कहानी : कलिया
मुशर्रफ़ परवेज़
11 नवम्बर 2026
मास्टर साहब को कॉलेज से घर जाने की उतनी चिंता नहीं रहती, जितनी काली से मिलने की। यह वही काली है, जिसे मास्टरनी ‘कलिया’ कहा करती हैं।
डीडीए पार्क काली का घर है, जहाँ वह बड़ा हुआ और आज रह रहा है। यही एक ख़ास वजह थी कि मास्टर साहब क्लास लेने के तुरंत बाद स्टाफ़ रूम जाने के बदले सीधे डीडीए पार्क निकल जाते। उधर काली भी हर दिन शाम के छह बजे उसी स्थान पर बैठ जाता, जहाँ उसे हर दिन उसके मास्टर साहब मिलते थे।
मास्टर साहब अपना झोला सँभाल ही रहे थे, इतने में उनका काली उनके क़रीब आ गया। काला रंग, बीच-बीच में हल्के-फुल्के उजले धब्बे। काली आँखें और बड़े-बड़े बाल।
मास्टर साहब कुछ देर तक उसे देखते रहे। उनको महसूस होने लगा कि उनका काली भूखा है। फिर क्या था? उन्होंने हर दिन की तरह झटपट अपने झोले से पारले-जी का डिब्बा निकाला और उसके सामने पेश कर दिया। यूँ ही ज़मीन पर नहीं फेंका, बल्कि क़रीने से एक-एक बिस्किट गिराते जाते। जब तक वह पहला बिस्किट खाकर ख़त्म करता, उतने में मास्टर साहब दूसरा गिरा देते। उसके खाने की टाइमिंग और मास्टर साहब के गिराने की टाइमिंग का क्या ही कहना! इतना तो काली के माँ-बाप भी प्यार नहीं करते थे, जितना मास्टर साहब। यही कारण था कि काली के सर्वप्रिय लोगों में इनका नाम शीर्ष पर था। सुख-दुख, अच्छा-बुरा, सब काली इनसे बताता। और ये भी बड़े चाव से सुनते चले जाते।
पारले-जी उसका सबसे प्रिय भोजन है, क्योंकि कई महीनों से वह यही खाता आ रहा है। जितनी देर काली बिस्किट खाता, उतनी देर मास्टर साहब उसको देखते और मुस्कुराते। मानो काली उनके दिल का टुकड़ा हो। बिस्किट खाने के बाद तुरंत जैसे ही वह उनके सामने कृतज्ञ होने की मुद्रा में बैठता, मास्टर साहब समझ जाते कि अब पानी भी पिलाना पड़ेगा।
झटपट उन्होंने झोले के एक कोने से बोतल निकाली। ज़मीन के उसी गड्ढे में पानी डालना शुरू कर दिया, जिस गड्ढे में वह हर दिन पानी डालते थे। मानो वह गड्ढा काली के पानी पीने के लिए आरक्षित हो गया हो। जितनी देर उन्हें बोतल बंद करने में लगती, उतनी देर में काली घटाघट पानी पी जाता। कहते हैं न, प्रेम किसी से भी हो जाता है। चाहे वह फूल हो, फल हो, पौधा हो, पेड़ हो, चिड़िया हो या जानवर। ठीक वैसा ही प्यार था मास्टर साहब को काली से। जब तक वह उसका चेहरा नहीं देखते, उनका दिन नहीं कटता। उसके बिना वह सुकून से सो भी नहीं पाते थे।
अब काली की भूख और प्यास मिट चुकी थी। वह उसी तरफ़ जाने का इशारा करने लगा, जिधर घंटों काली और मास्टर साहब बातें किया करते हैं। मास्टर साहब को समझ आ गया कि वह उनको जामुन के पेड़ के नीचे वाली बेंच की ओर ले जाना चाहता है। दोनों बेंच की ओर निकल पड़े।
इतने में मास्टर साहब ने पूछा, “और काली, कैसा रहा आज का दिन?”
काली ने ख़ुशी से सिर हिलाया और बोला, “बढ़िया।”
“अच्छी बात है, बच्चा!” मास्टर साहब ने कहा।
“आज कितने शिकार हुए तुम्हारे, काली?”
काली ने धीरे से थूथन हिलाते हुए कहा, “एक भी नहीं।”
शाम ढलने वाली थी। उन्हें घर जाने में देरी हो रही थी, क्योंकि काली के अलावा भी उनका परिवार था। फिर उन्होंने कहा, “अच्छा काली, मैं चलता हूँ। कल फिर इसी वक़्त मुलाक़ात होगी।”
काली समझ गया कि मास्टर साहब जाने का कह रहे हैं। काली ने अपने आगे वाले दोनों पैरों से उनके सीने को छुआ और अपने घर की तरफ़ निकल गया। और मास्टर साहब बस स्टॉप की तरफ़।
मास्टर साहब बस स्टॉप पर पहुँच तो गए, पर 307 नंबर वाली बस आने में देरी हो रही थी। इधर मास्टर साहब के घर से बार-बार फ़ोन आ रहा था। बस पर चढ़ते ही उन्होंने मास्टरनी को फ़ोन करके पूरी कहानी सुनाने वाले ही थे कि मास्टरनी बिगड़ गईं। “झूठ तो तुम बोलो ही मत!” मास्टरनी ने ग़ुस्से में कहा। “हर दिन तुम्हारी बस ही लेट रहती है। क्यों नहीं कहते कि कलिया के पास बैठे थे। बाल-बच्चों की कोई परवाह तो है नहीं। काली न हो गया कि क्या हो गया?”
मास्टर साहब समझ चुके थे कि अब उनकी ख़ैर नहीं। वह बस इतना कह पाए, “तुम फ़ोन पर तो ठीक से बोलो, मास्टरनी।”
“क्या ठीक से बोलूँ? एक दिन का रहे तब। डेली का तो यही ड्रामा है।”
इधर से मास्टर साहब कुछ और कहते, तब तक मास्टरनी ने फ़ोन काट दिया
एक तो वह कॉलेज से देरी से निकले थे। ऊपर से काली के पास घंटों बैठे रहे। उन्हें समय का पता ही नहीं चला। रात के नौ बजने वाले होंगे। तभी मास्टर साहब ने घंटी बजाई। एक बार उन्होंने घंटी बजाई। कोई नहीं आया। दूसरी बार भी किसी का कोई अता-पता नहीं। अंत में उन्होंने फ़ोन किया, तो पता चला कि सब टीवी देख रहे हैं।
दरवाज़ा खोलते ही मास्टरनी बोलीं, “आए ही क्यों हो? वहीं बेंच पर सो जाते। घर में कोई मर भी जाए, तो तुम्हें क्या मतलब है?”
वह ख़ामोश होकर उनकी बातों को अनसुना कर गए। अभी जवाब देना उचित नहीं। वह मन-ही-मन सोचते हुए अपने कमरे की तरफ़ निकल पड़े। झोला पटका और चाय के लिए भी कह नहीं पाए। यदि वह बोलते, तो मास्टरनी उनको और सुनातीं। मास्टरनी किचन में कुछ करने लगीं। उन्होंने मास्टर साहब को सुना तो दिया, पर मन में सोचने लगीं, “क्यों ही इतना डाँट दिया मैंने?”
मास्टरनी दिल की बड़ी साफ़ थीं। नाराज़गी अपनी जगह, पर बतौर पत्नी मास्टरनी उनका ख़ूब ख़याल रखती थीं। दस मिनट बाद उनकी मेज़ पर चाय की प्याली और नमकीन आ चुका था। मास्टर साहब ने दो-एक नमकीन के दाने लिए और एक हाथ से चाय की प्याली सँभालते हुए वहीं दूसरे हाथ से फ़ोन देखने का बहाना करने लगे।
अगला दिन है और वही पार्क। आज काली मायूस है। आज वह कुछ कह नहीं रहा। मास्टर साहब ने बिस्किट दिया, तो एक-दो खाकर उसने छोड़ दिया। मास्टर साहब समझ नहीं पा रहे थे। आख़िर आज उनका काली क्यों इतना उदास बैठा है? न खा रहा, न और दिनों की तरह कुछ कह रहा। काली को उन्होंने अपने क़रीब लाया, तो देखा कि उसकी आँख में चोट लगी है। आँखों से लगातार पानी बह रहा है।
“क्या हुआ, काली?”
काली ने कुछ नहीं कहा। बस चुप...
“किसी से झगड़ा तो नहीं किया?” मास्टर साहब ने फिर पूछा।
काली ने ‘नहीं’ की मुद्रा में सिर हिलाया। मास्टर साहब को उसका दर्द देखा नहीं जा रहा था। वह उठे और वेटरनरी डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जाँच की तो बताया कि किसी ने किसी नुकीली चीज़ से इसको मारा है। मास्टर साहब ने उसका दवा-दारू करवाया। पर डॉक्टर ने कहा कि इसको कुछ दिन अपने पास रखिएगा। मैं यह ड्रॉप दे रहा हूँ। इसको सुबह और शाम दो टाइम डालते रहिएगा।
मास्टर साहब ने डॉक्टर से कहा, “ठीक है, सर।” इस हाल में उन्होंने उसे पार्क में छोड़ना बेहतर नहीं समझा। वहीं से ऑटो लिया और अपने घर चल दिए। घर पहुँचे और ज्यों ही मास्टरनी ने काली को देखा, आग-बबूला हो गईं।
“क्या नई मुसीबत ले आए हो?” मास्टरनी बोल पड़ीं।
“तुम पागल हो गई हो! बेचारा दर्द से कराह रहा है, तुमको सुझाई नहीं दे रहा।” मास्टर साहब ने आवाज़ ऊँची करके कहा।
“हाँ, नहीं दे रहा दिखाई। ले जाओ इसको, वरना आज वबाल हो जाएगा।”
“जो होता है होने दो, पर काली कुछ दिन यहीं रहेगा।”
“काली के बाप का घर है क्या ये?” मास्टरनी ने चिल्लाते हुए कहा।
“हाँ! है उसके बाप का घर।” कहते हुए मास्टर साहब ने उसको ड्राइंग रूम में ले जाकर बिठा दिया।
हालाँकि काली के लिए चहारदीवारी में रहना बड़ा मुश्किल होने लगा। ज़रा सोचिए न! जिसे खुले आसमान में रहने की आदत हो, उसके लिए बंद कमरा किसी जेल से कम थोड़े ही है। वहाँ उसका दम घुटने लगा। पर अपने मास्टर साहब की बात कैसे टाले! मास्टर साहब ने एक बोरा फ़र्श पर बिछा दिया। सामने कुछ सूखी रोटियाँ रख दीं। उसका मन तो अच्छा था नहीं, इसलिए उसने रोटियाँ छुई तक नहीं।
रात के दस बजने वाले थे। अँधेरा घना होता जा रहा था। मास्टर साहब बग़ल वाले कमरे में लेटे थे। आज उनकी आँखों में नींद नहीं थी। हर एक-दो घंटे में उठकर काली की ख़बर ले रहे थे। काली अभी भी चुपचाप मुँह लटकाए बैठा था। एक तो दर्द, ऊपर से नई जगह। दोनों परिस्थितियाँ उसके प्रतिकूल थीं। झुँझलाहट में वह भौं-भौं-भौं करने लगा। आवाज़ से पूरा घर उठ गया। उधर वह भौं-भौं कर रहा था। दूसरी तरफ़ मास्टरनी बड़बड़ाने लगीं, “न ख़ुद चैन से रहते हैं, न दूसरे को रहने देते। देखना, एक न एक दिन इस कलिया के चलते घर में ज़िरह कराएँगे। पता नहीं क्या सूझा जो इस आफ़त को उठा ले आए?”
अगला सप्ताह है। वह पहले से ठीक होने लगा। उसकी आँखों से पानी बहना बंद हो गया। मास्टर साहब को उसके ठीक होने पर तसल्ली मिलने लगी। जबकि घर में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर खटपट चलती रहती थी। काली को लेकर कभी मास्टरनी बिगड़ पड़तीं, तो कभी उनके बच्चे। अंत में परेशान होकर मास्टर साहब ने उसे छोड़ने का निर्णय कर लिया। काली भी ख़ुश था, क्योंकि उसे अपने घर जाना था। विडंबना देखिए, जिसके लिए यह पूरी पृथ्वी ही दुनिया हो, उसे कुछ सौ गज के फ़्लैट में रख दिया गया। उसका दम तो घुटना लाज़िमी है। पिछले कुछ एक दिनों से ठीक ऐसा ही काली महसूस कर रहा था। जाने की ख़बर सुनकर उसके चेहरे की उदासी छँटने लगी थी। अपना घर कैसा भी हो, होता तो अपना ही है न!
ऑटो बुक किया गया। मास्टर साहब और काली जा बैठे। पूरे रास्ते वह मास्टर साहब से लिपटा रहा। जैसे दो प्रेमी लिपटते हैं। अब क्या था? ऑटो पार्क के पास जाकर लग गया। मास्टर साहब ने एक हाथ से झोला सँभाला और दूसरे से काली को। जामुन के पेड़ के नीचे जाकर दोनों बैठ गए। उनका मन बिल्कुल भी नहीं था काली को वहाँ छोड़ने का। पर वे करते भी क्या? मास्टरनी का हर दिन ताना मारना। ऊपर से घर में हर रोज़ विवाद होना उनको मुनासिब नहीं लगा।
ऑटो में तो काली बहुत ख़ुश था, पर जैसे ही उतरा, उसका मन भारी हो गया। वह वहाँ से आ तो गया, पर उसको वहाँ की याद सताने लगी। मास्टर साहब समझ गए कि काली को घर में रहने की आदत लग गई है। कोई कुछ भी कहे, पर दिल तो जानवरों के पास भी होता है न। उनके अंदर भी एहसास होता है। वे भी प्यार के भूखे होते हैं। वही प्यार उसे मास्टर साहब से मिला।
“मत उदास हो, मेरे काली, मेरे बच्चा!” मास्टर साहब ने कहा। “मैं हर दिन की तरह शाम को मिला करूँगा। हम बैठकर ख़ूब बातें करेंगे। कुछ नहीं बदला है, काली। हम और तुम हैं और अपनी जगह भी। मैं जा रहा हूँ। कुछ सोचना मत। ठीक है? कल मिलते हैं।”
कहते हुए वह बस स्टैंड की ओर चल दिए। बेचारा काली अपने पुराने घर की तरफ़।
आज मास्टर साहब घर में काली को याद कर रहे थे। जैसे कोई अपना बिछुड़ा हो। उन्हीं दिनों अचानक न्यूज़ चैनलों और अख़बारों में एक ख़बर तैरने लगी। कुत्तों को शेल्टर होम में डाला जाएगा। ख़बर की हर जगह चर्चा चल रही थी। कोई समर्थन करता, तो कोई कहता, “अब यही सब बचा है।” मास्टर साहब इस ख़बर से सबसे ज़्यादा विचलित थे। उनको अपने काली से जुदा होने का डर सताने लगा। काली के बारे में सोच ही रहे थे कि मास्टरनी ने आवाज़ लगाई, “सुनते नहीं हो क्या? कब से कह रही हूँ, खाना खा लो।”
पर मास्टर साहब ख़ामोश थे। मास्टरनी ने जब कई बार कहा, फिर उन्होंने जवाब दिया, “मन नहीं है आज खाने का।”
इतने में वह बोल पड़ीं, “हाँ, अब कुत्तों को जो शेल्टर होम में डाला जा रहा है, तो कैसे लगेगी भूख?”
“कुछ भी बोलती रहती हो तुम।” मास्टर साहब ने कहा। “भूख नहीं है मुझे, सो नहीं खाऊँगा।”
बोलते हुए मास्टर साहब करवट बदल लिए।
अगले दिन वह बड़े भारी मन से कॉलेज को निकल गए। आज उन्होंने ठीक से क्लास भी नहीं लिया। आज का दिन पहाड़ जैसा लग रहा था। उन्हें बस शाम का इंतज़ार था। शाम को जब वह पार्क पहुँचे, तो देखते हैं उनका काली इंतज़ार नहीं कर रहा।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
मुशर्रफ़ परवेज़ को और पढ़िए : ममता कालिया के नाम एक छात्र का खुला ख़त | जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति को एक शोधार्थी का पत्र
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट