों की तरफ़ से नज़र हटाकर हम बंदियों को बंदिशों से आज़ाद कर।
जो औरतें ईमान वाली हैं, वे अपने मर्दों की फ़रमाँ-बरदारी करती हैं। क्या वे औरतें जो सिर्फ़ तेरी फ़रमाँरवाँ हैं, ईमान वाली औरतें नहीं हैं? हमारा ईमान मर्दों की ग़ुलामी करने से नहीं जुड़ सकता। अगर जुड़ता है तो यह कैसा ईमान है? मैं चाहे जितनी नमाज़ें पढ़ लूँ, लेकिन मेरी नमाज़ मुझे तब तक जन्नत नहीं ले जा सकती, जब तक मैं मर्दों को ख़ुश न करूँ। या ख़ुदा! हमारे लिए इन सब समस्याओं का समाधान लिख भेजना। हम मर्दों को ख़ुश करते-करते बहुत दुखी हो गए हैं।
और जवाब इतना स्पष्ट रूप से लिखना कि उसमें यहाँ कोई फेर-बदल न कर सके। हमने पाक होने के इतने सुबूत दिए हैं कि अब हम पुरुषों की नज़रों में पाक नहीं रहना चाहते। अगर मैं पाक होने की एक सज़ा के बारे में बताऊँगी तो तुम भी सोच में पड़ जाओगे। क्या तुम सुन सकोगे इस पाकी को बरक़रार रखने की मलामत? तुम सुनना पसंद नहीं करोगे, मैं तब भी यह बताऊँगी। तो सुनो!
मर्दों को पाकी इतनी पसंद है कि उन्होंने अपनी बेटियों की योनि सिलवाई है, ताकि कहीं वे किसी के साथ हमबिस्तर न हो जाएँ। उस सिले हुए को उसका शौहर तोड़ेगा। यह कैसा रिवाज है? औरतों के नफ़्स और जिस्म को क़ाबू करने के लिए ये लोग इस हद तक गिर गए हैं। या ख़ुदा! तूने तो इस रिवाज को होते हुए देखा होगा। उन मासूम बच्चियों और औरतों को मरते और तड़पते देखा होगा। तो तू कोई क़हर क्यों नाज़िल नहीं करता? तू तो उन औरतों पर भी क़हर नाज़िल करता है, जो अपने पतियों से ऊँची आवाज़ में बात करती हैं। फिर इन बेरहमों के लिए इतना रहम तेरे दिल में कहाँ से आता है?
मैं समझ नहीं पाती कि क्या मर्दों में इतनी अक़्ल नहीं कि जिस्म से पाक औरत होने पर भी कोई उससे मोहब्बत करना नहीं छोड़ेगा? अगर वह अपने दिल में किसी और के लिए मोहब्बत रखती है, तो उसे कैसे मिटा सकते हो? दुनिया में ऐसी कोई रिवायत नहीं जो मन को सिलकर उसे क़ाबू में कर सके और मोहब्बत करने से रोक सके।
तूने अगर दुनिया पर नज़र डाली होगी तो पाया होगा कि ऐसी कितनी ही औरतें हैं, जिन्होंने माँ न बन पाने पर ख़ुद को कोसा होगा। लेकिन तूने ऐसा मर्द नहीं देखा होगा जिसने ख़ुद को इस बात के लिए कोसा हो कि वह बाप नहीं बन सकता। क्या इनके बाप न बन पाने का कारण एक औरत है? अगर नहीं तो वे अपनी कमी औरतों के ज़िम्मे डालकर भाग क्यों जाते हैं? औरत बाँझ कहलाती है तो मर्द को क्या कहा जाए?
या ख़ुदा! मर्द की जिस्मानी ख़्वाहिशों की सराहना की जाती है और औरत की जिस्मानी ख़्वाहिशों को जैसे किसी गुनाह का आग़ाज़ मान लिया जाता है। क्या उनके पास वह तन नहीं जो जिस्मानी ख़्वाहिशें पूरी करना चाहता है? क्या इस बात के लिए उन्हें दुनिया की तमाम गालियों से नवाज़ा जाना चाहिए? तू इस पर भी बड़े सलीक़े से एक लेख लिख भेजना।
या ख़ुदा! तूने मर्दों को जन्नत में हूरें देने का वादा किया है और औरतों को जन्नत में उनके पति को ही देने का वादा किया। वह पति जो उन्हें ज़िल्लत की ज़िंदगी जीने को मजबूर करते हैं, हर तरह से उनका शोषण करते हैं... चाहे बिस्तर पर उनकी मर्ज़ी के बग़ैर हमबिस्तरी करना हो, चाहे ज़बरन उनकी कोख में बच्चे का बीज पैदा करना हो, चाहे अपनी पसंद की ख़्वाहिशें उन पर थोपना हो। क्या औरतें उस मर्द को फिर से अपनी ज़िंदगी में चाहती हैं, जिसने उन्हें एक दाई के अलावा कुछ नहीं समझा और उनके जिस्म के आगे उन्हें कभी देखा ही नहीं? या ख़ुदा! तू औरतों के लिए भी हूरों के समान कोई शक्ल पैदा कर, ताकि उन्हें जन्नत में फिर से दोज़ख़ न झेलनी पड़े।
तू नहीं जानता, मेरे मौला, कि तू इस दुनिया का ख़ुदा सिर्फ़ कहने के लिए है। असल में यहाँ (दुनिया में) ख़ुदा मर्द है। जल्दी से, बिना देरी किए, कोई मो’जिज़ा कर और अपने किसी दूत के हाथों अपने ख़ुदा होने का पैग़ाम भेज। नहीं तो कुछ दिनों में मर्द यह भी भूल जाएँगे कि ख़ुदा भी है। हर तरफ़ मर्द की शक्ल में ख़ुदा ही ख़ुदा हो जाएँगे। जिन मर्दों ने औरतों की रूहानियत छीन रखी है, वे तेरी ख़ुदाई भी छीन लेंगे।
या ख़ुदा! तू शायद न माने, लेकिन मैं फिर से दोहरा रही हूँ—जल्दी कर... क्योंकि वे उन औरतों के साथ बद-सुलूकी करते हैं, जिनकी कोख से नई जानें जन्म लेती हैं। वे उन्हें जिस्म से आगे नहीं समझ पाते, जिन्होंने उनके मरने के बाद भी ‘इद्दत’ जैसी प्रथा को बड़े दिल से निभाया है। मैं कहती हूँ, जल्दी कर मेरे ख़ुदा, जल्दी कर!
— तेरी बनाई दुनिया की
एक औरत
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट