Font by Mehr Nastaliq Web

तानाशाह और जूते

tanashah aur jute

मदन कश्यप

मदन कश्यप

तानाशाह और जूते

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    उसके जूते की चमक इतनी तेज़ थी

    कि सूरज उसमें अपनी झाइयाँ देख सकता था

    वह दो क़दम में नाप लेता था दुनिया

    और मानता था कि पूरी पृथ्वी उसके जूतों के नीचे है

    चलते वक्त वह चलता नहीं था

    जूतों से रौंदता था धरती को

    अपने जूतों पर उतना ही गुमान भी था

    वह सोच भी नहीं सकता था

    एक बार रौंदे जाने के बाद

    कोई फिर से उठा सकता है अपना सिर

    कि अचानक ही हुआ यह सब

    एक जोड़े साधारण पाँव से निकला एक जोड़ा जूता

    और उछल पड़ा उसकी ओर

    उसने एक को हाथ में थामना चाहा

    और दूसरे से बचने के लिए सिर मेज़ पर झुका लिया

    ताक़त का खेल खेलने वाले तमाम मदारी

    हतप्रभ होकर देखते रह गये

    और चल पड़े जूते

    दुनिया के सबसे चमकदार सिर की तरफ़

    नवों दिशाओं में तनी रह गईं मिसाइलें

    अपनी आख़िरी गणना में गड़बड़ा गया

    मंगल ग्रह पर जीवन के आँकड़े ढूँढ़ने वाला कंप्यूटर

    सेनाएँ देखती रह गईं

    कमांडो लपक कर रोक भी न पाए

    और उछल पड़े जूते

    वह ख़ुश हुआ कि आख़िरकार उसके सिर पर नहीं पड़े जूते

    शर्म होती तब तो पानी-पानी होता

    लेकिन यह क्या कि एक जोड़े जूते के उछलते ही

    खिसक गई उसके पाँव के नीचे दबी दुनिया

    चारो तरफ़ से फेंके जाने लगे जूते

    और देखते-देखते

    फटे-पुराने, गंदे-गंधाए जूतों के ढेर के नीचे

    दब गया दुनिया का सबसे ताक़तवर तानाशाह!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY