शायद अब वह अंतडिय़ों से भी ज़्यादा लंबी हो गई हो
फिर भी मेरी स्मृति के छोटे से कोने में रहती है
खोई हुई चीज़ों की एक गुड़मुड़ी फ़ेहरिस्त
जैसे पाँच फुट आठ इंच लंबे शरीर में
रह लेती हैं मीलों लंबी नसें
वैसे ख़ामख़्वाह कुछ खोते रहने की आदत नहीं है
कोशिश करता हूँ कि रहूँ चाक-चौकस
केवल ज़रूरी चीज़ें ही ले जाता हूँ यात्रा में
जाने से पहले अपने बक्से
और लौटने से पहले कमरे का अच्छी तरह मुआइना करता हूँ
फिर भी कभी-कभी कोई ग़लती हो ही जाती है
पत्नी कहती है कि बेशऊर हूँ
बटन लगाना तक भूल जाता हूँ
कभी-कभी बस या ऑटो में चलते हुए
चला जाता हूँ एक-दो पड़ाव आगे
पैसों के खोने का हिसाब नहीं है
उन्हें तो रहना नहीं होता
खोते नहीं तो ख़र्च हो जाते हैं
मुझे लगता है भूलता बहुत हूँ इसीलिए खोता हूँ
परंतु कुछ खोना ऐसा होता है जिसे भूल नहीं पाता
खोने का दुख अक्सर छोटा होता है
मगर कभी-कभी बहुत लंबा भी होता है
एक बार जब घर में केवल एक ही छाता था
मैंने खो दिया और ख़ुद यात्रा पर चला गया
तब पत्नी को बेटे की दवा के लिए
बारिश में भींगते हुए डिस्पेंसरी जाना पड़ा
आप कहीं बारिश में घिर जाएँ और भींगते हुए
घर लौटें उसकी बात और है
लेकिन आप उस वेदना की कल्पना नहीं कर सकते
जो छाते के अभाव में घर से भींगते हुए निकलने से होती है
मैं अपनी पत्नी की बारिश से ज़्यादा अपमान में
भींगते हुए चेहरे की कल्पना करके अब भी डर जाता हूँ
कभी-कभी हम व्यर्थ की चीज़ों के लिए बेचैन होते हैं
बचपन में स्कूल में याददाश्त बढ़ाने की दवा ख़रीदी थी
दो रुपए की पूरी दवा कहीं खो गई
मैं बहुत रोया-चिल्लाया
और अपने छोटे भाई की फ़ज़ीहत भी की
तब मुझे लग रहा था कि मैं याददाश्त बढ़ाने के
एक महान अवसर से वंचित हो गया
अब उसे याद करके शर्म आती है और भाई के प्रति
जो अब इस दुनिया में नहीं है
अपने व्यवहार के लिए दुख होता है
कुछ खोना सुई की चुभन जैसा होता है
जिसमें दर्द बहुत तेज़ उठता है पर जल्दी मिट जाता है
जैसे चाबी का गुच्छा खो जाना
कलम खो जाना
चश्मा खो जाना
डॉक्टरी पर्ची खो जाना
किशोरी अमोन कर का कैसेट खो जाना
वैकल्पिक व्यवस्था के साथ ही
ख़त्म हो जाता है खोने का गम
परंतु कुछ ऐसा खोना भी होता है
जो नासूर की तरह टभकता रहता है
और बिल आख़िर छोड़ जाता है एक गहरा निशान
मैंने कई बार ऐसी चीज़ें खोई हैं
जो फिर मुझे कभी नहीं मिलीं
क़िताबों का खोना बिल्कुल अलग तरह का मामला है
अक्सर क़िताबें खोती नहीं टपा दी जाती हैं
कई बार हम टपाने वाले को जानते होते हैं
पर कुछ कर नहीं पाते
मैंने चीज़ें खोई हैं
बहुत-बहुत चीज़ खोई हैं
लेकिन चीज़ों से ज़्यादा अवसर खोया है
यह चीज़ों के खोने की कविता है
अत: अवसरों के खोने का ब्यौरा नहीं दूँगा
पर कई बार अवसर भी चीज़ों की तरह होते हैं
अथवा चीज़ें अवसर की तरह होती हैं
पता नहीं तब मैंने चीज़ खोई थी या अवसर खोया था
पर एक खोना ऐसा भी है
जिसे मैं अब भी अतीत में लौटकर
पा लेने के लिए बेचैन हो जाता हूँ
वे लोग कुछ नहीं खोते जो समय को अंगुलियों पर नचाते हैं
खोना मुझ जैसों के हिस्से होता है जिन्हें समय नचाता है
अब खोने की कविता इतनी भी लंबी नहीं होनी चाहिए
कि पाठकों को अपना धैर्य खोना पड़े
सो समाप्त करता हूँ
वैसे भी खोने की चर्चा क्या करना एक ऐसे समाज में
जिसने अपना गौरव खो दिया हो!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.