एक
गिरने से पहले उन नोनियाई दीवारों ने
याद किया होगा मुझको
जिनसे झड़-झड़कर गिरते थे मिट्टी के चकत्ते
कभी-कभी मेरे बचपन की पीठ पर
भदभदाकर गिर जाने से पहले
छप्परों ने कुछ देर तक बिना सहारे के भी
टिके रहने की कोशिश की होगी
थोड़ी देर रुका होगा
हमारे कंधे की प्रतीक्षा में वह ठाट
जिसमें रहने वाला साँप
चूहा पकड़ने की कोशिश में
एक दिन गिरा था ठीक मेरे पाँव के पास
मलबे में दब जाने तक बचा रहा होगा
उन खम्भों में मेरा स्पर्श
जिन्हें पकड़कर चक्कर काटा करता था मैं
अपने बचपन के वसन्त में
इस बार की तेज़ बारिश और बाढ़ को झेल नहीं सकी
मेरे बूढ़े घर की जर्जर काया
अपनी ज़िंदगी तक घर को बचाए रखने की
पिता की विवश आकाँक्षा को कुचलते हुए
उनकी आँखों के सामने ही गिर गया
कुछ मिट्टी और कुछ पक्की ईंटों की
मिली-जुली दीवारों वाला हमारा खपरैल घर
वह घर
जिसमें की गई थी
मेरे पैदा होने की प्रतीक्षा
जिसके छप्परों के चूने से गीली देहरी पर
फिसल-फिसलकर गिरता था मेरा बचपन
वह घर
जिसके पूरा होते ही चल बसे थे दादा
जिसके ओसारे के एक कोने में पड़ी-पड़ी
उम्र के आखिरी दस वर्ष गुजार गई थी दादी
वह घर
जिसके रसोई वाले ओसारे पर
धधकती थी सबसे मीठी आग
जहाँ होती थी पृथ्वी की सबसे सुंदर स्त्री
भात पकाती माँ
वह घर
जो मुझे लगता था
तब-तब बेहद प्यारा
जब-जब मिल जाता था अच्छा खाना
वह घर
जिसकी दीवार में
मरने से पहले ही जड़ दी गई थी माँ
जिसकी जद में आते ही
पागल हाथी की तरह चिंघाड़ने लगते थे
दुनिया के सामने शांत-सौम्य दीखने वाले पिता
वह घर
जहाँ अकसर सावन-भादों में
घट जाता था चावल
तब कोठी के पेंदे से ढेर सारा भूसा निकालकर
माँ चुनती थी एक मुट्ठी चावल
और याद करती थी दादी के क़िस्से के ‘राकस’ को
कि अँधेरी रात में सुनसान चैड़-चाँचर में
मिलता है राकस
उसके सिर पर होती है
चोरबत्ती की तरह भुकभुकाती हुई एक आँख
और एक जटा
अकेले में मिल जाने पर वह
मिट्टी का चक्कर ढुलवाते-ढुलवाते
थकाकर मार देता है आदमी को
बस उसकी जटा होती है चमत्कारी
उसे नोंच लो तो नष्ट हो जाता है राकस का पराक्रम
माँ कहती
कि कोई उसे भी ला देता राकस की जटा
तो वह रख देती चावल की कोठी में
फिर चाहे जितना पकाते जितना खाते
कभी न घटता चावल
कभी न कमता भात
दो
वह घर
जहाँ से एक ठँडी भोर में
पत्नी की आँखों की ललक
और बेटी की तोतली मुसकान के साथ
शुरू की थी यात्रा
और तभी से ठहरे हुए पानी की तरह
भारी और गाढ़े अँधेरे को भेदते हुए चलता रहा हूँ
ज़िंदगी के बीहड़ को करते हुए पार
तय करते हुए
तीन सौ पैंसठ गुणा तैंतीस मील लम्बा सफ़र
न जाने कितने काँटे चुभे
कितनी डालियाँ सिर से टकराईं
कँटीली लताएँ उलझीं
फिर भी मैं चला
चलता ही रहा
पत्नी के दर्द
बिटिया के गलशोथ
और बेटे की गिल्टी से जूझते हुए
दफ़्तरों और कारखानों में दौड़-भाग करते हुए
मिला वह राकस भी
एक नहीं कई-कई बार
लेकिन बियाबान अँधेरे में नहीं
कभी किसी बंगले में कभी किसी मंच पर
दिखी वह जटा भी
और उसे पाने की कोशिश में कट-कट कर गिरे हाथ
उसके एक्वेरियम में तैरते हुए
छिल गए कंधे लहूलुहान हो गए पाँव
तार-तार कपड़े
फिर भी मैं चला चलता ही रहा
अपने तन
और तन पर चेहरे
और चेहरे में आँखें
और आँखों में सपनों को बचाते हुए
ज़िंदगी के बीहड़ को करता रहा पार
कंधे में दुबक गया चेहरा
चेहरे में डूब गई आँखें
फिर भी खोया नहीं सपना खोई नहीं यादें
आती रही याद
पीड़ा के अजीब प्रवाह में
बेड़े पर तिरती हुई दीपकलिका-सी माँ की हँसी
चूते रहे छप्पर मेरी नींद में
स्मृतियों में जमा चुआठ के पानी में
झाँकता रहा मेरा बचपन
वह घर जो अभी-अभी था
अब नहीं रहा
मेरी नींद और सपनों में
मेरे ख़ून और ज़िगर में
कहीं भी नहीं
हे पृथ्वी
अब तुम्हारे किसी कोने में नहीं है मेरा कोई घर!
प्यार करता हूँ मेरे देश
मैं तुम्हें अब भी प्यार करता हूँ
तुम्हारे धीरोदात्त पहाड़ों को
तुम्हारी चंचल नदियों को
तुम्हारे झरनों, जंगलों, खेतों, फसलों, खदानों और कारख़ानों को
बेहद-बेहद प्यार करता हूँ।
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.