Font by Mehr Nastaliq Web

शाम,—जलपरी और अंधे जल से लड़ता हुआ आदमी

shaam, — jalapri aur andhe jal se laDta hua adami

प्रभातरंजन

प्रभातरंजन

शाम,—जलपरी और अंधे जल से लड़ता हुआ आदमी

प्रभातरंजन

और अधिकप्रभातरंजन

    लहरें, बार-बार, बार-बार, आती हैं...।...

    लहरें, बार-बार, बार-बार, आती हैं...।...

    लहरें, बार-बार, बार-बार, आती हैं...।...

    याद है वह शाम,

    जो एक नग्न गलते लोहे-सी

    बूँद-बूँद मेरी आँखों में टपक रही थी।

    और मैं सोच रहा था,

    कि सब कुछ चुक जाने के बाद आने वाली ये शामें

    कितना गहरा अँधियारा कर जाती हैं,

    इन वन-खंडों और इन उदास घाटियों पर,...

    ...मानो बहुत-सा प्रकाश कहीं तैर कर उतर जाता है।

    कि अनगिनत दिनों से आने वाली इन शामों में

    मैं कितना उदास रहा हूँ,

    जैसे वसंत में कई सुनहली पत्तियों वाला एकाकी वृक्ष...!

    सब कुछ एक कितनी पीली उदासी से भरा रहता था।

    वृक्षों की हवा से झिल-मिलाती पत्तियों पर तिरछा पीला प्रकाश...

    एक अजब पीलापन...

    चोटी-चोटी पर आग भभक उठती थी,...

    सब वन-खंडों और घाटियों में

    हिरणियाँ दौड़ने लगती थीं,

    कितना अद्भुत सामंजस्य था,

    ढलते सुनहरे सोने का...

    पिघलते लोहे का...

    भभकती आग का।

    तुझे तो याद होगा,

    क्योंकि तू ही तो मुझे उदास बैठा देख,

    अपने जलाकाशीय महल में ले आई थी,

    और मैं,

    जो अब इन लहरों के आलोड़न में बहुत थक चुका हूँ,

    तेरा हाथ पकड़ कर बिना सोचे-समझे ऊपर उठता चला गया था

    याद होगा तुझे—

    कि पहले परिचय में मैंने बताया था कि

    मैं सूनी संध्याओं का वह अकेला तारा हूँ,

    जो इस वन-खंड में कितनी ही

    प्रातें और रातें,

    आते और जाते देख चुका है।

    जिस पर सब कुछ आता है और गुज़र जाता है।

    कि बादलों की अनगिनत परतों को

    अपनी छाती पर सहने वाला,

    मैं सूनी संध्याओं का अकेला तारा हूँ...।

    और तेरी आँखों का काजल घुलने लगा था

    गुलाबी देह नीली पड़ने लगी थी...।

    तूने मेरा हाथ पकड़ा था,

    और मैं ऊँचा...ऊँचा और ऊँचा उठता चला गया था!

    मैं अपने चारों ओर गूँजती सनसनाहटें सुन सकता था—

    या प्रकाश के सैकड़ों रेंग-बिरंगे केंद्रों को

    इधर-उधर चकराते देख सकता था।

    एक अतींद्रिय वातावरण में मुग्ध, कृतज्ञ,

    ठंडे जल-फूलों में भाव-विभोर...!

    मुझे बार-बार वह शाम याद आती है—

    जब धरती रंगों की छाया में हँसती थी।

    ...और वह...

    संगमरमरी बादलों से कुछ

    झलमल करते राजमहल...

    बहता था सब ओर, आँख पर से

    वह कुछ अजीब-सा जल...

    मोती, मूँगे उगे हुए थे,

    शंख, सिवार सीपियाँ भी।

    टप-टप करते जल महलों पर

    मढ़ी हुई थीं सीपियाँ-सी...!

    सोना-जल, झलमल-झलमल, जल...

    सोना-जल, झलमल-झलमल, जल...

    सोना-जल, झलमल-झलमल, जल...

    लहरें, बार-बार, बार-बार आती हैं...

    लहरें, बार-बार, बार-बार आती हैं...

    लहरें बार-बार, बार-बार आती हैं...

    ...हाँ..., और जब तुझे अपने रीति-रिवाज याद आए,

    तो तू अपना जलमहल बहा ले गई...

    उन बड़े-बड़े काले चप्पुओं से...!

    और अब मैं याद करता हूँ कि

    जो वह बहुत-सा प्रकाश रोज़ तैर जाता था—

    वह तेरा जल-महल था !

    अभी-अभी कुछ देर पहले,

    हम उफनते गुलाबी बादलों पर तैर रहे थे...

    आज इस अतल काले जल में, मैं लथपथ, थके क़दमों से

    लहरों को चीरता,

    इन भयानक जबड़ों वाले जानवरों से जूझता...

    अपनी धरती को याद कर रहा हूँ—

    वे दिन याद कर रहा हूँ,

    जो बहुत उजले, चमकीले थे,

    इस दूर तक लहरती हुई नीलिमा से भी

    मुझे उनकी चमक स्पष्ट है,

    तब धूप बहुत हँसती थी और रूई बिखर जाती थी,

    चमकीले पत्तों से भरे पेड़ हिलते थे,

    दूर-दूर सुनहरी रोशनी फैली रहती थी,

    नभ गहरा नीला था,

    श्वेत-बादली स्लेटी पंछी छोटे-छोटे

    प्रज्ज्वलित श्वेताग्नि में

    सीपियों से चमकते तैर जाते थे...

    ख़रगोशों ने बादलों के टुकड़े

    पकी-पकी फ़सलों वाले खेतों में—

    छलाँगें लगाते थे...।

    धरती कितनी अच्छी...

    धरती कितनी अच्छी...

    धरती कितनी अच्छी थी...।

    ...और

    तेरे महलों की गूँजती हुई घंटियाँ,

    थक कर सो गई हैं...

    इस अतल जल में अब छायाएँ

    और गहरी हो गई हैं।

    मोतियों के बड़े-बड़े प्रकाश-पिण्ड

    जिनसे दूधिया रोशनी फूटती थी,

    कहाँ हैं...?

    देख, ओ....

    सितारों की इन बरछियों के बीच धुँधलके में

    मैं कुछ समझ नहीं पा रहा हूँ...!

    ये शायद... तेरी अनुचर चाँदी की मछलियाँ हैं...!

    मैं उनको गोद में लेना चाहता हूँ...

    हथेली में लेकर,

    उनके चमकते पंख सहलाना चाहता हूँ—

    पर ये हर बार मुझे नोंच ले जाती हैं...!

    ये रोशनी की तेज़ बरछियाँ

    हर बार मेरे गहरे बिंध रही हैं....

    अभी-अभी

    मेरी आँखों को चमकते मोती समझ

    अपनी स्वामिनी को भेंट करने के लिए,

    निकाल ले गई हैं...

    (शायद तूने उन्हें नहीं बताया

    कि मैं वही आदमी हूँ

    जिसको तू एक रोज़ धरती से पटक कर लाई थी...)

    और मैं ख़ुश हूँ,

    ओ' प्रेमिका...

    और मैं ख़ुश हूँ

    ओ' नारी...

    कि तू देखेगी कि जिन आँखों से

    तेरे लिए ख़ुशियाँ छलकती पड़ती थीं

    वे आज भी तेरे महलों का नूर हैं।

    ...मैं अपनी लहू उगलती आँखों से देखता हूँ

    अपने पोर-पोर से रिसता हुआ ख़ून,

    जो धीरे-धीरे काला पड़ता जा रहा है...!

    ओ, आ...

    क्या तू,

    सो रही है?

    कि तुझ तक मेरी आवाज़ें नहीं पहुँच पातीं।

    या तुझे किसी ने बाँध रखा है?

    और तू—

    रो रही है—!

    अँधियारा बहुत गहरा है... बहुत...

    और तू

    आ,

    इसी अँधियारे में मुझे कहीं ले चल...

    आज तो वह पीली क़ंदील भी नहीं जल रही है,

    जिसे मैं धरती से रोज़ जलते हुए देखा करता था।

    धरती कितनी अच्छी थी...।

    ...ओ उर्वशी...

    लहरों की बेड़ियों में आबद्ध

    मैं पुरुरवा—

    इस अतल जल में पड़ा छटपटा रहा हूँ,

    आ, तू मुझे इस अँधेरे में ही कहीं ले चल।

    ...और... याद रख....

    तेरे आने की इस अंतहीन प्रतीक्षा में,

    मैं बराबर

    इस अंधे जल से लड़ता रहूँगा...

    (एक अँधेरे से दूसरे अँधेरे तक बढ़ता रहूँगा...)

    .......................................

    यह... यह... मेरे चारों ओर

    थरथराहट कैसी है...

    ...थर-थर, थर-थर, थर-थर...

    ...थर-थर, थर-थर, थर-थर...

    ...थर-थर, थर-थर, थर-थर...

    ...लहरें बार-बार, बार-बार, आती हैं...

    ...लहरें बार-बार, बार-बार, आती हैं...

    ...लहरें बार-बार, बार-बार, आती हैं...

    स्रोत :
    • पुस्तक : सूनी घाटी का गीत (पृष्ठ 65)
    • रचनाकार : प्रभातरंजन
    • प्रकाशन : साहित्य भवन प्राइवेट लिमिटेड, इलाहाबाद
    • संस्करण : 1959

    Additional information available

    Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

    OKAY

    About this sher

    Close

    rare Unpublished content

    This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

    OKAY