एक विराट-भक्त का धोनी के नाम ख़त
आदित्य कुमार
18 नवम्बर 2026
हैलो धोनी!
प्रिय कहूँ या आदरणीय, समझ नहीं आ रहा। प्रिय कहने जाता हूँ तो विराट के साथ धोखा करने जैसा लगता है, क्योंकि अक्सर मैं विराट के रिकॉर्ड्स गिनाने में तुम्हें प्रिय रहने लायक़ नहीं छोड़ता। ख़ैर, छोड़ो... ये बताओ, अचानक ऐसा क्या हुआ कि सीधे रिटायरमेंट ले लिया, गुरु? सब कुछ तो आराम से चल ही रहा था। तुम क्यों उकता गए यार? अभी दो-चार साल और खेल भी लेते तो किसी का कुछ बिगड़ तो नहीं जाता! हाँ, ऐसे अचानक जाने से ज़रूर बिगड़ा है। बहुतों का बहुत कुछ बिगड़ा है, ऐसा मैं दावे के साथ कहता हूँ। विश्वास न हो तो ख़ुद अपने कॉमेंट-बॉक्स में देख लेना। तुम्हारे आशिक़ों को अगर इसकी भनक रहती तो शायद इतना दुख नहीं होता, जितना इस अचानक मिली ख़बर से हुआ है।
मैं जानता हूँ, इस ख़त को पढ़ते हुए तुम मन ही मन सोच रहे होगे कि “सभी खिलाड़ी रिटायर होते हैं, इसमें इतना क्या विलाप करना!” बात किसी खिलाड़ी की रिटायरमेंट की नहीं है, भाई! बात है उसे दुबारा उसी मैदान पर न देख पाने की। खिलाड़ियों के साथ उनके चाहने वाले लाखों-करोड़ों फ़ैंस का भावनात्मक जुड़ाव होता है, जिसे तुम बख़ूबी समझते हो। यह जुड़ाव किसी स्वार्थ-सिद्धि से नहीं पनपता। स्वार्थ से उपजा प्रेम तो आर्टिफ़िशियल गुलदस्ते जैसा होता है, जिसे केवल स्वार्थपूर्ति तक अपने पास रखा जाता है। जैसे ही वांछित लक्ष्य की प्राप्ति होती है, वह गुलदस्ता कूड़ेदान में पाया जाता है।
धोनी, तुम मेरे पसंदीदा खिलाड़ी तो नहीं थे; लेकिन तुम्हें नापसंद करने का भी मेरे पास कोई ठोस कारण नहीं था। सच कहूँ तो मैं विराट का फ़ैन हूँ। इसका भी कोई ठोस तर्क नहीं है मेरे पास। मुझे मालूम है कि मेरे इस बर्ताव पर भी तुम कूल माइंड से रिएक्ट कर रहे होगे—हमेशा की तरह।
तुम्हारा इंटरनेशनल क्रिकेट से जाना तो किसी तरह हज़म हो भी गया था, लेकिन IPL से तुम्हारी विदाई मुश्किल है। धोनी, IPL की पहचान तुमसे थी और रहेगी भी। चेन्नई की टीम में 7 नंबर की जर्सी पहने, अधेड़-सा दिखने वाला एक फ़ुर्तीला खिलाड़ी न हो, तो यह वैसा ही है जैसे चाँदनी रात में चाँद न हो। मुझे मालूम है कि ये भावनात्मक बातें तुम पर कोई असर नहीं डाल रही होंगी। हमारे लाख मनाने पर भी तुम नहीं आओगे। मत आओ। लेकिन यह भी मत कहो कि तुम जा रहे हो।
धोनी! हो सके तो लौट आओ, जैसे पतझड़ के बाद लौटता है वसंत, जैसे शाम को लौटते हैं पंछी अपने घोंसले में...
तुम्हें प्रेम करने का अभिलाषी
तुम्हारा...
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
आदित्य कुमार को और पढ़िए : किरीस का गाना सुनेगा! ले बेटा... | पत्र : दिल्ली के लिए : तुम पहले जैसी हो जाओ
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट