Font by Mehr Nastaliq Web

फुटपाथ पर सोने वाले

phutpath par sone vale

मदन कश्यप

मदन कश्यप

फुटपाथ पर सोने वाले

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    उनके अरमान तो पहले ही कुचल दिए गए थे

    जब वे आए थे फुटपाथ पर सोने

    बचे थे शायद थोड़े सपने

    जिनके बल पर वे टिके हुए थे इस क्रूर महानगर में

    जो कभी सोता नहीं है

    और

    जहाँ सोना सबसे महँगा या सबसे कठिन काम है

    जहाँ बेल्ट हिलाने पर मिलता है अकूत धन

    और हथौड़े चलाने पर बस चार रोटियाँ

    वे कभी इतना नहीं कमा पाते थे

    कि पीठ के नीचे आ सके एक खटिया

    फिर भी वे कुत्ते नहीं थे

    भौंकते नहीं थे

    बड़ी-बड़ी गाडिय़ों और बड़े-बड़े शराबियों को देखकर

    चुपचाप पड़े रहते थे एक ओर

    अपनी थकान के बिस्तर पर

    जब मारे गए तभी पता चला कि वे थे

    अन्यथा क्या प्रमाण था उनके होने का

    किसी दफ़्तर में उनकी हाज़िरी नहीं लगती थी

    देश ने उन्हें सिर्फ़ मतदाता होने की पहचान दी थी

    [जो मुआवज़ा मिला उससे तो घायलों का इलाज़ भी संभव नहीं था। फिर भी लड़ते रहे उनके परिजन बस एक अदने सिपाही की गवाही के बल पर जिसे ग़रीबों का पक्ष लेने की ऐसी सज़ा मिली कि नौकरी करना क्या जीना भी मुहाल हो गया। किसी व्यक्ति ने नहीं व्यवस्था के बुलडोज़र ने उसे कुचल दिया।]

    अदालत को अच्छी तरह पता था

    कि उसे कुछ नहीं पता था

    फ़क़त तेरह साल लगे यह जानने में

    कि सबकुछ दरअसल कुछ नहीं था

    इतने ही साल लगे हाशिमपुरा में

    इतने या इससे कुछ अधिक बथानी टोला में

    अदालतें जानती हैं

    नुरूल ख़ान और सलमान ख़ान का फ़र्क़

    क़ानून अंधा नहीं होता

    बस उसकी आँखें चुँधियायी रहती हैं

    अमीरी की चकाचौंध से

    वह दलीलों को न्याय के तराज़ू पर रख कर डँडी मारना जानता है

    न्याय का काम हर हाल में रंगीन दुनिया को बचाना है

    अँधेरी दुनिया में भला बचाने के लिए क्या है

    लोग संसद को देखते हैं या सुनहले पर्दों को

    या धर्म की ध्वजाओं को

    वह पर्दे पर हज़ारों ग़रीबों की ज़िंदगियाँ बचा चुका है

    असली जीवन में दो-चार को कुचल दिया तो क्या फ़र्क़ पड़ता है

    बाज़ार के विराट उत्सव में क्या मतलब है

    फुटपाथ की गुमनाम ज़िंदगियों का

    भीतर सब कुछ चाहे जितना बदरंग हो

    पर्दे पर गाढ़ा रंग बचा रहना चाहिए

    जिस स्त्री को उसने सरेआम थप्पड़ मारा था

    वह भी ब्लॉग लिख कर दे रही है शुभकामनाएँ

    एकजुटता दिखा रहा है पुराना प्रतिद्वंद्वी

    घर आकर ढाढस बँधा रहा है पाखँडी

    ट्विटर पर प्रवचन दे रहा है सदी का सबसे बड़ा ढोंगी

    बचाव की दलीलें पेश कर रहा है पोंगा भट्ट

    [आदमी की मौत को कुत्ते की मौत बता रहा है असफल गवैया अभिजीत।

    उसका गाना कभी नहीं सुना, अब भौंकना सुन रहा हूँ। हे, प्यारे कुत्तो!

    उसे बिरादरी बदर का एचएमवी के पुराने रिकॉर्डों पर बिठा दो।]

    क़ानून की धज्जियाँ उड़ा कर पैसे बटोरने वाले अधिवक्ताओं

    ख़ुद पर फ़क्र करो

    तुमने किसी मुद्दई को नहीं मनुष्यता को पराजित किया है

    अब किसी को कोई डर नहीं है

    लौट आए हैं बेल्ट हिलाने के दिन

    और ज़्यादा लहू से लथपथ होंगे फुटपाथ

    और ज़्यादा मारे जाएँगे सोने वाले

    साल-दर-साल और ज़्यादा बिकेंगी मोटे चक्कों वाली गाडिय़ाँ

    ज़्यादा परोसी जाएँगी जि़ंदा-मुर्दा गोश्त के साथ महँगी शराबें

    उतने ही ज़्यादा बेबस लोग सोएँगे फुटपाथों पर और मारे जाएँगे

    चक्कों के नीचे उनके सिर का कुचलना

    किसी कद्दू के फटने से ज़्यादा मायने नहीं रखेगा

    एक अँधेरे से उठेंगी चीख़ें-रुलाइयाँ और दूसरे अँधेरे तक चली जाएँगी

    फिर भी फुटपाथ पर सोने वाले बंद नहीं करेंगे फुटपाथ पर सोना

    कोई बड़ा स्वप्न नहीं हो

    तब भी मरते नहीं हैं छोटे-छोटे सपने!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY