हमारा रावण कैसा हो?
अभिषेक कुमार सिंह
26 नवम्बर 2026
फिर उसी शहर इलाहाबाद में, दीपावली के अगले दिन की बात है। उस दिन रिवायत के हिसाब से पूरा शहर सुस्त रहता है। सुस्त मतलब, कोई कुछ भी नहीं करता। सड़कें और लोग, सब सोए रहते हैं और आने वाले दिन का इंतज़ार करते हैं तथा बीते हुए दिन की थकान उतारते हैं।
जगह है इलाहाबाद के दिल में और शहर की रौनक के दिमाग़ में स्थित एक सिनेमाघर। यह सिनेमाघर इस शहर का सबसे नया सिनेमाघर है, जो कभी सबसे पुराना सिनेमाघर हुआ करता था।
लेकिन आज नज़ारा बहुत ही अजीब-सा है।
उस शहर और सिनेमाघर, दोनों के लिहाज़ से आज का नज़ारा बहुत ही अजीब है। सिनेमाघर के दरवाज़े के बाहर इतनी भीड़ है कि उस पर क्या ही कहा जाए! लेकिन यह भीड़ काफ़ी अजीब है। अजीब इतनी कि शहर के सिनेमा का इतिहास भी शायद इसे देखकर हैरान रह जाए। इस भीड़ में नए चेहरे नहीं हैं, इस भीड़ में नई रौनक नहीं है। यह भीड़ है झुर्रियों वाले चेहरों और सफ़ेद होते बालों वाले लोगों की।
और ये लोग अकेले भी नहीं आ रहे, समझ नहीं आ रहा है कि इन्हें कौन ला रहा है। कोई अपने माँ-बाप को ले जा रहा है, तो कोई अपने दादा-दादी को। लोग किसी उम्मीद से यहाँ आ रहे हैं। उन्हें देखकर लग रहा है कि यहाँ कुछ ऐसा होने वाला है, जिसे शायद ये लोग भी देखना चाहते हैं। इन चेहरों पर कुछ ऐसा तृप्त भाव है। ऐसा लग रहा है, जैसे ये कोई तीर्थयात्री हों, जिन्हें संगम-स्नान के लिए लाया गया हो। लेकिन अब इन्हें एक ऐसा स्नान करवाया जाएगा, जिसका मर्म सिर्फ़ समय बताएगा।
असल में बात यह है कि नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ देखने और दिखाने के लिए बहुत सारे युवाओं ने अपने बुज़ुर्ग माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के अन्य वरिष्ठ सदस्यों को यह कहकर साथ लाया है कि, “आइए! सिनेमा भी आध्यात्मिक और अच्छा हो सकता है और आप लोग इसकी तस्दीक़ करें।”
और वे बुज़ुर्ग भी मन मसोसकर, दबे मन से, लेकिन रामायण के नाम पर बस चले आए। अब इससे पहले कि सिनेमा के बाद उनके चेहरों, उनके भावों और उनकी चाल का विश्लेषण किया जाए और सारे खुलासे यहीं हो जाएँ, यह ज़रूरी है कि मोटे तौर पर नई रामायण के बाक़ी किरदारों को भी उनकी सात्त्विकता, उनकी सौम्यता, उनके आदर्श, उनके संस्कार और उनकी भाव-भंगिमाओं के आधार पर तौला जाए। यह कहा जा रहा है कि वे उतने सुसंस्कृत नहीं दिख रहे हैं, जितने उन्हें दिखना चाहिए था।
पहले इस फ़िल्म और उसके साहित्यिक परिदृश्य पर ही बात कर ली जाए...
तमाम मीडिया हाउस, विश्लेषक, समीक्षक और आलोचक इस नई रामायण की बस इसी बात पर आलोचना कर रहे हैं कि यह रामानंद सागर की रामायण जैसी नहीं है। रणबीर कपूर द्वारा निभाए गए राम के किरदार की तुलना अरुण गोविल द्वारा निभाए गए राम से की जा रही है। कहा जा रहा है कि ये राम कम सौम्य हैं, कम सुशील हैं, कम कोमल हैं और बात-बात पर बेचैन हो जाते हैं। चेहरे की भंगिमाओं में वह बात नहीं दिखती, बॉडी लैंग्वेज वैसी नहीं है और कथानक भी वैसा नहीं है।
मोटे तौर पर, घुमा-फिराकर कहा जाए तो इस रामायण की आलोचना इस आधार पर की जा रही है कि इसमें आध्यात्मिकता का पूर्णतः अभाव है। यह महज़ एक कहानी भर है। यह लोगों को कोई दैवीय अनुभूति नहीं करा सकती। इसमें वह संतोषी माता वाली बात नहीं है, इसमें रामानंद सागर की रामायण वाली बात नहीं है।
इन तमाम आधारों पर इसकी धुआँधार आलोचना हो रही है।
लेकिन यह कैसा साहित्य है, जिसकी आप खुलकर न आलोचना कर पा रहे हैं, न खुलकर प्रशंसा? यह एक अजीब-सा साहित्य है, जिसके बीच आप फँसे हुए हैं। न आप उसे पूरी तरह बुरा ठहरा पा रहे हैं, न ही पूर्ण रूप से अच्छा कह पा रहे हैं। लेकिन मेरा सवाल यह है ही नहीं! मेरा सवाल इस फ़िल्म की मूल अवधारणा और मुख्य कथानक से है... आख़िर जो दिखाया गया है, वह वैसा ही क्यों और क्या सोचकर दिखाया गया? अगर आप यश द्वारा निभाए गए रावण की भरसक तारीफ़ करते सिनेमा हॉल से बाहर आ रहे हैं या फिर आप फ़िल्म देखने के बाद हुई कुंठा की मानसिक भरपाई रावण के किरदार को निहारने के समय से कर रहे हैं, तो ऐसा क्यों हो रहा है?
एक स्तर पर यह ज़रूर कहा जा सकता है कि यह फ़िल्म जनसामान्य में स्वीकार्य और चर्चित रामायण के स्वरूप का एक वैकल्पिक रूपांतरण तो ज़रूर है। यहाँ दक्षिण भारत में प्रचलित रामायण से जुड़ी दंतकथाओं की छाप दिखती है और कहीं-न-कहीं आचार्य चतुरसेन की विमर्श-आधारित कृति ‘वयं रक्षामः’ का भी हल्का-फुल्का वैचारिक अंश दिखता है। लेकिन यहाँ बात शुद्ध भारतीय सिनेमाई सोच के पारस्परिक परिवर्तन की हो रही है। यहाँ यह ज़रूर सोचना पड़ेगा कि हम नायक और नायकवाद के किस दौर में पहुँच चुके हैं। हमारा नायक कैसा हो, इस सवाल से कहीं आगे सरककर हमारी सिनेमाई उत्कंठा या फिर यूँ कहें कि वैचारिक वासना इस स्तर पर पहुँच चुकी है कि हम एक “परफ़ेक्ट और अजेय नायक” ढूँढ़ते हुए एक “परफ़ेक्ट खलनायक” गढ़ने के चरम स्तर को छूने का हर संभव प्रयास करने लगे हैं। हमारा खलनायक इतना अतिवादी होना चाहिए कि नायक उसके सामने धूमिल हो जाए और हमें सिनेमा के अंत तक खलनायक से इतनी मोहब्बत हो जाए कि हम खलनायक के पक्ष में तार्किक वजहें खोजने लगें, उसकी हार ग़लत लगने लगे, नायक कुटिल लगने लगे। मोटे तौर पर कहें तो हमारा सिनेमा संजय दत्त की ‘खलनायक’ से होते हुए शाहिद कपूर की ‘कबीर सिंह’ और रणबीर कपूर की ‘ऐनिमल’ को समेटते हुए, ‘केजीएफ़’ को माथे पर रगड़ते हुए अब इस रामायण तक पहुँचा है, जहाँ खलनायक ज़रूरी है और नायक का होना बस एक गैरज़रूरी औपचारिकता है।
आप ज़रूर रावण के बौद्धिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पक्ष पर गहन अध्ययन करके उसके प्रशंसक हो सकते हैं और यह कुछ हद तक पौराणिक मजबूरी भी है, लेकिन इस फ़िल्म में बात कुछ और ही है! यहाँ शूर्पणखा एक नायिका जैसी ही है। उसका रूप, लावण्य और भावनात्मक पक्ष काफ़ी मज़बूत है और उसको जगह सीता के किरदार से कम नहीं मिलती। विद्युतजिह्व का किरदार भी विशेष तौर पर रेखांकित किया गया है, जबकि मंदोदरी और विभीषण होते हुए भी नहीं हैं। यह कहना ग़लत नहीं है कि अब तक स्याह पक्ष के जिन किरदारों की धर्मपरायणता की दुहाई हर साहित्य में दी जाती थी, वे यहाँ पानी में घोल दिए गए हैं। आप अगर सिनेमा के विद्यार्थी हैं, तो आप इस रामायण में किसी न किसी हॉलीवुड फ़िल्म को हर दृश्य में खोज सकते हैं और ऐसा शत-प्रतिशत हुआ भी है। तमाम एक्शन सीक्वेंस पूर्ण रूप से कॉपी किए गए हैं। ‘गेम ऑफ़ थ्रोन्स’ की झलक भी मिलती है, लेकिन जिस नोलन की ‘ओडिसी’ से पारस्परिक तुलना करके इस फ़िल्म की नुमाइश की गई, उसकी सिनेमैटोग्राफ़ी और VFX के समकक्ष यहाँ कुछ भी नहीं है।
मेरा मौलिक प्रश्न बस इतना-सा है कि वे जेन अल्फ़ा और जेन बीटा वाले लोग, जिन्होंने पूरी रामायण न देखी है, न पढ़ी है, वे इस आंशिक साहित्य से क्या और कैसी व्याख्या करेंगे? उनका विमर्श कैसा होगा? वे आने वाले समय में रामायण को ‘शक्तिमान’ की तरह याद करेंगे या फिर ‘हैरी पॉटर’ की तरह?
ख़ैर, फिर बात को उसी शहर इलाहाबाद ले जाकर ख़त्म करते हैं... पूरे साढ़े तीन घंटे, खचाखच भरे हॉल में मौन पसरा रहा। कोई ऐसा दृश्य नहीं आया, जिस पर युवा चेहरे हूटिंग कर सकें या फिर बुज़ुर्गों के हाथ जुड़ सकें या उठ सकें। इसकी व्याख्या पता नहीं कैसे होनी चाहिए, जब कोई सिनेमा न स्वीकृत हो और न ही तिरस्कृत हो? यहाँ स्वीकार्यता है भी या नहीं, इसको पता नहीं कैसे मापेंगे! अंत में उन तमाम बुज़ुर्ग लोगों के चेहरों पर हताशा थी, कोफ़्त भी थी और वे खीझकर कुछ कह भी नहीं रहे थे अपने बच्चों को और उनकी मेहमाननवाज़ी को। दूसरी तरफ़ बच्चे और युवा ख़ुद असहज होकर उस रामायण को “डिफ़ेंड” कर रहे थे, जो उन्हें भी ‘एवेंजर्स’ जैसी नहीं लगी थी। दोनों पीढ़ियाँ एक-दूसरे को नाराज़ नहीं करना चाहती थीं, लेकिन बीच में आ गई मदिरा... एक अधेड़ बुज़ुर्ग, जो थोड़े-से बेसुध थे, उन्होंने आख़िरी सीन के साथ ही खड़े होकर एक ज़ोरदार फ़ीडबैक दिया...
रामायण का आख़िरी दृश्य, जिसमें रणबीर कपूर धनुष उठाकर कहते हैं, “ये राम की शपथ है, राम की शपथ”, इस वाक्य और इस भंगिमा की उन्होंने खाँटी इलाहाबादी में जो आलोचना की, वह शायद मदिरा के असर से ही थी। लेकिन बाक़ी भीड़ ने भी बिना असहज हुए उनके मत को ध्वनिमत से पारित करके उस नए सिनेमाघर से पुराने तरीक़ों से बाहर आ गई।
हाँ! एक बार फिर से शोर है। एक नया खलनायक आ रहा है। वह विदेशी है, वह पूर्ण रूप में मिथकीय भी है, उसमें सच में नयापन है और छुट्टियाँ भी आ ही रही हैं, तो हम लोग आँकड़ों के हिसाब से एडवांस बुकिंग के सारे रिकॉर्ड तोड़कर ‘एवेंजर्स : डूम्सडे’ देखने जाएँगे और शायद एक आला दर्जे के अव्वल खलनायक की सच में तारीफ़ करते हुए सिनेमा हॉल से बाहर आएँगे...
•••
अभिषेक कुमार सिंह को और पढ़िए : मिर्ज़ापुर : कहानीहीन अंतहीन सिनेमा | लखनऊ : वो शहर जो लाहौर और दिल्ली के बीच में कहीं फँसा हुआ है | कमरा नंबर 203 : एक समानांतर दुनिया
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट