Font by Mehr Nastaliq Web

भारत माता की जै

bharat mata ki jai

मदन कश्यप

मदन कश्यप

भारत माता की जै

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    हे, भारत माता

    मैं तो बचपन से तुम्हारी जै बोलती आ रही हूँ

    अब पहली बार जै बोलने से भै लग रहा है

    तुम्हारी भेख-भाखा डरावनी लग रही है

    तुमने तिरंगा छोड़कर दोमुँहा झँडा कब धारन कर लिया

    हमारी धरती तो साँवली है

    स्कूल में गाते थे न 'सस्य स्यामलाम् मातरम्'

    जुगो-जुगो से कवियों गायकों सन्तों ने यही तो कहा है

    फिर अचानक तुम इतनी गोरी कैसे हो गई

    क्या तुम कोई मेम हो?

    हमारे तो शिवजी बैल की सवारी करते हैं

    जो अच्छे समय में खेत जोतने के काम आता है

    पर तुम तो शेर पर असवार हो गई

    अब भला उतर भी पाओगी?

    सुना है तुम सबकी माता हो सबका भला करती हो

    लेकिन जो जै नहीं बोलता उसको तुम्हारा बाघ खा जाता है

    भला क्यों

    हमारा छोटका तो माई को बहुत तंग करता है

    तो माई उसे थोड़े ही खा जाती है?

    हे, माता! ई बाघ को छोड़ो

    कोई और सवारी ढूँढ़ लो

    इतनी बड़ी धरती है तुम्हारी कश्मीर से कन्याकुमारी तक

    इतने तरह के मानुष

    इतनी बोलियाँ

    इतनी नदियाँ

    इतने जंगल

    इतने पहाड़

    और जानवर भी कितने-कितने

    कैसे-कैसे

    मैं जादा जानती नहीं

    पाँचवीं में तो पढ़ रही थी कि बकरियाँ चराने के लिए

    बाबू ने पढ़ाई छोड़वा दी

    पहले बड़ा भाई इन्हें चराता था

    एक दिन वह भाग गया लुधियाना

    जैसे बाबू अपनी जवानी में भाग गए थे अँडाल

    लुधियाना पंजाब में है और अँडाल बंगाल में

    बाकी ई दोनों हैं तो भारत में ही न?

    कोई भी जानवर चुन लो इतना बड़ा देश है

    मुझे बाघ शेर से डर लगता है

    बच्ची हूँ न

    मुझे तो अँधेरा और अकेले-दुकेले होने से भी डर लगता है

    बस दूर ही से मेरा प्रणाम स्वीकारो

    और मेरी बकरियों को बाघ की नज़र से बचाओ

    बस इतनी-सी बात तो मानोगी न?

    अच्छा तो होता तुम ओहार तान कर बैलगाड़ी पर आतीं

    धूप-बरखा से भी बचाव हो जाता

    वैसे तुम्हें कनिया-मनिया बनने की ज़रूरत नहीं है

    तुम तो सबकी माँ हो

    पर यह मुकुट-सुकुट क्यों पहनती हो

    बाप रे! इतने सोना-चाँदी

    हीरे-मोती

    कभी किसी दिन सचमुच की माँ की तरह आओ न

    फटी-पुरानी साड़ी में पाँव-पैदल

    गरमी में धरती तप रही है

    चप्पल ज़रूर पहन लेना

    हो सके तो मेरे लिए कोई पहनावा लेते आना

    मेरा यह फराक चीकट हो गया है और अब फट भी रहा है

    जो न हो कपड़ा

    तो एक ठो साबुन ही लेते आना

    मैं नदी किनारे इसे धो लूँगी

    खाली पानी में फींचने से यह साफ़ ही नहीं होता है

    लाओगी न?

    तनिक मेरी बकरियों को अगोरना

    मैं पीपल के नीचे कुछ देर सुस्ता लूँगी

    धूप में दौड़ने से जल्दी ही थक जाती हूँ

    भोरे-भोरे बिना खाए ही आना पड़ता है

    बहुत भूख-प्यास लग जाती है

    खाली पेट पानी पीओ तो कलेजे में धक्का लगता है

    मेरे लिए एक बताशा लेते आओगी?

    काली माटी से माथे का झोंटा ख़ूब साफ़ नहीं होता

    ढील बहुत हो गई है

    नोंचती रहती हूँ

    माई कभी-कभी कोरा में बैठाती है

    तो ढील कम हेरती है

    थप्पड़ अधिक लगाती है

    तुम फुरसत से एक दिन सारी ढीलें निकाल देना

    फिर मैं तुम्हारी कमर से लिपट कर ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाऊँगी

    भारत माता की जै! भारत माता की जै!!

    भारत माता की जै?

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY