Font by Mehr Nastaliq Web

पिता की चुप्पी

pita ki chuppi

मदन कश्यप

मदन कश्यप

पिता की चुप्पी

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    माँ की मृत्यु के बाद चुप रहने लगे थे पिता

    मुझे बड़ा होने में बहुत वक़्त लग रहा था

    और उनकी चुप्पी थी कि बढ़ती ही जा रही थी

    दिन उन दिनों बहुत धीरे-धीरे बीत रहे थे

    मैं चौथी में था जब माँ मरी थी

    पाँचवीं पास करते-करते तो लगा जैसे एक युग बीत गया

    मैं अपना अकेलापन दिवास्वप्नों में बिताता था

    मेरी एक ख़्याली दुनिया थी

    जिसमें सब कुछ वैसे ही होता था जैसे मैं चाहता था

    लेकिन पिता अपना अकेलापन कैसे काटते थे

    कभी पता नहीं चला

    उस स्त्री का भी कुछ ठीक पता नहीं चला

    जिसे उन्होंने माँ के गहने दे दिए थे

    संभव है वह कोई रही ही नहीं हो

    धीरे-धीरे हमारे बीच कम होते जा रहे थे संवाद

    तभी लगा वे औरों के सामने भी बहुत कम बोलने लगे हैं

    उनकी चुप्पी कभी-कभी चीख़ने-चिल्लाने

    या जली-कटी सुनाने के लिए ही टूटती थी

    शुरू-शुरू में उन बातों से दुख पहुँचता था

    मेरा दिमाग़ शिकायतों से इस हद तक भरा होता था

    कि उनके दुख या चुप्पी की व्याख्या के लिए

    कोई जगह ही नहीं बची होती थी

    जीवन जैसे-जैसे अपना अर्थ पाने लगा

    पिता अर्थहीन होते चले गए

    हमारे संवाद पहले संबोधनहीन हुए

    फिर शब्दहीन

    और अब तो कुछ ऐसा है कि

    कविता में भी उन्हें बाबूजी नहीं कह पा रहा हूँ

    ऐसा नहीं कि उनकी बढ़ती दयनीयता का एहसास नहीं था

    लेकिन तब भी वे पिता ही लगते थे

    मेरे बचपन के कोमल गालों पर चाँटा जडऩे वाले हाथ

    भला याचक की तरह फैले कैसे दिख सकते थे

    मैं तो शिकायतों और सवालों के हिसाब ही लगाता रहा

    कि एक दिन चल बसे पिता

    चुप्पी और चिल्लाहट के बीच की अपनी भाषा को

    अशब्द छोड़ कर

    अस्सी से कुछ अधिक का लम्बा जीवन मिला था उन्हें

    केवल अंतिम कुछ महीने वे बीमार रहे

    वह भी दिमाग़ी रूप से

    हालाँकि उस दौरान वे ख़ूब बोलने लगे थे

    कभी-कभी मेरा नाम लेकर भी पुकारते थे

    जैसे बचपन में कभी पुकारा होगा

    उनके बोलने का तब भला क्या मतलब रह गया था

    जब हम सब उनके चुप होने की प्रतीक्षा कर रहे थे

    उनकी मृत्यु के बारह वर्ष बाद

    जब मैं भी कर गया हूँ साठ पार

    और धीरे-धीरे होता जा रहा हूँ चुप

    कुछ-कुछ समझ में आने लगी है पिता की चुप्पी!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY