एक
अभी पिछले फागुन में
उसकी आँखों में कोई रंग न था
पिछले सावन में
उसके गीतों में करुणा न थी
अचानक बड़ी हो गई है बेटी
सेमल के पेड़ की तरह
हहा कर बड़ी हो गई है
देखते ही देखते
जब वह जन्मी थी
तब कितना पानी होता था
कुआँ-तालाब में
नदी तो हरदम लबालब भरी रहती थी
भादों में कैसी झड़ी लगती थी
वैसी ही एक रात में पैदा हुई थी वह
ऐसी झपसी थी कि एक पल के लिए भी
लड़ी नहीं टूट रही थी
अब बड़ी हुई है बेटी
तब तक सूख चुके हैं सारे तालाब
गहरे तल में चला गया है कुएँ का पानी
नदी हो गई है बेगानी
कास और सरकंडों के जंगल में
कहीं-कहीं बहती दिखती हैं पतली-पतली धाराएँ
'पलकें झुकाकर
सपनों को छोटा करो मेरी बेटी
नींद को छोटा करो
देर से सूतो
पर देर तक न सूतो
होंठों से बाहर न आये हँसी
आँखों तक पहुँच न पाए कोई ख़ुशी
कलेजे में दबा रहे दुख
भूख और विचारों को मारना सीखो
अपने को अपने ही भीतर गाड़ना सीखो
कोमल-कोमल शब्दों में
जारी होती रहीं क्रूर हिदायतें
फिर भी बड़ी हो गई बेटी
बड़े हो गए उसके सपने!
दो
बड़ी हो रही है बेटी
बड़ा हो रहा है उसका एकांत
वह चाहती है अब भी
चिडिय़ों से बतियाना
फूलों से उलझना
पेड़ों से पीठ टिकाकर सुस्ताना
पर सब कुछ बदल चुका है मानो
कम होने लगी है
चिडिय़ों के कलरव की मिठास
चुभने लगे हैं
फूलों के तेज़ रंग
डराने लगी हैं
दरख़्तों की काली छायाएँ
बड़ी हो रही है बेटी
बड़े हो रहे हैं भेड़िए
बड़े हो रहे हैं सियार
माँ की करुणा के भीतर फूट रही है बेचैनी
पिता की चट्टानी छाती में
दिखने लगे हैं दरकने के निशान
बड़ी हो रही है बेटी!
तीन
बाबा बाबा
मुझे मकई के झौरे की तरह
मरुए में लटका दो
बाबा बाबा
मुझे लाल चावल की तरह
कोठी में लुका दो
बाबा बाबा
मुझे माई के ढोलने की तरह
कठही संदूक में छुपा दो
मकई के दानों को बचाता है छिलकोइया
चावल को कन और भूसी
ढोलने को बचाता है रेशम का तागा
तुझे कौन बचाएगा मेरी बेटी!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.