शब्द जो नंदिनी के खुर के नीचे दब कर भी नहीं मरे,
राजा दिलीप के आतंक से मर गए कालिदास से पूछो कि
धमनियों का रक्त पिला-पिला कर कैसे पुनरुज्जीवित किया उन शब्दों को
मैं एक ऐसे टीले पर चक्कर काट रहा हूँ
जिसके नीचे एक सभ्यता ही नहीं एक भाषा भी दफ़्न है
मुझे ढूँढ़ने हैं हज़ारों शब्द
जो कहीं उतनी छोटी-सी जगह में दुबके हैं जितनी सी जगह
तुम्हारे नाख़ून और उस पर चढ़ी पालिश के बीच बची होती है
तुम्हारे दुपट्टे को लहराने वाली हवा ने ही
उन नावों के पालों को लहराया था
जिन पर पहली बार लदे थे हड़प्पा के मृदभाँड
इतिहास की अजस्त्र धारा पर अध्यारोपित तुम्हारी हँसी
काल की सहस्र भंगिमाओं का मुमताज़ तुम्हारा चेहरा
सबसे लंबे समय खंड को
अपनी नन्हीं भुजाओं में समेट लेने को आतुर मेरा मन
तुम्हें ढूँढ़ता रहता है अक्षरों से भी पुराने गुफाचित्रों में
मुझे याद आ रहे हैं अमीर ख़ुसरो
सुनो वे तब भी याद आए थे
जब पहली और आख़िरी बार मैंने तुम्हारे होंठों को चूमा था
वह एक यात्रा थी एक भय से दूसरे भय में
और इस तरह भय का बदल जाना भी कम भयानक नहीं होता
'गोरी सोई सेज पर, मुख पर डारे केस
चल ख़ुसरो घर आपने, रैन भयी चहुँ देस’
छह सौ बहत्तर वर्षों में भी
जब तुम्हारे मुख पर से केश हटा नहीं सका
तब जाकर एहसास हुआ कि यह रैन इतनी लंबी है
सुबह तो उस रात की होती है जो सूरज के डूबने से हुई हो
जिसे रच रहे थे अमीर ख़ुसरो
कुछ शब्द ग़ुम हो गए उस भाषा के
और कुछ आततायी व्याकरण की जंग लगी
बेडिय़ों में क़ैद हो गए
एकल कोशिकीय अनुजीवों के जंगल से गुजरते हुए
मुझे पहुँचना है उस पनघट पर
जहाँ स्वच्छ जामुनी जल की तरह
तरल शब्द कर रहे हैं मेरी प्रतीक्षा
मैं धीरे-धीरे एक विशाल स्पाइरोगॉइरा में बदलते जा रहे
इस महादेश के ज़ेहन में अपनी कविता के साथ जाना चाहता हूँ
अँधेरी सुरंगों में सपनों के कुछ गहरे रंग भरना चाहता हूँ
एक शून्य जो पसरता जा रहा है हमारे चारो ओर
मैं उसे पाटना चाहता हूँ
कविता की आँखों में तैर रहे नए छंदों से
…
मैं भाषा के समुद्र का सिंदबाद
अपने पास रखना चाहता हूँ केवल यात्राओं की पीड़ा
बाकी सब कुछ तुम्हें दे देना चाहता हूँ
तुम्हें दे देना चाहता हूँ
अपने अच्छे दिनों में संचित सारे शब्द
अपनी बोली की तमाम महाप्राण ध्वनियाँ
मैं चाँद के रैकेट से सारे सितारों को
उछाल देना चाहता हूँ तुम्हारी ओर!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.