GTA 6 : डिजिटल दुनिया का बड़ा आयोजन
मनीष वर्मा
19 नवम्बर 2026
मान लीजिए, कोई ऐसी फ़िल्म आने वाली हो जिसका इंतज़ार करोड़ों लोग कर रहे हों। उसके पार्श्व में बजने वाला चालीस साल पुराना गाना अचानक फिर से पॉपुलर हो जाए। लोग उसे देखने के लिए नया टेलीविज़न और कंसोल (Console) ख़रीदने की योजना बनाने लगें। यूट्यूबर महीनों पहले से अपने कार्यक्रमों और वीडियो की रूपरेखा तैयार करने लगें और बड़ी-बड़ी टेक कंपनियाँ तक उसकी रिलीज़ को ध्यान में रखकर अपने कारोबार की उम्मीदें बाँधने लगें। अब इस कल्पना में से फ़िल्म को हटाकर उसकी जगह एक वीडियो गेम रख दीजिए। यही कहानी है ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो VI, यानी GTA 6 की।
रॉकस्टार गेम्स का GTA 6 फ़िलहाल 19 नवंबर 2026 को PlayStation 5 और Xbox Series X|S के लिए रिलीज़ होने वाला है। और अगर आपने ज़िंदगी में कभी गेम खेलने का कंट्रोलर (Controller) तक नहीं पकड़ा है, तब भी इस खेल पर नज़र रखने की एक बड़ी वजह है। दरअस्ल, GTA 6 शायद गेमिंग की दुनिया से कहीं आगे की कहानी बनने वाला है।
GTA का पूरा नाम है—Grand Theft Auto. आसान भाषा में कहें तो यह खेलों की ऐसी शृंखला है, जिसमें खिलाड़ी को एक विशाल वर्चुअल शहर या क्षेत्र मिलता है और वह उसमें अपनी मर्ज़ी से घूमने-फिरने के लिए आज़ाद होता है। आप कार चला सकते हैं, कहानी से जुड़े मिशन पूरे कर सकते हैं, अलग-अलग लोगों से मिल सकते हैं, पुलिस से बच सकते हैं, रेडियो सुन सकते हैं, दुकानों में जा सकते हैं या कभी-कभी खेल की मुख्य कहानी को भुलाकर केवल शहर की सड़कों पर घूमते रह सकते हैं।
गेमिंग की भाषा में इसे ओपन-वर्ल्ड गेम कहा जाता है। यानी ऐसा खेल, जिसमें खिलाड़ी को किसी एक तय रास्ते पर चलने के बजाय एक पूरी दुनिया को अपनी इच्छा से देखने, समझने और खोजने की आज़ादी मिलती है। आज यह अवधारणा सामान्य लग सकती है, लेकिन GTA को महत्त्वपूर्ण बनाने वाली बात यही है कि इस शृंखला ने बार-बार इस आज़ादी की सीमाओं को आगे बढ़ाया है।
पहला ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो 1997 में आया था। आज के GTA को देखकर शायद यक़ीन करना मुश्किल हो, लेकिन शुरुआती खेल में शहर को ऊपर से देखा जाता था। उसके ग्राफ़िक्स (Graphics) बहुत साधारण थे, लेकिन विचार नया था। खिलाड़ी को एक शहर दीजिए और उसे यह तय करने दीजिए कि वह वहाँ क्या करना चाहता है। इस शृंखला में असली क्रांति 2001 में GTA III के साथ आई। पहली बार खिलाड़ी एक विशाल 3D शहर में पहुँचा। इसका प्रभाव इतना व्यापक था कि बाद में बनी अनगिनत ओपन-वर्ल्ड गेम्स ने किसी न किसी रूप में इसी विज़न को अपनाया।
इसके बाद वाइस सिटी (Vice City) ने 1980 के दशक के मियामी से प्रेरित एक चमकदार दुनिया सामने रखी। पॉप संगीत, रंगीन जीवनशैली और उस दौर का पूरा मिज़ाज खेल का हिस्सा बन गया। सैन एंड्रियास (San Andreas) ने इस दुनिया का विस्तार किया। हिप-हॉप, सड़क की संस्कृति, चरित्र को अपनी पसंद के अनुसार ढालने की सुविधा और विशाल भौगोलिक विस्तार को मुख्यधारा के गेमिंग संसार तक पहुँचाया। 2008 में GTA IV आया। इसने कहानी और शहर को पहले से अधिक गंभीर और यथार्थवादी रूप दिया। फिर आया GTA V। 2013 में रिलीज़ हुए GTA V ने गेमिंग को मनोरंजन उद्योग की सबसे बड़ी व्यावसायिक सफलताओं की क़तार में ला खड़ा किया। इस खेल ने रिलीज़ के पहले 24 घंटों में ही लगभग 815.7 मिलियन डॉलर की कमाई की और महज़ तीन दिनों में इसकी बिक्री एक अरब डॉलर के पार पहुँच गई। मार्च 2026 तक इसकी लगभग 230 मिलियन प्रतियाँ बिक चुकी थीं।
लेकिन GTA V की असली कहानी केवल उसकी बिक्री तक सीमित नहीं थी। इसके साथ आया GTA ऑनलाइन (GTA Online)। इसने एक खेल को ऐसी डिजिटल दुनिया में बदल दिया, जहाँ लोग वर्षों तक लौटते रहे। कोई दोस्तों के साथ अभियान पूरे करने आता, कोई दौड़ आयोजित करता, कोई अपनी भूमिका के अनुसार खेलता और कोई केवल आभासी लॉस सैंटोस (Los Santos) में समय बिताने के लिए पहुँच जाता। अब यही विरासत GTA 6 को मिलने वाली है।
GTA V पहले ही मनोरंजन जगत की बिक्री के कई बड़े रिकॉर्ड बना चुका है। GTA 6 के दूसरे ट्रेलर (Trailer) को रिलीज़ के पहले 24 घंटों में अलग-अलग मंचों पर लगभग 475 मिलियन बार देखा गया। यानी खेल के बाज़ार में आने से पहले ही उसके आस-पास जुटी दर्शकों की संख्या किसी बड़ी फ़िल्म के दर्शक-वर्ग जैसी हो चुकी है। टेक-टू इंटरैक्टिव (Take-Two Interactive), जो रॉकस्टार गेम्स की मूल कंपनी है, भी GTA 6 की रिलीज़ वाले वित्तीय वर्ष में अपने कारोबार के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचने की उम्मीद कर रही है। इसलिए GTA 6 को केवल एक नया गेम कहना वैसा ही होगा, जैसे नए आईफ़ोन को महज़ एक नया फ़ोन कह देना। उत्पाद भले ही उसी श्रेणी का हो, लेकिन उससे जुड़ा आयोजन कहीं बड़ा है।
GTA की दुनिया अक्सर वास्तविक अमेरिका का एक अतिरंजित व्यंग्यात्मक रूप होती है। इसमें काल्पनिक रेडियो विज्ञापन, राजनेता, मशहूर हस्तियाँ, सोशल मीडिया की शख़्सियतें और बड़ी कंपनियाँ दिखाई देती हैं। इनके ज़रिये उपभोक्तावाद, प्रसिद्धि की भूख, लालच और मीडिया के प्रति समाज के आकर्षण का मज़ाक़ उड़ाया जाता है। यही वजह है कि GTA हमेशा विवादों के घेरे में भी रहा है। हिंसा, वयस्क विषयों, रूढ़ छवियों और प्रतिनिधित्व जैसे सवालों को लेकर यह शृंखला कई बार राजनीतिक और सामाजिक बहसों के केंद्र में रही है। लेकिन इसके सांस्कृतिक प्रभाव को समझने का सबसे आसान उदाहरण संगीत है। GTA 6 के दूसरे ट्रेलर में इस्तेमाल हुए द पॉइंटर सिस्टर्स (The Pointer Sisters) के पुराने गीत ‘Hot Together’ को ट्रेलर आने के बाद Spotify पर सुनने वालों की संख्या में अचानक लगभग 1,82,000 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
ज़रा सोचिए, अभी बाज़ार में आया भी नहीं एक वीडियो गेम, दशकों पुराने किसी गीत को फिर से वैश्विक चर्चा का विषय बना सकता है।
हर उद्योग में कुछ ऐसे उत्पाद होते हैं, जो बाक़ी कंपनियों को बताते हैं कि अब उपभोक्ताओं की अपेक्षाएँ किस स्तर तक पहुँच चुकी हैं। सिनेमा में कभी अवतार (Avatar) जैसी फ़िल्में यह काम करती हैं। स्मार्टफ़ोन की दुनिया में आईफ़ोन की नई पीढ़ी ऐसा कर सकती है। गेमिंग में GTA अक्सर यही भूमिका निभाता आया है।
अब GTA 6 के सामने अगला सवाल भी है : क्या कोई वीडियो गेम सचमुच एक विश्वसनीय डिजिटल समाज जैसा अनुभव दे सकता है?
अगर रॉकस्टार शहरों, यातायात, चरित्रों, वन्यजीवन, सोशल मीडिया संस्कृति, इमारतों के आंतरिक हिस्सों और खिलाड़ी की स्वतंत्रता को एक नई ऊँचाई तक ले जाता है, तो इसका प्रभाव केवल GTA तक सीमित नहीं रहेगा। दूसरे गेम बनाने वालों के सामने भी उनके खिलाड़ी सवाल रखेंगे, “अगर GTA में यह सब हो सकता है, तो आपके खेल में क्यों नहीं?” और यहीं से किसी उद्योग के मानक बदलने लगते हैं।
आने वाली पीढ़ी के खेल शायद केवल कहानी पूरी करने का माध्यम नहीं रहेंगे। वे ऐसे डिजिटल ठिकाने बन सकते हैं, जहाँ लोग वर्षों तक आते-जाते रहें। इसके संकेत GTA की दुनिया में पहले से दिखाई देने लगे हैं। GTA V के लिए खिलाड़ियों ने रोल-प्ले सर्वर (Roleplay Servers) बनाए। इन सर्वरों में कोई पुलिस अधिकारी बनता है, कोई टैक्सी चालक, कोई कारोबारी और कोई अपराधी। कई लोग इसे पारंपरिक खेल की तरह नहीं, बल्कि तत्काल कल्पना और अभिनय से तैयार होने वाले रंगमंच की तरह खेलते और उसका सीधा प्रसारण (Livestream) करते हैं।
इस समुदाय का प्रभाव इतना बढ़ा कि 2023 में रॉकस्टार ने फ़ाइवएम (FiveM) और रेडएम (RedM) के पीछे काम करने वाली टीम Cfx.re को अपने साथ जोड़ लिया। रॉकस्टार ने समुदाय द्वारा तैयार किए गए अभियानों और रचनाकारों के लिए उपकरणों पर भी लगातार काम किया है। इससे एक दिलचस्प संभावना पैदा होती है। भविष्य के बड़े खेल शायद केवल खेल बनाने वाली कंपनी की तैयार की हुई कहानी तक सीमित नहीं रहेंगे। कंपनी एक दुनिया बनाएगी, लेकिन उसमें खिलाड़ी अपने चरित्र, कहानियाँ, समुदाय और कारोबार विकसित करेंगे। यानी खेल और मंच (Platform) के बीच की दूरी धीरे-धीरे मिट सकती है।
लेकिन फिर सवाल वही है कि एक वीडियो गेम वास्तविक अर्थव्यवस्था को कैसे प्रभावित कर सकता है? यहीं से GTA 6 की कहानी खिलाड़ियों की दुनिया से बाहर निकलती है। इसका सबसे सीधा प्रभाव गेमिंग उपकरणों के बाज़ार पर पड़ सकता है। GTA 6 की शुरुआती रिलीज़ PS5 और Xbox Series X|S पर होनी है। उद्योग के विश्लेषक इसे सोनी के प्लेस्टेशन कारोबार के लिए बिक्री बढ़ाने वाला एक बड़ा अवसर मान रहे हैं। इसके बाद आती है रचनाकारों की अर्थव्यवस्था (Creator Economy)। आज गेमिंग केवल खेल ख़रीदने वाले उपभोक्ता तक सीमित नहीं है। इसके आस-पास यूट्यूबर, सीधे प्रसारण करने वाले रचनाकार, वीडियो संपादक, ग्राफ़िक डिज़ाइनर, सर्वर विकसित करने वाले लोग, मॉड बनाने वाले रचनाकार, टिप्पणीकार और ई-स्पोर्ट्स तथा मनोरंजन कंपनियों का एक पूरा तंत्र खड़ा हो चुका है।
भारत में भी कई क्रिएटर GTA 6 की रिलीज़ के लिए महीनों पहले से तैयारी कर रहे हैं। कुछ लोगों ने इसके लिए नए कंसोल तक ख़रीदने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ संगीत, ऐड, ब्रांड-कोलेब, इंटरनेट स्पीड, हार्डवेयर, डिजिटल मंच हैं। एक व्यक्ति GTA 6 ख़रीदने पर शायद 80 डॉलर के आस-पास ख़र्च करे। लेकिन उससे सिर्फ़ एक खेल को बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि एक व्यक्ति का यूट्यूब चैनल आगे बढ़ सकता है, किसी वीडियो एडिटर को काम मिल सकता है, किसी संगीतकार का पुराना गीत फिर लोकप्रिय हो सकता है और किसी टेक कंपनी को नया ग्राहक मिल सकता है। इसीलिए मार्डन गेमिंग को केवल बच्चों के मनोरंजन का साधन समझना अब बहुत पुरानी सोच है।
GTA 6 हमारी वास्तविक ज़िंदगी के बारे में भी कुछ बता सकता है। GTA हमेशा से अपने समय का टेढ़ा-मेढ़ा आईना जैसा रहा है। वाइस सिटी ने 1980 के दशक की अति और दिखावे की संस्कृति को सामने रखा। सैन एंड्रियास ने 1990 के दशक के अमेरिका के कई सामाजिक और सांस्कृतिक तनावों को काल्पनिक रूप दिया। GTA V ने मशहूर हस्तियों की कल्चर, रियलिटी टीवी, वित्तीय दुनिया, सोशल मीडिया और उपभोक्तावाद का मज़ाक़ उड़ाया। GTA 6 की काल्पनिक दुनिया लियोनिडा (Leonida) नामक राज्य में बसाई गई है, जहाँ आधुनिक वाइस सिटी की वापसी हो रही है। इसके मुख्य पात्र जेसन (Jason) और लूसिया (Lucia) हैं। लेकिन जिस दुनिया में GTA 6 आ रहा है, वह 2013 के समय से बहुत अलग है, जब GTA V रिलीज़ हुआ था। अब हमारे पास रील्स हैं। सोशल मीडिया पर प्रभाव रखने वाले लोग हैं। झगड़ों के वायरल वीडियो हैं। एल्गोरिदम (Algorithms) है। अस्थायी और स्वतंत्र कामकाज की अर्थव्यवस्था (Gig Economy) है। ऑनलाइन ठगी है।
GTA 6 में केवल यह देखना दिलचस्प नहीं होगा कि रॉकस्टार ने ग्राफ़िक्स को कितना यथार्थवादी बनाया है। इससे कहीं अधिक दिलचस्प सवाल यह होगा कि रॉकस्टार 2020 के दशक के हमारे इस विचित्र डिजिटल समाज को किस नज़र से देखता है।
आने वाले समय में मनोरंजन की अलग-अलग दुनिया के बीच की सीमाएँ और धुँधली होने वाली हैं। एक तरफ़ सिनेमा है। दूसरी तरफ़ वीडियो गेम। तीसरी तरफ़ सोशल मीडिया और वर्चुअल दुनिया। GTA 6 शायद उस मुक़ाम पर खड़ा है, जहाँ ये सभी दुनिया एक-दूसरे से मिलती दिखाई देती हैं। हो सकता है आप इसे कभी न खेलें। फिर भी इसके मीम देखेंगे। इसके छोटे वीडियो इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर दिखाई देंगे। इससे जुड़े विवाद समाचारों का हिस्सा बनेंगे। इसके कारण लोग नए कंसोल ख़रीदेंगे। इसके कैरेक्टर इंटरनेट संस्कृति का हिस्सा बन जाएँगे। आपके इससे बच नहीं पाएँगे।
अगर GTA 6 सफल होता है, तो शायद कुछ वर्षों बाद हम इसे केवल 2026 के सबसे बड़े खेल के रूप में याद नहीं करेंगे। शायद हम इसे उस क्षण के रूप में याद करें, जब वीडियो गेम ने मनोरंजन, सामाजिक मंचों और डिजिटल अर्थव्यवस्था के बीच एक बड़ी छलाँग लगाई थी।
और इसीलिए आपके घर में प्लेस्टेशन हो या न हो, GTA 6 पर नज़र रखना बनता है।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
मनीष वर्मा को और पढ़िए : आख़िरी सवाल : ब्रह्मांड का अंतिम अंत
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट