Font by Mehr Nastaliq Web

बाँकेमियाँ

Bankemiya

मदन कश्यप

मदन कश्यप

बाँकेमियाँ

मदन कश्यप

और अधिकमदन कश्यप

    (केदारनाथ सिंह के ‘नूरमियाँ’ के प्रति कृतज्ञता के साथ)

    इतने झुके-झुके से क्यों हो बाँकेमियाँ

    क्यों नहीं चलते पहले की तरह सीना तानकर

    इतनी जल्दी कैसे आ गया बुढ़ापा

    अभी कल ही तो ऊधम मचा रहा था

    तुम्हारे चैड़े कंधे पर मेरा बचपन

    देखो अभी हवा में गूँज रही हैं

    तुम्हारी बुझौतियाँ और मेरी किलकारियाँ

    अभी तो पहाड़ों से टकराकर

    लौटी भी नहीं हैं हमारी हँसी

    मेरी बाँहों में सुगबुगा ही रही है

    तुम्हारी घट्ठेदार गर्दन की रगड़

    फिर इतनी जल्दी कैसे आ गया बुढ़ापा

    कोई दूरदर्शन तो नहीं है अपना गाँव

    कि सुनकर ‘पार्वती खान’ का नाम

    मच जाए कुहराम

    यहाँ तो बरसों-बरसों से

    न जाने कितने बरसों से

    साथ-साथ रहते आ रहे हैं

    महादेव मियाँ और मोख़्तियार सिंह

    कोई कुआँ है गाँव में

    जो तुम्हारे पुरखों का खोदा हुआ न हो

    कोई मकान

    जिसकी ईंटें तुम्हारे बिरादरों ने जोड़ी न हों

    कोई छप्पर

    जिसकी सूरत तुम्हारी हुनरमन्द अँगुलियों ने सँवारी न हो

    ऐसा तो नहीं था अपना गाँव

    याद है तुम्हें

    जब बच्चा था मैं

    और तुम्हारे कंधे पर बैठकर देखने गया था रामनवमी का मेला

    उसी दिन दंगा हुआ था किसी जमशेदपुर में

    ग़रीबी और ख़ूनचुसी तो बहुत रही गाँव में

    लेकिन हिंदू-मुसलमान

    या गीता-क़ुरआन का

    ऐसा झगड़ा तो नहीं था

    फिर ऐसा कैसे हो गया अपना गाँव

    अरे, भैया! इस गाँव में

    न किसी राम का जन्म हुआ

    न ही किसी बाबर ने मसज़िद बनवायी

    वह मसज़िद जिसकी दीवारें पलास्तर झड़ने से चितकबरी हो गई हैं

    अपने भोलामियाँ के बाप-दादों ने बनवाई थी

    और वह ठाकुरबाड़ी

    जिसकी छाती पर उग रहा है पीपल का पेड़

    अपने राम इकबाल सिंह की मुसम्मात परदादी ने

    अपने यहाँ कभी तो हुई नहीं

    अजान या कीर्तन को लेकर कोई अनबन

    बाँस की झरनी बजा-बजाकर

    हम भी गाते रहे कर्बला के शोक-गीत

    और उठाते रहे इमाम हुसैन का ताजिया

    तुम भी नाचते रहे होली की उमंग में

    गाते रहे फाग भंग की तरंग में

    अचानक यह क्या हुआ कि निकलने लगीं रथ-यात्राएँ

    और कुछ लोग फड़काने लगे भुजाएँ

    किसने अभिप्रेरित किया ज़हरीली हवाओं को

    कि नफ़रत अविश्वास और दहशत उगलने लगीं दिशाएँ

    यह कैसी बदबू है

    जो फैला रही है कहीं उन्माद और नीम बेहोशी

    तो कहीं डर और चिंता

    यह कैसा अँधेरा है

    कि किसी को कुछ सूझता ही नहीं

    तो किसी को बहुत दूर उस छोर तक सूझता है

    इस बार भी गुड़ की खीर लेकर गई थी दादी

    मक़दूम साहब के मज़ार पर फ़ातिहा पढ़ाने

    इस बार भी अर्घ दिया था

    तुम्हारी ख़ाला ने छठव्रत के दिन

    मगर कहीं कुछ गड़बड़ है

    कि घी के दीए की रोशनी और अगरबत्तियों की ख़ुशबू

    अब रोक नहीं पा रही है

    इस बदबू और अँधेरे को!

    स्रोत :
    • रचनाकार : मदन कश्यप
    • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY