ओ इतिहास,
ओ परंपरा,
ओ व्यक्ति,
हम सब कहाँ हैं, एक-दूसरे में?
और हम सब यहाँ क्यों हैं?
(एक-दूसरे से प्रताड़ित)
—हाँ, ये प्रश्न हैं,
और मैं इनका उत्तर भी जानता हूँ,
कि हम सब कहीं नहीं हैं।
हम सब अंतहीन हैं, इस प्रवाह में।
हम सब अपने तईं हैं, इन आप्लावनकारी क्षणिक
उछाहों में। तो,—
क्यों?
ऐसा नहीं कि मैं जानता न होऊँ,
मैं जानता हूँ
कि अनंत लोगों ने सोचा है,
और वे सब के सब आज प्रश्न-चिह्नों की अनगिन
दीवारों के पीछे,
अँधेरे में डूबे हुए हैं,
और एक दिन मैं भी नहीं रहूँगा।
फिर भी जब तक मैं हूँ,
बार-बार पूछूँगा,—कहूँगा—
ओ इतिहास,
ओ परंपरा,
ओ व्यक्ति,
हम सब क्यों हैं एक-दूसरे में?
हम सब कहाँ हैं एक-दूसरे में?
एक-दूसरे से प्रताड़ित,... ... उत्तर दे!
इतिहास,
जो महलों, ताजमहलों और पिरामिडों का है
क्या मुझे उत्तर देगा...
कि कितने महल, ताजमहल नहीं बन सके
कि कितनी रूहें भटकती रहीं?
परंपरा,
जो माताओं, प्रेमिकाओं और चिताओं की है,
क्या मुझे उत्तर देगी,
कि क्यों वह आदिम है,—क्यों रहेगी?
व्यक्ति,
जो केवल एक आदिम व्यक्ति है
जिसे आप सड़कों, चौराहों पर देख सकते हैं
कितना सीधा, सरल, सहज,
...पर यहाँ मैं जानता हूँ,
कि मुझे वह कोई उत्तर नहीं दे सकेगा...!
फिर इतिहास
जो महलों, ताजमहलों, पिरामिडों का होगा।
एक जड़ता में फिर निरुत्तर रहेगा।
फिर परंपरा,
जो माँओं, प्रेमिकाओं, चिताओं की होगी।
फिर निरूत्तर होगी।
फिर व्यक्ति,
जो सदैव एक धुला शीशा है।
इन बातों को सोचेगा
दीवारें खड़ी करेगा
और फिर अपने पितरों में जा मिलेगा।
ओ,
तुम,
सब,
सच-जब, कोई नई काया नव सृष्टि-धर्मा होती है,
तो क्षण को, इन पाशविक यातनाओं का स्मरण कर,
मेरी आत्मा काँप उठती है...!
(पर मैं जानता हूँ,—कि वह, क्षण में नहीं जीती।)
यदि,
ऐसा,
होता?
यह तेजधर्मा सूर्य,
सदियों से यूँ ही आता है।
यह रजत चंद्र
सदियों से यूँ ही उगता है।
ये चमचमाते सितारे,
सदियों से यूँ ही उगते हैं।
और ये हम सब
सदियों से यूँ ही आते हैं।
मैं जानता हूँ,
कि,
प्रश्न-चिह्नों की उन अनगिन दीवारों के उधर
कोई बिंदु नहीं है…!...
इस अंतिम प्रार्थना में,
ओ संदिग्ध ईश्वर,
तुम मुझे बल देना—
कि अपनी वृद्धावस्था के अंतिम दिनों में…
मैं अपनी तमाम प्रेम-कविताओं,
और इन बातों को यदि याद करूँ,
तो इन पिपासु-प्रश्नों से,
लज्जा और ग्लानि न ढोऊँ :
और मृत्यु के बाद भी,
मैं, तुमसे दूर होऊँ।
- पुस्तक : सूनी घाटी का गीत (पृष्ठ 79)
- रचनाकार : प्रभातरंजन
- प्रकाशन : साहित्य भवन प्राइवेट लिमिटेड, इलाहाबाद
- संस्करण : 1959
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.