मैं असह्य होना चाहती हूँ : ऐन कार्सन और उनकी रचना-प्रक्रिया
रश्मि भारद्वाज
12 अक्तूबर 2026
मेरी निजी कविता एक विफलता है
मैं कोई व्यक्ति नहीं होना चाहती
मैं असह्य होना चाहती हूँ
[Stanzas, Sexes, Seduction]
जीवन अपने मूल रूप में असहनीय है। मनुष्य की जटिलताएँ, उसके तमाम अनुभव और निर्णय उसे किसी तरह सहने योग्य बनाने का प्रयास हैं। ऐन कार्सन एक रचनाकार के तौर पर उसी प्रक्रिया को शब्दों के द्वारा व्यक्त करने की कोशिश करती हैं और शायद यही कारण है कि बिखराव उनकी रचनाओं की मूल ध्वनि की तरह उभरता है। जीवन की तमाम टूटन, मनुष्य होने के दंश और शब्दों की उन्हें समुचित रूप से व्यक्त कर देने में अक्षमता जिसे वह अपने रचनाकार की विफलता के रूप में देखती हैं, वह एक रचनाकार से अधिक शब्दों का असामर्थ्य है, जो जीवन और मृत्यु के तमाम प्रश्नों के उत्तर खोज पाने में अक्षम है। उनकी रचनाओं का बिखराव, वाक्यों एवं फ़ॉर्म का विखंडन रचनाकार का सायास प्रयत्न है और इसी माध्यम से जीवन के असहनीय सच को उसी रूप में बुन सकने की क़वायद, जैसा वह है—दुख, आघात, विछोह, छल, विसंगति और विघटन से पूर्ण—एक अपूर्ण जीवन।
अपने भाई की मृत्यु के बाद, जिसे वह दो दशकों से अधिक समय से नहीं मिली थीं, उन्होंने Nox (Night) लिखा, जो हालाँकि एक शोकगीत है, लेकिन शायद यह उस अनुपस्थिति को भरने का प्रयास है जो दो बेहद निकट रहे मनुष्यों के बीच कभी एकाएक उपस्थित हो जाता है—हर बार जीवन ही नहीं, कभी-कभी मृत्यु के रूप में भी। रचनाकार के लिए शब्द जिसे आकार देने में यहाँ भी अक्षम हो जाते हैं। Night जिसे कार्सन समाधि-लेख कहती हैं, उसके पहले ही पन्ने पर वह दर्ज करती हैं :
मैं अपने शोकगीत को हर तरह के प्रकाश से भर देना चाहती थी। लेकिन मृत्यु हमें विपन्न कर देती है। हमें लगता है कि यहाँ अब कुछ जोड़ पाने को शेष नहीं है। वह मर चुका है। प्रेम इस तथ्य को बदल नहीं सकता। शब्द यहाँ कुछ जोड़ नहीं सकते। मैं उसे सितारों से चमकते युवा के रूप में दिखाने की कितनी भी कोशिश कर लूँ, यह एक सादा, असंगत-सा इतिहास भर होगा।
फ़्रांसीसी मनोविश्लेषक और दार्शनिक जाक लाँका का यह कथन “हम कविता के निकट बुद्धिमत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि उसके विखंडन के लिए जाते हैं...” कार्सन की रचना-प्रक्रिया के निकट पहुँचने का केंद्रीय तत्त्व जान पड़ता है। Brick Journal को दिए एक साक्षात्कार में वह कहती हैं :
मुझे लगता है कि जब मैं अपनी राय व्यक्त करती हूँ; तो जिन सूचनाओं के आधार पर मैं किसी निष्कर्ष तक पहुँचती हूँ, उनसे बाहर निकलने की एक तीव्र आकांक्षा मेरे भीतर रहती है। और मुझे लगता है कि कविता ऐसा करने का एक तरीक़ा है। जब आप काव्यात्मक ढंग से सोचते हैं, तो मानो किसी इमारत से छलाँग लगा देते हैं। आप अपने पास तथ्यों और सूचनाओं का ढेर एकत्र करके, एक बिंदु से दूसरे बिंदु तक बढ़ते हुए आगे नहीं जाते। उस क्षण आप जो जानते हैं, बस उसी के सहारे आगे बढ़ना होता है। इसमें एक तरह की मुक्ति का अनुभव है।
~
यह एक तरह का आवरण है—यह विश्वास कि आप कभी जान सकते हैं कि शब्दों का अर्थ क्या है, जबकि वास्तव में हम ऐसा नहीं कर सकते। वे महज़ संकेत हैं, जिन्हें हम शब्दकोशों में परिभाषित करके स्थिर कर देने का दिखावा करते हैं। वे प्रचलित प्रयोग के प्रतीक हैं, लेकिन सच कहूँ तो वे सभी अराजक पूर्णांक हैं। किसी पाठ को अलग-अलग हिस्सों में खोलना भाषा की बुनियाद में छिपे इसी मिथक को उजागर करने का एक तरीका है।
शब्दों के माध्यम से जीवन को नए सिरे से सोच-समझ और रच पाने की यही आकांक्षा उन्हें ग्रीक और लैटिन मिथकों के भव्य संसार की ओर आकर्षित करती है, जिसे समकालीन संदर्भों में वह निरंतर तोड़ती और पुनः-पुनः रचती हैं। यह विचार के, मनुष्य के अस्तित्व के उस मूल, नैसर्गिक बिंदु तक पहुँचने का प्रयत्न है; जिसके इर्द-गिर्द जीवन की, सभ्यता की, ज्ञान की एक संपूर्ण परंपरा विकसित कर दी गई है जो हमें उसी तरह से देखने, सोचने और समझने के लिए बाध्य करती है। चमात्कारिक और बृहद मिथकीय पात्र कार्सन को देखा-जाना-समझा हुआ सब कुछ उधेड़कर कुछ नया रचने-जोड़ने का वितान उपलब्ध कराते हैं। मिथक अपने अंदर रहस्य और अपरिचय की पूरी अंतर्कथा समाहित रखते हैं, जहाँ सब कुछ प्रासंगिक ही नहीं होता, ठीक जीवन की तरह। कार्सन मिथक की ओर लौटती हैं कि अब तक जानी गई वस्तु या भाव को न सिर्फ़ रच सकने की, बल्कि पुनः देख सकने की दृष्टि मिले। यह देखना सिर्फ़ अपने परिवेश, अपने रिश्तों, अपनी जटिलताओं या अंतर्द्वंद्व को देखना ही नहीं है, बल्कि ख़ुद को भी देखना है—तनिक दूर से, थोड़ी निरपेक्षता के साथ।
यही कारण है कि कार्सन की रचनाओं में आए निजी दुख—भाई से लंबा विछोह और फिर उसकी मृत्यु, पिता का स्मृतिलोप, दुख से टूटी एकमात्र माँ का अवलंब और कहीं न कहीं पति का विश्वासघात... ये सारे आघात अपने साथ मिथकीय गरिमा और भव्यता लिए आते हैं। दुख यहाँ निजी भर नहीं रह जाता, बल्कि अपनी सीमा उलाँघता अस्तित्व और मृत्यु के वृहत प्रश्नों की आभा से चमक उठता है।
यहाँ Night भाई की अनुपस्थिति को अपने भीतर सहेजने का एक भावुक प्रयास भर नहीं, जीवन की अपूर्णता, उसकी बँधी हुई लीक पर नहीं चलने का एक सायास विद्रोह गीत भी बन जाती है, जहाँ ग्रीक नायक कैटुलस के मिथक को भी विखंडित कर वह अपनी भाई की स्मृतियों के साथ रचती हैं—जहाँ हर पन्ने पर कथा का एक शब्द है। बाईं और लैटिन शब्द और उसका अर्थ एवं दाईं ओर उसी शब्द से संबंधित भाई से जुड़ी स्मृति का अंश।
कार्सन की रचनाओं में ग्रीक अवधारणा Mimesis स्पष्ट रूप से रेखांकित की जा सकती है, उनके यहाँ भी रचना जितनी तहों में काग़ज़ों पर उतरती है, उसके अर्थ भी कई परतों में पाठकों के अंदर उतरते हैं। घटना या वस्तु के विवरण से आगे बढ़कर कोई रचना जिस तरह रचनाकार के पास उतरती है, अपने पाठकों तक पहुँचते हुए वह पुनः एक नवीन और अपरिचित यात्रा तय करती है। यही कारण है कि कार्सन कहती हैं कि लिख लेने के बाद भी कुछ छूट ही जाता है, वह शेष जो शब्दों में है भी और कहीं उससे बहुत परे भी।
कविता की शैली में रचे गए उपन्यास Autobiography of Red की पंक्तियाँ हैं :
शब्द उच्छृंखल हैं। आप उन्हें स्वतंत्र छोड़ दें तो वे वही करेंगे जो वे करना चाहते हैं और वह भी जो उन्हें करना होता है।
यहाँ वह प्राचीन मिथक को नए संदर्भों और नितांत भिन्न शैली में प्रस्तुत करती हैं, जहाँ गेरियोन और हेराक्लीज़ आधुनिक समय के प्रेमी की तरह चित्रित होते हैं और समलैंगिकता, मनुष्य की आंतरिक जटिलता, उसकी कुंठाओं सहित प्रेम की विसंगति, उसके भी वह सब कुछ करने में सक्षम जान पड़ते हैं जो रचनाकार अपने शब्दों से करवाना चाहता है—कविता में रचे गद्य के प्रवाह में बहते हुए भी मनुष्य के दिमाग़ की उस जटिल अंतर्संरचना को समझने की क़वायद जिसके कारण लाल पंखों वाला गेरियोन स्वयं को राक्षस समझता है। इसी किताब में वह दोनों पात्रों के बीच प्रेम को दर्शाने के लिए लिखती हैं :
वे टैंक की तलहटी में पड़े दो विशिष्ट ईल-मछलियों की तरह थे और उन्होंने एक-दूसरे को इटैलिक अक्षरों की तरह पहचान लिया।
The Beauty of the Husband में दो व्यक्तियों के बीच प्रेम को इटैलिक अक्षरों की तरह पहचान लेने का यह उदाहरण अधिक प्रभावी रूप से उकेरा गया है; जहाँ छल, प्रेम की कृत्रिमता और सौंदर्य का भ्रम विनोदपूर्ण तरीक़े से मनुष्य के सबसे बड़े दंश की ओर संकेत कर जाता है, यह दंश कि अंततः हर मनुष्य एकाकी है, प्रेम और सौंदर्य बस एक बाह्य आवरण जो उसके नितांत अकेलेपन को कुछ समय के लिए ढक सकते हैं; लेकिन उसे पूर्ण नहीं बना सकते।
प्रेम और सौंदर्य को जीवन में बनाए रखने के लिए अक्सर हम स्वयं से ही छल करते हैं, कई तरह के बहाने ख़ुद के लिए गढ़ते हैं, ये शायद इटैलिक अक्षरों की तरह एक दूसरे को जानने-समझने की छद्म कोशिश है; जबकि किसी को संपूर्ण रूप से जान और पा लेना बस एक स्वप्न मात्र है।
स्वयं को कवि कहते हुए संकोच करने वाली कार्सन की आत्मा में कहीं गहरे तक एक कवि का निवास है, जो अपनी तीक्ष्ण बौद्धिकता, विनोदपूर्ण शैली और गहन आत्मदृष्टि के साथ मिथकीय परंपरा से निरंतर संवादरत है और यही कारण की पाठकों के भीतर भी संवेदना और आत्मचिंतन का एक ऐसा संसार खुलता है जो उनके लिए जितना असहनीय होता है, उतना ही सम्मोहक भी।
असहनीय होने की इस कामना का भाव यहाँ जितना मनोवैज्ञानिक है; उतना ही आध्यात्मिक, जिस यात्रा में शब्द एक बाह्य माध्यम भर है, वे सब कुछ हैं और कुछ नहीं भी। यही कारण है कि कार्सन न सिर्फ़ वाक्यों के साथ सायास खेलती हैं, उनकी संरचना को भरपूर नष्ट कर उन्हें लगभग अराजक छोड़ देती हैं... वहीं विनोदपूर्ण शैली और मारक तंज के माध्यम से यथार्थ को थोड़ा सह्य भी बना देती हैं।
भाषा के प्रति, शब्दों के प्रति एक सम्मोहन, एक जुनून की अवस्था, उसे अनियंत्रित छोड़कर उसके प्रवाह में बहते जाने की कार्सन की इसी लालसा को स्वीडिश अकादमी ने 2026 का नोबेल पुरस्कार देने के लिए चुनते समय रेखांकित किया है :
उनकी (ऐन कार्सन) लगभग समूची साहित्यिक रचना शब्दों के प्रति भाषावैज्ञानिक के जुनून और नए अर्थों की तलाश में कवि की आकांक्षा के संधि-बिंदु पर केंद्रित रही है।
•••
रश्मि भारद्वाज को और पढ़िए : एक मछली पकड़ने का काँटा, एक खुली आँख, स्त्रीवादी दृष्टि और लेखन | द वेजिटेरियन : हिंसा और अन्याय से मुक्ति का स्वप्न
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट