Font by Mehr Nastaliq Web

रील रसाचार्य : रील्स ख़त्म नहीं होंगी

दीपावली के बाद यह दिल्ली के सबसे बड़े प्रदूषण-पर्व का मौसम है। शाम की छत से अब बिल्डिंग नहीं दिखतीं। सिर्फ़ उन पर जगमगाती लाइट्स की बुझी-बुझी रोशनी दिखती है। सब कुछ इतना सिमट गया है कि अब देखने के दो ही विकल्प हैं या अपने दर-ओ-दीवार देखिए या कुछ भी देखने की कोशिश में एक धुँधलके से आँखें चार करिए। कल एक दोस्त ने यह कहकर सिगरेट दुबारा शुरू कर दी, “ऐसे पॉल्यूशन में क्या ही फ़र्क़ है पीने या न पीने से। मरना तो है ही, ख़ुश होकर मरें।”

डूम स्क्रॉलिंग में मुब्तिला एक साथी को देखकर सोचा कितना सही शब्द है : डूम स्क्रॉलिंग, यानी एक के बाद दूसरी रील स्क्रॉल करते जाना जिसका कोई अंत नहीं। इधर कुछ सालों में यह शब्द इतना प्रचलित हुआ कि ऑक्सफ़ोर्ड समेत दुनिया की तमाम डिक्शनरियों ने इसे शामिल कर लिया है।

ऐसे डिस्टोपियन (यूटोपिया का उल्टा-डिस्टोपिया, जहाँ सब ख़त्म या बर्बाद हो चुका है) मौसम और माहौल में अगर कोई पूरी शाम रील ही स्क्रॉल करता रहे तो इसमें क्या ही ग़लत है। डूम शब्द इब्राहिम के धर्मों (यहूदी, ईसाई, इस्लाम) में डूम्सडे या न्याय के दिन की तरह आता है, कविता की भाषा में इसे ऐसे समझ सकते हैं : 

“वो दिन कि जिसका वादा है, जो लौह-ए-अज़ल में लिक्खा है।”

जिस दिन सबके अच्छे-बुरे कामों का हिसाब होगा और यह फ़ाइनल इवेंट होगा। समय के साथ डूम्सडे शब्द हॉलीवुड फ़िल्मों और साइंस फ़िक्शन लेखकों द्वारा दुनिया के आख़िरी दिन की तरह पॉप-कल्चर का हिस्सा बन गया। एक ऐसी आख़िरी भयानक आपदा जो मानवता को लगभग ख़त्म कर देगी। केवल कुछ चुनिंदा लोग शायद बच जाएँ और दुनिया को फिर से बनाने-बचाने का बीड़ा उठाएँ ऐसी बहुत-सी फ़िल्में आपने देखी होंगी।
इधर पिछले सौ सालों से इंसानी सभ्यता जिस शिद्दत से ऐसे सैकड़ों आविष्कार कर चुकी है कि अब डूम्सडे एक सनकी राष्ट्राध्यक्ष के ब्रीफ़केस में उसके साथ चलता है और उँगलियों की सामान्य हरकत से डूम्सडे कभी भी बरपाया जा सकता है, बल्कि चुनिंदा स्तर पर बरपाया भी जा रहा है। ऐसा लगता है कि दुनिया के सारे नोबेल विजेता वैज्ञानिक और नेता मिलकर पूरी धरती को डूम स्क्रॉल कर रहे हैं और हम रील स्क्रॉल कर रहे हैं।

रील में एक नोबेल विजेता वैज्ञानिक को कहते सुना कि एआई दुनिया को 18 महीने में ख़त्म कर सकता है। मैं डोनाल्ड ट्रंप के बचे हुए कार्यकाल की गणना करता हूँ और पाता हूँ यह पागल आदमी भी अगर 18-18 घंटे काम करने लगे तो ‘दो 18 महीने’ तो ऐसे ही तैयार कर देगा वो भी बिना एआई के, समझना पड़ेगा कि संकट एआई से उतना नहीं है जितना गद्दीनशीन पागलों से है।

यही सब सोचते सो गया था। उठा एक झन्नाटे के साथ... सपने में पड़ोसी मुल्क के स्वर्गीय कलाकार मोइन अख़्तर आए थे। अपने प्रसिद्ध शो ‘लूज़ टॉक’ के किरदार की धज में।

“आदाब मोइन साहब।”

“आदाब मियाँ, जीते रहिए।”

“जी जी लेकिन आप तो अब जीते नहीं हैं तो यहाँ कैसे...”

“बात ये है भइए कि कभी-कभी जब जल्दी मर जाने का अफ़सोस होता है, क़ब्र से बाहर आकर दुनिया के हाल देख जाता हूँ मन अच्छा हो जाता; मरने का अफ़सोस फिर महीनों तक नहीं होता।”

“इतनी ख़राब है दुनिया?”

“ख़राब भइए, दुनिया की चूँ बोल गई है कभी बैठे हो निवाड़ वाले पलंग पे... चूँ”

“लेकिन दुनिया तो माशाअल्लाह तरक़्क़ी की तरफ़ गामज़न है।”

“बिल्कुल-बिल्कुल तरक़्क़ी न हुई न मुर्ग़ी हो गई जिसके पीछे सब दौड़ लिए, कुछ इस शिद्दत से कि मुर्ग़ी से आगे निकल गए हैं। तरक़्क़ी की मुर्ग़ी पीछे छूट गई है और पट्ठे आपस में पिले पड़े हैं।”

“मोइन साहब आप रील्स देखते हैं?

“ज़ाहिर है अब रील्स तो हमें नहीं देख सकतीं।”

“जी जी लेकिन हम लोग ख़ूब आपकी रील्स देखते हैं।”

“शुक्रिया, आजकल ऐसी-ऐसी बातों पे शुक्रिया कहने का दिल कर जाता है भइए जिन पर कभी गालियाँ देने को करता था।”

“बड़े आर्टिस्ट हैं आप।”

“बड़ा तो एक ही आर्टिस्ट हुआ है : बड़े ग़ुलाम अली ख़ान।”

“जी जी उनकी गायकी के तो कहने ही क्या..”

“अरे नहीं, ही वाज़ सिक्स फ़ीट, माइटी, बड़ा ग़ुलाम अली।”

“आप किस तरह की रील्स देखते हैं?”

“जिसमें इंसानी शक्लें न हों।”

“ऐसा क्यों?”

“क्योंकि मुझे झूठ साफ़ दिख जाता है।”

“यानी आप इंस्ट्रूमेंटल रील्स देखते होंगे।”

“हाँ।”

“जैसे तबला?”
“हाँ।”

“जैसे हारमोनियम... आपके अब्बा तो बजाते ही थे।”

“अबे साले!”

इसके बाद ही वह झन्नाटा घटित हुआ जिससे मेरा सपना टूटा। फिर मैं रील्स स्क्रॉल करने लगा। सपना ख़त्म हो जाएगा, दुनिया ख़त्म हो जाएगी... लेकिन रील्स ख़त्म नहीं होंगी...

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

अन्य रील रसाचार्य यहाँ पढ़िए : रील रसाचार्य

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट