Font by Mehr Nastaliq Web

डरता हूँ

Darta hoon

मदन कश्यप

मदन कश्यप

डरता हूँ

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    (एडवर्ड स्नोडेन के खुलासों के बाद)

    डरता हूँ

    सबसे ज़्यादा

    डर जाने के डर से डरता हूँ

    डरता हूँ

    कहीं भूख न लग जाए

    डरता हूँ

    कहीं ग़ुस्सा न आ जाए

    डरता हूँ

    प्यार न कर बैठूँ

    डरता हूँ

    अकेला न पड़ जाऊँ

    डरता हूँ

    पराजित न हो जाऊँ

    डरता हूँ

    वज़ूद न खो दूँ

    डरता हूँ

    नहीं डरने से नहीं चलता जीवन

    डरता हूँ

    मौत डरा न दे किसी पल!

    जितना शोर से डरता हूँ

    उतना ही सन्नाटे से डरता हूँ

    जिससे प्यार करता हूँ उससे डरता हूँ

    जिससे नफ़रत करता हूँ उससे भी डरता हूँ

    जैसे डरता हूँ कहीं कविता लिखना न छूट जाए

    वैसे ही कविता लिखने से भी डरता हूँ

    हँसना चाहता हूँ

    हँसने से डरता हूँ

    रोना चाहता हूँ

    रोने से डरता हूँ

    पाता हूँ

    पाने से डरता हूँ

    गँवाता हूँ

    गँवाने से डरता हूँ

    ख़ुद से डरता हूँ

    ज़माने से डरता हूँ

    हमास से डरता हूँ

    इज़रायल से डरता हूँ

    अलक़ायदा से डरता हूँ

    ड्रोन से डरता हूँ

    हिंदुत्व से डरता हूँ

    इस्लाम से डरता हूँ

    शैतान से डरता हूँ

    चीन से डरता हूँ

    पाकिस्तान से डरता हूँ

    थोड़ा-थोड़ा

    अपने हिंदुस्तान से डरता हूँ

    डरता हूँ सबसे डरता हूँ

    और सबसे ज़्यादा अमेरिका से डरता हूँ

    लेकिन उतना नहीं

    जितना अमेरिका मुझसे डरता है!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY