Pankaj Singh's Photo'

पंकज सिंह

1948 - 2015 | मुज़फ़्फ़रपुर, बिहार

आठवें दशक के प्रमुख कवि-लेखक और संपादक। पत्रकारिता और जन संस्कृति मंच से संबद्ध रहे।

आठवें दशक के प्रमुख कवि-लेखक और संपादक। पत्रकारिता और जन संस्कृति मंच से संबद्ध रहे।

पंकज सिंह का परिचय

जन्म : 22/12/1948 | मुज़फ़्फ़रपुर, बिहार

निधन : 26/12/2015 | दिल्ली, दिल्ली

प्रमुख समकालीन कवि पंकज सिंह का जन्म 22 दिसम्बर 1948 को मुज़फ़्फ़रपुर, बिहार में हुआ था। मुज़फ़्फ़रपुर से आरंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से वियतनाम के संघर्ष पर शोध-कार्य किया।
वह क्रांतिकारी वाम राजनीति और पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय रहे। इस क्रम में रचनात्मक लेखन के साथ ही राजनीति और साहित्य-कला-संस्कृति पर टिप्पणी करते रहे। उन्होंने समीक्षा, स्तंभ लेखन, अनुवाद, वृत्तचित्र एवं कथा फ़िल्मों के लिए पटकथा लेखन, डॉक्यूमेंटरी फ़िल्मों का निर्माण एवं निर्देशन, रेडियो एवं टेलीविजन कार्यक्रम के प्रसार एवं प्रस्तुतीकरण और संपादन के क्षेत्र में अपना महत्त्वूर्ण योगदान दिया और प्रशंसित रहे। उन्होंने पेरिस के पौर्वात्य भाषा और सभ्यता संस्थान तथा सीपा प्रेस इंटरनेशनल के भारतीय विभागों में भी काम किया और बी.बी.सी. लंदन की विश्व सेवा में प्रोड्यूसर के रूप में सेवा दी।
मूल रूप से कवि रहे पंकज सिंह मानते थे कि उनकी कविताओं का आवेग देने वाला तत्व है भारतीय समाज के शोषित-उत्पीड़ित समुदायों के संघर्ष की चेतना के साथ उनके व्यावहारिक जीवन और रचना संसार की प्रतिबद्ध संबद्धता। उनके तीन काव्य-संग्रह ‘आहटें आसपास’, ‘जैसे पवन पानी’ और ‘नहीं’ शीर्षक से प्रकाशित हैं। इसके अतिरिक्त अनेक देशी-विदेशी संकलनों में उनकी कविताएँ प्रकाशित हुई हैं। उर्दू, बांग्ला, अँग्रेज़ी, जापानी, रूसी, फ्रेंच आदि भाषाओं में उनकी कविताओं के अनुवाद हुए हैं।
पेरिस और लंदन में प्रवास के साथ ही उन्होंने अनेक एशियाई और यूरोपीय देशों की यात्राएँ की थीं। इन यात्राओं और प्रवास के दौरान विश्वविद्यालयों और सांस्थानिक आयोजनों में व्याख्यान और काव्यपाठ किए। उन्होंने पेरिस में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कविता उत्सव में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था। उन्हें 'मैथिलीशरण गुप्त सम्मान', 'शमशेर सम्मान', 'नई धारा सम्मान' आदि से पुरस्कृत किया गया था। 
लंबी बीमारी के बाद 26 दिसम्बर 2015 को दिल्ली में उनका निधन हो गया।

Recitation

जश्न-ए-रेख़्ता (2023) उर्दू भाषा का सबसे बड़ा उत्सव।

पास यहाँ से प्राप्त कीजिए