Font by Mehr Nastaliq Web

इंसान का जन्म : शिशु मुख, अतुल सुख

पिछले कुछ दिनों से एक शिशु के सान्निध्य में सुकून के कुछ पल गुज़ारता हूँ। जब मैं पिता बना, तब वात्सल्य क्या होता है, इसका पता नहीं था। ख़ैर, उन दुखद प्रसंगों का ज़िक्र क्यों करूँ? मेरी यह हार्दिक इच्छा रहती है कि कविता, लेख, डायरी या अन्य कोई भी विधा हो, एक अच्छे वाक्य से शुरुआत करूँ। दर्शक सलामी बल्लेबाज़ों से अपेक्षा करता है कि वे धुआँधार बैटिंग कर पवेलियन लौटने के पहले शतक जमा दें। उनकी माँग जायज़ है। पर कई बार ओपनरों ने निराश भी किया है। एक लेखक की स्थिति इससे बहुत भिन्न नहीं हो सकती। मैं बहुधा आपको निराश कर देता हूँ। मेरी वाटिका में फूलों से अधिक काँटे हैं। फिर भी, आपको आमंत्रित करने का लोभ-संवरण नहीं कर सकता। निवेदन है कि ज़रूर आइए और सावधानी से दो पल यहाँ गुज़ारिए। माना कि यहाँ काँटे बहुत हैं, लेकिन कुछ फूल भी तो हैं। हवा और फूलों की दोस्ती का आप भी आनंद लीजिए।

मैं शिशु की बात कर रहा हूँ। इस दुनिया में आए उसे लगभग तीन माह होने को हैं। वह अतिथि है। वैसे हम भी कौन-से मेज़बान हैं? हम सब इस पृथ्वी के अतिथि ही तो हैं। मेज़बान होने के भ्रम में पूरी ज़िंदगी गुज़ार देते हैं। शायद इसीलिए भाव-भीनी विदाई संभव नहीं हो पाती है। और हो भी क्यों? इस पृथ्वी पर इतने कुकृत्य कर रहे हैं कि इसे रहने लायक़ भी नहीं छोड़ेंगे। ख़ैर, मैं उस शिशु के पास जाता हूँ और उसे विभिन्न स्थितियों में ध्यान से देखता हूँ। कभी वह मंद-मंद मुस्कुराता हुआ मिलता है, तो कभी किलकारी भरता हुआ। कभी होंठ बिचकाकर रोने की अच्छी शुरुआत देने की कोशिश करता हुआ और कभी बिलख-बिलख कर रोता हुआ भी। वह स्वयं एक निर्दोष अभिव्यक्ति है, तथापि उसमें व्यक्त होने की व्याकुलता है। वह सभी रूपों में निर्दोष शिशु है। मैं उसे सोते हुए मिनटों तक देखता हूँ। मुझे महसूस होता है कि एक माँ कठिन से कठिन ज़िंदगी इसी बाल-मुख-दर्शन के सुख के सहारे काट देती है। उसे वृद्धावस्था में भी इसकी स्मृति नहीं मिटती है। माँ को इस निर्दोष मुख से अपरिमित शक्ति मिलती है। बांग्ला भाषा में एक कहावत है, “शिशु मुख, अतुल सुख।”

दुनिया का हर बालक शहंशाह होता है

प्रकृति या ईश्वर, जो भी कह लीजिए, उससे शिशु वरदान प्राप्त है। दुनिया का हर बालक शहंशाह होता है, चाहे वह झुग्गी में पैदा हुआ हो या राजमहल में। माँ के आँचल की छाया से बढ़कर कोई सुरक्षा-कवच नहीं। एक माँ अपने बच्चे की रक्षा के लिए दुर्गा बन जाती है। वह किसी भी सत्ता को चुनौती देकर घुटने पर ला सकती है। जब एक बालक दुनिया में आता है, उसके आने के पहले ही सुरक्षा चाक-चौबंद रहती है। माँ की कोख में चमड़े की कई बंद परतों में पर्याप्त भोजन, पानी, ऑक्सीजन आदि सारी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त। एक शिशु से बड़ा वीआईपी कौन होगा? उसके पाँव धरती पर नहीं, सीधे माँ की गोद में पड़ते हैं। मैं आश्चर्य में पड़ जाता हूँ। प्रकृति पूरे नौ महीने का समय लेती है। एक जीव को अनजान द्वीप पर भेजना है, तो तैयारी में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। वह एक इंसान को भेज रही है। यह मिशन मंगल से बड़ा कार्य है। यह वाक़ई असाधारण है। एक शिशु के रूप में इंसान का जन्म हो रहा है। वह इंसान जिसके पास कोई भाषा नहीं, अपनी बात कैसे कह पाएगा? वह दूसरे लोक में आया है। कोई बात नहीं। उसे दुभाषिया उपलब्ध है, जो उसकी भाषा या बोली की अनमोल व्याख्याता है।

इससे पहले एक और महत्त्वपूर्ण बात। कैसे कह दूँ कि उसके पास कोई भाषा नहीं। मैं अपनी बात वापस लेता हूँ। उसके पास दो समर्थ भाषाएँ हैं, मुस्कान और रुदन। यही तो सृष्टि की आदिम भाषा है, जिन्हें होश सँभालने के बाद हम निरंतर खोते जा रहे हैं और अंत में दोनों से वंचित हो जाते हैं। शायद ही कभी याद आए कि कब खुलकर हँसा या रोया। बहरहाल, शिशु की मुस्कान और रुदन में वह शक्ति है, जो दुनिया की किसी समर्थ भाषा में नहीं। एक अदा पर माँ-पिता, सारा जहान क़ुर्बान और एक चीख़ पर पूरा घर हिलने लगता है। पड़ोस के बच्चे के रोने की आवाज़ से मन कलप उठता है। माँ कहीं भी हो, किसी स्थिति में हो, दौड़कर बच्चे के पास पहुँच जाती है। यह कितनी अनोखी बात है कि न केवल अपने बच्चे, अपितु दूसरों के बच्चे भी हमें उतने ही प्रिय लगते हैं। यदि दुर्भाग्यवश किसी से मनमुटाव या दुश्मनी हो भी जाए, तब भी उसके बच्चे के प्रति मन में कोई दुर्भाव नहीं होता। बच्चे में वह शक्ति है कि वह हमें बच्चा बना देता है। उस क्षण विशेष में हमारा रूपांतरण हो जाता है। एक शिशु ‘अयं निजं परावेति’ का भेद मिटा देता है।

शिशु मंगल-भवन है

शिशु को देखते हुए हमारा मन अमल-धवल हो जाता है, आनंद-भवन बन जाता है, जहाँ दुःख की कोई छाया नहीं। ईर्ष्या-द्वेष या घृणा-नफ़रत का कोई भाव नहीं। एकदम सात्त्विक। कुछ ऐसी अनुभूति, जो साधकों को वर्षों की साधना से प्राप्त होती है। मुझे आश्चर्य होता है कि सोते हुए राहुल को देखने से बड़ा कौन सुख रहा होगा कि बुद्ध ने गृह-त्याग कर दिया। क्या एक हँसते हुए बालक के मुखमंडल से निकलने वाला आलोक हमारे जीवन के तिमिर को भेदने में असमर्थ है? किलकारी भरते हुए शिशु को देखने से बड़ा कौन सुख है, “जो सुख सूर अमर, मुनि दुर्लभ सो नंद भामिनी पावे।” चक्रवर्ती सम्राट दशरथ इसी सुख से वंचित होकर व्याकुल जीवन जी रहे थे। अंततः इसी के वियोग में गए भी। सूरदास ने बंद आँखों को एक बार फिर से बंद करने के बाद ही इसे देव-दुर्लभ सुख कहा होगा। यह अनुभूति का परम सुख है, जिसके सामने अभिव्यक्ति लाचार है। मुझे महसूस होता है कि सूर इस जन्म में भले ही नेत्रविहीन रहे हों, लेकिन पूर्व जन्म में वे स्त्री रहे होंगे। कोई कवि बंद आँखों से वात्सल्य का रस इतना छककर कैसे पी सकता है कि जिसके कुछ छींटे से ही हम मदहोश हो जाते हैं। ग़ौर कीजिएगा, बालक जब मन भर दूध पी लेता है, तो गहरी नींद में चला जाता है। दूध का भी नशा होता है। बालक पर बातचीत के क्रम में कितनी बातें मन में आ रही हैं कि मूल प्रसंग से थोड़ा भटक जा रहा हूँ। भगवान को भक्तवत्सल कहा गया है, अर्थात् वह अपने भक्तों की माँ की तरह चिंता करता है। भक्ति-परंपरा का यह समुन्नत और समृद्ध भाव माँ-शिशु के संबंधों से ही उभरा होगा। यह लोक की उपज है, वेद की नहीं।

शिशु के रूप में इंसान का जन्म होता है

इस बालकांड के अंत में एक और ज़रूरी बात। जन्मना कोई भी शिशु इंसान होता है। जैसे ही उसे धर्म की घुट्टी पिलाई जाती है, विभाजन की नींव उसके दिमाग़ में पड़ जाती है। किसी नवजात या दो-तीन वर्ष के बच्चे को देखकर कोई अनुमान लगा सकता है कि वह किस धर्म का अनुयायी है? किस जाति से है? हम सयानों ने बच्चों के मन को एक बने-बनाए साँचे में ढालकर कुंद करने का कुत्सित प्रयास किया है। एक इंसान का जन्म हुआ। हमने उसे धर्म का चोला पहनाकर कौन-सा पुण्य का काम किया? वे कैसे क्रूर लोग हैं, जिन्हें बच्चों की किलकारी नहीं भाती? वे फूलों पर बारूद क्यों बरसा रहे हैं? कोई उनसे पूछे तो सही। वे कितने असभ्य और बर्बर हैं, जो बच्चों की मीठी भाषा नहीं समझ रहे हैं।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

ललन चतुर्वेदी को और पढ़िए : शपथ पर ग्रहण | खुजली देसी बीमारी है | कवि-छवि से कपि-छवि तक की यात्रा

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट