Font by Mehr Nastaliq Web

मथता है हृदय

mathta hai hriday

प्रभातरंजन

प्रभातरंजन

मथता है हृदय

प्रभातरंजन

और अधिकप्रभातरंजन

    मथता है हृदय—

    आह—,मथता है हृदय,—

    पर पाता कुछ कहीं नहीं।

    [विफल रिक्त मंथन यह—

    पाएँगे प्राण सह?]

    दैवी औ' आसुरी विचारों का संघर्षण,

    भावों का नागपाश।

    जलन, जलन, जलन,

    और नस-नस में जलन और—,!

    पिघल-पिघल फैली यह

    आग आह कैसी है...

    विष-घट क्या भीतर ही टूट गया?

    दहता है अंतर,

    क्या बड़वानल फूट गया?

    गहरे धँसता जाता है फिर कुछ

    भारी-सा।

    लहरों की अँजुरी से फिसल अवश,

    फिर कोई मोती क्या छूट गया?

    ऐंठन, उमड़न, घुमड़न,

    लहरों की सीसे-सी तेज़ धार,

    कटता जाता है तट,

    ढहते जाते कगार।

    मंथन-मंथन

    और—

    मंथन-मंथन!

    (विफल रिक्त मंथन यह

    पाएँगे प्राण सह?)

    तमस, तमस, तमस,

    और केवल

    तमसाकुल,

    शोर—!

    शोर—!

    [जाने कब आएगी शांत मृदुल लाल भोर,

    और उतर तैरेंगे,

    मोती तट पर?]

    नहीं-नहीं...

    भोर की प्रतीक्षा

    अब दुस्सह है—दुस्सह है—!

    मथता है हृदय आह

    मथता है हृदय औ’—

    निकलता कुछ कहीं नहीं।

    स्रोत :
    • पुस्तक : सूनी घाटी का गीत (पृष्ठ 49)
    • रचनाकार : प्रभातरंजन
    • प्रकाशन : साहित्य भवन प्राइवेट लिमिटेड, इलाहाबाद
    • संस्करण : 1959

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY