Font by Mehr Nastaliq Web

नए युग के सौदागर

naye yug ke saudagar

मदन कश्यप

मदन कश्यप

नए युग के सौदागर

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    ये पहाड़ों की ढलान से आहिस्ता-आहिस्ता उतरने वाले

    तराई के रास्ते पाँव-पैदल चलकर आने वाले

    पुराने व्यापारी नहीं हैं

    ये इमली के पेड़ के नीचे नहीं सुस्ताते

    अमराई में डेरा नहीं डालते

    काँख में तराजू दबाए नहीं चलते

    ये नमक के सौदागर नहीं हैं

    लहसुन-प्याज़ के विक्रेता नहीं हैं

    सरसों तेल की शीशियाँ नहीं हैं इनके झोले में

    इन्हें सखुए के बीज नहीं पूरा जंगल चाहिए

    हंडिया के लिए भात नहीं सारा खेत चाहिए

    ये नए युग के सौदागर हैं

    हमारी भाषा नहीं सीखते

    कुछ भी नहीं है समझाने और बताने के लिए इनके पास

    ये सिर्फ़ आदेश देना जानते हैं

    इनके पास ठसठस आवाज़ करने वाली

    क्योंझर* की बंदूकें नहीं हैं

    सफ़ेद घोड़े नहीं हैं

    नहीं रोका जा सकता इन्हें तीरों की बरसात से

    ये नए युग के सौदागर हैं

    बेचना और ख़रीदना नहीं

    केवल छीनना जानते हैं

    ये कभी सामने नहीं आते

    रहते हैं कहीं दूर समंदर के इस पार या उस पार

    बस सामने आती हैं

    इनकी आकांक्षाएँ योजनाएँ हबस

    सभी कानून सारे कारिंदे पूरी सरकार

    और समूची फ़ौज इनकी है

    ये नए युग के सौदागर हैं

    हम खेर* काटते रहे

    इन्होंने पूरा जंगल काट डाला हम बूंगा जलाते रहे

    इन्होंने समूचा गाँव जला दिया

    ***

    *क्योंझर : ओडिशा का एक शहर जहाँ बंदूकें बनती हैं।

    * जंगली घास

    * खर-पतवारों को इकट्ठा कर जलाना

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY