धीरे-धीरे ठँडा हो रहा है मौसम
कमज़ोर पड़ रही हैं
पृथ्वी को गर्म रखने की
सूरज की कोशिशें
शिशिर आ रहा है
अभी-अभी कटे धान के पुआल
और कोल्हूआर में पक रहे गुड़ की नई महक के साथ
शिशिर आ रहा है
सरसों-फूल के चटख रंग से
हमारी आँखों को चुँधियाते हुए
हमारे रक्त में बर्फ़ के बुरादे भरते हुए
शिशिर आ रहा है
हमारी उफनती बेचैनी को
मादक नशीली थपकियों से
आहिस्ता-आहिस्ता सुला देने की कोशिश करते हुए
शिशिर आ रहा है
इसके पहले
कि उमस और छटपटाहटें
बढ़कर ढूँढ़ सकें कोई दिशा
हमारी गरमाहट को
नुकीली ठँडी हवाओं से बेधते हुए
हमारे सपनों को
कुहरों की दीवारों में चुनते हुए
शिशिर आ रहा है
कल के कलेवे के लिए
एक मुट्ठी भात की जुगाड़ के साथ
पूरे वर्ष भर के रोटी के सवाल को
निर्मम ठँडेपन से दबाते हुए
शिशिर आ रहा है
इससे पहले
कि बर्फ़ और कुहरों से ढक जाएँ दिशाएँ
सुलगा लो अपने अलाव
शिशिर आ रहा है।
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.