वक्तव्य : नई कविता के बारे में
प्रभातरंजन
18 नवम्बर 2026
मैं आपसे,—आप चाहे जो भी हो, पर जो कभी न कभी मेरा यह छोटा-सा काव्य-संग्रह पढ़ेंगे—कुछ बातें कहना चाहूँगा। ये बातें और विचार मेरे हैं। मैं किसी समूह या दल को प्रकट नहीं करता। साथ ही, मैं यह भी नहीं कहता कि ये सब बातें बिल्कुल नई है और इन्हें मुझसे पहले किसी और ने नहीं कहा। यह बिल्कुल संभव है कि किसी दल या समूह की कुछ इकाइयाँ इन्हें पहले से ही मानती हों। पर यहाँ इन बातों का महत्त्व केवल इतना ही है, कि मैं इन्हें मानता हूँ। इस छोटे से वक्तव्य में मैं केवल अपनी कविताओं तक ही सीमित नहीं हूँ। ये सब मेरी कविताओं के बारे में घटती हों, यह आवश्यक नहीं है। पर कहीं न कहीं ये मुझसे जुड़ती अवश्य हैं। और यह भी संभव है कि मैं अपनी कविताओं के समस्त तत्त्वों से परिचित न होऊँ। अब जब मैं आपके सम्मुख यह छोटा-सा काव्य-संग्रह प्रस्तुत करने जा रहा हूँ, तो मेरे सामने कई प्रश्न हैं—समसामयिक कविता से संबद्ध—और क्योंकि मैं भी उसी दौरान से गुज़र रहा हूँ, इसलिए उन प्रश्नों से अधिक समय तक मुँह नहीं मोड़ सकता। कभी न कभी यह स्थिति मेरे सामने अवश्य आएगी। मैं चाहे कुछ अंतिम रूप से न भी कह पाऊँ, तब भी मुझे अपनी स्थिति अवश्य साफ़ रखनी है।
आधुनिक या समसामयिक कविता, केवल हमारी काव्य-परंपरा की विकसित तथा अधुनातम अवस्था की ही अभिव्यक्ति है। मैं समझता हूँ कि कोई यह नहीं चाहेगा कि इस मीठे सोते का प्रवाह किसी भी एक मनोरम पहाड़ी के सीमित घेरे में घिरकर रह जाए। उसकी अनवरत प्रवहशीलता आवश्यक है, क्योंकि उसमें उसका विकास तथा जीवन निहित है। जब किसी वस्तु का विकास नहीं होता तब या तो वह मर जाती है या बेकाम हो जाती है। पर इस समय इसका इतना अनावश्यक शोर इसलिए है कि संभवतः प्रथम बार इतने परिवर्तन एक साथ कविता में महसूस किए गए हैं तथा उन्हें क्रियात्मक रूप भी दिया गया है। आप इस जीवन तथा विकास में ह्रास भी देख सकते हैं। अपनी-अपनी दृष्टि है। जीवन की परिस्थितियाँ और उनका आकस्मिक बोध—जैसे उगते-उगते बीज उगता है—नया वातावरण, अपने सिद्धांतों पर दृढ़ता, जागरूकता, व्यक्तित्व, प्राचीन परंपराएँ, ये सब किसी भी प्रकार की कविता की रचना-प्रक्रिया को भीतर से गंभीर रूप से प्रभावित करती है। यों अच्छी रचनाएँ बहुत कम लिखी जाती हैं। और अपने पक्ष से जब हम कोई बात कहते हैं, तो वह केवल उन प्रधान वस्तुओं की ओर ही संकेत करती है। कूड़ा या केवल कौतुक मात्र छाँटकर उदाहरण देना, यह कोई बुद्धिमत्ता की बात नहीं है। जब भी कोई नई बात कहीं होती है, तब केवल आनंद लेने के लिए उसे लांछित करने वाले भी, अत्यंत निकृष्ट समझने वाले भी, दलबंदी द्वारा उसका विरोध करने वाले भी, उस पर तर्क-वितर्क करने वाले भी, उसके विकास में योग देने वाले भी, उसे गंभीरता से ग्रहण करके आगे बढ़ाने वाले भी, यानी हर प्रकार के व्यक्ति उस परिवर्तन-चक्र में होते हैं... और ये सब के सब आवश्यक हैं, क्योंकि वे उसे गति देते हैं। और यह तो एक बहुत पुरानी बात है कि कोई भी वस्तु पूर्ण नहीं है, वह पूर्ण हो ही नहीं सकती, कुछ न कुछ अपूर्णता उसमें अवश्य रह जाएगी... और हर जगह यह एक तीखा व्यंग्य है कि हम उस पूर्णता को प्राप्त करने के लिए जीवन भर संघर्ष करते हैं, जो कहीं नहीं है। पर अपूर्णता एक संघर्ष को जन्म देती है और इन दोनों के बीच की स्थिति ही जीवन है, जिसमें प्रत्येक वस्तु जीवित है। नई, आधुनिक या समसामयिक कविता की भी यही स्थिति है। बँधाव आ जाने पर उसे भी संघर्ष का सामना करना पड़ेगा। तब फिर और नए मूल्यों की स्थापना तथा रूढ़ि बन गए कर्मों का विनाश निश्चित है। वैसे भविष्य के संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता और न वह यहाँ अभीष्ट है। श्रेष्ठ काव्य के लिए मात्र मेरे या अन्य किसी के कथन पर जाने की उतनी आवश्यकता नहीं है, जितनी रचनाओं के अध्ययन की। नई कविता का कथ्य इतना कठिन नहीं है कि कोई ओर-छोर दीखे ही नहीं, जबकि उसे आप देखना चाहें। कठिनाई उसमें नहीं है। संभव है यह बात उसकी ‘टेकनीक’ में हो। और उसके लिए आवश्यक है कि आप उन्हीं सब माध्यमों से वहाँ पहुँचें, उन्ही पगडंडियों से वहाँ जाएँ; जहाँ से नया कवि पहुँचता है।
नई कविता का आंतरिक संघर्ष अयथार्थ और सीमित यथार्थ से है। वह असीमित यथार्थ को वाणी देने का प्रयत्न कर रही है। वह काव्य को नए ढंग से प्रकाशित करती है। कविता के नए साँचे बनाती है। वह व्यक्ति से कहीं परे नहीं है। वह रोमांस का भी विरोध नहीं करती, पर केवल बचकाना रोमांस और नख-शिख-वर्णन या उसमें अतिलीनता ही उसका ध्येय नहीं है। यदि कोई ऐसा व्यक्तित्व हो जो रोमांस को नए ढंग से प्रकाशित करें, तो नई कविता उसे स्वीकार करेगी।
नई कविता के सामयिक मूल्यों में से अंत में कुछ का नष्ट होना निश्चित है—ऐसे मूल्यों का जो नारेबाज़ी के अंतर्गत आते हैं—केवल ‘स्लोगंस’ के रूप में। रही सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, मनोवैज्ञानिक, नैतिक तथा दार्शनिक एप्रोच की बात; तो नई कविता समग्रता-समन्वित भावनात्मक दृष्टि-संपन्न व्यक्तिविशेष की दृष्टि है। दार्शनिक दृष्टिकोण के लिए मैं केवल कुँवर नारायण को देख जाने का अनुरोध करूँगा। अकेला ‘चक्रव्यूह’ इन सब बातों का उत्तर है। नई कविता किस ओर जा रही है; यह तो भविष्य बताएगा, पर उसकी सामयिक प्रगति और व्यवस्था कोई अधिक आशंकासूचक तथा संदेहास्पद नहीं हैं। हम नई कविता के प्रति आश्वस्त न भी हों, तो कविता के प्रति हमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। आंदोलन तो सदैव होते रहते हैं, पर आंदोलन के केंद्रों से हमें निराशा क्यों होनी चाहिए? कविता तो हर ज्वार के उपरांत; मिस्र के पवित्र पक्षी की भाँति, फिर-फिर अपनी राख में से नया जन्म लेगी।
आधुनिक कविता परंपरा से एकदम विच्छिन्न नहीं है। कोई भी वस्तु संपूर्णतया अपनी परंपरा से कभी विच्छिन्न नहीं हो सकती। कुछ व्यक्तिविशेष हो सकते हैं जो अपने को पृथक् समझें, पर उनका अस्तित्व कालांतर में कोई महत्त्वपूर्ण स्थान नहीं रखेगा। परंपरा से विच्छिन्न होने की बात उसी तरह की है कि जैसे कोई आधुनिक बेटा कहे कि मैं अपनी पिता-परंपरा से संपूर्णतया विच्छिन्न हूँ। यह आधुनिकता हो सकती है; पर तथ्य भी हो, यह आवश्यक नहीं है। हमारी प्राचीन काव्य-परंपरा इतनी संपन्न, महत् और विशाल है कि हम उससे एकदम अलग होने की बात सोच ही नहीं सकते। उसे हम बिल्कुल नए अर्थों में काम ला सकते हैं, उसमें और अधिक वृद्धि कर सकते हैं, उससे प्रश्न कर सकते हैं, उसके मूल्य बदल सकते हैं,—जो नई कविता ने किया है और कर रही है तथा करेगी—और इस क्रिया में थोड़ी तोड़-फोड़ आवश्यक हो ही जाती है और वह एक सीमा तक क्षम्य भी है। पर यह भी संभव है कि अंततोगत्वा हम भी वही कहलाएँ, जो हम अपने पूर्वजों को कहते आए हैं। पर हमें विश्वास है कि हम उसे अच्छी तरह सुनेंगे, क्योंकि विरोध ने हमें एक महत्त्वपूर्ण धैर्य-भाव भी दिया है।
कभी-कभी यह प्रश्न भी किया जाता है कि नई कविता की विशेष शक्तियाँ कौन-सी है? मैं समझता हूँ जिस अनुपात में यह ऐतिहासिक क्रांति हुई हैं, उस अनुपात में अभी सृजन नहीं हुआ है जो क्रांति से सदैव अधिक महत्त्वपूर्ण है। कुछ अच्छे कवियों की कविताएँ अभी संग्रह-रूप में नहीं आ पाई हैं। इस संघर्ष में श्री ‘अज्ञेय’ अधिक सौभाग्यशाली हैं। उनके कई काव्य-संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं, जब कि श्री शमशेर बहादुर सिंह जैसे कवि का एक भी संग्रह प्रकाशित नहीं है—गजानन माधव मुक्तिबोध और सर्वेश्वरदयाल सक्सेना आदि की रचनाओं की भी यही दशा है। क्या इसके लिए कोई उत्तरदायी नहीं है?
नई कविता संपूर्णतया स्वच्छ नहीं है। उसे बदनाम करने वाले भी बहुत हैं। यों कुछ कमियाँ तो हमेशा, हर जगह, हर वस्तु में होती ही हैं। मैं पहले ही कह चुका हूँ कि संपूर्णता मृत्यु है। वास्तव में जितने दोष नई कविता पर लगाए जाते हैं, वे स्थिरता से देखने के उपरांत बहुत हल्के पड़ेंगे। यह तो निश्चित है कि विद्रोह और क्रांति के पश्चात् शीघ्र संतुलन लाना बहुत कठिन कार्य होता है और इसी असंतुलन में रचा गया अधिकांश साहित्य नई कविता के नाम को दूषित करता है या फिर अतिवादी उच्छृंखलता में अधिकतर जो साहित्य लिखा गया वह। अतिवादिता से तो प्रत्येक पाठक को क्रोध आएगा और यह बात नई कविता में अब तक पर्याप्त मात्रा में रही है। इस माध्यम का अनुचित उपयोग भी ख़ूब किया गया है। प्रश्न दुरूहता या क्लिष्टता का भी है। इसके लिए कौन अधिक दोषी है? कवि? या सौ वर्ष पूर्व की काव्य-परंपरा में जीवित रहने वाला पाठक? यह विचारणीय प्रश्न है। तो क्या कवि सौ वर्ष पुरानी काव्य-परंपरा में फिर लौट जाए या पाठक को ही स्वयं वहाँ तक जाने दिया जाए? मेरी समझ में दूसरी बात ही संगत प्रतीत होती है। होता यही आया है कि मौलिक और क्रांतिकारी काव्य हमेशा समय से आगे रहा है। सचाई को कम लोग जानें, यह संभव है; परंतु वह केवल कम लोगों के जानने मात्र से झूठी हो जाए, यह तो समझ में नहीं आता। अधिकांशतः संधि-युग में यही होता है।
काव्य की मूल प्रेरणा रचना-प्रक्रिया का एक जटिल अंग है। और लोगों की बात तो नहीं जानता, पर फिर भी अपने बारे में तो कह ही सकता हूँ कि मैं एक प्रकार के पके हुए अंतर्द्वंद्व से प्रेरित होकर लिखता हूँ। प्राकृतिक रम्यताएँ, प्रेमपरक अनुभूतियाँ, संवेदनात्मक विवशता, संघर्ष की वृत्ति और उससे प्राप्त दृष्टि, ऐसे ही जीवन-जगत की विकृतियाँ तथा अन्य न जाने कितनी बातें... मुझे लिखने को विवश करती है।
रही रचना-प्रक्रिया की बात। बड़े ही उद्वेलनपूर्ण क्षण होते हैं वे—कष्टकारक; जो कुछ प्रसन्नता, कुछ आत्मविश्वास और कुछ मेरे जीवन जीने के अर्थों को आलोकित करते हैं। ये ही कुछ क्षण होते हैं जब मैं अधिक से अधिक अपने निकट होता हूँ, जब में समस्त असंतुष्टियों के उपरांत भी ख़ुश हो लेता हूँ। जिन्होंने भोगा है, वे जानते हैं कि रचने का सुख बहुत मूल्यवान् होता है।
मेरी दृष्टि में नई कविता के वास्तविक निर्माण का युग अब आया है। श्री अज्ञेय जिन्हें कुछ विचारक और पाठक आज संपूर्ण आधुनिक काव्य-चेतना का अंतिम चरण समझते हैं, संभव है कालांतर में नई कविता के श्रीधर पाठक बनकर रह जाएँ।
मैं अपनी कविताओं के विषय में चाहूँगा कि उन्हें आप प्रयोगवादी, प्रगतिवादी तथा नई कविताएँ न मानकर केवल कविताएँ ही मानें।
•••
यह वक्तव्य ‘सूनी घाटी का गीत’ [प्रभातरंजन, रचना-काल : 1957-58, प्रथम संस्करण : 1959, साहित्य भवन प्राइवेट लिमिटेड, इलाहाबाद] की भूमिका के रूप में प्रकाशित हो चुका है। इस संग्रह की कविताएँ यहाँ पढ़ी जा सकती हैं : प्रभातरंजन का रचना-संसार
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट