वे सरसों के सात दाने थे
करोड़ों दानों के बीच उनके होने की महज़ यही ख़ासियत थी
कि वे किसी एक ही छीमी से निकले थे
सबने एक साथ झेला था गहन अंधकार
अर्द्धतरल पदार्थ पहले खिच्चे दानों में ढले
फिर साथ-साथ पके
फसल कटने पर डाँठ के साथ खलिहान में कई दिनों तक सूखते रहे
किसी सोंटे के धीमे प्रहार से इन्हें छीमी से बाहर निकाला गया
टोकरियों में भरकर ये किसान के घर आए
और बोरे में कुँसकर मंडी पहुँच गए
वहाँ से कोई तेल मिल वाला इन्हें ले गया
इतनी लम्बी यात्रा इतने उलट-फेर में भी
उनका साथ बना रहा यह कम आश्चर्य की बात न थी
मगर यह सच था
और यह भी सच था
कि एक पल के लिए भी उनका स्मृतिलोप नहीं हुआ
उन्हें छीमी के भीतर का अंधकार ही नहीं
एक पीले फूल में छिपा जनम से पहले का अपना वजूद तक याद था
उनकी स्मृतियों ने उनके साथ को बचाया था
अथवा साथ ने स्मृतियों को
यह कहना मुश्किल था
उन्हें सबसे प्यारा लगता था
पीले-पीले फूलों वाले सरसों के पौधों से अटापटा खेत
वे एक बार फूलों में लौटना चाहते थे
फिर से छीमियों में पलना चाहते थे
वे बतियाते बहुत थे लेकिन बहस नहीं करते थे
कोल्हू में डाले जाने के ठीक पहले
वे सातो दाने छिटकर गिर पड़े
गनीमत थी वहाँ भी साथ बना रहा
सबने एक-दूसरे को विश्वास दिलाया
एक दिन वे एक पीले फूल में लौट जाएँगे
और हरी छीमी में साथ-साथ पलेंगे
रास्ता था
वे किसी किसान के जुगाये हुए बीज में शामिल हो जाते
अथवा सीधे नई फसल के लिए जोतकर छोड़े खेत में पहुँच जाते
फिर धरती की नमी और ऊष्मा लेकर
फेंकते नई ज़िंदगी के कंछे
उन दानों को यह मंजूर नहीं था
वे तो सूखे हुए डंठल से चिपककर
खेत में वापस लौटना चाहते थे
भला यह कैसे संभव था
वे विचार नहीं करते थे केवल यक़ीन करते थे
उन्हें यक़ीन था ऐसा हो सकता है
वे चल पड़े अपनी उस छीमी और डंठल की तलाश में
जिससे वे निकले थे
तबतक जाड़े और गर्मी का एक-एक मौसम बीत चुका था
जो थोड़े से डाँठ-पात सरसों के अब भी बच रहे थे
वे सूखकर कुरूप कमजोर हो चुके थे
किसानों ने उन्हें झपसी के दिनों में जलावन के लिए
उन मड़इयों में छुपा रखा था
जहाँ चेतनाहीन प्रतीक्षा की उदास चुप्पी फैली रहती थी
इन्हीं डंठलों में से किसी एक को उन लोगों ने चुना
एक दाने ने कहा तो वाकी ने मान लिया
यही है उनका अपना पौधा
एक फटी-सी छीमी लटकी थी जिसका आधा हिस्सा टूट चुका था
ये दाने उसी में चिपककर बैठ गए
इन्हें विश्वास था एक दिन कोई आएगा
इस डंठल को वापस खेत में रोप देगा
फिर छीमी का टूटा हुआ हिस्सा आपै उग जाएगा
डंठल हरे-भरे पौधे में तब्दील हो जाएगा
छीमी एक पीले फल में बदल जाएगी
और हरी-हरी पत्तियाँ फट पडेंगी
कुछ और दिन बीते प्रतीक्षा में
भादो आया बारिश की झड़ी लगी
डंठल पर नमी की परत चढ़ने लगी
झोंपड़ी के चूने से उन दानों ने भी शीतल बूंदों का स्पर्श पाया
तभी एक दिन दानों ने सुनी चूड़ियों की खनक
अपनी इच्छा पूरी होने की कल्पना से वे झूम उठे
एक स्त्री पाँजे में समेटकर ले चली डंठलों को
मगन थे दाने
कि अचानक तेज़ गर्मी महसूस हुई वे छटपटाने लगे
फूलों के रंग जैसी ही एक लपट थी
पर इसके पहले
कि कुछ समझ पाते बेचारे दाने
डंठलों के साथ उन्हें चूल्हे में झोंका जा चुका था!
- रचनाकार : मदन कश्यप
- प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.