जोकर
Joker
एक
एक दिन अचानक ताश की गड्डी से उछल कर
सिंहासन पर जा बैठा जोकर
देखते रह गए बादशाह-बेगम
ग़ुलाम तो ख़ैर ग़ुलाम थे
दहले-नहले भी अवाक्
छक्कों-पंजों का कुछ नहीं चल रहा था
तो दुग्गियों-तिग्गियों को कौन पूछे
हालाँकि लालपान की बेगम ज़ोर से चीख़ी
और ईंट के बादशाह ने ऐसे दाँत पीसे
कि पूरी बत्तीसी ही चूर हो गई
चिड़ी का ग़ुलाम असमंजस में देर तक
सिर झटकता रहा
तीनों इक्के गोलबंद हुए
लेकिन अब क्या हो सकता था
अब तक तो तख़्त पर जम चुका था जोकर!
दो
चेहरे के नाम पर
कुछ रंगीन धब्बे और काली रेखाएँ
ख़ुश हुए धूर्त-ख़ुर्राट लोग
कि वे देंगे उसे अपने अनुरूप आकार
उसके नक़्शे पर छोड़ेंगे अपनी छाप
परंतु हुआ उल्टा
वे सब के सब जो उसके पास गए
धब्बों और रेखाओं में बदल गए
जोकर अब केवल सिंहासन पर ही नहीं था
दरबार में सत्ता के गलियारों में
जोकर ही जोकर थे
एक जैसी नाक-नक्शहीन आकृतियाँ!
तीन
अब जाकर लगा
ताश का यह तिरपनवाँ पत्ता तो
सबसे शक्तिशाली है
इसके तो हज़ार-हज़ार चेहरे हैं
यह बेगम और गुलाम के बीच बादशाह हो सकता है
और दो इक्कों के दरमियान तीसरा इक्का
हर अवसर के अनुरूप
एक चेहरा है इसके पास
और हर चेहरे को पोतकर
धब्बों में बदल लेने की अद्भुत कला भी
यह अनुष्ठान को स्वांग में बदल देता है
हर मसले को अपनी उपस्थिति मात्र से
तर्कातीत बना देता है
अपने बेहूदे उच्चारण से
एक-एक वाक्य का सत्व निचोड़ लेता है
शब्द इसके लिए चूसी हुई गुठली की तरह है
जिसे यह अपनी ऊलजलूल हरकतों के साथ
झुनझुनाता रहता है देश से विदेश तक
इसे हत्या की ख़बरें सुनाओ
यह पलकें झपकाएगा
इसे भूख और ग़रीबी की बातें बताओ
यह पलकें झपकाएगा
इसे विकास की योजनाएँ समझाओ
यह पलकें झपकाएगा
इसके सपाट पुते चेहरे और भावशून्य आँखों में
भीतर तक कुछ नहीं है
पाँच मिनट इसके लिए बहुत कठिन हैं
यह पाँच मिनट तक किसी की बातें नहीं सुन सकता
पाँच मिनट तक किसी विषय पर नहीं बोल सकता
पाँच मिनट तक किसी मुद्दे पर नहीं सोच सकता
हर दूसरे मिनट एक मज़ाक ज़रूरी है
इसकी सेहत के लिए
यह केवल अपने मसखरेपन की मूर्ख-मुद्राओं से
भोले-भाले लोगों को फुसलाना जानता है
जो काफ़ी है कुर्सी पर क़ाबिज़ रहने के लिए!
चार
अरे यह क्या हुआ
यह जोकरई के प्रति गंभीरता है
या गंभीरता को जोकरई
सहसा बेहद संजीदा हो चला है जोकर
सिंहासन सहित उड़ जाना चाहता है यह
ऊँचे आसमान में
हवाई जहाज़ पर चढ़कर
हवाई जहाज़ से भी तेज़ भागना चाहता है
जाने कहाँ पहुँचना है इसे
यह जल्दी-जल्दी पूरा करना चाहता है
अपना सब काम-काज
आज का बाज़ार बंद होने से पहले
पूरा बाज़ार ख़रीद लेना चाहता है
अपने घर में लगाना चाहता है
दुनिया का सबसे मज़बूत ताला
दुनिया के सबसे ताकतवर आदमी को
बनाना चाहता है अपना अंगरक्षक
कहीं बहुत दूर पीछे छूट गया है अब
तिरपनवें पत्ते का सुकून!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.